Blog

  • नदी में ट्रैक्टर बहने से दो की मौत

    नदी में ट्रैक्टर बहने से दो की मौत

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल गगरेट के अंतर्गत आते गांव कुठेड़ा जसवालां में सोमभद्रा नदी के तेज बहाव में ट्रैक्टर बह जाने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा सोमवार रात उस समय हुआ जब संजीव कुमार और सुरजीवन ट्रैक्टर से खेत जोतकर नंदपुर से लौट रहे थे।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंधेरे के कारण नदी की गहराई का अंदाजा न लग पाने से ट्रैक्टर अचानक पलट गया। इस दौरान चालक सुरजीवन ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जबकि संजीव बहाव में बह गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सुरजीवन को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, संजीव का शव करीब 200 मीटर दूर से बरामद हुआ। गगरेट पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। दोनों मृतक विवाहित बताए जा रहे हैं।

  • प्रधानमंत्री मोदी का हिमाचल से खास लगाव, विशेष पैकेज देने पर जताया आभार

    प्रधानमंत्री मोदी का हिमाचल से खास लगाव, विशेष पैकेज देने पर जताया आभार

    ऊना/सुशील पंडित: युवा भाजपा नेता अरुण कौशल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय नेतृत्व का हिमाचल प्रदेश में आई बाढ़ के बाद विशेष राहत पैकेज देने की घोषणा कर आभार व्यक्त किया है उन्होंने बयान में कहा कि पुरा प्रदेश जानता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश से खास लगाव रहा हैं जब वो हिमाचल प्रदेश के प्रभारी के रूप में काम करते थे तब से लेकर अब तक उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए बहुत बड़ी बड़ी सौग़ातें दीं हैं। अब जब प्रदेश वासियों पर विपत्ति आई हैं तो वे व्यक्तिगत तौर पर प्रदेश की भोली भालीं जनता का हाल जानने पहुँचे हैं।

  • विधायक विवेक शर्मा ने ली आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को आपदा से हुए नुकसान की 13 सितंबर तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

    विधायक विवेक शर्मा ने ली आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को आपदा से हुए नुकसान की 13 सितंबर तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने मंगलवार को डीआरडीए सभागार ऊना में आयोजित आपदा प्रबंधन संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने बंगाणा क्षेत्र सहित समूचे कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में आपदा राहत कार्यों को गति और पारदर्शिता प्रदान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को 13 सितंबर तक कुटलैहड़ क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि पीड़ित परिवारों को समय रहते आर्थिक सहायता व राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है, जिसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    विधायक ने जानकारी दी कि ऊना ब्लॉक की 27 पंचायतों में, जो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं, आपदा के दौरान लगभग 4.15 करोड़ रुपये का नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों के अलावा, विकास योजनाओं के लिए इन पंचायतों में 2.41 करोड़ रुपये विधायक निधि से पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

    जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाएं अधिकारी – विवेक शर्मा

    उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी और जवाबदेही को समझें तथा जनता की आवाज़ को गंभीरता से सुनें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं क्षेत्र के प्रत्येक प्रभावित गांवों का दौरा करके प्रभावित परिवारों से मिलकर जमीनी स्तर पर राहत कार्यों का जायजा ले रहे हैं। इसका मुख्य मकसद प्रत्येक प्रभावित परिवार को समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करना है।

    राहत के साथ पुनर्वास भी सर्वोच्च प्राथमिकता

    शर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवारों को राशन, तिरपाल और आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है, परंतु स्थायी पुनर्वास को अब प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके लिए सुरक्षित स्थानों पर नए आवास बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा।

    इस मौके पर कुटलैहड़ के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं महासचिव विवेक मिका, उपाध्यक्ष रोशन लाल, बीडीओ ऊना किशोरी लाल वर्मा, तहसीलदार ऊना विपिन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • अमन चौहान ने एशियन पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक, एएसपी ने किया सम्मानित

    अमन चौहान ने एशियन पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक, एएसपी ने किया सम्मानित

    ऊना/सुशील पंडित: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ऊना संजीव भाटिया ने आज(मंगलवार) को एशियन पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के 120 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता अमन चौहान को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समूचे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अमन आने वाली भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है और उनकी लगन और मेहनत उन सभी युवाओं के लिए उदाहरण है जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

    इस दौरान एससी आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, विजय डोगरा और उनके भाई क्षितिज़ गिल उपस्थित रहे। इस दौरान अमन चौहान ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरू जीवन कुमार और अपने माता-पिता को दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, खेल मंत्री यादविंद्र गोमा और एससी आयोग का भी प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।

    बता दें, अमन चौहान कांगड़ा जिला के लम्बागांव से संबंध रखते हैं। उन्होंने 16 से 18 अगस्त तक नेपाल के काठमांडू में आयोजित हुई एशियन पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में 120 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इस चैंपियनशपि में विभिन्न देशों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें अमन चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर यह स्वर्ण पदक हासिल किया।

  • Punjab News: चोड़ा बाजार में एक्टिवा से निकला सांप, दहशत के बीच दुकानदारों ने किया काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: चोड़ा बाजार में एक्टिवा से निकला सांप, दहशत के बीच दुकानदारों ने किया काबू, देखें वीडियो

    लुधियाना: शहर के चोड़ा बाजार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब खुशी राम हलवाई के सामने खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी से अचानक सांप निकल आया। घटना देर शाम की है, जब एक दुकान के सेल्समैन ने एक्टिवा की हेडलाइट के पास हलचल देखी। गौर से देखने पर पता चला कि वहां एक लगभग डेढ़ फुट लंबा सांप मौजूद है।

    इसे देखकर आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदार कपिल गुप्ता ने बताया कि वहां कुल दो सांप के बच्चे थे—एक एक्टिवा से निकला और दूसरा किसी दूसरी दुकान की ओर चला गया। दुकानदारों ने हिम्मत दिखाते हुए एक्टिवा से निकले सांप को काबू कर लिया और उसे एक डिब्बे में बंद करके सुरक्षित स्थान पर छोड़ने ले जाया गया।

  • Punjab News: गणपति विसर्जन से लौटे युवकों ने किया हंगामा, देखें वीडियो

    Punjab News: गणपति विसर्जन से लौटे युवकों ने किया हंगामा, देखें वीडियो

    लुधियाना: थाना टिब्बा के अंतर्गत आने वाले इलाके में गणपति विसर्जन कर लौटे कुछ युवकों ने इलाके में हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि युवकों ने बुलेट मोटरसाइकिल पर जोर-जबरदस्ती पटाखे फोड़े और खुलेआम गुंडागर्दी की। इस दौरान उन्होंने एक कपड़ों की दुकान के मालिक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट भी की। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि आरोपियों से उसका पुराना रंजिश का मामला चल रहा है।

    उसने आरोप लगाया कि इन लोगों ने पहले मेरी बेटी को घर से भगाकर उससे शादी कर ली थी। तभी से वे मुझसे दुश्मनी रखने लगे। व्यापारी के मुताबिक, हाल ही में गणपति विसर्जन वाले दिन आरोपियों और उनके साथियों ने उसकी दुकान पर हंगामा किया और जब विरोध किया गया तो उन्होंने मिलकर उसकी और पत्नी की पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर थाना टिब्बा पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
  • मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यशाला आयोजित, महिलाओं को दी सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी

    मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यशाला आयोजित, महिलाओं को दी सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी

    ऊना/सुशील पंडित: मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत 12 सितंबर तक चलाए जा रहे विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिला परिषद ऊना के सम्मेलन कक्ष में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश अनीता शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को महिलाओं और बच्चों के अधिकारों, कानूनी प्रावधानों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

    कार्यशाला में पोक्सो अधिनियम, कानूनी जागरूकता, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा ( पोश अधिनियम एवं शी बॉक्स) और निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

    अनीता शर्मा ने बताया कि कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (पोश एक्ट) का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभाव रहित कार्य वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि 10 या अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में आंतरिक शिकायत समिति और छोटे संस्थानों के लिए स्थानीय शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है।

    उन्होंने यौन उत्पीड़न इलेक्ट्रॉनिक बॉक्स के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा शुरू की गई ऑनलाइन शिकायत प्रणाली है, जिसमें कार्यरत महिलाएं यौन उत्पीड़न से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज कर सकती हैं और उसकी स्थिति भी ऑनलाइन देख सकती हैं।

    इसके अतिरिक्त उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी, जो समाज के कमजोर वर्गों  जैसे महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन, औद्योगिक श्रमिक, कम आय वर्ग, कैदी और मानव तस्करी के शिकार लोगों के लिए उपलब्ध हैं।

    उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 शुरू की गई है, जिसके माध्यम से पात्र व्यक्ति सीधे कानूनी सलाह व सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

    महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल

    इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ऊना नरेंद्र कुमार ने मिशन शक्ति योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति योजना महिला सशक्तिरण की दिशा में एक सशक्त पहल है। यह केंद्र सरकार की एक मिशन मोड योजना है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।

    उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति की दो उप-योजनाएं हैं संबल जिसके अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं आती हैं। साथ ही, सामर्थ्य जो महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को केंद्र में रखती है।

    इस दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध निःशुल्क सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें वुमेन पॉवर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 शामिल है।

    इस मौके पर जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक एवं कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं।

  • Punjab News: चलते ऑटो में महिला से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: चलते ऑटो में महिला से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लुधियाना: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद लुधियाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चलते ऑटो में महिला से लूट की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी रुपिंदर सिंह ने बताया कि घटना मलौत्रा इलाके में कल शाम हुई थी। एक महिला ने चलते ऑटो में लूट की कोशिश का विरोध किया और मदद के लिए शोर मचाया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

    इसी दौरान ऑटो चालक ने भी पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और SHO की अगुवाई में आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन, जेवरनुमा सामान और एक ऑटो बरामद किया है। डीसीपी ने बताया कि लोगों की सतर्कता और तुरंत सूचना देने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

  • देश के नए उपराष्ट्रपति बने CP Radhakrishnan, इतने वोटों से दी सुदर्शन रेड्डी को मात

    देश के नए उपराष्ट्रपति बने CP Radhakrishnan, इतने वोटों से दी सुदर्शन रेड्डी को मात

    नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफा देने के बाद आज उपराष्ट्रपति का चुनाव हुआ। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने जीत दर्ज की है। इस सीट के लिए कुल 788 मतदाता थे जिसमें से 7 सीटें खाली थी इसलिए 781 निर्वाचक शामिल थे। मतदान प्रतिशत 98.2% रहा इसमें कुल 767 वोट डाले गए। इनमें से 752 वोट मान्य माने गए। सीपी राधाकृष्णन को चुनाव में 452 वोट मिले वहीं उनके प्रतिद्वंदी और विपक्ष के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले हैं।

    उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर की सुबह संसद भवन में 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई है। लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर भारत की संसद में कुल 788 सांसद होते हैं। अब के समय में दोनों सदनों को मिलाकर 7 सीटें खाली है। इस तरह कुल 781 सांसदों को वोट करना था जिसमें से 14 वोटिंग में ही शामिल नहीं हुए। इनमें बीआरएस के 4, बीजेडी के 7, अकाली दल के 3 सांसद ने वोट नहीं डाला। कुल 767 सांसदों ने अपनी मताधिकार का प्रयोग किया है। एनडीए के कुल 427 सांसदों ने वोट दिया।

    धनखड़ ने 21 जुलाई को खराब सेहत का हवाला देकर अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था। उपराष्ट्रपति पद के लिए लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य वोट देते हैं हालांकि, इसके लिए व्हिप नहीं जारी हो सकती।

  • पीएम आदर्श ग्राम योजना के गांवों में विकास कार्यों को तेज़ी से पूरा करें : एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर

    पीएम आदर्श ग्राम योजना के गांवों में विकास कार्यों को तेज़ी से पूरा करें : एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर

    ऊना/सुशील पंडित: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) महेन्द्र पाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) के तहत ऊना ज़िले के चयनित गांवों में चल रहे विकास कार्यों को तेज़ रफ़्तार से पूरा करने के निर्देश दिए हैं । वे मंगलवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

    एडीसी ने कहा कि ग्राम विकास योजना के तहत स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित हो तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र जमा होने के बाद ही अगली किश्त जारी की जाएगी।

    पुस्तकालय निर्माण पर दें विशेष ध्यान
    श्री गुर्जर ने कहा कि अन्य बुनियादी विकास कार्यों के साथ-साथ गांवों में आधुनिक पुस्तकालयों की स्थापना पर विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे पुस्तकालय बनाए जाएं जहां सामान्य ज्ञान-विज्ञान की किताबों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी उपयुक्त संसाधन उपलब्ध हों।

    पहले चरण में 23, दूसरे में 13 गांव चयनित
    उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में जिले के 23 गांव शामिल हैं, जिनके लिए 3 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपये प्रदान किए जा चुके हैं। इनमें से 2 करोड़ 42 लाख 67 हजार 406 रुपये खर्च किए जा चुके हैं। शेष धनराशि का सदुपयोग शीघ्र करने के निर्देश दिए।
    दूसरे चरण में 13 गांवों को शामिल किया गया है। उन्होंने उनकी ग्राम विकास योजनाएं जल्द सौंपने को कहा, ताकि वहां भी कार्य तेजी से शुरू हो सके।

     ये हैं पहले चरण के 23 चयनित गांव
    पीएमएजीवाई में ऊना जिले के पहले चरण के 23 चयनित गांवों में गगरेट अप्पर, गोदरी सिद्ध, बसोली अप्पर, कंगरूही, लडोली, कैलाशनगर, कुंगड़थ, खड्ड खास, दुलैहड़, सासन, चतेहड़ बुहल, डबाली, खरोह, परोइयां कलां, बौल, मोह खास, त्यार, पनसाई, सकोहन, चौकी, जोल, सलोई और बटूही शामिल हैं।

    दूसरे चरण के 13 चयनित गांव
    वहीं योजना के दूसरे चरण में जिले के 13 गांव चयनित किए हैं, जिनमें बहडाला, भदसाली थोलियां, चलेट उपरला, डंगोह खास, धमांदरी, घंघरेट, गोंदपुर बनेहड़ा उपरला, जखेड़ा, कुनेरन निचला, कुरियाला, मैड़ी खास, पिरथीपुर निचला और सलोह उपरला गांव हैं।

    विवाद रहित कार्यों को प्राथमिकता
    एडीसी ने कहा कि ग्राम विकास योजना में ऐसे कार्य प्राथमिकता में रहें जिन पर किसी प्रकार का विवाद न हो, ताकि विकास की गति प्रभावित न हो। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों का विवरण फोटो सहित पीएमएजीवाई पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

    बैठक में रहे ये अधिकारी
    बैठक में ज़िला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, कृषि उपनिदेशक कुलभूषण धीमान, बागवानी उपनिदेशक केके भारद्वाज, ज़िला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजीव शर्मा, खंड विकास अधिकारी अम्ब, हरोली, गगरेट व बंगाणा, संबंधित ग्राम पंचायत प्रधान, सचिव और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।