Blog

  • Punjab News: किसानों ने फिर किया रेलवे ट्रैक जाम करने का ऐलान, पंधेर का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: किसानों ने फिर किया रेलवे ट्रैक जाम करने का ऐलान, पंधेर का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के देवीदासपुरा रेल ट्रैक के पास किसानों द्वारा दिए जा रहे धरने के दौरान एडीजीपी पंजाब एसपीएस परमार, डीआईजी बॉर्डर रेंज और एसएसपी अमृतसर देहाती मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसान नेता सरवन सिंह पंधेर से बातचीत की और बाद में रेलवे ट्रैक को खाली करा लिया गया। वहीं किसानों द्वारा धरना अस्थायी तौर पर समाप्त कर दिया गया। मीडिया से बातचीत में पंधेर ने कहा कि प्रशासन के साथ सहमति बन गई है और अधिकांश किसान नेताओं से बातचीत हो चुकी है।

    यदि कोई नेता रह गया हो तो उससे फोन के माध्यम से संपर्क कर लिया जाएगा। उन्होंने पंजाब की जनता, किसानों, मजदूरों और महिलाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोग इस मोर्चे में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए। पंधेर ने स्पष्ट किया कि धरने का मुख्य उद्देश्य बिजली संशोधन बिल 2025 को रद्द कराना और प्रीपेड मीटर जबरन लगाने से रोकना है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

    अगली रणनीति के तहत 17 और 18 तारीख को डीसी कार्यालयों के सामने मोर्चे लगाए जाएंगे और यदि प्रशासन से बातचीत के जरिए समाधान नहीं निकला तो 19 तारीख को फिर रेल रोकने का ऐलान किया गया है। उधर एडीजीपी एसपीएस परमार ने बताया कि किसानों से बातचीत शांतिपूर्ण रही और सबको मनाकर रेल ट्रैक खाली करवाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार और किसान संगठन के बीच मांगों पर बातचीत की प्रक्रिया जारी रहेगी और आगे भी इन मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए ही करने की कोशिश की जाएगी।

  • अतिक्रमण को लेकर डीसी जतिन लाल ने मैहतपुर बाजार का दौरा किया

    अतिक्रमण को लेकर डीसी जतिन लाल ने मैहतपुर बाजार का दौरा किया

    ‘नो पार्किंग–नो वेंडिंग जोन’ निर्धारण के संबंध में संभावित स्थलों का लिया जायजा ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण और सुव्यवस्था स्थापित करने की जिला प्रशासन की कवायद लगातार जारी है। इन्हीं प्रयासों के तहत उपायुक्त जतिन लाल ने शुक्रवार को मैहतपुर बाजार का दौरा किया। उन्होंने मैहतपुर के मुख्य बाजार से लेकर पीएचसी बसदेहदा तक क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया और मेहतपुर बैरियर से इंडस्ट्रियल एरिया तक प्रस्तावित नो पार्किंग–नो वेंडिंग जोन के लिए संभावित स्थलों का भी जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि यह व्यवस्था पहले ही ऊना शहर और बंगाणा मुख्य बाजार में लागू की जा चुकी है। इसे जिले के अन्य मुख्य बाजारों में भी लागू किया जाएगा, ताकि लोगों को सुविधा मिले और बेढंगी पार्किंग, अतिक्रमण और अव्यवस्था से निजात मिल सके। पंजीकृत रेहड़ी–फड़ी विक्रेताओं को ही मिलेगी अनुमति, निर्धारित स्थानों पर कर सकेंगे व्यवसाय उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मैहतपुर बाजार में केवल पंजीकृत रेहड़ी–फड़ी विक्रेताओं को ही निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने की अनुमति होगी। उन्होंने बताया कि मैहतपुर सब्ज़ी मंडी को सामुदायिक भवन के पास स्थानांतरित किया गया और पुरानी मंडी स्थल को पार्किंग ज़ोन में बदल दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन पैदल यात्रियों की सुविधा, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक सुगम बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रहा है। उन्होंने आम जनता और विक्रेताओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि जिले में एक स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद मैहतपुर–बसदेहदा के जूनियर इंजीनियर प्रभास शर्मा, वर्क सुपरवाइज़र दिनेश कुमार, पुलिस अधिकारी और स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
  • प्रदेश सरकार का ट्रांसपोर्ट अपडेट: ई-रिक्शा संचालन 20 किमी क्षेत्र तक सीमित, नए परमिट जारी

    प्रदेश सरकार का ट्रांसपोर्ट अपडेट: ई-रिक्शा संचालन 20 किमी क्षेत्र तक सीमित, नए परमिट जारी

    शिमला: प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि परिवहन विभाग ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत राज्य के विभिन्न उप-मंडलों के पहाड़ी क्षेत्र और सार्वजनिक सुरक्षा के दृष्टिगत समस्त क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरणों को राज्य के उप-मंडलों में यात्री अनुबंधित कैरिज परमिट के तहत ई-रिक्शा परमिट प्रदान करने की अनुमति दी है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत कांगड़ा जिला के उप-मंडल पालमपुर में 30, धर्मशाला (जिसमें मैक्लोडगंज शामिल है) में 36 परमिट की अनुमति होगी। चंबा जिला के उप-मंडल चंबा (सदर) में पांच, भटियात में नौ, किन्नौर जिला के कल्पा/रिकांगपिओ में 15, सांगला में 10, सिरमौर जिला के नाहन उप-मंडल में 15, राजगढ़ में दो परमिट की अनुमति होगी।

    मंडी जिला के जोगिंदर नगर में 15, पधर में 35, सरकाघाट में पांच, धर्मपुर में पांच, कुल्लू जिला के उप-मंडल कुल्लू में 30, भुंतर में 15, बंजार में 20, मनाली में 30, पतलीकुहल में 15, नग्गर में 15 परमिट, जिला शिमला के उप-मंडल ठियोग में छह, रोहड़ू में 20, सोलन जिला के उप-मंडल कंडाघाट में तीन, अर्की में दो, नालागढ़ में 10, बद्दी में 15, ऊना जिला के हरोली उप-मंडल में 17, शेष ऊना जिला (ऊना मुख्यालय और अन्य क्षेत्र) में 20 परमिट की अनुमति होगी। कुल परमिटों की संख्या 400 होगी।

    उन्होंने बताया कि इन उप-मंडलों/क्षेत्रों में केवल ई-रिक्शा के ही नए पंजीकरण की अनुमति दी जाएगी। राज्य के शेष उप-मंडलों में ऑटो-रिक्शा/ई-रिक्शा का परिचालन निषिद्ध रहेगा, हालांकि, यह प्रतिबंध राज्य में वैध परमिट के आधार पर पहले से चल रहे ऑटो-रिक्शा पर लागू नहीं होगा। इस अधिसूचना के तहत पंजीकृत/अधिकृत प्रत्येक ई-रिक्शा के परिचालन का क्षेत्र संबंधित उप-मंडल के मुख्यालय से 20 किलोमीटर की परिधि तक ही सीमित रहेगा, जहां ऐसा पंजीकरण/प्राधिकार प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि एक बार जब ई-रिक्शा एक विशेष उप-मंडल में पंजीकरण या संचालन के लिए अधिकृत हो जाता है, तो निर्धारित मुख्यालय स्थायी और अपरिवर्तित रहेगा, जिसे किसी भी परिस्थिति में बदला, स्थानांतरित या परिवर्तित नहीं किया जाएगा। वाहन उसी उप-मंडल की न्यायिक सीमाओं के भीतर संचालित होगा और निर्धारित दायरे से बाहर कोई भी परिचालन इस अधिसूचना और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों का उल्लंघन माना जाएगा।

  • महाविद्यालय बंगाणा में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    महाविद्यालय बंगाणा में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    ऊना/ सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में रोड सेफ्टी क्लब के द्वारा आज सड़क सुरक्षा पर एकदिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बढ़ते सड़क हादसों के प्रति जागरूकता लाना और सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना रहा। इस जागरूकता कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं रिसोर्स पर्सन सोनू गोयल, उपमंडल दंडाधिकारी बंगाणा, रहे। उन्होंने अपने प्रभावशाली एवं प्रेरक वक्तव्य में सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

    सोनू गोयल ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे में गाड़ी न चलाने तथा मोबाइल फोन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव छात्रों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और सड़क सुरक्षा को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता सामाजिक जिम्मेदारी है तथा युवाओं की भागीदारी इसमें सबसे महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के अंत में सड़क सुरक्षा क्लब की नोडल ऑफिसर डॉ. किरण ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

    इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर डॉ. विनोद कुमार, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर प्रो. सिकंदर नेगी, प्रो. कृष्ण चंद सहित अन्य प्राध्यापक एवं छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन रोड सेफ्टी क्लब की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। पूरा कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध हुआ।

  • Punjab News: इन जगह पर किसानों ने किया रेलवे ट्रैक जाम, देखें वीडियो

    Punjab News: इन जगह पर किसानों ने किया रेलवे ट्रैक जाम, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब भर में किसान संगठनों ने बिजली संशोधन बिल 2025 समेत अन्य कृषि मांगों को लेकर 2 घंटे का ‘रेल रोको’ और चक्का जाम किया। यह धरना दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक रखा गया था। हालांकि किसानों का यह प्रदर्शन विफल रहा। दरअसल, कई जगहों पर ही किसानों द्वारा रेलवे ट्रैक जाम किया गया। जबकि जालंधर, लुधियाना सहित कई अन्य जगहों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किसानों को रेलवे ट्रैक जाम नहीं करने दिया गया।

    धरने के दौरान कुछ जगहों पर किसानों और पुलिस के बीच मामूली झड़पें की घटनाएं भी सामने आई। इस दौरान कई स्थानों पर किसान बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ते दिखाई दिए, इस मौके पर किसान नेता सरवन सिंह पंधेर का मानना है कि यह रेल रोको लोकहित में था और इससे 80 प्रतिशत रेल ट्रैफिक पूरी तरह ठप रही।

    उन्होंने कहा कि यदि बिजली बोर्ड निजी हो गया तो आम लोगों के लिए बिजली महंगी हो जाएगी और घरों में बिजली की उपलब्धता भी प्रभावित होगी। किसान नेता ने माझा, दोआबा और मालवा में 60 से 70 किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया। उन्होंने मांग की कि तुरंत सभी किसानों को रिहा किया जाए और बिजली संशोधन बिल 2025 को रद्द कर पंजाब विधानसभा में इस संबंधी प्रस्ताव पारित किया जाए।

  • ऊना जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, खनन पट्टे की शर्तों के उल्लंघन पर सतलुज स्टोन क्रशर की बिजली आपूर्ति बंद

    ऊना जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, खनन पट्टे की शर्तों के उल्लंघन पर सतलुज स्टोन क्रशर की बिजली आपूर्ति बंद

    डीसी बोले..खनन नियमों के उल्लंघन पर जारी रहेगी जिला प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

    ऊना/सुशील पंडित: खनन पट्टे की शर्तों और हिमाचल प्रदेश खनिज नियमों के उल्लंघन पर ऊना जिला प्रशासन ने ललड़ी स्थित सतलुज स्टोन क्रशर एवं स्क्रीनिंग प्लांट की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद कर दी है। प्रशासन ने वहां नई क्रशिंग गतिविधि पर पूर्णतः रोक लगाई है, हालांकि पहले से संग्रहित सामग्री की लोडिंग और ट्रांसपोर्टेशन की अनुमति जारी रहेगी, ताकि स्टॉक का निपटान संभव हो सके।

    जिला खनन अधिकारी नीरजकांत ने बताया कि पुलिस ने ओवरलोडिंग के अंदेशे से चार टिप्परों को जांच के लिए रोका था। ड्राइवरों द्वारा प्रस्तुत अनुमति पत्र और धर्मकांटे पर तौल के दौरान दस्तावेज़ों में दर्ज मात्रा और वास्तविक लोड के वजन में बड़ा अंतर पाया गया, जिससे ओवरलोडिंग और खनिज सामग्री के अवैध परिवहन की पुष्टि हुई। यह खनन नियमों और पट्टे की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है, जिससे सरकारी राजस्व को हानि पहुंचती है।

    इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने डीसी को कार्रवाई की सिफारिश की थी। उस पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने खनन विभाग को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में माइनिंग विभाग ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के माध्यम से क्रशर यूनिट की बिजली बंद कर दी है। नई क्रशिंग गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, प्लांट परिसर में पहले से संग्रहित मटीरियल की लोडिंग और परिवहन की अनुमति बरकरार रहेगी, ताकि स्टॉक का निपटान सुनिश्चित किया जा सके।

    उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने इससे पहले भी नियम उल्लंघन के मामले में छेत्राँ क्षेत्र में संचालित एस.एस. स्टोन क्रशर की लीज निलंबित करने और बिजली आपूर्ति बंद करने की कड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि अवैध खनन, नियम उल्लंघन और ओवरलोडिंग के मामलों पर जिला प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इकाई के खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

  • Jalandhar News: 13 वर्षीय बच्ची के मर्डर केस में आरोपी का फिर कोर्ट से मिला पुलिस रिमांड, देखें Live

    Jalandhar News: 13 वर्षीय बच्ची के मर्डर केस में आरोपी का फिर कोर्ट से मिला पुलिस रिमांड, देखें Live

    जालंधर, ENS: वेस्ट हलके के पारस एस्टेट में 13 साल की बच्ची के हत्यारोपी हरमिंदर सिंह रिंपी का आज 2 दिन का पुलिस रिमांड खत्म हो गया। जिसके बाद अब कड़ी सुरक्षा में आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां पुलिस ने कोर्ट से 4 दिन का पुलिस रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट से पुलिस को आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोर्ट से एक दिन का आरोपी का रिमांड मिला है। आरोपी के सबूतो को लेकर कहा कि वह जांच का विषय है और इसे उजागर नहीं किया जा सकता। वहीं एडवोकेट पकंज ने कहा कि कोर्ट से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

    पुलिस द्वारा कोर्ट में आरोपी को लेकर दस्तावेज पेश किए गए है, लेकिन मामला सेंसटिव होने के कारण उसे जनतक नहीं किया जा सकता है। पुलिस द्वारा अभी तक केस को लेकर बढ़िया तरीके से काम किया जा रहा है। बता दें कि 23 सितंबर को 13 साल की बच्ची पारस एस्टेट में संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। बच्ची की मां ने गली में ही रहने वाले एमजीएन के बस ड्राइवर रिंपी पर शक जताया था। एएसआई मंगत राम और पीसीआर के दो एएसआई मौके पर आए थे।

    एएसआई मंगतराम ने रिंपी के घर में जाकर जांच की, लेकिन ये कहकर लौट गए थे कि बच्ची रिंपी के घर में नहीं है। देर रात सीसीटीवी से पता चला था कि अंतिम बार बच्ची रिंपी के घर में जाती देखी गई थी। उसके बाद पब्लिक भड़क गई और बाथरूम खोल कर देखा तो बच्ची का शव मिला था। इस घटना को लेकर कार्रवाई में कोताही बरतने के मामले में एएसआई मंगतराम को नौकरी से डिसमिस किया जा चुका है। वहीं 2 पीसीआर के एएसआई सस्पेंड किए जा चुके है।

  • Jalandhar News: नगर निगम का Bansal Sweets पर चला पीला पंजा, देखें Live

    Jalandhar News: नगर निगम का Bansal Sweets पर चला पीला पंजा, देखें Live

    जालंधर, ENS: जवाहर नगर मार्केट में हीट 7 के पास बांसल स्वीट शाप के खिलाफ नगर निगम की ओर से आज कार्रवाई की गई। काफी समय से अवैध कब्जों को लेकर इमारत का मामला गरमाया हुआ था। इस दौरान आज नगर निगम द्वारा इस इमारत पर डिच मशीन चलाई गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि नगर निगम के एमटीपी मेहरबान की अगुवाई में टीम ने आज इमरात पर कार्रवाई की। प्रशासन ने बांसल स्वीट्स की इमारत के फ्रंट और बैक साइड पर बनी अवैध जगह को नगर निगम टीम द्वारा धवस्त कर दिया गया है।

    इस दौरान नगर निगम की टीम के साथ भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। वहीं जब मीडिया ने अधिकारी से कार्रवाई की जाने को लेकर पूछा तो उन्होंने मीडिया के सामने कुछ भी कहने से गुरेज रखा। वहीं एक व्यक्ति ने बताया कि राजविंदर भल्ला द्वारा नगर निगम को अवैध इमारत को लेकर शिकायत दी गई थी।

    इस दौरान उनके पास इमारत को लेकर नोटिस जारी किया गया था, जिसको लेकर आज टीम द्वारा कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि हाईकोर्ट में कोई तारीख है और कोर्ट में केस चल रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर बांसल स्वीट्स के मालिक अधिकतर बता सकते है, लेकिन वह यहां पर मौजूद नहीं है।

  • Punjab News: अब पुलिस वर्दी में रील बनाने को लेकर सख्त आदेश हुए जारी

    Punjab News: अब पुलिस वर्दी में रील बनाने को लेकर सख्त आदेश हुए जारी

    चंडीगढ़ः पंजाब पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वर्दी में वीडियो पोस्ट करने को लेकर डीजीपी ऑफिस से नए आदेश जारी हुए है। ऐसे में पुलिसकर्मियों द्वारा वर्दी में डांस, भांगड़ा और मनोरंजक कार्यक्रम करते हुए वीडियो की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने के कर्मियों को सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि इस तरह की हरकतें पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दरअसल, हाल में कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में डांस, भंगड़ा और मनोरंजक वीडियो बनाते दिखाई दिए थे, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हुई।

    इस पर डीजीपी ऑफिस ने सभी रेंज के आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नरों और जिलों के एसएसपी को निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। स्टेट साइबर क्राइम विंग को इस संबंध में नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधियों की समय-समय पर रिपोर्ट तैयार कर डीजीपी की अध्यक्षता वाली बैठक में पेश करेगा।

    विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों की एनुअल कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट (ACR) पर असर पड़ेगा और उनकी पदोन्नति भी प्रभावित हो सकती है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हाल के महीनों में सोशल मीडिया से जुड़े कुछ मामलों जैसे बठिंडा की महिला कॉन्स्टेबल का वायरल रील वीडियो और बाद में नशे के मामले में गिरफ्तारी तथा मोहाली में कार वॉशिंग के दौरान हेरोइन बरामदगी ने विभाग को सख्त कदम उठाने पर मजबूर किया। डीजीपी गौरव यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के बाद गृह विभाग की मंजूरी से नए नियमों को मंजूरी दी।

  • Punjab News: चाय की दुकान से पर्स लेकर कुत्ता फरार, तलाश में जुटी पुलिस, देखें CCTV

    Punjab News: चाय की दुकान से पर्स लेकर कुत्ता फरार, तलाश में जुटी पुलिस, देखें CCTV

    अमृतसरः जिले के लारेंस रोड पर चोरी की अनोखी घटना सामने आई है। जहां चाय की दुकान पर बैठे युवक का पर्स लेकर कोई व्यक्ति नहीं बल्कि कुत्ता फरार हो गया। इस घटना का युवक को तब पता चला जब उसने दुकान मालिक से वहां लगे सीसीटीवी कैमरे चैक करने की अपील की। इस दौरान कुत्ता बड़े आराम से युवक का पर्स ले जाता हुआ दिखाई दिया। घटना की शिकायत पीड़ित ने पुलिस को दे दी है।

    पुलिस द्वारा कुत्ते की तलाश की जा रही है। पीड़ित का कहना है कि उसके पर्स में 5 से 6 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कुत्ता दुकान के पास पहले घूमता रहा और मौका मिलते ही कुर्सी पर रखा पर्स मुंह में दबाकर वहां से भाग गया। इस घटना के बाद इलाके में मजाकिया माहौल बन गया। लोग वीडियो को सोशल मीडिया पर “अंडरकवर गैंग का ट्रेनी” और “अमृतसर का रॉबिन हुड डॉग” जैसे नाम देकर शेयर कर रहे हैं।

    फिलहाल पुलिस और पीड़ित युवक दोनों चोरी हुए पर्स और उसे लेकर भागे कुत्ते की तलाश कर रहे हैं। नावेल्टी चौक में ड्यूटी पर मौजूद एएसआई परवीन कुमार ने बताया कि हमारे पास एक युवक शिकायत लेकर आया कि उसका पर्स एक कुत्ता उठाकर ले गया है, जिसमें उसके डॉक्यूमेंट और कुछ रुपए थे। सीसीटीवी देखने के बाद हमने कुत्ते की तलाश शुरू की। आसपास काफी ढूंढा, मगर पर्स बरामद नहीं हुआ।