Blog
-

बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, मामला दर्ज
ऊना/ सुशील पंडित: जिला ऊना के थाना बंगाणा के अंतर्गत आते गांव ननावीं में पेश आए दर्दनाक हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान अशोक कुमार पुत्र हंसराज निवासी मलांगड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्कूटी को टक्कर मारने वाले बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक कुमार निवासी मालांगड़ सोमवार सुबह स्कूटी पर सवार होकर गांव ननावीं से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में अशोक कुमार सड़क किनारे गिर गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बंगाणा अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के चलते घायल अशोक को बंगाणा से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया, जहां से चिकित्सों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई ले जाते हुए पंजाब के नंगल पहुंचने पर अशोक कुमार की मौत हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी बंगाणा रवि पाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं बाइक चालक विशाल ठाकुर निवासी गांव तनोह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। -

महिला ने चाचा ससुर पर लगाए मारपीट का आरोप
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के चिंतपूर्णी थाने में एक महिला के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।चिंतपूर्णी थाने के अधीन पड़ती गिंडपुर मलौन पंचायत की 43 वर्षीय सुषमा कुमारी ने 3 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।शिकायत पत्र में महिला ने बताया है की वह सोमवार को अपनी बेटी के साथ खेतों में पशुओं को चराने के लिए जा रही थी।तभी उसने अपनी जमीन के साथ खैर का कटा हुआ पेड़ देखा तो अपने चाचा ससुर से इस बाबत पूछा तो उसके चाचा ससुर देवराज ने इसके पीछे उसके साथ गाली गलौज किया। इसके साथ चाची सास राज रानी व उनकी बहू पायल ने भी उसके साथ गाली गलौज किया।महिला ने इन तीनों पर मारपीट का आरोप भी लगाया है।मामले की पुष्टि थाना प्रभारी रोहिणी ठाकुर ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। -

भाजपा राज में हुए स्वां चैनलाइजेशन से ऊना में नुक्सान बेहद कम: अनुराग ठाकुर
केंद्र द्वारा त्वरित मदद हेतु धन्यवाद ज्ञापन के बजाय राज्य सरकार द्वारा गलत बयानी ओछी राजनीति का प्रतीक: अनुराग ठाकुरऊना/सुशील पंडित: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर पिछले 4 दिनों से हिमाचल के दौरे पर हैं। भारी वर्षा से उत्पन्न आपदा के आकलन व राहत व पुनर्वास कार्यक्रमों के निरीक्षण हेतु अनुराग ठाकुर पूरे क्षेत्र में सघन दौरे कर रहे हैं।अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ज़िला ऊना में “जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति” दिशा कमेटी की बैठक के दौरान वर्षा व बाढ़ से उपजे हालातों व ज़िले में चल रहे विकास कार्यों पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की व इसके समुचित क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।अपने दौरे के दौरान ऊना में स्वां नदी के पास संवाददाताओं से वार्तालाप करते हुए ठाकुर ने कहा, “स्वां नदी को कभी ‘रिवर ऑफ सॉरो’ कहा जाता था। यहां बाढ़ के कारण करोड़ों रुपए का नुकसान होता था। 1988 में पुल बह गए थे। आज हम उसी जगह पर खड़े हैं। पुल भी ठीक है। इसका कारण भारतीय जनता पार्टी की सरकार (केंद्र व राज्य दोनो में) में शुरू हुआ स्वां चैनलाइजेशन है, अन्यथा स्वां नदी का भयावह रूप हिमाचल देख चुका है। यह नदी बारिश और बाढ़ आने पर दोनों ओर कई किलोमीटर तक फैल जाती थी। चैनलाइजेशन के कारण जान- माल की भी बचत हुई और जमीनों के दाम भी बढ़े। इस बार नुक्सान की तीव्रता काफी कम देखने को मिली व ऊना का बेहद बड़े नुकसान से बचाव हुआ है”हिमाचल में भारी वर्षा से हुए नुकसान व केंद्र द्वारा मदद नहीं दिए जाने के आरोपों का खंडन करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हम इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करना चाहते मगर मैं बताना चाहूंगा कि केंद्र ने हिमाचल प्रदेश में राहत व बचाव कार्य हेतु एनडीआरएफ की 13 टीमें तैनात कर रखी हैं। इसके अलावा वायु सेना के 2 MI 17V हेलीकॉप्टर लगातार लोगों को आपदा से बचा रहे हैं। जहां तक पैसों की बात है तो केंद्र सरकार ने पहले ही डिजास्टर रिलीफ फंड से ₹180 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं और ₹181 करोड़ की दूसरी किस्त भी आ रही है। केंद्र की ओर से जरूरी मदद में कोई कोताही नहीं बरती जाती है। राज्य सरकार के नुकसान आकलन रिपोर्ट भेजे जाने के बाद तुरंत और सहायता आएगी”अनुराग ठाकुर ने कहा” पिछले चार दिनों से आपदा प्रभावित क्षेत्र में लोगों से मिल रहा हूँ। आपदा से प्रभावित विभिन्न ज़िलों में जगह-जगह पर जाकर नुकसान का जायजा ले रहा हूँ। लोगों का दर्द मेरा अपना दर्द है और मेरी पूरी संवेदनाएं आपदा प्रभावित लोगों के साथ हैं। विभिन्न विभागों को जरूरी दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। अधिकारियों को लोगों को त्वरित राहत देने हेतु प्राथमिकता पर कार्य करने को कहा गया है”“भारी वर्षा के कारण हिमाचल में आपदा आई है पर राज्य सरकार लोगों पर रहम करने की बजाय वैट में ₹3 की बढ़ोतरी की है। आपदा के समय लोग पहले से कष्ट में हैं। इससे उन पर और बोझ बढ़ेगा। वैट के बढ़ने से केवल पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ते बल्कि महंगाई का एक पूरा चक्र शुरू हो जाता है। यह राज्य सरकार द्वारा उठाया गया बिल्कुल गलत कदम है। इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। केंद्र सरकार एक नहीं बल्कि दो बार टैक्स कम कर चुकी है पर गैर भाजपा शासित राज्यों में वहां की सरकार टैक्सों में बेतहाशा वृद्धि कर रही हैं। कांग्रेस जनता के लिए सोचे, हिमाचल के हित के लिए सोचे, यह बढ़ी वृद्धि वापस लेकर देवभूमि को राहत देने का काम करे। आज केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण होलसेल प्राइस इंडेक्स काफी कम है” -

एडीसी ने की जिला बाल संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक
अनाथ बच्चों को सुख आश्रय योजना से जोड़ने के लिए डाटाबेस तैयार करने के दिए निर्देशऊना/सुशील पंडित: अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने बताया कि फोस्टर केयर योजना के तहत ऐसे अनाथ व असहाय बच्चों को जिला कार्यक्रम व बाल विकास परियोजना अधिकारियों की देखरेख में किसी संपन्न पारिवारिक वातारण में पालने हेतु रखा जाता है ताकि ऐसे बच्चों को बाल व बालिका आश्रमों में प्रवेश हेतु बाध्य न होना पडे। उन्होने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पालक माता-पिता को प्रति माह चार हजार रूपये की राशि सरकार द्वारा मुहैया करवाई जाती है जबकि पांच सौ रूपये प्रतिमाह राज्य सरकार की ओर से आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। उन्होने बताया कि जिन बच्चों को पालक माता-पिता की देख-रेख मेें रखा जाता है उनका समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाता है।एडीसी ने बताया कि फोस्टर केयर योजना के तहत वित्त वर्ष 2022-23 में 200 बच्चों को कवर किया गया है जिसमें से 28 बच्चों ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है। उन्होंने जिला बाल संरक्षण अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला में 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के अनाथ बच्चों का डाटाबेस तैयार करें ताकि उन्हें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत जोड़ा जा सके। -

आत्मा परियोजना के अधिकारियों ने किया किसानों के खेतों का दौरा, नुक्सान का लिया जायजा
ऊना/सुशील पंडित: हरोली में आत्मा परियोजना के परियोजना निदेशक वीरेंद्र बग्गा, उप परियोजना निदेशक संतोष शर्मा व राजेश राणा, खंड तकनीकी प्रबंधक अंकुश,सहायक तकनीकी प्रबंधक शिवांक जसवाल व दविंदर कौर ने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के खेतों का दौरा किया और जिला ऊना में पिछले सप्ताह हुई बारिश से हुए नुकसान की जायज़ा लिया गया। हरोली ब्लॉक की अधिकांश पंचायत में भारी बारिश व मिट्टी कटाव से काफ़ी नुकसान हुआ है । इसमें श्रीमती राखी देवी गाँव धर्मपुर, श्रीमती राजकुमारी गाँव लोअर बढ़ेड़ा , श्रीमती प्रबीण गाँव समनाल, श्री हरीश गाँव रोड़ा के खेतों का निरीक्षण किया गया। जिसमें इन किसानो को प्रदर्शनी प्लॉट हेतु मक्की, माह , रागी, तिल और भिंडी की फसल लगाई थी ।
-

पीडब्ल्यूडी एंड आईपीएच यूनियन की बैठक पीडब्लूडी विश्राम गृह में संपन्न
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के ब्लॉक अंब में गत दिवस ऑल हिमाचल पीडब्ल्यूडी एंड आईपीएच यूनियन की बैठक पी डब्लू डी विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रामजी दास जस्सल ने की। इस मौका पर की अध्यक्षता इंटक के वरिष्ठ नेता शिविल कुमार ठाकुर भी उपस्थित रहे। यह जानकारी इंटक के महासचिव कामरेड जगतराम शर्मा ने सोमवार को जारी प्रेस नोट में दी।बैठक में मल्टी टास्क वर्कर्स ( एम टी डब्लू ) कि ऊना जिला इकाई का गठन किया गया। इस बैठक में कुछ समय के लिए स्थानीय विधायक सुदर्शन कुमार बबलू ने भी शिरकत की। बैठक में सर्वसम्मति से ईकाई के पद अधिकारियों को 2 वर्ष के लिए नियुक्त किया गया। जिसमें प्रधान शुभम सिंह व उप प्रधान हरदीप कुमार अमन कुमार अजय कुमार मनीष कुमार को नियुक्त किया गया। वही महासचिव के पद पर किशन कुमार संयुक्त सचिव अतुल चौधरी व प्रेस सचिव गौरव को चयनित किया गया। बैठक में कोषाध्यक्ष चमन चौधरी तथा अन्य 11 कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन किया गया। -

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पहुंचे ऊना, सोमभद्रा नदी पर बने घालुवाल पुल को हुए नुकसान का लिया जायजा
ऊना/सुशील पंडित: केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ऊना जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान ऊना हरोली सीमा पर स्थित घालुवाल मे सोमभद्रा नदी के ऊपर बने पुल की शुरुवाती दीवार टूटने से हुए नुकसान का जायज़ा लेने पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ ऊना सदर के विद्यायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व केबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर , एच पीएसआईडीसी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो राम कुमार उपस्थित रहे। बारिश के चलते प्रभावित हुए घालुवाल पुल पर पहुंच पुल की स्थिति को देखा। उन्होंने आपदा प्रभावित इलाके का दौरा भी किया।इसके ऊपरांत केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में आयोजित दिशा समिति की बैठक में भारी बारिश के चलते जिला में हुए नुकसान का अधिकारियों से जायजा भी लिया। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा की हिमाचल प्रदेश में आई आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार प्रदेश की पूरी मदद कर रही है। जिसके मद्देनजर आपदा के दौरान पहाड़ों में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए 13 एनडीआरएफ की टीम सहित भारतीय वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर भेजने का काम किया तो साथ ही 361 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद कर संकट की इस घड़ी में प्रदेश को राहत देने काम भी किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मानूसन का दौर थमने के बाद हिमाचल सरकार प्रदेश में हुए नुकसान को लेकर जो रिपोर्ट भेजेगी उस हिसाब से केंद्र सरकार हिमाचल सरकार को राहत देने का काम भी जरूर करेगी।अनुराग ठाकुर ने दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा आपदा के पानी को लेकर दिए बयान पर उन्होंने करते हुए कहा कि घड़ी में सभी सरकारों को एक साथ खड़ा होना चाहिए ना कि एक दूसरे पर शब्दों का प्रहार करके अपनी अपनी नाकामियों को छुपाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरते हुए कहा कि दिल्ली सीएम हमेशा अपनी जिम्मेवारियों से भागते नजर आये हैं और दिल्ली सरकार का 09 साल का कार्यकाल विफल देखने को मिला है। साथ ही उन्होंने कहा कि कोविड काल से लेकर बिजली की समस्या तक और दिल्ली में बाढ़ की स्थिति के दौरान अरविंद केजरीवाल केवल दूसरों पर ठीकरा फोड़ते आए है। जिससे उनकी लोगों के प्रति केवल नाकामयाबी ही साबित हुई है। -

सूर्य, मिथुन राशि से कर्क राशि में प्रवेश, जैसे कर्म करेंगे, वो भोगने पड़ेंगे: पं. शशिपाल डोगरा
ऊना/सुशील पंडित: जाने माने ज्योतिषाचार्य एवं वशिष्ठ ज्योतिष सदन के अध्यक्ष पंडित शशिपाल डोगरा ने सूर्य के मिथुन राशि से कर्क राशि में जाने के बाद पैदा होने वाले हालात को लेकर अहम गणना की है। उनके मुताबिक जो जैसे कर्म करेंगे, वो भोगने पड़ेंगे।पंडित डोगरा के मुताबिक 16 जुलाई 2023 की रात्रि 17 जुलाई की सुबह 5 बज कर 9 मिनट पर सूर्य, मिथुन राशि से कर्क राशि में प्रवेश हुआ। 17 जुलाई जिसका 1+7=8 अंक शनि का अंक बनता है। शनि कर्म फल दाता है। जैसे कर्म करेंगे वो भोगने पड़ेंगे। शनि न्याय तो करेगा ही। 1+7+7+2+0+2+3=22=2+2=4 राहु का अंक जो अचानक ही कुछ भी कर देता है। संकट दे देता है। शमशान योग बना रहा है। सूर्य का कर्क राशि में रहना व शनि का कुम्भ राशि में रहना षडाष्टक योग बना रहा है, जो शुभ नहीं है।पंडित डोगरा कहते हैं कि 18 जुलाई से 16 अगस्त तक श्रावण मास का अधिक मास का लगना भी शुभ संकेत नहीं दे रहा है। कुछ प्रदेशों में संकट के बादल देगा। बारिश रुकने का नाम नहीं लेगी, बादल फटने के योग ज्यादा बन रहे हैं। 1+8=9 अंक जो मंगल का अंक है। मंगल भूमि का कारक है। भूमि में नुकसान देगा। भूकंप आ सकता है। प्राकृतिक आपदा, जिस कारण परेशानी होगी। उनका कहना है कि पहाड़ी इलाकों के लिए समय ख़राब है। सरकारें संकट में आएगी। नेताओं का आपसी विवाद बढ़ेगा। वाणी पर संयम नहीं रहेगा। जिस कारण खुद ही परेशानी में पड़ जाएंगे। सभी लोग श्रावण मास में शिव की पूजा करें। शिव अभिषेक करवाएं। भगवान शिव जी को बिलपत्र चढ़ाएं। संकट में केवल शिव ही रक्षक हैं। अपने घरों में महामृत्युंजय का जप सभी लोग कम से कम 11 बार रोज करें। बाकी सर्वज्ञ तो ईश्वर है। -

सांप के काटने से प्रवासी व्यक्ति की मौत
ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते टाहलीवाल में एक प्रवासी व्यक्ति की सांप के काटने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यक्ति रात को अपने कमरे में जमीन पर गद्दा बिछा करसो रहा था। इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। सांप के काटे जाने का पता चलते ही तबीयत खराब होने पर परिजनों उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए। निजी अस्पताल ने स्वास्थ्य में सुधार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया। सोमवार सुबह व्यक्ति के अचेत अवस्था में होने के चलते उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरजीत सिंह (लोहा)पुत्र राम लाल निवासी मध्य प्रदेश के रुप में हुई, जोकि पिछले काफी समय से टाहलीवाल में रह रहा था और एक प्रतिष्ठित उद्योग में कार्यरत था।इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मृतक के परिजनों को बुलाया गया है और पोस्टमार्टम कल करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। वहीं मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। -

हिप्र अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ज़िला ऊना की कार्यकारिणी गठित
रजनीश बने प्रधान, तारा सिंह वरिष्ठ उप-प्रधान व राजेश कुमार बने महासचिवऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ज़िला ऊना की वर्ष 2018 से कार्यशील कार्यकारिणी को सोमवार को भंग करके नई कार्यकारिणी गठित की गई, जिसमें बीडीओ हरोली के रजनीश शर्मा को प्रधान पद पर चुना गया। जबकि लोक निर्माण विभाग ऊना के तारा सिंह को वरिष्ठ उप-प्रधान तथा उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग के राजेश कुमार को महासचिव का कार्यभार सौंपा गया। सभी पद निर्विरोध चुने गये। चुनाव प्रक्रिया में महासंघ के पूर्व प्रधान विनोद शर्मा चुनाव अधिकारी, श्रीचन्द्र सहायक चुनाव अधिकारी तथा पूर्व प्रधान यशपाल रायजादा, विपिन राणा, राजीव वशिष्ठ व हरदीप ठाकुर पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यकारिणी के अन्य पदों में सीएमओ कार्यालय की इन्दूबाला, राजीव कुमार एनएसी गगरेट, जलशक्ति विभाग हरोली के राजकुमार व ऊना के मनोज कुमार, बीडीओ बंगाणा के विनय कुमार को उपप्रधान चुना गया। आयुष विभाग के भरत भूषण संयुक्त सचिव, लोक निर्माण विभाग ऊना के सुरेन्द्र कुमार वित्त सचिव, आॅडिटर बीएमओ हरोली के सुरेश अत्री, डीसी कार्यालय के चमेल सिंह, लोक निर्माण के सतीश चन्द्र, जलशक्ति गगरेट के मनोज कुमार, पशुपालन हरोली के मुकेश कुमार, डिग्री कालेज चैकीमन्यार के दिनेश कालिया, रावमापा अम्बेहड़ा के सुनील बनियाल व विनोद कोहली का संगठन सचिव नियुक्त किया। जबकि डीपीआरओ ऊना के संजीव मारकर व अग्निशमल विभाग के मुकेश जसवाल को प्रेस सचिव नियुक्त किया गया तथा बीडीओ हरोली के अजय कुमार को कार्यालय सचिव का कार्यभार दिया गया।
सलाहकार मण्डल में स्वास्थ्य विभाग गगरेट के जगतजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग ऊना के राजकुमार व राजस्व विभाग अम्ब के अच्छर राम को शामिल किया गया। जबकि जलशक्ति विभाग हरोली के मंजीत सिंह को कानूनी सलाकार तथा अम्ब के हरभगवान को मुख्य सलाहकार का जिम्मा सौंपा गया। प्रदेश प्रतिनिधियों में जलशक्ति विभाग के रमेश ठाकुर, राजीव पाठक व रमन कुमार, आयुष विभाग के नरेन्द्र कुमार शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सुभाष चन्द्र तथा स्वास्थ्य विभाग के भुपेन्द्र सिंह को शामिल किया गया।
इस अवसर पर नवगठित कार्यकारिणी को प्रोत्साहित करते हुए कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यकाल के अनुभवों को सांझा किया।
मौके पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ऊना शहरी सहित ज़िला के समस्त विकास खंडों के प्रतिनिधि तथा कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।