Blog

  • Punjab News: छप्पड़ में डूबने से 3 वर्षीय बच्चे की मौत

    Punjab News: छप्पड़ में डूबने से 3 वर्षीय बच्चे की मौत

    मुक्तसर साहिबः कोटभाई गांव में देर रात छप्पड़ में डूबने से 3 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना को लेकर गांव वासियों में शोक की लहर छा गई। मृतक बच्चे की पहचान फतेहवीर सिंह पुत्र भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार छप्पड़ फतेहवीर घर के बिल्कुल पास है। बीते दिन बच्चा शाम 5 बजे के आसपास खेलते हुए घर से बाहर निकला था‌।

    फतेहवीर घर के पास बने छप्पड़ के किनारे से खेलते हुए गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह अचानक छप्पड़ में जा गिरा। परिजनों द्वारा बच्चे को ना मिलने पर देर रात तक उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद बच्चे के पैरों के निशान छप्पड़ की तरफ जाते मिले। जिसके बाद गोताखोरों की मदद ली गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात करीब 11 बजे बच्चे का शव छप्पड़ से बरामद किया गया।

    परिवार का आरोप है कि घरों के पास स्थित यह छप्पड़ सरकंडों और झाड़ियों से ढका हुआ है। इसी वजह से बच्चे को छप्पड़ का अंदाजा नहीं लगा और यह हादसा हो गया। उनका कहना है कि अगर समय रहते छप्पड़ की सफाई और चारदीवारी की जाती तो मासूम की जान बच सकती थी। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से छप्पड़ के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने और उन्हें ढकने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

     

  • Punjab News: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर मचा हड़कंप, स्टूडेंट्स की छुट्टी, सर्च जारी

    Punjab News: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर मचा हड़कंप, स्टूडेंट्स की छुट्टी, सर्च जारी

    अबोहरः पंजाब में पिछले कुछ समय से सरकारी इमारतों और प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही है। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हो रही। वहीं अब अबोहर के अजम्प्शन कान्वेंट स्कूल और एलआरएस डीएवी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन को धमकी की ईमेल आई थी।

    सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेजना शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें पहुंच गईं। स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, धमकी की सूचना के बाद अबोहर के अन्य कई स्कूलों ने भी एहतियात के तौर पर छुट्टी कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

    यह धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 8:51 बजे मिला। ईमेल में दोपहर 1:30 बजे का समय दिया गया है। सूचना मिलते ही स्कूलों में हड़कंप मच गया। अधिकांश स्कूल संचालकों ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी। अभिभावकों को भी इसकी जानकारी दे दी गई। वहीं रैकॉग्नाइज्ड एंड एफिलिएटेड स्कूल एसोसिएशन के प्रधान श्याम लाल अरोड़ा ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में अजम्पशन कॉन्वेंट स्कूल समेत कई निजी स्कूलों के नाम शामिल थे।

    उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित स्कूलों को खाली कराया जा रहा है। डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती स्मिता शर्मा ने बताया कि उन्हें सुबह 8:51 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उन्होंने तुरंत स्कूल प्रबंधन, सिटी-2 पुलिस और एसडीएम को इसकी सूचना दी। अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के बाद स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई। अभिभावकों को भी इसकी जानकारी दे दी गई।

  • Punjab News: पसीना पिलाने वाला वीडियो विवादों में घिरा, ट्रोलिंग के बाद जिम ट्रेनर ने मांगी माफी, देखें वीडियो

    Punjab News: पसीना पिलाने वाला वीडियो विवादों में घिरा, ट्रोलिंग के बाद जिम ट्रेनर ने मांगी माफी, देखें वीडियो

    अमृतसरः तरनतारन रोड पर स्थित द रॉक जिम के ट्रेनर तेजबीर सिंह राणा उर्फ ​​राणा रॉक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे विवाद खड़ा हो गया। 8 सेकंड के वीडियो में जिम ट्रेनर अपने टी-शर्ट से पसीना निचोड़ते है और स्टूडेंट को पिलाते हुए कहते दिख रहे हैं, अगर तुम इसे पियोगे, तो तगड़े हो जाओगे।

    वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने ट्रेनर की कड़ी आलोचना की। बढ़ते विरोध को देखते राणा रॉक ने एक नया वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने खुद ये वीडियो अपलोड नहीं किया था। उनके साथी राजन, जिनके पास इंस्टाग्राम का पासवर्ड था और जो रील अपलोड करने का काम देखते थे, उन्होंने ये वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजन से पहले ही वीडियो अपलोड न करने के लिए कहा था।

    उन्होंने कहा कि अगर वीडियो से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में सोशल मीडिया पर हर वीडियो सोच-समझकर और जिम्मेदारी से तैयार करने के बाद ही शेयर किया जाएगा। राणा रॉक ने कहा कि ट्रोलिंग के बाद जब उन्होंने खुद वीडियो दोबारा देखा, तो उन्हें यह सही नहीं लगा। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को उनके सोशल मीडिया पेज से हटा दिया जाएगा और लोगों से अपील की कि वे आपसी प्यार, विनम्रता और अच्छे विचारों के साथ जीवन जिएं।

     

     

     

  • बारिश के बाद लैंडस्लाइड, पत्थर गिरने से कार क्षतिग्रस्त, यातायात प्रभावित, वाहनों की लगी लंबी कतारें, देखें वीडियो

    बारिश के बाद लैंडस्लाइड, पत्थर गिरने से कार क्षतिग्रस्त, यातायात प्रभावित, वाहनों की लगी लंबी कतारें, देखें वीडियो

    केदारनाथः लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। बीते दिन केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 2 स्थान बाधित हो गए। कुंड-काकड़ा गाड़ के बीच पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। इसकी तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है। वहीं अब केदारनाथ हाईवे पर अगस्त्यमुनि स्थित विजयनगर पेट्रोल पंप के समीप अचानक पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय गाडी के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, लगातार हो रही बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बता दें कि बीते दिन गुप्तकाशी स्थित जीएमवीएन के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से हाईवे किनारे बनी एक दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

    हादसा देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ। घटना के दौरान दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई, लेकिन दुकान में रखा सारा सामान नष्ट हो गया। नुकसान लाखों रुपए का बताया जा रहा है। दुकान मालिक ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहाड़ी से पत्थर गिरने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

  • Punjab News: विदेश से लौटी पत्नी पर नकदी, गहने और पासपोर्ट लेकर भागने का आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: विदेश से लौटी पत्नी पर नकदी, गहने और पासपोर्ट लेकर भागने का आरोप, देखें वीडियो

    अमृतसरः भुल्लर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां विदेश से लौटी एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति को खाने में नशीली चीज देकर बेहोश कर दिया और घर से लाखों रुपए नकद, सोने के गहने, पासपोर्ट, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लेकर भाग गई। इस मामले में लोपोके पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित सुखबीर सिंह स्वर्गीय स्वर्ण सिंह के बेटे और भुल्लर गांव के निवासी ने लोपोके पुलिस स्टेशन और अन्य उच्च अधिकारियों को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनकी शादी 22 जनवरी, 2021 को ढलान नौशेरा के रहने वाले दीदार सिंह की बेटी अर्शदीप कौर से हुई थी। उन्होंने बताया कि पत्नी को विदेश भेजने के लिए उन्होंने अपना घर बेच दिया और लगभग 25 लाख रुपए खर्च करके उसे 2022 में बर्लिन जर्मनी भेजा।

    सुखबीर सिंह का आरोप है कि विदेश जाने के कुछ समय बाद ही उनकी पत्नी उनसे तलाक मांगने लगीं। उनके अनुसार 16 जुलाई को अर्शदीप कौर जर्मनी से भुल्लर गांव लौटीं। कुछ दिनों बाद उनकी सास राजविंदर कौर और साले जरमनजीत सिंह भी वहां आए और वापस चले गए।

    शिकायतकर्ता का दावा है कि 26 जुलाई की रात को उनकी पत्नी ने अपने माता-पिता और भाई की मिलीभगत से पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद कथित तौर पर रात के खाने में कोई नशीली चीज मिला दी गई, जिससे वह बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि जब अगली सुबह उन्हें होश आया, तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और उनकी पत्नी लगभग 4 लाख 60 हजार रुपए नकद, सोने के गहने, पासपोर्ट, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लेकर घर से भाग गई थी।

    मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने अर्शदीप कौर, राजविंदर कौर और जरमनजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।

     

     

  • Jalndhar News: Civil Hospital के कच्चे कर्मियों ने की सरकार से ये खास अपील, देखें वीडियो

    Jalndhar News: Civil Hospital के कच्चे कर्मियों ने की सरकार से ये खास अपील, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: सिविल अस्पताल में कच्चे कर्मियों को पक्का करने की सरकार से अपील की गई। इस दौरान उन्होंने सरकार से पिछले 13 सालों से काम कर रहे कच्चे कर्मियों को पक्का करने की गुजारिश की है। उनका कहना हैकि हाल ही में शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस द्वारा 3 साल या 5 साल तक काम करने वाले कच्चे कर्मियों को पक्का करने का आश्वासन दिया गया है, ऐसे में सरकार सिविल अस्पताल में काम करने वाले कच्चे कर्मियों की ओर भी ध्यान दें ताकि वह भी घर का पालन-पोषण ठीक से कर सके। मामले की जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल के दर्जा चार कर्मियों के प्रधान डिंपल ने बताया कि आज उनके द्वारा कर्मियों के साथ मीटिंग की गई।

    इस दौरान दर्जा चार कर्मी पिछले 10 से 13 सालों से काम कर रहे है। ऐसे में उन्होंने सिविल अस्पताल में पुराने कर्मियों की ओर सरकार से ध्यान देने की अपील की है। मामले की जानकारी देते हुए प्रधान ने कहा कि सरकार द्वारा पुरानी पेंशन क्लीयर कर दी है। इस दौरान शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने हाल ही में 5 साल या 3 साल से काम कर रहे कच्चे कर्मियों को पक्का करने का आश्वासन दिया है। ऐसे में प्रधान ने अपील की है कि वह बताएं कि किन कर्मियों को पक्का किया जाना चाहिए। इस दौरान सिविल अस्पताल में बीमार मरीजों की सेवा लंबे समय से कच्चे कर्मियों द्वारा की जा रही है।

    उन्होंने कहाकि जालंधर सिविल अस्पताल में 70 कच्चे कर्मी है, वहीं उनके द्वारा पंजाब के सभी सिविल अस्पताल के कच्चे कर्मियों को पक्का किया जाए। ऐसे में उन्होंने सीएम भगवंत मान, सेहत मंत्री बलबीर और शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस से अस्पताल के कच्चे कर्मियों को पक्का करने के लिए ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान जब पवित्र रिश्ते तार-तार होते दिखाई दिए, तब भी अस्पताल के कच्चे कर्मियों द्वारा कोरोना काल में मृतक लोगों का संस्कार कच्चे कर्मियों द्वारा करवाया गया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर कर्मियों को पक्के नहीं किया जाता तो उनकी सैलेरी 30 हजार रुपए तक की जाए। उन्होंने कहाकि 10 हजार रुपए मासिक वेतन से कर्मियों का घर का गुजारा करना मुश्किल हैं।

  • Punjab News: यूनिवर्सिटी में खड़ी गाड़ी के चारों टायर चोरी, कार को ईंटों के सहारे छोड़ा, देखें सीसीटीवी

    Punjab News: यूनिवर्सिटी में खड़ी गाड़ी के चारों टायर चोरी, कार को ईंटों के सहारे छोड़ा, देखें सीसीटीवी

    लुधियानाः गरवासु यूनिवर्सिटी में फाइनल सेमेस्टर के छात्र की इनोवा कार के चोर चारों टायर चोरी कर गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ी करके फरार हो गए, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि 3 अज्ञात चोर एक-एक करके गाड़ी के चारों टायर को उतार कर फरार हो गए। घटना ढाई बजे के करीब की है। छात्र का कहना है कि यूनिवर्सिटी के अंदर भी गाड़ी सुरक्षित नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित छात्र ने पुलिस से गुहार लगाई कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी के टायर बरामद करवाए जाए।

     

     

  • Punjab News: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत

    Punjab News: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत

    मोहाली: जिले के बड़माजरा गांव से दुखद घटना की खबर आई है। दरअसल, जिले में लगातार बारिश की वजह से घर के पास बने गड्ढे में पानी भर गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके के कुछ बच्चे वहां खेलते समय उस पानी में नहाने लगे। इसी दौरान 6 साल का विराट गहरे पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    मृतक बच्चे के पिता ने बताया कि उनके बेटे का नाम विराट था और वह सिर्फ़ 6 साल का था। इस दुखद घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए बारिश के पानी से भरे ऐसे गड्ढों को तुरंत भरा जाए या उनके चारों ओर सुरक्षा के पक्के इंतजाम किए जाएं।

  • Punjab News: E20 Petrol मामले के बाद Singer Resham Anmol को मिल रही धमकियां, देखें वीडियो

    Punjab News: E20 Petrol मामले के बाद Singer Resham Anmol को मिल रही धमकियां, देखें वीडियो

    मोहालीः पंजाबी सिंगर रेशम अनमोल की ओर से दो दिन पहले एथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल को लेकर वीडियो जारी की गई थी। जिसमें गायक ने अपनी 1.55 करोड़ रुपए की डिफेंडर खराब होने का वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने रेशम अनमोल को ट्रोल करना शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि उन्हें कुछ लोग धमकियां दे रहे है कि उसने पैसे लेकर यह प्रोपेगेंडा किया है। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों और मिल रही धमकियों के बीच रेशम सिंह ने एक नया वीडियो जारी किया है। रेशम अनमोल ने वीडियो में कहा कि उनकी डिफेंडर गाड़ी वास्तव में खराब हुई थी। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित दादा मोटर्स से इसका फ्यूल पंप बदलवाया है और उनके पास इसका पूरा बिल मौजूद है।.

    कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि वह पैसे लेकर किसी एजेंडे के तहत एथेनॉल के खिलाफ बोल रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उनके लिए सभी राजनीतिक दल समान हैं और उनका उद्देश्य केवल आम जनता की व्यावहारिक समस्या को सामने रखना है। 5 पेट्रोल पंपों पर भटके: रेशम अनमोल ने कहा कि वह शुद्ध पेट्रोल की तलाश में पांच पेट्रोल पंपों पर गए थे। 27 मई 2026 को एक शो में जाते समय उनकी गाड़ी अचानक बंद हो गई थी। जांच के दौरान फ्यूल पंप में खराबी सामने आई। कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से दिल्ली जाते समय उन्होंने 5 से 6 पेट्रोल पंपों पर XP100 या XP95 जैसे हाई-स्पीड/प्योर पेट्रोल की तलाश की, लेकिन किसी भी पंप पर यह उपलब्ध नहीं मिला।

    रेशम अनमोल ने कहा कि हर पेट्रोल पंप पर एथेनॉल की मात्रा को लेकर कर्मचारी अलग-अलग दावे (5% से 8%) कर रहे थे, जिससे भ्रम और परेशानी की स्थिति बनी। रेशम सिंह अनमोल ने सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय से अपील की है कि हर पेट्रोल पंप पर सार्वजनिक नोटिस बोर्ड लगाया जाए, जिसमें पेट्रोल में मिलाए गए एथेनॉल की सटीक मात्रा दर्ज हो। वाहन चालकों को यह जानने का पूरा अधिकार होना चाहिए कि वे अपनी गाड़ी में किस गुणवत्ता का ईंधन भरवा रहे हैं। रेशम अनमोल के करीबी ने बताया कि अनमोल के पास पहले रेंज रोवर स्पोर्ट्स थी, जो 2025 में पंजाब बाढ़ राहत कार्य के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद 7 नवंबर 2025 को उन्होंने लगभग 1.55 करोड़ रुपये में सफेद रंग की डिफेंडर-110 खरीदी थी।

  • भागकर लव मैरिज, 8 महीने बाद मौत: लड़के के भाई का आरोप- जहर दिया

    भागकर लव मैरिज, 8 महीने बाद मौत: लड़के के भाई का आरोप- जहर दिया

    बिहार: लुधियाना में घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर एक युवक-युवती ने लव मैरिज की थी। कुछ महीनों तक मुस्कान के परिजन ने उनसे दूरी बनाकर कर रखी। बाद में पंचायती राजीनामा हुआ और मुस्कान के परिजन ने उन्हें अपने घर के नजदीक किराए के एक घर में रख लिया।

    अरविंद और मुस्कान दोनों साथ में रह रहे थे। इस दौरान अचानक 8 महीने बाद अरविंद की मौत हो गई। अरविंद के भाई गोबिंद का आरोप है कि मुस्कान के परिजन अरविंद से रंजिश रखते थे, क्योंकि उसने मुस्कान के साथ भागकर शादी की थी। भाई का कहना है कि अरविंद के ससुर ने मौत से कुछ घंटे पहले मेरी मां को फोन पर कहा था कि ये कल जेल जाएगा। अरविंद के ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या की है। कह रहे हैं कि उसे सांप ने डंसा है, लेकिन असल में उसे जहर देकर मारा गया है।

    हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया और परिजन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमॉर्टम में अरविंद के सिर पर हल्की चोट का निशान मिला है। हालांकि, मौत का असली कारण विसरा रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा।

    मुस्कान और अरविंद लुधियाना की एक ही फैक्टरी में काम करते थे। वहीं दोनों की आपस में बातचीत शुरू हुई। बातचीत के बाद दोनों में प्यार हो गया और दोनों ने शादी करने का फैसला किया। गोबिंद ने बताया कि मुस्कान के माता-पिता इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में दोनों घर से पटना (बिहार) भाग गए थे और उन्होंने 5 नवंबर, 2025 को पटना के राधा कृष्ण मंदिर में शादी की थी। इसके बाद 3 महीने तक दोनों अपने-अपने परिवारों से अलग रहे। फिर मुस्कान के गांव कंगनवाल में पंचायत हुई। गोबिंद ने बताया कि दोनों परिवार मूल रूप से बिहार के हैं। लड़के का परिवार दरभंगा के भेड़ी में लागोपुर गांव का रहने वाला है। जबकि, लड़की वाले पटना के गौरीचक में अंडारी के रहने वाले हैं।

    कंगनवाल पुलिस चौकी के एएसआई और जांच अधिकारी सुरजीत सिंह का कहना है कि परिजन ने उन्हें बीमारी से मौत की सूचना दी थी। अब मृतक के परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। उन्हें शक है कि उसे कुछ जहरीला पदार्थ दिया गया है। डॉक्टरों के बोर्ड से उसका पोस्टमॉर्टम करवाया है। बिसरा जांच के बाद फाइनल रिपोर्ट आएगी और उसके बाद ही साफ होगा कि उसकी मौत कैसे हुई।