Blog

  • Punjab News: ड्रेन के पुल से नीचे गिरी ऑल्टो कार

    Punjab News: ड्रेन के पुल से नीचे गिरी ऑल्टो कार

    अमृतसरः खल्चियां स्थित ड्रेन के पुल से ऑल्टो सवार चालकों की गाड़ी अचानक नीचे गिर गई। मिली जानकारी के अनुसार कार चालक गांव चीमे बाठ जा रहे थे, इस दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से ड्रेन के पुल से कार नीचे गिर गई। रोही में पानी कम होने के कारण कार सवार 4 लोग बाल-बाल बच गए। वहीं घटना का पता चलने पर राहगीरों द्वारा कार चालकों को बाहर निकाला गया।

    इलाका निवासियों ने कि पुल पर रेलिंग न होने के कारण यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में कई लोगों को बचाया गया है। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इसका पक्का प्रबंध किया जाए। उन्होंने कहा कि नशेड़ी लोग रेलिंग तोड़कर कई बार ले जा चुके हैं।

    ऐसे में अच्छा मटेरियल लगाकर पुल की रेलिंग मज़बूत कर मोटी एंगल रेलिंग लगवाई जाए ताकि इस तरह के खतरनाक हादसों का डर हमेशा के लिए खत्म किया जा सके और कीमती जानें हादसों की भेंट न चढ़ें। इस संबंध में विभाग के अधिकारी तिरलोचन सिंह ने बताया कि रेलिंग का काम करवाया गया था, लेकिन चोर रात में एंगल काटकर ले गए थे। अब इसकी 27 फुट चौड़ाई वाली मंजूरी मिल गई है और जल्दी बनाया जाएगा।

  • अस्पताल में निरीक्षण करने के लिए पहुंची स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश, देखें वीडियो

    अस्पताल में निरीक्षण करने के लिए पहुंची स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश, देखें वीडियो

    पंचकूलाः सेक्टर 6 अस्पताल में मंत्री ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रकार की कमियां भी देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कई वार्डों की छते टपक रही है। जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी जानकारी मांगी और कहा कि यह किसकी जिम्मेवारी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि वह पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में निरीक्षण करने के लिए पहुंची थी। इस दौरान कई मरीजों से बातचीत भी की। ज्यादातर मरीज उपचार से संतुष्ट पाए गए। सोमवार और मंगलवार को मरीजों की संख्या ज्यादा रहती है और एक ही डॉक्टर है जो पॉलीक्लिनिक भी जाते हैं। निरीक्षण के दौरान देखा कि 500 से 600 से लोगों का इलाज करना एक दिन में मुश्किल है। निरीक्षण के दौरान देखा कि अस्पताल की छतों भी खस्ता हालत में है। इस मामले में पीडब्ल्यूडी के एक्सईन से बातचीत की है।

    पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि एसी लगाने के कारण हुआ है। कई वार्डों में पानी छत से टपक रहा है, अगर काम किया जाता है तो उसे ठीक भी किया जा सकता है। बच्चों के बोर्ड में जहां पर नवजात बच्चे हैं, वहां पर पानी टपक रहा है। ऐसे मं इन्फेक्शन का डर रहता है। निक्कू बोर्ड में नवजात बच्चों की स्थिति देखी और उनकी माताओ से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि मदर एंड चाइल्ड बिल्डिंग भी जल्द बनाकर तैयार हो जाएगी। फायर एनओसी की देरी है, जल्द ही मदर एंड चाइल्ड बिल्डिंग शुरू कर दी जाएगी। इस मामले में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा से खुद बात करूंगी। पंचकूला में सबसे ज्यादा ओपीडी रहती है। अस्पताल में काम करने वाले 16-17 स्वीपर कहा लगे हुए है, उसकी जानकारी मांगी गई है। अस्पताल के स्वीपर किसी भी मंत्री अधिकारी के घर में काम कर रहे हैं, उन्हें वापस बुलाए। निरीक्षण के दौरान कई डॉक्टरों के द्वारा बाहर की दवाई भी लिखी गई है उनसे भी जवाब मांगा गया है और उन्हें पेश होने के लिए कहा है।

    राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि हमारे कैंडिडेट बाजवा साहब हैऔर यह मेरा राज्यसभा का पहला चुनाव है। मुझे विधायक बने कुछ ही समय हुआ है। मैं यही कहना चाहती हूं कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जरूर जीतेंगे। अमेरिका ईरान और इजरायल के बीच जंग के चलते देश में गैस की किल्लत पर कहाकि मैं सभी को यही कहना चाहूंगी। सभी को पता है आज के दिन क्या हो रहा है और ऐसी कोई भगदड़ मछनी नहीं चाहिए और ब्लैक में कोई भी चीज हम बिकने नहीं देंगे। आज के दिन जो हो रहा है उसे नॉर्मल नागरिक झेल रहे हैं। मैं यही कहूंगी कि देश दुनिया में अमन शांति बनी रहे। बच्चों को पिलाई जाने वाली विटामिन A1 दवाई न मिलने के सवाल पर कहा कि उसका टेंडर हो चुका है और इसकी कमी नहीं आने दी जाएगी। जल्दी एक मीटिंग ली जाएगी और उसमें स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की जाएगी।

     

     

  • खैहरा की टिप्पणी पर भड़के चीमा, बोले– माफी नहीं तो रद्द हो विधायक सदस्यता

    खैहरा की टिप्पणी पर भड़के चीमा, बोले– माफी नहीं तो रद्द हो विधायक सदस्यता

    चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भुल्लथ से कांग्रेसी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर की गई अत्यंत अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए उनसे बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। वित्त मंत्री ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर से भी अपील की कि यदि सुखपाल सिंह खैहरा अपनी भद्दी शब्दावली और असंसदीय भाषा के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। सदन को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सुखपाल सिंह खैहरा ने पंजाब की महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं और जब मैं उनकी टिप्पणियों पर आपत्ति जताने के लिए खड़ा हुआ तो उन्होंने मुझे ‘बंधुआ मजदूर’ कहकर मेरे ऊपर भी व्यक्तिगत हमला किया। उन्होंने कहा कि ऐसी शब्दावली किसी भी हाल में बर्दाश्त योग्य नहीं है और यह किसी विधायक को बिल्कुल भी शोभा नहीं देती।

    सदन के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कांग्रेसी विधायक द्वारा मजदूर समुदाय और महिलाओं के प्रति इस्तेमाल की गई भद्दी शब्दावली के संबंध में पूरी कांग्रेस पार्टी से भी अपने सदस्य के इस घटिया व्यवहार के लिए आधिकारिक तौर पर माफी मांगने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व अपने सदस्य के इस शर्मनाक व्यवहार की जिम्मेदारी ले। सुखपाल सिंह खैहरा के इस घटिया व्यवहार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वित्त मंत्री ने इस मामले में स्पीकर से कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं सदन के स्पीकर से इस संबंध में सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अपील करता हूं और यदि सुखपाल सिंह खैहरा अपनी अत्यंत निंदनीय और असंसदीय भाषा के लिए बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो विधानसभा में उनकी सदस्यता रद्द कर दी जाए।

    अपने पृष्ठभूमि पर किए गए व्यक्तिगत हमले पर रोष प्रकट करते हुए कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सदन को श्रम की गरिमा और मजदूर वर्ग की सम्मानित विरासत की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि मैं इस सदन के सदस्यों, खासकर कांग्रेस पार्टी के सदस्यों से अपने पृष्ठभूमि में झांकने की अपील करता हूं। उन्होंने कहा कि बहुत से चुने हुए प्रतिनिधि मजदूर और मेहनतकश परिवारों से संबंधित होने का गर्व रखते हैं। वित्त मंत्री ने सवाल किया कि क्या उनमें से कोई भी ‘बंधुआ मजदूर’ कहे जाने को स्वीकार करेगा? उन्होंने कहा कि ऐसी भद्दी शब्दावली न केवल एक व्यक्ति बल्कि पंजाब के मेहनतकश लोगों के सम्मान को गहरी ठेस पहुंचाती है। व्यक्तिगत टिप्पणियों से ऊपर उठते हुए वित्त मंत्री ने देश की लोकतांत्रिक नींव और भारत के संविधान द्वारा हर किसी को दी गई स्वतंत्रता और सशक्तिकरण के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मुझे अपने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बहुत गर्व है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भारत का संविधान लिखा और यही संविधान साधारण पृष्ठभूमि वाले लोगों को भी ऊंचे पदों पर पहुंचकर जनता की सेवा करने की शक्ति देता है।”

    उन्होंने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का मेरे ऊपर विश्वास जताने और मुझे पंजाब के वित्त मंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए दिल से आभारी हूं।” सरकार में अपने काम को उजागर करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि उन्हें जनसेवा के अपने रिकॉर्ड पर गर्व है। उन्होंने कहा, “मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने पंजाब की माताओं, बेटियों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और उद्योगपतियों के कल्याण और समृद्धि के लिए समर्पित राज्य के पांच व्यापक बजट पेश किए हैं।”

    अपने खिलाफ की गई टिप्पणियों का कड़ा जवाब देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सुखपाल सिंह खैहरा को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच करवाने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि ऐसी अपमानजनक टिप्पणियां करने के बजाय सुखपाल सिंह खैहरा को पहले अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच करवानी चाहिए, क्योंकि भुल्लथ के विधायक का स्वयं का शैक्षणिक और करियर पृष्ठभूमि भी संदिग्ध रही है।

  • बच्चों से भरी RPS International School Bus में लगी आग, मची अफरा-तफरी

    बच्चों से भरी RPS International School Bus में लगी आग, मची अफरा-तफरी

    करनाल: हरियाणा के करनाल में बच्चों से भरी आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल बस में अचानक आग लग गई। सेक्टर-6 स्थित गुरु ब्रह्मानंद चौक के पास हुई घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कंडक्टर की सूझ-बूझ बड़ा हादसा होने से टल गया। मिली जानकारी के अनुसार आरपीएस स्कूल की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। घटना के दौरान बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। अचानक बस से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बस में आग लग गई। चालक और कंडक्टर ने बस में मौजूद अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

    दरअसल, घटना के दौरान बस में बैठे बच्चों ने जब धुआं देखा तो उन्होंने कंडक्टर को सूचना दी। जिसके बाद कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए चालक को तुरंत बस सड़क किनारे रोका और बिना देरी किए सभी बच्चों को एक-एक कर नीचे उतार दिया। बच्चों को सुरक्षित दूरी पर ले जाने के बाद ही चालक ने बस की स्थिति को जांचा।मामले की जानकारी देते हुए बस चालक सतीश कुमार ने बताया कि धुआं निकलते ही उन्हें अंदेशा हो गया था कि बस में तकनीकी समस्या हो सकती है। उन्होंने तुरंत वाहन रोककर सबसे पहले बच्चों को बाहर निकालना जरूरी समझा।

    सभी बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद ही उन्होंने आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बस में लगे अग्निशामक यंत्रों की मदद से चालक और कंडक्टर ने आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता के कारण आग ज्यादा नहीं फैल पाई और बड़ा हादसा होने से बच गया। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर मदद की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस का अगला टायर अचानक फट गया था। टायर फटने के बाद वाहन के अंदर शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके कारण पहले धुआं उठने लगा और बाद में आग लग गई।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह तकनीकी खराबी का मामला प्रतीत हो रहा है। बस की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है ताकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और स्कूल प्रशासन मौके पर पहुंच गया। चूंकि सभी बच्चों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया था, इसलिए किसी भी छात्र को चोट नहीं आई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था की। इसके बाद सभी बच्चों को सुरक्षित तरीके से उनके घरों तक पहुंचा दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की औपचारिक जांच जारी है और बस की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।

  • Punjab News: लापरवाही! सीवरेज साफ करने 10 फीट गहरे Manhole से उतरे कर्मी का शव बरामद

    Punjab News: लापरवाही! सीवरेज साफ करने 10 फीट गहरे Manhole से उतरे कर्मी का शव बरामद

    श्री मुक्तसर साहिबः श्री मुक्तसर साहिब में सीवरेज सफाई करने उतरे कर्मी का 10 फीट गहरे मैनहोल से शव बरामद हुआ। दरअल, मेनहौल की सफाई करने गया कर्मी जब वापिस नहीं आया तो कर्मियों द्वारा उसे खोजने के लिए प्रयास किया गया। इस दौरान 16 घंटे तक चले प्रयास के बाद आज दोपहर कर्मी शव बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय जयदुलशलिम निवासी जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। घटना के बाद अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए चार अधिकारियों की एक टीम गठित की है, जिसमें दो उप मंडल अधिकारी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार यह घटना मुक्तसर में मार्केट कमेटी कार्यालय के पीछे स्थित सीवरेज मैनहोल में हुई।

    मजदूरों के अनुसार रात करीब नौ बजे एक सुपरवाइजर और कनिष्ठ अभियंता उनके पास आए और जयदुलशलिम को अपने साथ ले गए। मजदूरों ने जब पूछा तो उन्हें बताया गया कि थोड़ी देर के लिए मैनहोल की सफाई करवानी है और वह जल्द वापस आ जाएगा। मजदूरों का आरोप है कि संबंधित काम का ठेका उनके पास नहीं था, फिर भी जयदुलशलिम को अकेले मैनहोल में उतार दिया गया। कुछ देर बाद सुपरवाइजर ने उन्हें सूचना दी कि उनका साथी मैनहोल से बाहर नहीं निकल रहा है। सूचना मिलते ही साथी मजदूर मौके पर पहुंचे और उन्होंने खुद ही उसे ढूंढने का प्रयास शुरू कर दिया।

    मजदूर मुरशिद अली ने बताया कि वह खुद भी मैनहोल में करीब दस मीटर तक अंदर गया, लेकिन जयदुलशलिम का कोई पता नहीं चल सका। उनका आरोप है कि घटना के बाद सुपरवाइजर और कनिष्ठ अभियंता मौके से चले गए और देर रात तक कोई प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर नहीं पहुंचा। 16 घंटे तक चले प्रयास के बाद बड़ा गड्ढा खोदकर मैनहोल के आसपास से शव बाहर निकाला गया। इस घटना से मजदूरों में रोष है और उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। साथी मजदूरों के अनुसार जयदुलशलिम शादीशुदा था और उसका एक दो साल का बच्चा है।

    उसकी पत्नी गर्भवती भी है। मजदूरों का कहना है कि यदि सफाई का काम करवाना था तो सभी मजदूरों को साथ लेकर जाना चाहिए था, लेकिन उसे अकेले ही मैनहोल में उतार दिया गया। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। चार अधिकारियों की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह पता लगाएगी कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। मजदूरों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित सहायता देने की मांग की है।

     

  • Punjab News: फर्द केंद्र में मशीन खराब होने से लोग परेशान, देखें वीडियो

    Punjab News: फर्द केंद्र में मशीन खराब होने से लोग परेशान, देखें वीडियो

    अमृतसरः अजनाला के फर्द केंद्र में मशीन खराब होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मशीन खराब होने से कई घंटों तक इंतजार करने के बाद लोगों को खाली हाथ वापिस लौटना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि केंद्र में मशीन खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से फर्द नहीं निकल रही। जिसकी वजह से लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर वापस लौट रहे हैं। फर्द लेने आए लोगों ने बताया कि वे पिछले दो से तीन दिनों से लगातार केंद्र के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार इन्हें यह बताया जाता है कि मशीन खराब है।

    लोगों का कहना है कि फर्द न निकलने के कारण उनके कई सरकारी और जमीन से संबंधित काम रोक गए हैं और उन्हें बार-बार केंद्र आना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से विनती की है कि जल्द से जल्द मशीन ठीक कराई जाए ताकि उन्हें हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। इस संबंध में फर्द केंद्र में काम कर रहे कर्मचारी बलविंदर सिंह ने कहा कि मशीन खराब होने के कारण यह समस्या आ रही है। उन्होंने बताया कि इसे लेकर उच्च अधिकारियों को शिकायत कर दी गई है और मशीन जल्दी ठीक होने की उम्मीद है।

  • Punjab News: हमलावारों ने कार सवार युवक पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: हमलावारों ने कार सवार युवक पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, घायल, देखें वीडियो

    मोगाः जिले के चुंगी नंबर 3 के पास स्थित काली माता मंदिर के नजदीक कार में जा रहे युवक पर कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इस घटना में युवक की टांग में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

    मामले के संबंध में नगर क्षेत्र के डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि कार पर सवार होकर जा रहे मोगा निवासी कुलजीत सिंह पर कुछ लोगों ने गोलियां चला दी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर भी कार में सवार होकर आए थे और उन्होंने कुलजीत सिंह की गाड़ी के पास पहुंचकर कई राउंड फायर किए। फायरिंग के दौरान कुलजीत सिंह की टांग में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए लुधियाना के दयानंद चिकित्सालय में भेज दिया गया। डीएसपी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

  • मंत्री लाल चंद कटारूचक ने केंद्र सरकार से की अपील, कहा – LPG, पेट्रोल और डीजल जैसी जरूरी वस्तुओं की कमी न होने दें

    मंत्री लाल चंद कटारूचक ने केंद्र सरकार से की अपील, कहा – LPG, पेट्रोल और डीजल जैसी जरूरी वस्तुओं की कमी न होने दें

    चंडीगढ़: पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक ने केंद्र सरकार से अपील की है कि पश्चिमी एशिया में चल रहे तनावपूर्ण हालात को देखते हुए एलपीजी, पेट्रोल और डीजल जैसी जरूरी वस्तुओं की किसी प्रकार की कमी न होने दी जाए। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने इन आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने तथा इस संबंध में लोगों के बीच किसी भी प्रकार का भय या चिंता का माहौल बनने से रोकने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

    बैठक को संबोधित करते हुए लाल चंद कटारूचक ने कहा, “पश्चिमी एशियाई देशों में जारी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल जैसी जरूरी वस्तुओं की किसी प्रकार की कमी न हो, ताकि आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।” मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति से भी सतर्क रहने और आवश्यक आपूर्ति बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पश्चिमी एशिया की अस्थिर स्थिति के कारण लोगों में अनावश्यक चिंता या घबराहट का माहौल न बने।”

    मंत्री ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को जिला स्तर पर स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को डिप्टी कमिश्नरों और जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों के साथ बैठकें आयोजित करने के लिए कहा, जिनमें गैस कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हों, ताकि आपूर्ति व्यवस्था में बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा, “विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को डिप्टी कमिश्नरों और जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों के साथ बैठकें करनी चाहिए, जिनमें गैस कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हों, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति में किसी प्रकार की रुकावट न आए।”

    जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की हेराफेरी के खिलाफ चेतावनी देते हुए मंत्री ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा, “किसी भी कीमत पर जरूरी वस्तुओं की गैर-कानूनी जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमाखोरी में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

  • SBI की ATM मशीन खराब होने पर हुआ विवाद, ASI को जड़े थप्पड़, उतरी पगड़ी, देखें वीडियो

    SBI की ATM मशीन खराब होने पर हुआ विवाद, ASI को जड़े थप्पड़, उतरी पगड़ी, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में भारी हंगामा देखने को मिला। दरअसल, एटीएम मशीन खराब होने की बात को लेकर सिक्योरिटी गार्ड और बैंक स्टाफ से एक व्यक्ति उलझ गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे समझाकर बाहर ले जा रहे थे, तभी उसने एएसआई के साथ हाथापाई कर दी और थप्पड़ मार दिए, जिससे उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई। बाद में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सेक्टर-24 निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है, जो साइकियाट्रिक समस्या से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के भाई द्वारा माफी मांगने के बाद पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया। जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह बुधवार को सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा था। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उसे बताया कि एटीएम मशीन काम नहीं कर रही और वह पास के दूसरे एटीएम से पैसे निकाल सकता है।

    इसी बात को लेकर अवतार सिंह पहले सिक्योरिटी गार्ड से उलझ गया और फिर बैंक के अंदर जाकर स्टाफ से भी बहस करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख बैंक मैनेजर ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही एरिया बीट इंचार्ज एएसआई लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। एएसआई लखबीर सिंह अवतार सिंह को समझाकर बैंक के बाहर ले जा रहे थे कि तभी आरोपी ने अचानक गालियां देनी शुरू कर दीं और एएसआई को थप्पड़ मार दिए। इस दौरान उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई।

    घटना देख मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। थोड़ी देर बाद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को काबू कर पुलिस वाहन में बैठाया गया। इस दौरान आरोपी जिद करने लगा कि वह गाड़ी की आगे वाली सीट पर बैठेगा और गाड़ी भी खुद चलाएगा। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर पीछे की सीट पर बैठाया। थाना-17 पुलिस के अनुसार, मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, क्योंकि मारपीट करने वाला अवतार साइकियाट्रिक मरीज है और वह अपनी दवा लेना भूल गया था। बैंक मैनेजर की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई। वहीं आरोपी के भाई गुरमीत सिंह के मौके पर पहुंचकर माफी मांगने के बाद पुलिसकर्मी ने भी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई।

     

     

  • महाविद्यालय वंगाणा में अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर सेमिनार का आयोजन

    महाविद्यालय वंगाणा में अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर सेमिनार का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विभिन्न समकालीन विषयों पर छात्र सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक राजनीति की बदलती परिस्थितियों, प्रमुख सिद्धांतों तथा विश्व राजनीति में महाशक्तियों की भूमिका के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

    पायल शर्मा (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने  अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में निर्भरता सिद्धांत”  पर प्रस्तुति देते हुए विकसित और विकासशील देशों के बीच आर्थिक निर्भरता, कोर–परिधि संबंध तथा वैश्विक असमानताओं के मुद्दों पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में साक्षी और अंशिका (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने “समकालीन अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में आदर्शवादी और यथार्थवादी दृष्टिकोण” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में आदर्शवादी और यथार्थवादी दृष्टिकोण के महत्व, उनके सिद्धांतों तथा वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में उनकी प्रासंगिकता को स्पष्ट किया।

    इसके अतिरिक्त ईशिता और खुशबू (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने “समकालीन अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में अमेरिकी वर्चस्व” विषय पर प्रस्तुति देते हुए समकालीन अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अमेरिका की भूमिका, उसकी सैन्य, आर्थिक तथा कूटनीतिक शक्ति और वैश्विक व्यवस्था पर उसके प्रभाव का विश्लेषण किया। वहीं अंकुश शर्मा और वरुण (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने “शीत युद्ध के बाद अंतर्राष्ट्रीय राजनीति समाप्ति के बाद उभरी नई विश्व व्यवस्था, एकध्रुवीयता, वैश्वीकरण तथा अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बदलते शक्ति संतुलन पर विस्तार से चर्चा की।

    सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विषय से संबंधित प्रश्नोत्तर और विचार-विमर्श भी हुआ, जिससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय राजनीति के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेमिनार विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके प्रस्तुतीकरण कौशल को भी विकसित करते हैं।