Blog

  • Punjab News: अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को हाईकोर्ट से लगा बड़ा झटका

    Punjab News: अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को हाईकोर्ट से लगा बड़ा झटका

    चंडीगढ़ः शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया की जमानत याचिका को लेकर कोर्ट में सुनवाई हुई। जहां हाईकोर्ट से बिक्रम मजीठिया को जमानत याचिका पर राहत नहीं मिली है। दरअसल, हाईकोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी है।

    मजीठिया को आमदन से अधिक सपंति के मामले में गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में बिक्रम मजीठिया को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। बता दें कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने 20 नवंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। मजीठिया फिलहाल न्यायिक हिरासत में नाभा जेल में बंद हैं।

  • Punjab News: क्रेटा कार में आए युवकों ने चलाई गोलियां, एक की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: क्रेटा कार में आए युवकों ने चलाई गोलियां, एक की मौत, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटना सामने आ रही है। वहीं देर रात घनी आबादी वाले हदियाबाद इलाके में स्थित वाल्मीकि मोहल्ला में मामूली बहस के बाद सफेद क्रेटा कार में आए युवकों ने एक युवक पर गोली चला दी। इस घटना में गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी कार समेत फरार हो गए। मृतक की पहचान अविनाश पुत्र नंदलाल निवासी हदियाबाद, फगवाड़ा के रूप में हुई है।

    मृतक के भाई के अनुसार अविनाश विवाहित था और एक बच्चे का पिता था। वह हदियाबाद के जंज घर में बैठा हुआ था, तभी क्रेटा सवार युवक उसके सामने बैठकर किसी बात को लेकर उससे बहस करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने अविनाश पर गोली चला दी।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना सतनामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि अभी तक पुलिस को ना तो हथियारों का कोई सुराग मिला है और ना ही किसी आरोपी को हिरासत में लिया जा सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। परिजनों ने बताया कि मृतक अविनाश कुमार ढोल बजाने का काम करता था।

     

  • शेयर बाजार में फ्लैट कारोबार, ऑटो, IT और मेटल शेयरों में खरीदारी

    शेयर बाजार में फ्लैट कारोबार, ऑटो, IT और मेटल शेयरों में खरीदारी

    बिजनेसः हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन वीरवार को सेंसेक्स 20 अंक चढ़कर 85,150 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 20 अंक ऊपर 26,006 पर है। सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयरों में तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 26 में तेजी है। ऑटो, IT और मेटल शेयरों में आज तेजी है। मीडिया फार्मा में मामूली गिरावट है।

    वहीं मीशो के IPO का आज दूसरा दिन है। कल यानी 3 दिसंबर को यह सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और पहले ही दिन 2.35 गुना (235%) सब्सक्राइब हो गया। इसका रिटेल पोर्शन 1 घंटे में 100% सब्सक्राइब हो गया था और पहले दिन 3.86 गुना यानी 386% सब्सक्राइब हुआ। निवेशकों के इस रिस्पॉन्स से मीशो के शेयर का GMP बढ़कर 51 रुपए हो गया, जो कल तक 47 रुपए था। कंपनी ने इश्यू का प्राइस बैंड ₹105-₹111 प्रति शेयर तय किया है। लॉट साइज 135 शेयर का है। रिटेल निवेशक 5 दिसंबर तक मिनिमम 14,685 रुपए से निवेश कर सकते हैं।

    विदेशी निवेशकों ने 3 दिन में ₹8,021 करोड़ का शेयर बेचा
    3 दिसंबर को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में ₹3,206.92 करोड़ के शेयर बेचे। वहीं घरेलू निवेशक (DIIs) ने ₹4,730.41 करोड़ की खरीदारी की। दिसंबर के पहले तीन दिन में FIIs ने कुल ₹8,020.53 करोड़ के शेयर्स बेचे हैं। जबकि, DIIs ने इस दौरान ₹11,935.28 करोड़ का शेयर खरीदा है।

    नवंबर महीने में FIIs ने कुल ₹17,500.31 करोड़ के शेयर बेचे। जबकि, DIIs ने ₹77,083.78 करोड़ की खरीदारी की। यानी, बाजार को घरेलू निवेशकों का सपोर्ट है। कल बाजार में रही थी गिरावट हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार, 3 दिसंबर को सेंसेक्स 31 अंक गिरकर 85,107 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 46 अंक की गिरावट रही, ये 25,986 के स्तर पर बंद हुआ।

  • पंजाबी सिंगर के घर आई खुशियां, पिता बनें दिलप्रीत ढिल्लों, लिखी भावुक पोस्ट

    पंजाबी सिंगर के घर आई खुशियां, पिता बनें दिलप्रीत ढिल्लों, लिखी भावुक पोस्ट

    मोहालीः पंजाबी गायक और एक्टर दिलप्रीत ढिल्लों के घर बेटा हुआ है। इसकी तस्वीरें दिलप्रीत ढिल्लों ने अपने इंस्टा अकाउंट पर शेयर की हैं। ढिल्लों ने नव जन्मे बेटे के साथ तस्वीर साझा कर लिखा है कि अब कुछ भी कहने के लिए नहीं बचा है। और न ही अब भगवान से कुछ मांगने के लिए बचा है। भगवान ने मुझे अनमोल तोहफा दिया है। आज मैं बहुत खुश हूं। बच्चे का क्या नाम रखा गया है, इसके बारे में सिंगर ने कुछ नहीं लिखा है। न ही ये बताया है कि कितने दिल पहले बच्चे ने जन्म लिया है। दिलप्रीत के इंस्टा पर फोटो अपलोड करने के बाद फैंस ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा है कि वेलकम छोटे ढिल्लों साहब।

    दिलप्रीत ढिल्लों पंजाब के जिला पटियाला के फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले हैं। ढिल्लों ने 2014 में पहली बार पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में गुंडे एल्बम से जगह बनाई। इस एल्बम के हिट होने पर गुडे -2 निकाली। बदमाशी वाले गीत गाने के चलते ढिल्लों आलोचना के भी शिकार हुए। चंडीगढ़ में दिलप्रीत ढिल्लों ने अंबर धालीवाल से 2018 में शादी की थी। 2020 में उनके बीच विवाद सामने आए थे। पत्नी ने घरेलू हिंसा के आरोप लगाए, लेकिन दिलप्रीत ने इन आरोपों को गलत बताया और सिरे से नकार दिया था। इसके बाद फिर से पति-पत्नी के बीच कोई विवाद सार्वजनिक मंच पर नहीं आया।

    दोनों के बीच तलाक की भी बात सामने आई थी हालांकि सिंगर ने पारिवारिक मसले को कभी सार्वजनिक नहीं किया। म्यूजिक इंडस्ट्री में रहते हुए ढिल्लों कई बार विवादों का शिकार हुए। ढिल्लों ने फिल्मों में अपना लक आजमाया और 2016 में वन्स अपॉन ए टाइम इन अमृतसर से एक्टिंग की शुरुआत की। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर केस में भी दिलप्रीत ढिल्लों का नाम आया था। गायक मनकीरत औलख और दिलप्रीत ढिल्लों से दिल्ली में NIA के हेडक्वार्टर में पूछताछ हुई थी। दोनों के नाम गैंगस्टर लॉरेंस के साथ पहले भी जुड़ते रहे हैं। इसके बाद बंबीहा गैंग ने मनकीरत औलख को धमकियां तक दी थी। NIA ने दोनों को कभी भी पूछताछ के लिए बुलाने पर शामिल होने के वादे पर छोड़ दिया था।

  • आज का राशिफल 4 दिसंबर, 2025

    आज का राशिफल 4 दिसंबर, 2025

    मेष: सामाजिक कार्य करने के प्रति रुझान रहेगा। मान-सम्मान मिलेगा। रुके कार्यों में गति आएगी। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में चैन बना रहेगा। सही काम का भी विरोध होगा। कोई पुरानी व्याधि परेशानी का कारण बनेगी। कोई बड़ी समस्या बनी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा।
    वृषभ: लाभ के अवसर हाथ आएंगे। चोट व रोग से बचें। सेहत का ध्यान रखें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। झंझटों में न पड़ें। व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। परिवार में प्रसन्नता रहेगी। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। कोर्ट व कचहरी के कार्य मनोनुकूल रहेंगे।
    मिथुन: कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। ऐश्वर्य के साधनों पर सोच-समझकर खर्च करें। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि बाद में पछताना पड़े। दूसरे अधिक अपेक्षा करेंगे। नकारात्मकता हावी रहेगी। शत्रुभय रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। विवाद से क्लेश होगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें।
    कर्क: कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। स्त्री वर्ग से सहायता प्राप्त होगी। नौकरी व निवेश में इच्छा पूरी होने की संभावना है। प्रतिद्वंद्विता कम होगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। बात बिगड़ सकती है। शत्रुभय रहेगा।
    सिंह: आर्थिक उन्नति होगी। संचित कोष में वृद्धि होगी। देनदारी कम होगी। नौकरी में मनोनुकूल स्थिति बनेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। शेयर मार्केट आदि से बड़ा फायदा हो सकता है। परिवार की चिंता बनी रहेगी। भूमि व भवन संबंधी खरीद-फरोख्त की योजना बनेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे।
    कन्या: किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। किसी प्रभावशाली व्यक्ति मार्गदर्शन प्राप्त होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। झंझटों में न पड़ें। शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।
    तुला: प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। दूसरों के बहकावे में न आएं। फालतू बातों पर ध्यान न दें। लाभ में वृद्धि होगी। शत्रुओं का पराभव होगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। दु:खद समाचार मिल सकता है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। काम पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। बेवजह किसी व्यक्ति से कहासुनी हो सकती है।
    वृश्चिक: प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। भेंट व उपहार देना पड़ सकता है। प्रयास सफल रहेंगे। कार्य की बाधा दूर होगी। निवेश शुभ रहेगा। व्यापार में वृद्धि तथा सम्मान में वृद्धि होगी। पुराना रोग परेशानी का कारण बन सकता है। जल्दबाजी न करें। आवश्यक वस्तुएं गुम हो सकती हैं। चिंता तथा तनाव रहेंगे।
    धनु: दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। सही काम का भी विरोध हो सकता है। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। निवेश शुभ रहेगा। सट्टे व लॉटरी के चक्कर में न पड़ें। किसी भी तरह के विवाद में पड़ने से बचें। जल्दबाजी से हानि होगी। राजभय रहेगा।
    मकर: कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर करें। किसी अनहोनी की आशंका रहेगी। शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में लापरवाही न करें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा। शेयर मार्केट से बड़ा लाभ हो सकता है।
    कुंभ: दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। हल्की हंसी-मजाक करने से बचें। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। चिंता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। यश बढ़ेगा। मस्तिष्क पीड़ा हो सकती है। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है या समय पर नहीं मिलेगी। पुराना रोग उभर सकता है।
    मीन: व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। विवेक से कार्य करें। लाभ में वृद्धि होगी। फालतू की बातों पर ध्यान न दें। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में उन्नति होगी। व्यापार-व्यवसाय की गति बढ़ेगी। चिंता रह सकती है। थकान रहेगी। प्रमाद न करें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे।
  • Punjab News: AAP विधायक धालीवाल की बड़ी पहल, 68 करोड़ से बनेगी 40 किमी सड़क, 70 गांवों को फायदा

    Punjab News: AAP विधायक धालीवाल की बड़ी पहल, 68 करोड़ से बनेगी 40 किमी सड़क, 70 गांवों को फायदा

    चंडीगढ़, 3 दिसंबर 2025: आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने क्षेत्र की एक बहुत पुरानी मांग को पूरा करते हुए नई सड़क परियोजना की शुरुआत कर दी है। इस सड़क को बनाने पर 68 करोड़ रुपये खर्च होंगे और यह 40 किलोमीटर लंबी होगी। इस सड़क से फौज, BSF के जवानों और लगभग 70 गांवों के लोगों की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो जाएगी।

    धालीवाल ने बताया कि यह सड़क बाढ़ प्रभावित इलाकों में बनाई जा रही है। बाढ़ के समय लोगों को गांव से बाहर निकलने में दिक्कत होती है। नई सड़क बनने से राहत और बचाव कार्य भी तेज़ी से हो पाएंगे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार और आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।

    विधायक ने कहा कि ग्रामीणों को इस सड़क का इंतज़ार लंबे समय से था। पिछली सरकारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन आप सरकार ने इसे प्राथमिकता दी और अब इस पर तेज़ी से काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के हर वादे को जमीन पर उतार रही है।

    कुलदीप सिंह धालीवाल खुद विकास कार्यों की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचते रहते हैं। वे केवल दफ्तर में बैठकर काम करने वाले नेता नहीं हैं। बाढ़ के दौरान भी वे प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों की मदद करते रहे हैं। इसी कारण ग्रामीणों में उनके प्रति भरोसा और सम्मान लगातार बढ़ा है।

    स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। एक ग्रामीण ने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने उनकी परेशानी को समझा है। एक महिला निवासी ने बताया कि सड़क बनने से अस्पताल ले जाना और ज़रूरी कामों के लिए बाहर जाना आसान हो जाएगा।

    पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार गांवों के विकास पर ज़ोर दे रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पानी जैसी ज़रूरी सुविधाओं में सुधार किए जा रहे हैं। सरकार का मानना है कि असली विकास तभी होगा जब गांव खुशहाल होंगे।

    धालीवाल ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ बाढ़ नियंत्रण के लिए भी कई कदम उठाए जा रहे हैं। नदियों और नहरों की सफाई और रखरखाव पर काम हो रहा है, ताकि बाढ़ की स्थिति में नुकसान कम किया जा सके।

    नई सड़क बनने के बाद 70 गांव सीधे जुड़ जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा और फौज व BSF की आवाजाही सुगम हो जाएगी। लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना जल्द पूरी होगी और उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

  • Chandigarh Gangwar: पैरी हत्याकांड के बाद गोल्डी बराड़–लॉरेंस गुट आमने-सामने, Audio Viral

    Chandigarh Gangwar: पैरी हत्याकांड के बाद गोल्डी बराड़–लॉरेंस गुट आमने-सामने, Audio Viral

    हैरी बॉक्सर ने जारी किया धमकी भरा ऑडियो, बढ़ा तनाव 

    चंडीगढ़: चंडीगढ़ गैंगवार: पैरी हत्याकांड के बाद गोल्डी बराड़–लॉरेंस गुट आमने-सामने इंदरप्रीत पैरी की हत्या के बाद गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बीच तनातनी चरम पर पहुंच गई है। पैरी के अंतिम संस्कार के अगले दिन लॉरेंस गुट के सदस्य हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो जारी कर गोल्डी बराड़ को खुली धमकी दी। इससे दोनों गिरोहों के बीच खुले संघर्ष के संकेत मिल रहे हैं।

    कुछ दिन पहले गोल्डी बराड़ ने दावा किया था कि इंदरप्रीत पैरी की हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई का हाथ है। गोल्डी ने लॉरेंस पर ‘यारी में गद्दारी’ का आरोप लगाते हुए कहा था कि पैरी ने उसे सहारा दिया, फिर भी उसकी हत्या करवा दी गई। इस बयान के बाद माहौल और ज्यादा गर्म हो गया। लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर ने ऑडियो जारी कर कहा कि गोल्डी बराड़ ने ही अपने साथियों के साथ विश्वासघात किया है। उसने आरोप लगाया कि गोल्डी को पहचान और ताकत लॉरेंस ने दी, लेकिन बाद में उसने उसी के खिलाफ काम किया।

    बॉक्सर ने गोल्डी को सामने आने की चुनौती दी और धमकी भरे शब्दों में कहा कि लड़ाई की शुरुआत गोल्डी ने की है और ‘अंजाम’ भी वही भुगतना पड़ेगा। ऑडियो में बॉक्सर ने गोल्डी पर फोन और सोशल मीडिया के जरिए बयानबाजी करने का आरोप लगाया। कहा कि उनका गिरोह जमीन पर मुकाबला करता है, ऑनलाइन नहीं। उसने गोल्डी को अपना लोकेशन बताने या आमने-सामने मिलने की चुनौती दी। पैरी हत्याकांड के बाद जिस तरह दोनों तरफ से बयानबाजी और धमकियों का दौर शुरू हुआ है, उससे पंजाब–हरियाणा क्षेत्र में गैंगवार भड़कने की आशंका बढ़ गई है।

    सुरक्षा एजेंसियां मामले की निगरानी कर रही हैं। सोमवार शाम हत्या के बाद बुधवार को इंदरप्रीत पैरी का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार ने पुलिस से न्याय की मांग की और हत्यारों को जल्द पकड़ने की मांग दोहराई।

  • Punjab News: Bus और टिप्पर के सड़क हादसे में दो की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: Bus और टिप्पर के सड़क हादसे में दो की मौत, देखें वीडियो

    अमृतसर: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों के मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार यह हादसा बस और टिप्पर के बीच टक्कर होने से हुआ है। घायलों को राहगीरों की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    इस मामले में जानकारी देते हुए भूपिंदर सिंह ने बताया कि जब वह गोपालपुरा के पास पहुंचा, तो इस हादसे के कारण लंबा जाम लग गया। वहा मौजूद राहगीरों की मदद से घायलों को गुरुनानक देव और गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस ओवरस्पीड में थी। टिप्पर का चालक भी मौके से फरार हो गया।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहनों को कब्जे मे लेकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक अस्पतालों में 7 घायल लोगों का ईलाज चल रहा है। जो गंभीर रूप से जख्मी बताये जा रहे है।

  • सर्दियों में किस पानी से नहाना शरीर के लिए सही? जानें Expert की राय

    सर्दियों में किस पानी से नहाना शरीर के लिए सही? जानें Expert की राय

    सेहत: पूरे देश में इस समय ठंड पड़ रही है। सर्दियां शुरु होते ही सुबह नहाने को लेकर सबसे बड़ा कंफ्यूजन यह होता है कि ठंडे पानी से नहाए या फिर गर्म पानी के साथ। एक ओर जहां गर्म पानी शरीर को ठंड से बचाता है वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का यह मानना है कि इससे स्किन खराब हो जाती है। ठंडे पानी के साथ नहाने के कई फायदे भी होते हैं परंतु यह डर रहता है कि ठंड में ठंडे पानी के साथ नहाने पर जल्दी बीमार हो सकते है पर सवाल यहां यह आता है कि सर्दियों में किस पानी के साथ नहाना ज्यादा सही है? एक्सपर्ट्स इस बारे में क्या बोलते हैं आपको इस बारे में बताते हैं।

    गर्म पानी के साथ नहाने के नुकसान और फायदे

    गर्म पानी ठंड के इस मौसम में शरीर को तुरंत राहत देता है। इसकी गर्माहट मांसपेशियों को आराम देती है। इसके अलावा जकड़न कम करती है। इससे ब्लड फ्लो भी अच्छा होता है। गर्म पानी की भाप नाक को खोलने में मदद करती है ऐसे में सर्दी जुकाम में आपको राहत मिलेगी। यही कारण है कि सर्दियों में लोग गर्म पानी से नहाते हैं। एक स्टडी के अनुसार, गर्म पानी स्किन की बाहरी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं एक्सपर्ट्स का भी यह कहना है कि ज्यादा गर्म पानी से यदि आप नहाएंगे तो स्किन का नैचुरल ऑयल खत्म हो जाएगा। इससे ड्राईनेस, खुजली, रेडनेस और एक्जिमा जैसी दिक्कतें भी बढ़ जाती है। लंबे समय तक गर्म पानी से नहाने पर स्किन की नमी भी तेजी से कम होने लगती है।

    ठंडे पानी के फायदे नुकसान

    ठंडा पानी शरीर को तुरंत एक्टिव करेगा इसके साथ ही यह इससे ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ेगा। ऐसा माना जाता है कि ठंडे पानी के साथ नहाने से इम्यूनिटी भी अच्छी होती है। इससे व्हाइट ब्लड सेल्स की प्रक्रिया भी तेज होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बहुत ज्यादा ठंड में यदि आप ठंडे पानी से नहाते हैं तो इससे आपको शॉक लग सकता है। ठंडा पानी आपके ब्लड वेसल्स को सिकुड़ देता है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ेगा और दिल की धड़कन तेज हो जाएगा। दिल के मरीज, हाई बीपी वाले लोग और सांस संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे लोगों के लिए दिक्कत खड़ी कर सकती है।

    डॉक्टर ने दी सलाह

    सर्दियों में ठंडे पानी से नहाना चाहिए या फिर गर्म पानी से इस पर एक्सपर्ट्स का कहना है कि नहाने के लिए सबसे अच्छा ऑप्शन हल्का गुनगुना पानी है। यह आपके शरीर को आराम देगा और स्किन की नमी भी खत्म करेगा। नहाने के बाद मॉइश्चराइजर भी लगाना चाहिए इससे भी त्वचा पर नमी बनी रहती है। सर्दी हो या गर्मी नहाने के लिए हमेशा गुनगुना पानी ही इस्तेमाल करना चाहिए।        
  • ऊना में नगर निगम पार्किंग स्थलों में अब मात्र 10 रुपये में आधा घंटा पार्किंग सुविधा

    ऊना में नगर निगम पार्किंग स्थलों में अब मात्र 10 रुपये में आधा घंटा पार्किंग सुविधा

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना नगर निगम ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने सभी पार्किंग स्थलों में पार्किंग अवधि बढ़ा दी है। अब मात्र 10 रुपये में आधा घंटा पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। यह जानकारी नगर निगम ऊना के आयुक्त एवं एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने दी।
    बता दें, शहर के व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त जतिन लाल से मिलकर पहले निर्धारित 10 रुपये में 20 मिनट पार्किंग अवधि को बढ़ाकर आधा घंटा करने का आग्रह किया था। डीसी ने जन-आवश्यकता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। उपायुक्त के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम ने पार्किंग समयावधि में इजाफा किया है।
    आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि नगर निगम की यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है, जो थोड़े समय के लिए शहर आते हैं और त्वरित व सुलभ पार्किंग सुविधा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ निगम की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। लोगों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील भी की।
    गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने हाल ही में ऊना शहर में अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर भीड़भाड़ को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर नो पार्किंग–नो वेंडिंग जोन अधिसूचित किए थे। नगर निगम द्वारा पार्किंग अवधि बढ़ाने का यह निर्णय प्रशासन के इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।