Blog

  • Punjab News: इस इलाके में चली ताबड़-तोड़ गोलियां, फैली दहसत, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में चली ताबड़-तोड़ गोलियां, फैली दहसत, देखें वीडियो

    फिरोजपुर: कैंट इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ गया। मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के घर के बाहर पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गनीमत रही की कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन गोलियां सीधे मकान के गेट पर लगीं।

    पीड़ित पक्ष ने गोलियों के खोल दिखाते हुए कहा कि किस्मत अच्छी थी कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने इलाके में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और कहा कि बीते आठ दिनों के अंदर फिरोजपुर में यह दूसरी वारदात है, जिसमें गोलियां चलाई गईं है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में वारदात के बारे में शिकायत दी।

  • CM Mann की पहल: 400 करोड़ का निवेश और TSF के साथ स्किलिंग सेंटर की घोषणा

    CM Mann की पहल: 400 करोड़ का निवेश और TSF के साथ स्किलिंग सेंटर की घोषणा

    चंडीगढ़: राज्य में औद्योगिक विकास को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए जापान की अग्रणी कंपनी टॉपन स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (टी.एस.एफ.) ने बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के साथ अपनी विस्तार योजना के हिस्से के रूप में 400 करोड़ रुपए का निवेश करने के लिए औपचारिक समझौता किया।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि टी.एस.एफ. और इन्वेस्ट पंजाब ने राज्य में एक स्किल एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने के लिए साझेदारी और सहयोग पर सहमति जताई है, ताकि हुनरमंद/अर्ध-हुनरमंद व्यक्तियों, कामगारों और युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहल उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंजाब में नए रोजगार अवसर भी उत्पन्न करेगी।

    साझेदारी के क्षेत्रों की जानकारी देते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सहयोग वर्तमान और उभरते उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करने पर आधारित होगा।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि यह साझेदारी उन आधुनिक और तकनीकी कौशलों पर भी केंद्रित है जो आज सामान्यत: उपलब्ध नहीं हैं। समझौते के तहत उद्योग और वैश्विक मानकों के अनुसार प्रशिक्षण प्रमाणन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता (एमओयू )पंजाब और पूरे भारत में टी.एस.एफ. तथा अन्य बड़े उद्योगों में अप्रेंटिसशिप और रोजगार अवसरों के नए रास्ते खोलेगा। मान ने बताया कि यह परियोजना किसी पॉलिटेक्निक/तकनीकी संस्थान के साथ संयुक्त रूप से प्रशिक्षण और शैक्षणिक सहयोग को भी मजबूत करेगी।

    उद्योग की आवश्यकताओं के आधार पर टी.एस.एफ. वित्तीय सहायता, तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण सहयोग और पाठ्यक्रम निर्माण में भी मदद करेगा। इस दौरान अप्रेंटिसशिप की सुविधा भी उपलब्ध होगी और योग्य प्रशिक्षुओं को उपयुक्त रोजगार अवसर मिलेंगे।

    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों के कारण टी.एस.एफ. ने लगभग 400 करोड़ रुपए के निवेश से पंजाब में अपनी मौजूदा विनिर्माण सुविधा का विस्तार करने की औपचारिक इच्छा व्यक्त की है।

    इस निवेश का उद्देश्य उत्पादन क्षमता बढ़ाना, नये रोजगार सृजन, उन्नत तकनीक को शामिल करना और भारत में कंपनी की दीर्घकालिक उपस्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि टी.एस.एफ. ने पंजाब के प्रति अपनी लंबी अवधि की प्रतिबद्धता दोहराई है। मान ने कंपनी को राज्य में विस्तार और संचालन से जुड़े सभी कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

    इस दौरान टी.एस.एफ. समूह ने पंजाब में काम करने के अपने अनुभव साझा करते हुए इसे मजबूत उद्योग-सरकार साझेदारी, आसान प्रक्रियाएँ, उच्च गुणवत्ता वाले कार्यबल की उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति और अनुकूल निवेश माहौल का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विस्तार परियोजना के माध्यम से यह साझेदारी और मजबूत होगी।

    उन्होंने इस परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियों और संचालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने में पंजाब सरकार और इन्वेस्ट पंजाब से निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई।

  • कल दिखेगा साल 2025 का आखिरी Cold Moon, धरती से होगी इतनी दूरी

    कल दिखेगा साल 2025 का आखिरी Cold Moon, धरती से होगी इतनी दूरी

    लाइफस्टाइल: कल शाम को साल 2025 का आखिरी चांद निकलेगा। यह पूरे साल का सबसे ऊंचा चांद होगा। इसको कोल्ड सूपरमून भी कह रहे हैं क्योंकि यह धरती के सबसे पास होगा। कल का चांद आम दिनों से 10% बड़ा दिखेगा। दिसंबर की पूर्णिमा को पारंपरिक रुप से कोल्ड मून कहते हैं क्योंकि यह साल के सबसे ठंडी रातों में दिखाई देता है। इन लॉन्ग नाइट्स मून भी कहा जाता है।

    इसलिए कहते हैं सूपरमून

    जब चांद धरती के सबसे पास आता है। उसी दिन पूर्णिमा होती है। इसी को सूपरमून कहते हैं। इस बार चांद धरती से सिर्फ 3,57,000 किलोमीटर दूर होगा इसलिए 10% बड़ा और 30% चमकदार नजर आएगा। 2025 में यह चौथा सूपरमून होगा वहीं नवंबर के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा चांद है।

    कल का चांद होगा सबसे ऊंचा

    दिसंबर का पूरा चांद पूरे साल किसी भी पूर्णिमा से ज्यादा ऊपर जाता है। 21 दिसंबर को सर्दियों की संक्राति आएगी। उस दिन सूरज पूरे साल में सबसे नीचा रहेगा। चांद हमेशा सूरज के ठीक उल्टी दिशा में होता है ऐसे में इसलिए जब सूरज सबसे नीचा होता है तो पूरा चांद सबसे ऊंचा चला जाता है। सर्दी की रातों में चांद आस-मान के सबसे ऊपरी हिस्से में चमकता है। जैसे सिर के ठीक ऊपर से गुजर रहा हो इसी कारण से इसे लॉन्ग नाइट मून भी कहते हैं क्योंकि रातें लंबी होती है चांद ज्यादा देर तक चमकता है।

    चांद के है अलग-अलग नाम

    अमेरिका के लोग इसको कोल्ड मून, लॉन्ग नाइट मून, फ्रॉस्ट एक्सप्लोडिंग ट्रीज मून कहते हैं। इसका पुराना अंग्रेजी नाम है मून बिफोर यूल (यानी की क्रिसमस के पहले वाला चांद) वहीं भारत में इसको मार्गशीर्ष पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है।

    2026 में दिखेगा अलग सूपरमून

    3 जनवरी 2026 को अगला वुल्फ मून आएगा। यह साल 2025-26 का सूपरमून सीरिज का आखिरी होगा। शाम 6-7 बजे आप इसे खुली जगह पर जाकर देख सकते हैं। यह चांद नारंगी रंग का दिखेगा।  
  • Himachal News: अराजपत्रित कर्मचारी प्रधान रजनीश शर्मा ने दिया त्यागपत्र

    Himachal News: अराजपत्रित कर्मचारी प्रधान रजनीश शर्मा ने दिया त्यागपत्र

     ऊना /सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ऊना के प्रधान रजनीश शर्मा ने अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत सोमवार  को  महासंघ  के अन्य प्रतिनिधियों के समक्ष वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा सिंह को अपना त्यागपत्र सौंपा।
    इस दौरान अपने वक्तव्य में रजनीश शर्मा ने कहा कि प्रधान के रूप में उनका कार्यकाल संगठनात्मक मजबूती, कर्मचारी हितों की रक्षा तथा विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित रहा। अपने अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में तीन जेसीसी की बैठकें आयोजित करने में सफल रहे, जिनके सकारात्मक परिणाम आए। उन्होंने कहा कि यह अवधि उनके लिए एक सम्मान और जिम्मेदारी दोनों थी, जिसका टीम के सहयोग से प्रभावी रूप से निर्वहन किया।
    उन्होंने कर्मचारी महासंघों के उन सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके कार्यकाल में निरंतर समर्थन और विश्वास प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की तरक्की सामूहिक प्रयासों से ही संभव होती है और वे भविष्य में भी संगठन के हितों के लिए हर संभव सहयोग देते रहेंगे।
    महासंघ वरिष्ठ उपप्रधान तारा सिंह ने रजनीश शर्मा के नेतृत्व-कौशल और सेवाओं की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आगे की औपचारिकताएँ और नए प्रधान के चयन की प्रक्रिया संगठन के नियमों के अनुसार पूर्ण की जाएगी।
  • धारा 118 को कमजोर करके “हिमाचल ऑन सेल” के मिशन पर चली है सरकार : जयराम ठाकुर

    धारा 118 को कमजोर करके “हिमाचल ऑन सेल” के मिशन पर चली है सरकार : जयराम ठाकुर

    भाजपा की रैली को ज्यादा से ज्यादा जन सहयोग देने की अपील

    ऊना/धर्मशाला/सुशील पंडित: विधानसभा सत्र के दौरान मीडिया के प्रतिनिधियों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही “हिमाचल ऑन सेल” की योजना चलाई हुई है। मुख्यमंत्री कई बार सार्वजनिक बयानों में इस बात का जिक्र भी कर चुके हैं और उनके फैसलों में भी हिमाचल के हितों की बेचने की बात बार-बार सामने आई है। विधानसभा में धारा 118 को लेकर जो संशोधन लाया गया है वह हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचने की एक साजिश है। हम पहले दिन से कह रहे हैं सरकार की मित्र मंडली में बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो देश भर में घूम-घूम कर धारा 118 में छूट दिलवाने का ठेका लेते फिर रहे हैं।

    मीडिया के माध्यम से भी ऐसी कई बार बातें सामने आई हैं। जो धारा 118 में छूट दिलाने के नाम पर पैसे इकट्ठे करते देखे गए। अब सरकार ऐसा सिस्टम बनाने में लगी है जो लोगों को हिमाचल में जमीन ने खरीदने का रास्ता निकाल सके। सरकार हर तरीके से हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचने पर अमादा है। लेकिन जो लोग पिछली सरकार में 118 को छूने पर हाथ जल जाने और हाथ कट जाने की धमकी दे रहे हैं, वह नेता कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं इन्होंने सत्ता में आते ही प्रदेश में सुविधाओं को छीनने और संसाधनों को बेचने में ही रुचि दिखा रहे हैं और लगातार उसी काम में लगे हुए हैं।

    जय राम ठाकुर ने कहा कि 5 लाख सरकारी नौकरी और ठूंजा साल वाली पक्की नौकरी की गारंटी देकर जो सत्ता में आए थे वह 3 साल का कार्यकाल बीत जाने के बाद भी इस बात का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं कि उन्होंने अब तक कितनी नौकरियां दी हैं। विधानसभा में 2 साल से विपक्ष लगातार यह पूछ रहा है कि व्यवस्था परिवर्तन वाली सुख की सरकार ने प्रदेश के युवाओं को कितनी नौकरियां दी हैं? कितनी परीक्षाएं कराई हैं? किस विभाग में कितनी नौकरियां दी हैं? सरकार हर बार विधानसभा को गुमराह करते हुए एक ही जवाब देती है की सूचना अभी भी एकत्र की जा रही है। यह सरकार ने एक भी नौकरी नहीं दी है तो किस मुंह से नौकरियों की जानकारी देगी। सरकार हर मोर्चे पर फेल है और झूठ बोलकर मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचा रहे हैं लेकिन इनका झूठ ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है।

    भारतीय जनता पार्टी के आक्रोश रैली को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारे पास जोरावर स्टेडियम में रैली करने की परमिशन है और हम वहीं रैली करेंगे सरकार ने अगर उसमें किसी भी प्रकार से बाधा पहुंचाने की कोशिश की तो हम विधानसभा के अंदर भी रैली करेंगे। सरकार की नाकामी से प्रदेश का हर वर्ग निराश है, हताशा से सड़कों पर है। पूरा प्रदेश सरकार की नाकामी के खिलाफ हमारा समर्थन कर रहा है। जो जहां है, जैसे है सभी प्रदेशवासियों का समर्थन भारतीय जनता पार्टी की इस रैली के साथ है। 5 साल तक हमने भी सरकार चलाई विपक्ष में कांग्रेस ने जब भी, जहां भी, जैसे भी किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की परमिशन मांगी हमने बिना किसी व्यवधान के उन्हें दी है। हमने मुख्यमंत्री को बता दिया है कि हमारी रैली में बाधा डालने का प्रयास उचित नहीं होगा। इसलिए सरकार हमारे लोकतांत्रिक अधिकार को प्रभावित कोशिश करने की न करे तो बेहतर रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जॉब ट्रेनी योजना प्रदेश के युवाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा है इसलिए सरकार उसे जस्टिफाई करने की बजाय उसे वापस ले।

    छात्रों के प्रदर्शन पर बल प्रयोग शर्मनाक, लोकतंत्र में नहीं सुक्खू सरकार का विश्वास 

    मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और सरकार को उनकी बातें सुननी चाहिए। लेकिन छात्रों पर इस प्रकार से बल प्रयोग लोकतंत्र के खिलाफ है। सरकार को तानाशाही से बाज जाना चाहिए और हर प्रदेशवासी के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए। शांतिपूर्ण और मांगों को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन पर बल प्रयोग लोकतंत्र नहीं तानाशाही है। इतिहास ने देखा है हर तानाशाही का अंजाम बुरा हुआ है। अगर सरकार छात्रों के लोकतांत्रिक हकों को कुचलने का प्रयास करेगी तो उसका अंजाम भी  भुगतेगी।

    शिमला में दिव्यांग जनों के साथ बल प्रयोग अमानवीय 

    नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस के दिन दिव्यांग जनों के सशक्तिकरण और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार को अतिरिक्त प्रयास करने चाहिए लेकिन सरकार द्वारा आज दिव्यांग जनों द्वारा निकाली गई रैली पर बल प्रयोग किया गया। पहले भी उनके प्रदर्शनों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग के मामले सामने आए हैं। मुख्यमंत्री को उनकी बातों को कम से कम गंभीरता पूर्वक सुनना चाहिए।

    भाजपा की रैली को ज्यादा से ज्यादा जन सहयोग देने की अपील 

    जयराम ठाकुर ने सभी प्रदेशवासियों से भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित जन आक्रोश रैली में भरपूर समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी से प्रदेश का एक-एक व्यक्ति त्रस्त है। सुक्खू सरकार के 3 साल का कार्यकाल अराजकता, अपराध और माफिया राज को संरक्षण देने भ्रष्टाचार को समर्थन देने और मित्र मंडली को लाभ देने में ही लगा रहा। सरकार की एक भी चुनावी गारंटी नहीं पूरी हुई है और चुनावी घोषणा पत्र तो सरकार ने पलट कर भी नहीं देखा है। ऐसे में इस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है भारतीय जनता पार्टी कि इस रैली से सरकार को उखाड़ फेंकने के मिशन की शुरुआत होगी।

  • Punjab News: इस इलाके में भगवान शिव के मंदिर में हुई बेअदबी, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में भगवान शिव के मंदिर में हुई बेअदबी, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लुधियाना: दुगरी इलाके में भगवान भोले नाथ के मंदिर में बेअदबी हुई है। घटना के तुरंत बाद लोगों ने आरोप को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले किया। आरोपी ने मंदिर में माथा टेकने के बहाने बेअदबी की घटना को अंजाम दिया है। मंदिर में आरोपी मूर्तियों के सामने खड़ा होकर माथा टेकने की एक्टिंग करता है। जैसे ही मंदिर में बाकी श्रद्धालु आते है तो वह बेअदबी कर देता है। करीबन 10 से 15 मिनट तक आरोपी मंदिर में रहता है। इस घटना की सीसीटीवी वीडियो भी सामने आई है। थाना दुगरी की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके उस गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जानकारी देते हुए सुरेंद्र पुरी नाम के श्रद्धालु ने बताया कि उन्हें मंदिर से सूचना मिली थी कि एक अज्ञात व्यक्ति जिसने पगड़ी पहनी है और दाड़ी रखी है उसने मंदिर में बेअदबी की है। जब मैं रोज की तरह मोक्षद्वार श्री काशी विश्वनाथ शिव मंदिर श्मशान घाट फेस 2 दुगरी में गया तो लोगों ने उस अज्ञात व्यक्ति को पकड़ा हुआ था। मंदिर में लगे सीसीटीवी चेक करने पर पूरा मामला पता चला। आरोपी ने हिंदू सिख भाईचारे को खराब करने की कोशिश की है। सुरेंद्र पुरी ने कहा कि आरोपी मंदिर में माथा टेकने के बहाने आया था। उसके बाद वो आंखें बंद करके भगवान शंकर की मूर्ति के सामने खड़ा हो गया। जैसे ही भक्त माथा टेक कर बाहर जाते तो वह कुछ न कुछ ऐसी हरकत करता जिससे मूर्ति को नुकसान हो। आरोपी ने पहले रुद्राक्ष की माला तोड़ी। फिर कुछ देर के बाद उसने भगवान की शिंगार वाली माला तोड़ दी। इसके बाद उसने मूर्ति के सामने रखे शंख से खुद पानी पी लिया। इसके बाद उसने नंदी भगवान का सिंग तोड़ने की कोशिश की। परंतु उस समय तक मंदिर में हंगामा हो गया और लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस घटना के बाद हिंदू समाज के लोगों में काफी रोष है। थाना दुगरी के एएसआई अमोलक सिंह ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कल उसको अदालत में पेश किया जाएगा। अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी का पत्नी के साथ विवाद है। वह उसे छोड़कर जा चुकी है। इसी कारण उसके दिमाग की हालत ठीक नहीं लग रही। पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ धारा BNS 298 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।    
  • सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी साहित्यकार यशपाल की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

    सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी साहित्यकार यशपाल की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के मूर्धन्य साहित्यकारों की जयंतियों का नियमित रूप से आयोजन किया जाता है ताकि उनके द्वारा समाज के पथ प्रदर्शक की दिशा में किए गए कार्यों का समाज और आने वाली पीढ़ी को स्मरण रहे और वे उनका अनुसरण कर सके। इसी कड़ी में सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी साहित्यकार यशपाल की जयंती का आयोजन भाषा में संस्कृति विभाग द्वारा बुधवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, जिला ऊना में दो सत्रों में किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सर्वप्रथम यशपाल के जीवन से संबंधित वृत्त चित्र का प्रदर्शन किया गया उसके उपरांत प्रोफेसर हितेंद्र पटेल जो रविंद्र भारती विश्वविद्यालय, कोलकाता में इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर है ‘यशपाल की राजनीतिक दृष्टि’ विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत किया ।

    डॉ. हेमराज कौशिक और डॉ. ओ .पी .शर्मा द्वारा उनके शोध पत्र पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक आईआईटी प्रो. मनीष गौर व यशपाल के सुपुत्र आनंद यशपाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रथम सत्र के अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. सुशील कुमार फुल्ल ने की। दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें तपेश कुमार, विनोद कुमार, राकेश कुमार , सुमन बाला, त्रिलोक मेहरा, सरोज परमार , ईश्वर दास राही , अशोक कालिया, कृष्ण चंद्र महादेवीय, हरिप्रिया, रूपेश्वरी, रत्नचंद निर्झर,डॉ.प्रेमलाल गौतम, डॉ. शंकर वशिष्ठ ,डॉ. अशोक गौतम , प्रो. रनजोत सिंह, ओजस्विनी सचदेवा, डॉ. सुशील पुंडीर, अशोक गौतम,  रामलाल पाठक, कल्पना रानी ,डॉ. देव कला शर्मा, शांति कुमार स्याल, देशराज कमल, रामपाल शर्मा, ज्योति प्रकाश, डॉ. सत्येंद्र कुमार , लालचंद ठाकुर, कुलदीप शर्मा ,ज्योति प्रकाश शर्मा, देशराज कमल, योगेश चंद्र सूद सहित लगभग 40 कवियों ने अपनी कविता का पाठ किया।

    दूसरे सत्र की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. हेमराज कौशिक वह मंच संचालन डॉ. शंकर लाल वशिष्ठ ने किया। कार्यक्रम में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के छात्रों द्वारा यशपाल के जीवन पर आधारित लघु नाटिका का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर ऊना के वरिष्ठ साहित्यकार शांति कुमार स्याल की पुस्तक ष्हिमाचल की जसवा- दून घाटी ऊनाष् का विमोचन भी किया गया। विभाग द्वारा इस अवसर पर यशपाल के जीवन वृत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का मंच संचालन कुसुम उप उपनिदेशक ने किया । कार्यक्रम में शिक्षा भारती बी.एड.कॉलेज समूरकलां, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान व भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, ऊना के छात्र एवं शिक्षक उपस्थित रहे । अंत में जिला भाषा अधिकारी निकू राम शर्मा ने राज्य स्तरीय यशपाल जयंती समारोह के मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, मुख्य वक्ता व प्रदेश भर से आए साहित्यकारों का कार्यक्रम में पधारने हेतु धन्यवाद किया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उपायुक्त ऊना वीरेन्द्र शर्मा सहायक निदेशक सुरेश राणा,मोहन ठाकुर , सुनीला ठाकुर व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

  • Himachal News: दुलैहड़ में शुरू हुआ जूट बैग बनाने का कोर्स

    Himachal News: दुलैहड़ में शुरू हुआ जूट बैग बनाने का कोर्स

    ऊना/सुशील पंडित:पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, ऊना द्वारा दुलैहड़ गांव में 2 दिसम्बर से जूट बैग उत्पादन हेतु दो सप्ताह के लिए प्रशिक्षण कोर्स शुरू किया गया है। कोर्स का आरंभ अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव सक्सेना की द्वारा किया गया। यह जानकारी  निदेशक पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, ऊना सुधीर कुमार शर्मा ने दी।

    उन्होंने बताया कि यह संस्थान ऊना जिले का एकमात्र प्रशिक्षण केन्द्र है जो भारतीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के निर्देशों के तहत व हिमाचल प्रदेश सरकार के समन्वय से बेरोजगारी की समस्या को दूर करने व स्वावलम्बन की दृष्टि से कौशल विकास कार्यक्रम के तहत लोगों को लघु अवधि के प्रशिक्षण कोर्स उलब्ध करवा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में सफल उद्यमी बनने के लिए प्रशिक्षुओं को बैंकिंग, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बाजार सर्वेक्षण SWOT विश्लेषण तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी जाती है।

    इस दौरान स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान नंद किशोर, उप प्रधान पवन राणा, पंचायत सचीव चरण सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता परवीन, शाखा प्रमुख पीएनबी कुंगड़त सुशील त्रिपाठी और शाखा प्रमुख पीएनबी पुबोवाल देवेंदर मौजूद रहे।

  • डीसी-एसपी ने टाहलीवाल में यातायात व सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया

    डीसी-एसपी ने टाहलीवाल में यातायात व सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया

    ऊना/सुशील पंडित: जिलाधीश जतिन लाल और पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने टाहलीवाल नगर पंचायत क्षेत्र का दौरा कर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र और मुख्य बाजार का दौरा कर स्थिति का मूल्यांकन किया। मौके पर एएसपी संजीव भाटिया, एसडीएम विशाल शर्मा, नगर पंचायत के प्रधान प्रकाश चंद, उपप्रधान गुरनाम सिंह और अन्य सदस्य तथा स्थानीय व्यापार मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

    जतिन लाल ने अधिकारियों को मुख्य बाजार में सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार में पार्किंग और रेडी फड़ी के लिए उचित स्थान निर्धारित करने कहा। साथ ही, लोगों की सुविधा के लिए मुख्य बाजार में एक हिस्से को ‘नो पार्किंग-नो वेंडिंग जोन’ के रूप में चिन्हित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बसों के ठहराव के लिए समय और स्थान तय करने को कहा, ताकि यातायात जाम की समस्या न उत्पन्न हो।

    डीसी जतिन लाल ने लोगों से भी सहयोग की अपील की, ताकि बाजारों को तंगी रहित और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
    पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि जिले के पंजाब सीमा से सटे क्षेत्रों में आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और ट्रैफिक नियंत्रण पर भी फोकस किया जा रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने यातायात और सुरक्षा से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन्हें डीसी ने गौर से सुना और जायज मामलों में सहयोग का आश्वासन दिया।

  • अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर ऊना में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांग हितैषी योजनाओं की दी जानकारी

    अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर ऊना में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांग हितैषी योजनाओं की दी जानकारी

    ऊना/सुशील पंडित:सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ऊना ने अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस के अवसर पर प्रेम आश्रम, ऊना में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज़िला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने किया और उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

    उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना का विवरण साझा किया, जिसके तहत उन छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत या अधिक हो। योजना के अनुसार, प्री-मैट्रिक स्तर पर कक्षा पहली से पांचवीं तक छात्रों को 625 रुपये मासिक छात्रवृत्ति और कक्षा पहली से दसवीं तक हॉस्टल भत्ता दिया जाता है। कक्षा छह से आठवीं तक 750 रुपये और नवमी से दसवीं तक 950 रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके अलावा, उच्च शिक्षा स्तर पर भी छात्रवृत्ति और हॉस्टल भत्ता प्रदान किया जाता है, जिसमें डिप्लोमा, बीए, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएड, बीई, बीटेक, एमबीबीएस, एलएलबी और बीएड इत्यादि शामिल हैं।

    उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ऐसे दिव्यांग छात्र-छात्राओं को जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत या इससे अधिक हो, को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।  पहली से पांचवीं कक्षा तक 625 रुपये मासिक छात्रवृत्ति और पहली से दसवीं कक्षा तक 1875 रुपये मासिक हाॅस्टल भत्ता प्रदान किया जाता है।

    जमा एक व जमा दो में 1250 रुपये मासिक छात्रवृत्ति और 2500 रुपये हाॅस्टल भत्ता, दस जमा दो के उपरांत डिप्लोमा कोर्स, बीए, बीएसी, बीकाॅम के लिए 1875 रुपये मासिक छात्रवृत्ति और 3750 रुपये हाॅस्टल भत्ता प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त एम.ए, एमएससी, एम.काॅम व एमएड के लिए 2250 रुपये मासिक छात्रवृत्ति और 3750 रुपये हाॅस्टल भत्ता, बीई, बीटैक, एमबीबीएस, एलएलबी और बीएड इत्यादि के लिए 3750 मासिक छात्रवृत्ति और 500 रुपये हाॅस्टल भत्ता प्रदान किया जाता है।

    कार्यक्रम में नृत्य और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रेम आश्रम, ऊना और आश्रय देहलां के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों और अन्य स्कूलों के बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

    इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेंद्र शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी अम्ब राकेश कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी बंगाणा विवेक कुमार, प्रेम आश्रम की प्रधानाचार्य सिस्टर संजना, कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी, आश्रय देहला और प्रेम आश्रम के शिक्षक एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे।