Blog

  • एनसीसी वालीबाल प्रतियोगिता में ढलियारा टीम व दौलतपुर चौक टीम रही विजेता 

    एनसीसी वालीबाल प्रतियोगिता में ढलियारा टीम व दौलतपुर चौक टीम रही विजेता 

    ऊना/सुशील पंडित। छठी हि.प्र. ( I ) कंपनी एनसीसी ऊना के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दुसरे दिन सायं को सीनियर कैडेट की वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिस का पहला मुक़ाबला दौलतपुर चौक व ढलियारा टीम के बीच खेला गया जिस में दौलतपुर चौक टीम विजेता रही , वहीं दुसरा मुक़ाबले में बगाणा की टीम ने ऊना टीम को हराया। जिस मौक़े पर विशेष तौर पर कमांडर कर्नल एम.बी.वानखेड़े मौजूद रहे उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाक़ात की और उनकी हौसलाअफ़जाई की।

     इस मौके पर सूबेदार यादविंदर, हवलदार मेजर संजीव कुमार, हवलदार शैल सिंह, हवलदार भूपिन्दर, हवलदार अजय, हवलदार विकास, एएनओ कैप्टन अश्विन कुमार, फस्ट अफसर कमलजीत सिंह, सेकंड अफ़सर सुरेश कुमार, सेकंड अफ़सर पन्नी, सेकंड अफ़सर संजय कुमार, थर्ड अफ़सर ललित मोहन  मौजूद रहे।

  • 2 दिवसीय सौर ऊर्जा मेला 20 व 21 जून को ऊना में

    2 दिवसीय सौर ऊर्जा मेला 20 व 21 जून को ऊना में

    ऊना (सुशील पंडित)। हिमऊर्जा ऊना दो दिवसीय सौर ऊर्जा मेला 20 से 21 जून तक नजदीक एमसी पार्क ऊना में आयोजित करने जा रहा है। यह जानकारी देते हुए हिमऊर्जा परियोजना अधिकारी ऊना सोहन सिंह ने बताया कि सौर ऊर्जा मेले में लोगों को ग्रिड से जुडे़ सोलर पावर प्लांट की जानकारी और सोलर प्लांट लगाने की बुकिंग भी की जाएगी। उन्होंने इच्छुक लाभार्थियों का आहवान किया कि वह अपना बिजली का बिल सहित अन्य अनिवार्य दस्तावेज़ अपने साथ अवश्य लेकर आएं ताकि मेला स्थल पर सोलर प्लांट की बुकिंग की जा सके।

  • एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने की मॉनसून की तैयारियों की समीक्षा

    एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने की मॉनसून की तैयारियों की समीक्षा

    ऊना (सुशील पंडित)। दक्षिण-पश्चिम मानसून की तैयारियों को लेकर एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल की अध्यक्षता में आज एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि वह मानसून सीजन के दृष्टिगत सभी विभागों से उचित समन्वय स्थापित करें ताकि किसी भी आपात स्थिति में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

    एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जल जनित रोगों के उपचार के लिए आवश्यक दवाईयों का स्टॉक सभी चिकित्सा संस्थानों में समुचित मात्रा में रखें। सर्पदंश के उपयोग में लाई जाने वाली दवाईयों का भी समुचित भंडारण रखें। मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों से निपटने के लिए भी पूरी तैयारी रखें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मियों के मौसम में लोगों द्वारा जगह-जगह पर लगाई जा रही मीठे पानी की शबीलों के सैंपलिंग लेना सुनिश्चित करें। डॉ. निधि पटेल ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल स्रोतों तथा जल भण्डारण टैंकों की साफ-सफाई तथा सभी पेयजल स्रोतों की क्लोरिनेशन करना सुनिश्चित करें।

     इसके अलावा पेयजल नमूनों की भी समय-समय पर जांच करें ताकि जलजनित विषाणुओं का पता लगाया जा सके। उन्होंने नगर परिषद ऊना, मैहतपुर-बसदेहड़ा व संतोषगढ़ को निर्देश दिए गए कि वर्षा जल के समुचित निकासी के लिए नालियों तथा नालों की साफ-सफाई के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों को भी तैयार रखें। उन्होंने राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, अग्निशमन विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ क्षेत्र में बरसात की तैयारियों के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करें ताकि आवश्यकता के समय प्रभावित क्षेत्र में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।

    बैठक में उप निदेशक एलिमेंटरी एजुकेशन ऊना देवेंद्र चंदेल, बीडीओ ऊना रमनबीर चौहान, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग से रजनी कालिया, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी इंजीनियर अरविंद, नगर परिषद ऊना, संतोषगढ़ व मैहतपुर बसदेहड़ के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • योग दिवस पर जिला ऊना में 12 स्थानों पर होगा सामूहिक योगाभ्यास

    योग दिवस पर जिला ऊना में 12 स्थानों पर होगा सामूहिक योगाभ्यास

    ऊना (सुशील पंडित)। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत आयुष विभाग जिला ऊना में भिन्न-भिन्न 12 स्थानों पर बड़े स्तर पर सामूहिक सामान्य योगाभ्यास का आयोजन करने जा रहा है। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. आनंदी शैली ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः 7 बजे जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुबेला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें उपायुक्त ऊना राघव शर्मा मुख्यतिथि होंगे। 

    उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन झलेड़ा, पुलिस रिजर्व बटालियन बनगढ़, हिमकैप्स लॉ एंड नर्सिंग कॉलेज बढ़ेडा, जीएसएसएस रैनसरी , केसी कॉलेज पंडोगा, आईटीआई बंगाणा, डीएवी अंबोटा, गांधी सेवा आश्रम ओयल, एशियन डेवलपमेंट बिल्डिंग चिंतपूर्णी, बीएड कॉलेज मैड़ी, गुरुकुल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल कटौहड़ कलां में भी बड़े स्तर पर लोगों के सहयोग से सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। 

    इसके साथ साथ जिला आयुर्वेद अधिकारी कहा कि जिला ऊना के सभी आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानीय पंचायत के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। गांव से संबंधित आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पंचायत सहयोग से सामूहिक योगाभ्यास करवाएंगे। 

    योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. आनंदी शैली ने बताया कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है और वर्तमान जीवन शैली में लाइफस्टाइल संबंधित रोगों के उपचार में योग का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है।

    आयुष विभाग जिला ऊना के नामित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के नोडल अधिकारी तथा उपमंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी अंब डॉ. किरण शर्मा ने सभी से अपील की है कि सभी इस सामूहिक कार्यक्रम में शामिल होकर इसे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाएं और योगाभ्यास से स्वास्थ्य लाभ हासिल करें।

  • ऋतिक रोशन के घर से दुखद खबर, परिवार के इस सदस्य का हुआ निधन

    ऋतिक रोशन के घर से दुखद खबर, परिवार के इस सदस्य का हुआ निधन

    नई दिल्ली। सुपरस्टार ऋतिक रोशन तलाक के बाद एक बार फिर से लाइफ के बुरे फेज का सामना कर रहे हैं. अभिनेता के घर से बुरी खबर सामने आई है. ऋतिक रोशन की नानी पद्मा रानी ओमप्रकाश का मुंबई में निधन हो गया है. पद्मा रानी लंबे समय से बीमार चल रही थीं. गुरुवार की दोपहर उन्होंने इलाज के दौरान आखिरी सांस ली है. बता दें कि पिंकी रोशन की मां पद्मा रानी ओमप्रकाश की उम्र 91 साल थी. 

    ऋतिक रोशन के पिता राकेश रोशन ने अपनी सास पद्मा रानी के निधन की पुष्टि की है. ऋतिक अपनी नानी के बेहद करीब थे और उनके गुजर जाने से काफी परेशान हैं. बता दें कि इससे पहले साल 2019 में 93 साल की उम्र में ऋतिक रोशन के नाना का निधन हो गया था. जे ओम प्रकाश फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रह चुके हैं. जे ओम प्रकाश के निधन के बाद से पद्मा रानी ओमप्रकाश काफी बीमार रहने लगी थीं. 

    रिपोर्ट के मुताबिक, पद्मा रानी का निधन बढ़ती उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से हुआ. वह पिछले दो साल से रोशन परिवार के साथ रह रही थीं. ऋतिक की मां पिंकी रोशन उनकी देखभाल करती थीं.

    पिंकी रोशन ने कई बार अपनी मां के साथ तस्वीर शेयर की है जिसमें वह हमेशा बेड पर ही नजर आती थीं. वहीं, इस खबर के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स और सेलेब्रिटीज इस खबर पर शोक जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं.

  • बाथरूम गई भाभी को उठा ले गया देवर, भाभी ने लगाया रेप का आरोप 

    बाथरूम गई भाभी को उठा ले गया देवर, भाभी ने लगाया रेप का आरोप 

    मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल में रेप का मामला सामने आया है. जोगिंद्र नगर के लड़भड़ोल की महिला ने देवर पर दुष्कर्म के संगीन आरोप लगाए हैं। बीते रोज ने महिला ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। घटना 40 दिन पुरानी है।

    पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति की बुआ का बेटा अमन कुमार गत चार मई को उनके घर आया हुआ था। उस दिन घर में सास-ससुर और इसके दो बेटे थे। पति ड्राइवर हैं और उस दिन घर से बाहर थे। रात को लगभग एक बजे के करीब वह बाथरूम में गई थी और अपने कमरे में सोने जा रही थी, तभी अमन कुमार ने इसे जबरदस्ती पकड़ लिया और अपने हाथों से उसका मुंह बंद कर इसके साथ बलात्कार किया।

    दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने डराया-धमकाया और किसी को यह बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि पहले डर के मारे उसने यह बात किसी को नहीं बताई, लेकिन बाद में हिम्मत करके पति को सारी घटना बताई और 40 दिन बाद पुलिस थाना जोगिंदरनगर में मामला दर्ज करवाया। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए की है और उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत पर छानबीन की रही है।

  • पंजाब में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, अगले 4-5 दिन सुहावना रहेगा मौसम

    पंजाब में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, अगले 4-5 दिन सुहावना रहेगा मौसम

    चंडीगढ़ : उत्तर भारत में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ने के बाद पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का असर नजर आया। शुक्रवार तड़के 3 बजे झमाझम बारिश हुई। बारिश से पहले रात 12 बजे से आसमान में बिजली कड़कती रही और तेज हवाएं चल रहीं थीं, जिससे लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। इसके बाद बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह 4 बजे तापमान 27 डिग्री था।

    मौसम विभाग के अनुसार अभी 4 से 5 दिन बादल छाए रहेंगे। बादल छाए जाने से लोगों को लू से राहत मिली। मौसम में बदलाव होते ही कई शहर वासियों ने पहाड़ों की ओर रुख कर लिया है। लोग मौसम का आनंद उठाने के लिए हिली एरिया में जाने लगे हैं।

    ठंडी हवाओं ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं लोगों की चहल कदमी भी अधिक हो गई। आज लुधियाना में हवा 40 किलोमीटर की रफ्तार से चली। बादलों की गरज के साथ बारिश रुक-रुक कर होती रही। हालांकि 17 से 21 जून तक आसमान में बादल छाए रहने की पूरी संभावना है।

    शुक्रवार को लुधियाना का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। फिरोजपुर जिले का 31 डिग्री, अमृतसर 27 डिग्री, पटियाला 29 डिग्री, जालंधर 29 डिग्री, बठिंडा 32 डिग्री, मोगा 31 डिग्री, श्री फतेहगढ़ साहिब 29 डिग्री रहेगा। मौसम के इस बदलाव का शहरवासी खूब आनंद उठा रहे हैं।

     

  • मुख्यमंत्री के भाई के घर CBI की छापेमारी, जानें क्या है मामला

    मुख्यमंत्री के भाई के घर CBI की छापेमारी, जानें क्या है मामला

    नई दिल्ली. राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के जोधपुर स्थित आवास पर छापेमारी के लिए सीबीआई की टीम पहुंची हुई है. न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि शुक्रवार को सीबीआई अग्रसेन गहलोत के आवास पर छापेमारी के लिए पहुंच चुकी है. बता दें कि इससे पूर्व अग्रसेन गहलोत के घर पर ईडी का भी छापा पड़ चुका है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीआई की इस छापेमारी की कार्रवाई को राहुल गांधी के लिए अशोक गहलोत द्वारा दिल्ली में किये जा रहे प्रदर्शन से भी जोड़कर देखा जा रहा है. शुक्रवार की सुबह अग्रसेन गहलोत के घर पर सीबीआई की टीम पहुंची. इस टीम में 5 अधिकारी दिल्ली से और 5 अधिकारी जोधपुर से हैं.

    सीबीआई की एक टीम उनके पावटा स्थित दुकान पर भी पहुंची है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सीबीआई की यह रेड उर्वरक घोटाले मामले में की जा रही है या फिर किसी अन्य मामले से संबंधित छापेमारी की जा रही है. बता दें कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत पर कांग्रेस सरकार के दौरान 2007 से 2009 के बीच सब्सिडी वाले उर्वरक को निर्यात करने का आरोप है. किसानों को सब्सिडी पर मिलने वाले म्यूरिएट ऑफ पोटाश को विदेश में निर्यात करने पर कस्टम डिपार्टमेंट ने अग्रसेन गहलोत पर 60 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीआई सूत्रों का कहना है कि भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का ताजा मामला दर्ज किया गया है.

  •  24 बिल्डरों पर गिरेगी गाज, 153 प्रॉपर्टी की होगी नीलामी!

     24 बिल्डरों पर गिरेगी गाज, 153 प्रॉपर्टी की होगी नीलामी!

    नई दिल्ली। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में बकाया नहीं चुकाने वाले बिल्डरों पर गाज गिरने वाली है. गौतमबुद्ध नगर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में स्थित बकाया नहीं चुकाने वाले 24 बिल्डर की 153 संपत्तियों की ई-नीलामी जिला प्रशासन जल्द करवाएगा. जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि गुरुवार को तहसील दादरी व तहसील सदर की तरफ से नई सूची ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को सौंपी गई है।

    राकेश चौहान ने कहा कि इसमें शामिल संपत्ति का प्राधिकरण मूल्यांकन कराएगा। इसके बाद वेबसाइट पर अपलोड कर ई-नीलामी में आवेदन मांगे जाएंगे. आवेदन आने के बाद ई-नीलामी होगी. इन बिल्डर पर 100 करोड़ की आरसी बकाया है. यह प्रक्रिया एक सप्ताह में शुरू हो जाएगी. उन्होंने बताया कि 24 बिल्डर की 153 संपत्तियों को पहले चरण में शामिल किया गया है. सबसे अधिक कॉसमॉस बिल्डर की 47, गायत्री हॉस्पिटेलिटी की 29 संपत्तियां हैं।

    राकेश चौहान ने कहा कि एलीगेंट इंफ्राकॉन की तीन, इको ग्रीन बिल्टेक की दो, सुपर सिटी डेवलपर्स की तीन, रेडिकॉन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड हाउसिंग की चार, न्यूटेक प्रोमोटर एंड डेवलपर्स की दो, गायत्री हॉस्पिटेलिटी एंड रियलकॉन की 29, महागुन इंडिया की चार, मोर्फियस डेवलपर्स की छह, बुलंद रियलटर्स की पांच, इम्पीरिया स्ट्रक्चर्स की एक की संपत्ति को नीलाम किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि रूद्र बिल्डवेल इंफ्रा की चार, होम एंड सोल इंफ्राटेक की नौ, केलटेक इंफ्रास्ट्रक्चर की सात, कॉसमॉस इंफ्रा एस्टेट की 47, जेएसएस बिल्डकॉन की आठ, रुद्र बिल्डवेल होम्स की चार, हैवीटेक इंफ्रास्ट्रक्चर, एसेंट बिल्डटेक और हैवे इंफ्रास्ट्रक्चर की एक-एक संपत्ति को ई-नीलाम किया जाएगा।

    उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की तरफ से कई बिल्डर के खिलाफ रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी किए जा रहे हैं. जिला प्रशासन के पास करीब 600 करोड़ की आरसी लंबित हैं. प्रशासन पैसा नहीं देने पर इन बिल्डर की संपत्ति को कुर्क कर रहा है. अभी तक करीब 400 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है. शासन से ई-नीलामी कराने का आदेश लागू होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की थी।

  • खाने के तेल में फ‍िर आई बड़ी ग‍िरावट, जाने नए रेट….

    खाने के तेल में फ‍िर आई बड़ी ग‍िरावट, जाने नए रेट….

    नई दिल्ली। सरकार की तरफ से उठाए गए कदम का धीरे-धीरे असर द‍िखाई दे रहा है. महंगाई के मोर्चे पर आम आदमी को राहत म‍िलती नजर आ रही है. अब खाने के तेल के दामों में एक बार फ‍िर ग‍िरावट आई है. दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ताओं में से एक मदर डेयरी ने खाद्यतेल की कीमतों में 15 रुपये लीटर तक की कमी की है.

    मदर डेयरी की तरफ से कहा गया क‍ि दुनियाभर के बाजारों में खाने के तेल के दाम नीचे आए हैं. इसी के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है. कंपनी अपने खाद्य तेलों को धारा ब्रांड के तहत बेचती है. धारा सरसों तेल की कीमत 208 रुपये से घटाकर 193 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है.

    इसके अलावा धारा रिफाइंड सूरजमुखी तेल (1 लीटर पॉली पैक) पहले के 235 रुपये प्रति लीटर से अब 220 रुपये में बेचा जाएगा. धारा रिफाइंड सोयाबीन तेल (1 लीटर पॉली पैक) की कीमत 209 रुपये से घटकर 194 रुपये हो जाएगी. मदर डेयरी ने एक बयान में कहा, ‘धारा खाद्य तेलों की अधिकतम खुदरा कीमतों (MRP) में 15 रुपये प्रति लीटर तक की कमी की जा रही है.’

    कीमतों में यह कमी हाल में सरकार की पहल, अंतरराष्ट्रीय बाजारों का प्रभाव कम होने और सूरजमुखी तेल की उपलब्धता बढ़ने की वजह से हुई है. नए एमआरपी के साथ धारा खाद्य तेल अगले सप्ताह तक बाजार में पहुंच जाएगा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में उच्च दरों के कारण पिछले एक साल से खाद्य तेल की कीमतें बहुत ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं.