Blog

  • जेजों मोड़–टाहलीवाल चौक लिंक रोड के स्तरोन्नयन को 48.69 करोड़ की मंजूरी

    जेजों मोड़–टाहलीवाल चौक लिंक रोड के स्तरोन्नयन को 48.69 करोड़ की मंजूरी

    उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से ऊना को बड़ी सौगात

    ऊना/सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप ऊना जिले को सड़क अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने जेजों मोड़ से टाहलीवाल चौक वाया भाई का मोड़ लिंक रोड़ के स्तरोन्नयन के लिए 48.69 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के अंतर्गत प्रदान की गई है।

    इस परियोजना के तहत लगभग 17.50 किलोमीटर लंबे मार्ग का स्तरोन्नयन किया जाएगा। साथ ही पालकवाह, कांगड़ और बढ़ेडा में तीन महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे सड़क की वहन क्षमता, सुरक्षा और यातायात सुगमता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

    उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण मांग थी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के उन्नयन से औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा सीमावर्ती इलाकों को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क के विकसित होने से आम जनता को सुरक्षित, तेज़ और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी। परियोजना के निर्माण तथा उसके बाद के चरणों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

    उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य के औद्योगिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

     

  • एंटी-चिट्टा अभियान के तहत ऊना जिले में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन

    एंटी-चिट्टा अभियान के तहत ऊना जिले में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन

    एंटी-चिट्टा अभियान में जनभागीदारी सबसे अहम : उपायुक्त जतिन लाल

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत सोमवार को ऊना जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों में नशा निवारण विषय पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन बैठकों का उद्देश्य जिले में नशे की समस्या विशेषकर चिट्टे के खात्मे के लिए पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता को बढ़ावा देना तथा ठोस एवं व्यवहारिक कार्य योजना तैयार करना रहा।

    उल्लेखनीय है कि उपायुक्त ऊना जतिन लाल द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार 15 दिसंबर को जिले की ग्राम पंचायतों में यह विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले की सभी 245 ग्राम पंचायतों में नशा निवारण समितियों का गठन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से नशे के विरुद्ध संगठित और निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। चिट्टे को लेकर जिले की 10 संवेदनशील पंचायतों पर विशेष फोकस रखते हुए निगरानी और जागरूकता गतिविधियों को और सशक्त किया गया है।

    विशेष ग्राम सभाओं के दौरान प्रत्येक परिवार तक सरकार के एंटी-चिट्टा अभियान की जानकारी पहुंचाने, नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, नशीले उत्पादों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा सभी प्रकार के नशों की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया। ग्रामीणों से आह्वान किया गया कि वे अपने आसपास होने वाली नशे से संबंधित गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखें और समाज को नशामुक्त बनाने की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

    वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि एंटी-चिट्टा अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिए बिना नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्पष्ट लक्ष्य नशामुक्त हिमाचल का निर्माण है और इसी मकसद से प्रदेश सरकार ने चिट्टे को जड़ से समाप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया है, जिसमें जनभागीदारी सबसे अहम कड़ी है।

    उपायुक्त ने कहा कि युवाओं के व्यवहार में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और नशे की ओर संकेत देने वाली प्रत्येक सूचना प्रशासन तक पहुंचाना समाज का साझा दायित्व है। इस दिशा में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने दोहराया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि जिले में चिट्टे की सप्लाई–डिमांड चेन को तोड़ना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए समुदाय, युवाओं, परिवारों और गठित समितियों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय आवश्यक है।

    उपायुक्त ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार ने चिट्टा तस्करी पर कड़ा प्रहार करने के उद्देश्य से सूचना देने वालों के लिए इनाम योजना लागू की है। चिट्टे की बरामद मात्रा के अनुसार 10 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि बड़े तस्करी गिरोह की सूचना पर 5 लाख रुपये से अधिक का इनाम निर्धारित किया गया है। नशे से संबंधित किसी भी सूचना के लिए राज्य सरकार द्वारा आपातकालीन नंबर 112 जारी किया गया है।

  • देश के सबसे अमीर नगर निगम चुनाव का हुआ ऐलान, जानें किस दिन वोटिंग और काउंटिंग

    देश के सबसे अमीर नगर निगम चुनाव का हुआ ऐलान, जानें किस दिन वोटिंग और काउंटिंग

    नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र में साल 2022 से लंबित पड़े स्थानीय निकाय चुनाव आखिरकार होने जा रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि 15 जनवरी को मतदान होगा, जबकि 16 जनवरी को वोटों की गिनती की जाएगी। इन चुनावों से राज्य की राजनीति की दिशा तय होने की उम्मीद है।

    किन-किन निकायों के लिए होंगे चुनाव
    इन चुनावों के तहत राज्य भर में 29 नगर निगम, 32 जिला परिषद और 336 पंचायत समितियों के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव के लिए कुल 10,111 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। मतदान में 1 जुलाई 2025 को जारी की गई रिवाइज्ड वोटर लिस्ट का इस्तेमाल किया जाएगा। उम्मीद है कि इस बार वोटरों की संख्या में करीब 3 करोड़ 48 लाख की बढ़ोतरी होगी।

    नॉमिनेशन और चुनाव चिन्ह की तारीखें

    -23 दिसंबर से 30 दिसंबर: नामांकन दाखिल

    -2 जनवरी 2026: नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख

    -3 जनवरी 2026: चुनाव चिन्हों का आवंटन

    -राज्य चुनाव आयोग के ताजा निर्देशों के अनुसार, नॉमिनेशन फॉर्म ऑफलाइन ही जमा करने होंगे।

    मुंबई (BMC) चुनाव क्यों हैं सबसे अहम
    राजनीतिक तौर पर मुंबई महानगरपालिका (BMC), पुणे और ठाणे के चुनाव सबसे ज्यादा अहम माने जा रहे हैं। BMC न सिर्फ देश का, बल्कि एशिया का सबसे बड़ा और सबसे अमीर नगर निगम है। इसका सालाना बजट कई छोटे राज्यों के बजट से भी ज्यादा है, इसलिए सभी राजनीतिक दल इसे जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।

    BMC में कड़ा मुकाबला
    BMC पर पहले अविभाजित शिवसेना का कब्जा था। 2022 में शिवसेना के बंटवारे के बाद राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए। अब इस बार का चुनाव यह बताएगा कि मुंबई की जनता किस राजनीतिक गठबंधन के साथ खड़ी है।

    पिछले चुनाव का क्या था हाल
    साल 2017 के नगर निगम चुनाव में अविभाजित शिवसेना 84 सीटें, बीजेपी 82 सीटें, कांग्रेस 31 सीटें, NCP 9 सीटें मिली थीं। इसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के 7 में से 6 कॉर्पोरेटर शिवसेना में शामिल हो गए थे।

    शिवसेना के बंटवारा का असर…
    2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद, 2017 में चुने गए करीब 26 पूर्व कॉर्पोरेटर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए। BMC के चुने गए कॉर्पोरेटरों का कार्यकाल मार्च 2022 में खत्म हो गया था, जिसके बाद नगर आयुक्त को प्रशासक नियुक्त किया गया।

    वोटर लिस्ट को लेकर अहम फैसला
    इससे पहले 27 नवंबर को महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने 29 नगर निगमों की वोटर लिस्ट फाइनल करने की डेडलाइन बढ़ा दी थी। इसका मकसद वोटर वेरिफिकेशन के लिए ज्यादा समय देना और मतदाता सूची को ज्यादा सटीक बनाना था।

     

  • Jalandhar News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत

    Jalandhar News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत

    जालंधर, ENS: थाना भार्गव कैंप के अंतर्गत आते दशमेश नगर में आज लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक लड़की की पहचान 17 वर्षीय दीवांशी के रूप में हुई है। युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या की। हालांकि लड़की के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर घर के बाहर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई है। लोगों का कहना है कि युवती पिछले 3-4 दिन से परेशान चल रही थी और उसने अपनी परेशानी किसी से जाहिर नहीं की। इसी के चलते उसने सोमवार दोपहर फंदा लगा कर आत्महत्या करने कर ली।

    थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि उनकी टीम को लड़की द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। परिवार के बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

  • BJP ने संजय सरावगी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाये गये प्रदेश अध्यक्ष

    BJP ने संजय सरावगी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाये गये प्रदेश अध्यक्ष

    नेशनल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी ने (BJP) ने संजय सरावगी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। वे दरभंगा से विधायक हैं। पहले दिलीप कुमार जायसवाल बिहार के भाजपा अध्यक्ष थे। अब उनकी जगह ये लेंगे। सरावगी ने सबसे पहले 2005 में विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2005 के नवंबर महीने में हुए चुनाव में भी उन्हें जीत मिली। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में भी विधायक चुने गए। हालांकि इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था।   ये रहा राजनीति सफर दरभंगा सदर से 6 बार के विधायक हैं। पूर्व मंत्री रह चुके हैं। वैश्य समुदाय से आते हैं जो BJP का कोर वोटर है। मिथिलांचल में पार्टी का चर्चित और पुराना चेहरा है। इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया. वो दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे। दिलीप जायसवाल भी वैश्य समुदाय से ही आते हैं। वे लगभग 10 सालों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के विभिन्न पदों पर रहकर संगठनात्मक कार्य करते रहे हैं। वैश्य समुदाय से आते हैं संजय सरावगी 1969 में जन्में 55 साल के संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं। संजय सरावगी भाजपा के पुराने और भरोसेमंद चेहरे हैं और कारोबारी वर्ग में गहरी पकड़ रखते हैं। मिथिलांचल की सियासत में दरभंगा का खासा प्रभाव माना जाता है।
  • Punjab News: फायरिंग और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों का किया एनकाउंटर, देखें वीडियो

    Punjab News: फायरिंग और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों का किया एनकाउंटर, देखें वीडियो

    अमृतसरः अजनाला के सरहदी क्षेत्र में कारोबारियों और आम लोगों से फिरौती मांगने तथा फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने के मामले में आज पुलिस और आरोपियों में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने 2 को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार सरहदी गाँव चाहड़पूर के पास एनकाउंटर वाली जगह का जायज़ा लेने पहुंचे डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि दिलराज सिंह नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार करने के बाद उसने बताया था कि अजनाला क्षेत्र में लोगों से फिरौती मांगने वाले 2 आरोपी आज भी किसी फायरिंग की घटना को अंजाम देने जा रहे हैं।

    जब पुलिस ने ट्रैप लगा कर कार में आ रहे दो नौजवानों को रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोलीबारी में दोनों नौजवान घायल हो गए। उन्होंने बताया कि ये दोनों नौजवान विदेश बैठे साथियों के इशारे पर फिरौती मांगने और गोली चलाने की वारदातों को अंजाम देते थे। डीआईजी संदीप गोयल ने आगे बताया कि इनसे 2 पिस्टल भी बरामद हुई हैं।

  • राज्यपाल ने जलवायु परिवर्तन पर आधारित बच्चों की फिल्म ‘क्रासिंग्स’ की तारीफ की

    राज्यपाल ने जलवायु परिवर्तन पर आधारित बच्चों की फिल्म ‘क्रासिंग्स’ की तारीफ की

    शिमला: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज लोक भवन में ‘क्रासिंग्स’ फिल्म देखने के उपरांत बच्चों में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इस फिल्म की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित फिल्म निर्माता विवेक मोहन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस फिल्म के माध्यम से एक संवेदनशील और प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया गया है। फिल्म पर्यावरण संरक्षण पर आधारित है और यह दर्शाती है कि मानव गतिविधियों के कारण किस तरह प्राकृतिक आपदाएं आती है।

    विवेक मोहन ने बताया कि ‘क्रासिंग्स’ दो वास्तविक घटनाओं से प्रेरित एक लघु फिल्म है। यह फिल्म ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनकी पहले की फिल्म ‘फॉर हूम द जिंगल बेल्स टोल’ में दिए गए संदेश को आगे बढ़ाती है। फिल्म में दर्शाया गया है कि पृथ्वी हमें अपने पूर्वजों से विरासत में नहीं मिली है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की धरोहर है।

    राज्यपाल ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक पहलें, सभी लोगों, विशेषकर बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लानेे में, बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक संपदा से भरपूर राज्य है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
    राज्यपाल ने कहा कि ‘क्रासिंग्स’ जैसी फिल्में पर्यावरण के प्रति चेतना बढ़ाने में सार्थक योगदान देती हैं और प्रशंसा के योग्य हैं।

  • Jalandhar News: इस इलाके में अवैध उसारी के खिलाफ प्रशासन ने लिया एक्शन, देखें वीडियो

    Jalandhar News: इस इलाके में अवैध उसारी के खिलाफ प्रशासन ने लिया एक्शन, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस द्वारा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं आज मंडी फैंटनगंज में स्थित बने घर पर अवैध उसारी को लेकर नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। बताया जा रहा हैकि अवैध उसारी को लेकर नगर निगम की ओर से कई बार घर के मालिक को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। जिसके बाद आज नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अवैध उसारी को लेकर कार्रवाई की है। मामले की जानकारी देते हुए निगम अधिकारी ने बताया कि घर का नक्शा पास नहीं था।

    जिसको लेकर घर का फ्रंट साइड कवर था, और घर के ऊपरी हिस्से के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे धवस्त किया गया। इस कार्रवाई से पहले घर मालिक को 2 नोटिस जारी किए गए थे। वहीं दूसरी ओर मामले की जानकारी देते हुए नार्थ की एसीपी आकृषि जैन ने बताया कि नगर निगम के साथ आज पुलिस टीम अवैध उसारी के मामले में मंडी फैंटन गंज इलाके में आई है।

    जहां नशा तस्कर द्वारा घर पर अवैध उसारी की गई थी और उसे प्रशासन द्वारा धवस्त किया जा रहा है। एसीपी ने बताया कि तस्कर रोहत टंडन के घर पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि रोहित टंडन पर 7 मामले दर्ज है, जिसमें गैम्बलिंग एक्ट, एक्साइज एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह इस समय नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल है।

     

  • Punjab News: जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर धालीवाल का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर धालीवाल का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले में आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब में हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को पंजाब में हुए ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव पूरी तरह शांति, अमन और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि कुछ गिनती के मामलों को छोड़कर पूरे पंजाब में लोगों ने बिना किसी डर या दबाव के मतदान प्रक्रिया में भाग लिया।

    कुलदीप धालीवाल ने कहा कि जो विरोधी दल पिछले कई दिनों से आरोप-प्रत्यारोप, लोकतंत्र को बदनाम करने और गड़बड़ी के झूठे दावे कर रहे थे, उनके दावे 14 तारीख की शांतिपूर्ण मतदान ने खुद-ब-खुद गलत साबित कर दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में लोग साथ बैठकर, आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए वोट डालते नजर आए और कई जगह लोग चाय पीते हुए चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बने। धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव निष्पक्ष और अमन-चैन के साथ कराने का जो वादा किया था, वह वादा पूरी तरह निभाया गया।

    उन्होंने इस मौके पर सभी पंजाबियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने विरोधियों द्वारा फैलाए गए भ्रमों के बावजूद आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुलदीप ढालिवाल ने पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा के हालिया बयान पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 2021 में जब कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था, तब सुखजिंदर रंधावा खुद कैप्टन पर वादे न निभाने के गंभीर आरोप लगा रहे थे।

    अब वही रंधावा कैप्टन की तारीफ कर रहे हैं, जो उनके दोगले रुख को दर्शाता है। ढालिवाल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नशे, किसान कर्ज माफी और रोजगार जैसे बड़े मुद्दों पर पंजाब के लोगों से किए वादे कभी पूरे नहीं किए। उन्होंने दावा किया कि कैप्टन और सुखजिंदर रंधावा दोनों ही सत्ता के लिए अपना रुख बदलते रहे हैं और पंजाब के लोग अब यह सब समझ चुके हैं।

  • Punjab News: बच्चों की लगी मौज, स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों का हुआ ऐलान, देखें लिस्ट

    Punjab News: बच्चों की लगी मौज, स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों का हुआ ऐलान, देखें लिस्ट

    मोहालीः पंजाब में बढ़ रहे कोहरे और ठिठुरन वाली सर्दी को लेकर बच्चों की सेहत का ध्यान रखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। शिक्षा विभाग की तरफ से जारी किए गए आदेशों के मुताबिक राज्य के सभी सरकारी, एडेड और प्राइवेट स्कूल 24 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक बंद रहेंगे। ऐसे में स्कूलों में 8 दिन तक सर्दी की छुट्टियां रहेंगी। सभी स्कूलों को आदेशों का पालन करना होगा।

    अवकाश के दौरान, जिला अधिकारी विभिन्न हिस्सों में तापमान, कोल्ड वेव और कोहरे की स्थिति को देख कर फैसला ले सकते हैं। यदि अंतिम सप्ताह में अत्यधिक ठंड या कोहरा बढ़ता है, तो स्कूलों को और अधिक समय के लिए बंद रखने की संभावना है। इस प्रकार के किसी भी बदलाव की सूचना स्कूलों के माध्यम से अभिभावकों दी जाएगी। यह अवकाश मौसम और तापमान की स्थिति के अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है। देखें लिस्ट