Blog

  • Factory से छोड़ी गई Gas से स्कूली छात्र हुए बेहोश, देखें वीडियो

    Factory से छोड़ी गई Gas से स्कूली छात्र हुए बेहोश, देखें वीडियो

    कोटाः राजस्थना के कोटा में चंबल फर्टिलाइजर कंपनी की फैक्ट्री से छोड़ी गई अमोनिया गैस स्कूल तक पहुंच गई। जिससे स्कूली बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, और वह बेहोश होकर स्कूल के ग्राउंड में गिरने लगे। इस दौरान कई बच्चों को उल्टियां भी होने लगीं। स्कूली कर्मचारियों ने बच्चों को कंधे पर लेकर अस्पताल पहुंचाया। गैस रिलीज करने के कारण 6 बच्चों की तबीयत खराब हो गई थी। घटना सुबह 11 बजे के आसपास की बताई जा रही है। चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल लिमिटेड(CFCL) की फैक्ट्री के पास ही सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित है। सुबह के वक्त फैक्ट्री की तरफ से अमोनिया गैस को रिलीज किया गया था। बच्चों को CFCL परिसर में स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    डीएसपी राजेश ढाका ने बताया- सुबह साढ़े 10 बजे करीब स्कूली छात्राएं पानी भरने स्कूल परिसर से बाहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्हें घुटन महसूस हुई। उन्होंने स्टाफ को बताया। करीब साढ़े 11 बजे कुछ और बच्चियों को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। केवल बच्चियों की तबीयत बिगड़ी है। कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी भी मौके पर पहुंचे हैं। स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमंत कुमार ने बताया कि अमोनिया गैस से बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। पहले हमारे सर की गाड़ी से 7 बच्चों को लाया। फिर 5 और छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी हॉस्पिटल लाया। तीसरे राउंड में फिर गया। बच्चों को कंधे पर लेकर आया। यहां लाने के बाद मेरा भी गला जाम हो गया, सिर भारी हो गया। मुझे चक्कर आने लगे।

    प्रिंसिपल रंजना शर्मा ने बताया- सुबह प्रेयर चल रही थी। इसी दौरान गैस रिलीज की गई। इससे कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। हमने फैक्ट्री के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने इसे कम (गैस-रिलीज) करते हैं।शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री की तरफ से एक व्यक्ति को भेजा गया था। इसके बाद रिलीज कम किया गया। हमारे यहां बच्चों की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें जल्दी से अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद स्कूल की छुट्टी कर दी गई।

     

     

     

  • एक हफ्ते में 1,299 रुपए तक बढ़ी सोने की कीमतें, चांदी में भी 2,562 रुपए तक का आया उछाल

    एक हफ्ते में 1,299 रुपए तक बढ़ी सोने की कीमतें, चांदी में भी 2,562 रुपए तक का आया उछाल

    बिजनेसः सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तेजी जारी है। प्रतिदिन सोने-चांदी की कीमते ऊचाइयों को छू रही हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार, पिछले शनिवार 8 फरवरी को 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का दाम 84,699 रुपए था, जो अब 15 फरवरी को 85,998 रुपए पर पहुंच गया है यानी इस हफ्ते इसके दाम 1,299 रुपए बढ़े हैं। वहीं इस हफ्ते चांदी 2,562 रुपए महंगी होकर 97,953 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। पिछले शनिवार को ये 95,391 रुपए प्रति किलो पर थी।

    1 जनवरी से अब तक सोना 9,836 रुपए महंगा हुआ है। इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 9,836 रुपए बढ़कर 85,998 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 11,936 रुपए बढ़कर 97,953 रुपए पर पहुंच गया है।

    सोने में तेजी ट्रम्प के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने से जियो पॉलिटिकल टेंशन बढ़ना सबसे मुख्य कारण है। वहीं डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से भी सोना महंगा हो रहा है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने से लोग गोल्ड में निवेश बढ़ा रहे हैं जिससे उसकी कीमतों में उछाल आ रहा है।

  • UPI ने सुविधाओं में किया इजाफा, फेल Transactions पर Refund System हुआ तेज

    UPI ने सुविधाओं में किया इजाफा, फेल Transactions पर Refund System हुआ तेज

    बिजनेसः आज जैसे-जैसे दुनियां में नए-नए अविष्कार हो रहे हैं वैसे-वैसे ही लोगों के जिंदगी
    जीने का तरीका भी आसान होता जा रहा है। पहले लोगों को पैसों के लेनदेन के लिए कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता था लेकिन जब से UPI सिस्टम आ गया है तब से लोगों के लिए लेनदेन करना काफी आसान हो गया है। वहीं अपने यूजर्स को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए आनलाइन पेमेंट एप्प कई तरह के इनोवेशन करते रहते हैं।

    इसी तरह ही आनलाइन पेमेंट करने वाले यूजर्स के लिए UPI ने सुविधाओं में इजाफा किया है। अब फेल हुए UPI ट्रांजैक्शन या अटके हुए पैसों के रिफंड के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने चार्जबैक अनुरोधों की स्वीकृति और अस्वीकृति प्रक्रिया को ऑटोमेटेड कर दिया है। इससे बैंकिंग प्रक्रिया तेज होगी और रिफंड जल्द जारी किया जाएगा। पहले ग्राहकों को बैंक में शिकायत दर्ज करानी पड़ती थी और रिफंड की प्रक्रिया में समय लगता था लेकिन अब यह पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो गया है।

    10 फरवरी, 2025 को जारी एक सर्कुलर में एनपीसीआई ने कहा है कि नए नियम के तहत, लाभार्थी बैंकों द्वारा दाखिल किए गए ट्रांजेक्शन क्रेडिट कन्फर्मेशन (टीसीसी) या रिटर्न रिक्वेस्ट (आरईटी) के आधार पर चार्जबैक अनुरोध या तो ऑटोमेटेड रूप से स्वीकार या अस्वीकार कर दिए जाएंगे। TCC या RET लेन-देन की स्थिति के बारे में संचारक के रूप में कार्य करता है, यह दर्शाता है कि पैसा लाभार्थी बैंक के पास है या नहीं।

    यदि पैसा पहले से ही लाभार्थी बैंक के पास है, तो लेन-देन सफल माना जाता है और चार्जबैक अनुरोध की कोई आवश्यकता नहीं है। अगर किसी कारण से लाभार्थी बैंक में पैसा जमा नहीं किया जा सका, तो इसे प्रेषक बैंक के ग्राहक को वापस कर दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में पहले मैन्युअल मिलान शामिल था। अब इसे ऑटोमेटेड कर दिया गया है।

    विशेषज्ञों का कहना है कि UPI ट्रांजैक्शन फेल होने की स्थिति में सहज और प्रभावी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। नई ऑटोमेटेड प्रक्रिया 15 फरवरी, 2025 यानी आज से शुरू हो रही है।

  • Punjab News: AC की आड़ में अवैध शराब की डिलीवरी, ट्रक किया काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: AC की आड़ में अवैध शराब की डिलीवरी, ट्रक किया काबू, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिला पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हिमाचल भेजी जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने हरियाणा नंबर एचआर 55 एबी 5079 ट्रक को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है ट्रक में एसी की आड़ में अलग-अलग ब्रांड की पेटियां लोड की हुई थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • इस जिले के 69 स्कूल होंगे बंद!, शिक्षा विभाग ने सरकार को भेजी रिपोर्ट

    इस जिले के 69 स्कूल होंगे बंद!, शिक्षा विभाग ने सरकार को भेजी रिपोर्ट

    चम्बाः प्रदेश सरकार ने प्राइमरी और माध्यमिक स्कूलों को मर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। आकांक्षी जिला चम्बा में भी ऐसे स्कूलों की सूची बनाई गई है, जहां छात्रों की संख्या बहुत कम है। ऐसे स्कूलों का ब्यौरा शिक्षा निदेशालय को भेज दिया गया है। बता दें कि जिला चम्बा में कुल 69 प्राइमरी और माध्यमिक स्कूलों में बच्चों की संख्या निर्धारित मापदंडों के अनुसार कम है। अब सरकार की ओर से इस मामले को लेकर आगामी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

    चम्बा जिले में 11 मिडल स्कूल ऐसे हैं, जहां बच्चों की संख्या 10 से कम है, वहीं 58 प्राथमिक स्कूल ऐसे हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या 5 से कम है। जिला चम्बा में इससे पहले भी करीब 15 प्राइमरी और मिडल स्कूलों में ताले लग चुके हैं। यहां विद्यार्थियों की संख्या सरकार की ओर से तय मापदंडों के तहत नहीं पाई गई। सरकार ने इन स्कूलों को मर्ज कर दिया है, साथ ही यहां पढ़ रहे विद्यार्थियों को दूसरे स्कूलों में भेज दिया है।विद्यार्थियों के अलावा स्कूल स्टाफ को भी नजदीकी स्कूलों में तैनात किया है, जहां स्टाफ की कमी है। सरकार की मानें तो इस निर्णय से विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी नहीं खलेगी।

    बलवीर सिंह, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, चम्बा का कहना है कि चम्बा जिले में कम संख्या वाले विद्यार्थियों का ब्यौरा सरकार को भेज दिया गया है। जिले में 11 मिडल व 58 प्राथमिक स्कूल हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या 5 व 10 से कम है। स्कूलों के बारे में अब आगामी फैसला प्रदेश सरकार लेगी।

  • 200 रुपए को लेकर Train में Army और Police के जवान में हुई तीखी नोकझोक, वीडियो वायरल

    200 रुपए को लेकर Train में Army और Police के जवान में हुई तीखी नोकझोक, वीडियो वायरल

    नई दिल्ली: ट्रेन में कई बार मारपीट, लड़ाई झगड़े और बवाल देखने को मिलते हैं लेकिन एक पुलिसकर्मी और आर्मी के जवान के बीच शायद ही कभी गर्मागर्म बहस देखने को मिली। इस वक्त एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें RPF और आर्मी जवान के बीच तीखी नोकझोक हो रही है और दोनों ट्रेन में ही एक दूसरे के साथ तू-तू मैं-मैं कर रहे हैं। वायरल वीडियो अमृतसर एक्सप्रेस का बताया जा रहा है। आर्मी जवान ट्रेन में मौजूद RPF जवान पर आरोप लगा रहा है कि उसने एक शख्स से 200 रुपये वसूले हैं। वायरल वीडियो में आर्मी मैन, पुलिस वाले पर आरोप लगाता है कि उसने पैसेंजर से 200 रुपये लिए है। यह सुनकर पुलिस वाला भड़क जाता है और उससे पुछने को कहता है। जब आर्मी का जवान उस शख्स से ये बात बुलवाता है कि पुलिस वाले ने सच में 200 रुपये लिए तो, पुलिस वाला उस पैसेंजर को ही नशे में बताने लगता है।

    वह कहता है कि शराबी और नशेड़ी है। जिसके जवाब में आर्मी मैन कहता है कि वो नशे में है, इसका मतलब ये नहीं कि आप उसके सारे पैसे छीन लें। लेकिन पुलिस वाला खुद को लगातार भड़के हुए अंदाज में खुद को बेकसूर बता रहा होता है। इस दौरान वह पैसेंजर भी पुलिस वाले पर मारने का आरोप लगाने लगता है।

    जिसके बाद पुलिस वाला आर्मी मैन से पूछता है कि उसके पास क्या सबूत है कि उसने पैसे लिए है। फिर पुलिस वाला उस पैसेंजर को पकड़ने लगता है। जिस पर आर्मी मैन उसे पैसेंजर को मारने से मना करता है। तो पुलिस वाला उसे कहता है कि आप मुझे मत बताइए कि क्या करना चाहिए। फिर भी आर्मी का जवान लगातार पुलिस वाले से यही पूछता रहता है कि पहले ये बताओ कि पैसे क्यों लिए?

    इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और इस पर तमाम लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि पुलिस वाले को सेना के एक जवान ने रंगे हाथ पकड़ लिया। उसने गलत व्यक्ति से पंगा ले लिया। एक अन्य ने लिखा कि ₹200 के लिए इतना हंगामा? भाई, इनका भी यूपीआई चालू करवा दो, डायरेक्ट अकाउंट में डाल देंगे।

  • Park में बैठे प्रेमी जोड़े को बजरंग दल ने पकड़ा, हुआ जमकर हंगामा

    Park में बैठे प्रेमी जोड़े को बजरंग दल ने पकड़ा, हुआ जमकर हंगामा

    हरदोईः वैलेंटाइन डे के दिन शहर के पार्क में बैठे प्रेमी जोड़े को विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पकड़ने का मामला सामने आया है। उन्होंने पूछताछ के बाद हिन्दू युवती के साथ युवक के समुदाय विशेष से ताल्लुक होने का पता चलने पर उसी पिटाई की और लव जिहाद बताकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस दोनों को लेकर कोतवाली आई है और पूरे मामले की जांच में जुटी गई है। एएसपी ने बताया कि शिकायत के बाद अभद्रता करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा रही है।

    जानकारी मुताबिक, हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत कंपनी गार्डन पार्क में 14 फरवरी की दोपहर को विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पार्क के किनारे बैठे प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया। विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पूछताछ की तो हिंदू युवती के साथ मौजूद युवक ने अपना नाम आसिफ और पता पिहानी चुंगी बताया।

    शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती को आसिफ ने मिलने के लिए बुलाया था तभी बजरंग दल के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने इसे लव जिहाद बताकर जमकर हंगामा किया और मौके पर पुलिस को बुलाकर दोनों को सौंप दिया। पुलिस आसिफ और युवती को लेकर कोतवाली आई जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।

    इस मामले पर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र कुमार ने बताया कि थाना कोतवाली शहर में एक प्रकरण संज्ञान में आया जिसमें कुछ लोगों के द्वारा पार्क में बैठे हुए एक लड़की और एक लड़के के साथ अभद्रता की गई जिसमें स्थानीय पुलिस द्वारा पीड़ित की शिकायत दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियम अनुसार वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है।

  • युवक ने की आत्महत्या, घटना से पहले माता-पिता के लिए लिखा भावुक नोट

    युवक ने की आत्महत्या, घटना से पहले माता-पिता के लिए लिखा भावुक नोट

    पानीपतः जिले के समालखा कस्बे में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपने मम्मी-पापा, बच्चों के लिए गिनी-चुनी लाइनें लिखी, लेकिन ये लाइन ही भावुक करने वाली है। सुसाइड नोट और शिकायत मृतक के रिटायर्ड पिता ने पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में सतबीर चालिया ने बताया कि वह हथवाला रोड का रहने वाला है। उसका बेटा रोकी राज समालखा बिजली निगम में ठेकेदार के अंतर्गत ALM पद पर था। उन्होंने बताया कि रोकी की पत्नी मिनाक्षी व उसके परिवार के लोग बिना वजह परेशान करते रहते थे। 14 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे रोकी अपने भाई रेयांश व बहन श्रेया के साथ घर की छत पर बैठा हुआ था।

    तीनों आपस में बात कर रहे थे। तभी अचानक रोकी को उल्टी हुई, तो उससे बदबू आई। जिससे परिजनों को महसूस हुआ कि उसने कुछ जहरीला पदार्थ खाया है। करीब 11 बजे उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल में चेकिंग के दौरान उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने पूरी आपबीती लिखा हुई थी।

    उसने लिखा कि मेरी मौत का जिम्मेदार XEN रणबीर देशवाल है। जिसने मुझे बिना गलती के नौकरी से निकाला। मेरी सारी मेहनत खराब कर दी। उसके बाद मेरी पत्नी मिनाक्षी, उसके चाचा का लड़का मोहित, इनकी दादी, मोनू इको वाला, पूनित राठी, राजकुमार मेरी मौत के जिम्मेदार हैं। इनको कड़ी सजा दी जाए। मेरी समाज में बहुत इज्जत थी, इन लोगों ने मेरी सारी इज्जत थी, जो खराब कर दी। मेरी जिंदगी बदतर कर दी। इनको माफ न किया जाए।

    पापा, मैं आपसे माफी मांगता हूं और मां से भी। मैंने अपनी हद से ज्यादा कोशिश की आपका अच्छा बेटा बनने की, पर नहीं बन पाया। मुझे माफ करना और छोटी और निशू का ख्याल रखना। मेरे बच्चों को अपने जैसा बनाना, पापा आप जैसा कोई नहीं। अब मैं किसी को परेशान नहीं करूंगा। हो सके तो मेरे शरीर का हर अंग दान कर देना। मेरी किसी चीज पर मेरी पत्नी मिनाक्षी का कोई हक नहीं है। मेरे बच्चों पर भी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • CBI का बड़ा Action: क्रिप्टो धोखाधड़ी मामले में 11 जगहों पर छापेमारी जारी

    CBI का बड़ा Action: क्रिप्टो धोखाधड़ी मामले में 11 जगहों पर छापेमारी जारी

    नई दिल्ली: क्रिप्टो धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने बड़ा एक्शन लिया। मिली जानकारी के अनुसरा सीबीआई द्वारा दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में कुल 11 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। इस दौरान सीबीआई ने कैश, अमेरिकी डॉलर और सोना समेत अन्य सामग्री बरामद किया। जानकारी के मुताबिक स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को ठगने के आरोप में कथित साइबर अपराधियों के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में 11 स्थानों पर छापेमारी की और इस दौरान 1.08 करोड़ रुपये की नकद राशि जब्त की।

    अधिकारियों ने बताया कि दो साल पुराने मामले में दिल्ली में 9 और हरियाणा के हिसार में 2 स्थानों पर छापे मारे गए। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों पर स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर अवैध गतिविधियां और क्रिप्टो धोखाधड़ी करने का आरोप है। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘लोगों को फर्जी तकनीकी सहायता परामर्श देकर और क्रिप्टोकरंसी के रूप में मनी ट्रांसफर करने के लिए प्रेरित करके धोखाधड़ी की गई। इस धन को फिर कई क्रिप्टो वॉलेट के माध्यम से भेजकर नकदी में परिवर्तित किया गया।’’ एजेंसी ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र दाखिल कर दिया है।

    सीबीआई ने छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए और छह लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन एवं एक आईपैड जब्त किया। जांच में वीओआईपी-आधारित कॉल करने और ‘डार्कनेट’ तक पहुंचने के लिए कंप्यूटर प्रोग्राम का इस्तेमाल किए जाने का भी पता चला।’ इसके अतिरिक्त, सीबीआई ने 1.08 करोड़ रुपये नकद, 1,000 अमेरिकी डॉलर मूल्य की विदेशी मुद्रा और 252 ग्राम सोना जब्त किया।

     

  • Punjab News: जंजीरे बांधकर पूर्व MC का America के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, देखें वीडियो

    Punjab News: जंजीरे बांधकर पूर्व MC का America के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, देखें वीडियो

    बठिंडाः भारतीयों को डिपोर्ट करने के विरोध में पूर्व एमसी ने अमरीका के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। पूर्व एमसी ने खुद को जंजीरों से बांधा और अमरीका का इस ढंग से नौजवानों को भारत वापस भेजने की निंदा की। उन्होंने कहा कि हमारे पंजाबी लोगों को अमरीका जंजीरों से बांधकर अमृतसर एयरपोर्ट पर डिपोर्ट किया जा रहा है, जो कि निंदनीय है।

    आज खुद को जंजीरों में बांधाकर उनके प्रदर्शन करने का एक ही मकसद है ताकि लोगों को अमरीका के इस कारनामे के बारे में जागरूक करना था। ताकि लोग एकजुट होकर आवाज उठा सके। एमसी विजे कुमार ने बठिंडा के परसराम नगर चौंक में यह प्रदर्शन किया है। उन्होंने पंजाब और केंद्र सरकार से मांग की है कि जो लोग अमरीका से वापस आ रहे है उनके लिए रोजगार का इंतजाम किया जाए और ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज करके बनती कार्रवाई की जाए।