Blog

  • स्वास्थ्य क्षेत्र को सरकार की बड़ी सौगात, 1617 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

    स्वास्थ्य क्षेत्र को सरकार की बड़ी सौगात, 1617 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

    शिमला: प्रदेशभर में सुलभ एवं उच्च गुणवत्तापूर्ण वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 3,000 करोड़ रुपये की व्यापक स्वास्थ्य आधुनिकीकरण पहल के प्रथम चरण में 1,617 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस निवेश के अंतर्गत सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों, सुपर स्पेशियलिटी केन्द्रों और आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे को उन्नत किया जाएगा। यह परियोजना 1 अप्रैल, 2026 से 30 अप्रैल, 2031 तक लागू की जाएगी। समय पर चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता रोगियों के उपचार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। निदान और उपचार में देरी से न केवल स्वास्थ्य स्थिति गंभीर बनती है, बल्कि लागत में भी वृद्धि होती है। अध्ययनों के अनुसार, देर से निदान होने पर रोगी का चिकित्सा व्यय 30-50 प्रतिशत तक बढ़ सकता है, जो स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण उपचार तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

    परियोजना का उद्देश्य विशेषज्ञ उपचार तक समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना

    सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत संस्थानों को अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं, सिमुलेशन-आधारित मेडिकल प्रशिक्षण प्रणालियों, एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे उपकरणों तथा एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म से सुसज्जित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य विशेषज्ञ उपचार तक समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना, रेफरल से संबंधित लागत को कम करना, रोगियों के स्वास्थ्य में सुधार करना तथा दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ करना है। इससे लैंगिक समानता और जलवायु अनुकूल स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे हिमाचल प्रदेश सुलभ और तकनीक-आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य आधुनिकीकरण में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित होगा। प्रवक्ता ने बताया कि परियोजना का पहला चरण भौतिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में नए भवनों का निर्माण, नवीनीकरण और शैक्षणिक ब्लॉकों, बाह्य एवं आंतरिक रोगी सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा। उच्च स्तरीय सिमुलेशन केंद्र, एआर/वीआर आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं, डिजिटल पुस्तकालय और ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म से एकीकृत स्किल लैब स्थापित की जाएंगी। एमआरआई, सीटी स्कैनर, डिजिटल रेडियोलॉजी सिस्टम और मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक प्रयोगशालाओं जैसे उन्नत इमेजिंग और जांच उपकरण स्थापित किए जाएंगे। पीएसीएस, एलआईएमएस, टेलीमेडिसिन और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) सहित डिजिटल प्लेटफॉर्म को एबीडीएम मानकों के अनुरूप इंटरऑपरेबल डेटा विनिमय के लिए एकीकृत किया जाएगा।

    हमीरपुर में तृतीयक उपचार केन्द्रों को और सुदृढ़ किया जाएगा

    दूसरे चरण में आईजीएमसी शिमला, एआईएमएसएस चमियाना और डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में तृतीयक उपचार केन्द्रों को और सुदृढ़ किया जाएगा। रीनल और बोन मैरो ट्रांसप्लांट, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, उन्नत एंडोस्कोपिक प्रक्रियाएं, बाल चिकित्सा सेवाएं तथा रोबोटिक-सहायता प्राप्त सर्जरी जैसी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। संस्थानों को ओ-आर्म 3डी इमेजिंग, न्यूरो-नेविगेशन सिस्टम, रोबोटिक सर्जरी प्लेटफॉर्म और एकीकृत क्रिटिकल केयर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया जाएगा। एक उन्नत बाल चिकित्सा देखभाल एवं नवाचार केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जो क्रिटिकल, सर्जिकल और टेली-सक्षम बाल चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करेगा।

    तीसरे चरण में आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ किया जाएगा

    परियोजना के तीसरे चरण में आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ किया जाएगा, जिसके तहत इन संस्थानों को सीटी स्कैनर, मोबाइल एक्स-रे यूनिट, अल्ट्रासाउंड मशीनें, लैप्रोस्कोपिक सिस्टम और नेत्र शल्य चिकित्सा इकाइयों सहित आधुनिक डायग्नोस्टिक और सर्जिकल सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। टेलीमेडिसिन सेवाओं और डिजिटल रेफरल नेटवर्क का विस्तार कर जिला अस्पतालों को तृतीयक और सुपर स्पेशियलिटी केंद्रों से निर्बाध रूप से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को विशेषज्ञ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य संस्थानों के आधुनिकीकरण के लिए कई पहलें की जा चुकी हैं। एआईएमएसएस चमियाना और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में रोबोटिक सर्जरी सुविधाएं शुरू की गई हैं और जल्द ही अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आने वाले समय में स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित करने के लिए 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।

    मरीजों का बहुमूल्य समय बचेगा

    स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रतिवर्ष 9.5 लाख मरीज उपचार के लिए हिमाचल प्रदेश से बाहर जाते हैं, जिससे राज्य की जीडीपी को लगभग 1,350 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होता है। यदि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के भीतर उपलब्ध कराई जाएं, तो अनुमान है कि प्रतिवर्ष लगभग 550 करोड़ रुपये की जीडीपी की बचत की जा सकती है, साथ ही मरीजों का बहुमूल्य समय भी बचेगा।      
  • तेजधार हथियार से बुजुर्ग दंपति की हत्या, घर में मृत मिले पति-पत्नी, जांच में जुटी पुलिस

    तेजधार हथियार से बुजुर्ग दंपति की हत्या, घर में मृत मिले पति-पत्नी, जांच में जुटी पुलिस

    हजारीबागः जिले के बड़कागांव प्रखंड के बाबू पारा गांव में एक बुजुर्ग दंपती की हत्या करने का मामला सामने आया है। शव पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी मुताबिक, मृतकों की पहचान शिक्षक रामविलास दास के पिता वकील राम और माता झुनिया देवी के रूप में हुई है। वकील राम विकलांग थे। दंपती घर पर अकेले ही रहते थे। घटना का पता सोमवार सुबह तब चला जब पड़ोसियों ने घर में कोई हलचल नहीं देखी। पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा तो दोनों मृत पड़े हुए थे। वहीं, इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

    इधर, सूचना मिलने पर डीएसपी पवन कुमार और बड़कागांव थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

     

  • Punjab News: One Digital Company सहित शब्बीर मोमिन और गुरप्रीत सिंह भसीन के खिलाफ मामला दर्ज

    Punjab News: One Digital Company सहित शब्बीर मोमिन और गुरप्रीत सिंह भसीन के खिलाफ मामला दर्ज

    मानसाः पूर्व दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला की माता चरण कौर और पिता बलकौर सिंह ने बंटी बैंस के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। वहीं इस मामले में माता चरण कौर की शिकायत पर सदर थाना मानसा पुलिस ने वन डिजिटल कंपनी सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि मूसेवाला परिवार ने उन पर करोड़ों रुपये हेर-फेर करने के आरोप लगाए थे।

    जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शिकायत के आधार पर कंपनी के अलावा निर्माता शब्बीर मोमिन और गुरप्रीत सिंह उर्फ भसीन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। जबकि मूसेवाला के पूर्व मैनेजर और गीतकार बंटी बैंस को मामले में नामजद नहीं किया गया है। बता दें कि शिकायत में बंटी बैंस का नाम भी लिया गया था। इस मामले को लेकर बलकौर सिंह सिद्धू और चरण कौर ने पिछले दिनों एसएसपी कार्यालय मानसा के बाहर धरना भी दिया था।

     

     

  • Punjab News: निखिल गुप्ता केस को लेकर अकाली दल और दल खालसा ने केंद्र सरकार पर लगाए बड़े आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: निखिल गुप्ता केस को लेकर अकाली दल और दल खालसा ने केंद्र सरकार पर लगाए बड़े आरोप, देखें वीडियो

    अमृतसरः शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रेसिडेंट सिमरनजीत सिंह मान और दल खालसा के नेताओं ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार और इंटेलिजेंस एजेंसियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

    सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में अमरीका में गिरफ्तार निखिल गुप्ता तो बस एक मोहरा है, जबकि इसके असली मास्टरमाइंड भारत में ऊंचे राजनीतिक और प्रशासनिक पदों पर बैठे लोग हैं। मान ने कहा कि भारत में ‘सीक्रेट सर्विस फंड’ का कोई ऑडिट नहीं होता और यह CAG के तहत नहीं आता। इन फंडों का इस्तेमाल विदेशों में सिख नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अमेरिका और ब्रिटेन का उदाहरण दिया और कहा कि वहां CIA जैसी एजेंसियां ​​हैं जो पार्लियामेंट के प्रति जवाबदेह हैं, लेकिन भारत में ऐसी कोई ट्रांसपेरेंसी नहीं है।

    उन्होंने स्पीकर ओम बिरला पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें पार्लियामेंट में यह मुद्दा उठाने की इजाजत नहीं दी गई। कॉन्फ्रेंस के दौरान अवतार सिंह खांडा की मौत पर सवाल उठाते हुए मान ने कहा कि उन्हें ‘पोलोनियम’ जैसा खतरनाक जहर दिया गया होगा, जिसे अक्सर रूसी इंटेलिजेंस से जोड़ा जाता है। उन्होंने हरदीप सिंह निज्जर, सुखदुल सिंह और पाकिस्तान में सिख नेताओं की हत्याओं के लिए सीधे तौर पर ‘RAW’ और दिल्ली लीडरशिप को जिम्मेदार ठहराया।

    दल खालसा के लीडर कंवरपाल सिंह बिट्टू ने चेतावनी दी कि भारत सरकार अब पंजाब में एक नया ‘किलिंग पैटर्न’ लागू कर रही है। गैंगस्टर्स (जैसे लॉरेंस बिश्नोई) के जरिए सिख एक्टिविस्ट्स की हत्या करके इसे ‘गैंगवार’ का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि अगर भविष्य में किसी खालिस्तानी लीडर को गोली मारी जाती है, तो इसे ‘सरकारी गोली’ माना जाएगा, न कि गैंगस्टर्स के बीच का अंदरूनी झगड़ा।

    पंथक संगठनों ने ऐलान किया कि खालिस्तानी सोच और पंथिक एकता के प्रचार-प्रसार के लिए 21 फरवरी और 29 अप्रैल को मोगा में बड़े पैमाने पर प्रोग्राम किए जाएंगे। उन्होंने SGPC के चुनाव तुरंत कराने की भी मांग की। कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी सिखों से अपील की गई कि वे यह पक्का करें कि भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के लिए सिखों की शहादत की कुर्बानी न दी जाए।

     

     

     

     

  • बड़ा प्रशासनिक फेरबदलः IAS सहित 72 अधिकारियों के हुए तबादलें

    बड़ा प्रशासनिक फेरबदलः IAS सहित 72 अधिकारियों के हुए तबादलें

    नई दिल्लीः देश की राजधानी दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। दरअसल, भाजपा की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार द्वारा 72 अधिकारियों के तबादलें किए गए हैं। जिसमें से 36 IAS सहित 72 सीनियर अधिकारियों के तबादलें शामिल है। इनमें से कई अधिकारियों को अन्य पद भी दिया गया है। वहीं, आईएएस अधिकारी संजीव आहूजा को सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है।

    इस फेरबदल में 36 दानिक्स (दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। संतोष डी. वैद्य (आईएएस, 1998) को प्रधान सचिव (गृह) नियुक्त किया गया है। वे वित्त, योजना और उद्योग विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (समाज कल्याण) का पदभार संभाल रहे बिपुल पाठक (आईएएस, 1992) को अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

    दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रुपेश कुमार ठाकुर (आईएएस, 2006) को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) नियुक्त किया गया है। वे निखिल कुमार (आईएएस, 2002) का स्थान लेंगे, जिन्हें आयुक्त (व्यापार एवं कर) बनाया गया है। हाल ही में दिल्ली सरकार में शामिल हुए 2011 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव आहूजा को सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है। वे उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। सरकार के इस फैसले को शिक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय और नीतिगत कार्यों को गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। संजीव आहूजा के पास प्रशासनिक अनुभव है और उनसे स्कूल, कॉलेज व तकनीकी संस्थानों से जुड़े सुधारात्मक कदमों को आगे बढ़ाने की उम्मीद की जा रही है।

    1998 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष डी. वैद्य को प्रधान सचिव (गृह) नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ उन्हें वित्त, योजना और उद्योग विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है, जिससे उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। वहीं, वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (समाज कल्याण) के पद पर कार्यरत 1992 बैच के आईएएस अधिकारी बिपुल पाठक को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न विभागों में नीतिगत कार्यों को तेज करने और बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

  • Rohit Shetty के घर पर फायरिंग मामले में मुख्य शूटर आरोपियों सहित गिरफ्तार

    Rohit Shetty के घर पर फायरिंग मामले में मुख्य शूटर आरोपियों सहित गिरफ्तार

    महाराष्ट्रः मुंबई क्राइम ब्रांच को रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर सहित 6 आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपियों को राजस्थान में पकड़ा गया और उन्हें मुंबई लाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अब तक मामले में कुल 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। लॉरेंस गैंग के शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पर घटना की जिम्मेदारी ली थी और शेट्टी को मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने शूटर की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच तेज हो गई है।

    पिछले दिन क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के साथ घटनास्थल का पुनर्रचना की। स्कूटी के रूट और सीसीटीवी फुटेज की दोबारा जांच हुई। पूछताछ में पता चला कि लोनकर ने मुंबई आने के बाद 51 हजार रुपये दिए, जिसमें स्कूटी की खरीद शामिल थी। पहले 40 हजार की बात कही गई थी। मामले की गहराई समझने को शेट्टी और रणवीर सिंह के मैनेजर के बयान लिए गए। शक है कि यह महज डराने का काम नहीं।

    मैनेजर को मिले धमकी वाले वॉयस नोट में शेट्टी का नाम आया, कहा गया- यह ट्रेलर है, फिल्म बाकी। ऑडियो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हैरी बॉक्सर का लगता है। मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले में लगातार सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। हाल ही में इस घटना को लेकर इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीए) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा था। इसमें राज्य सरकार से तुरंत जांच और उचित सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की थी।

    अपने पत्र में आईएमपीए ने घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि इससे फिल्म जगत में चिंता और आशंका पैदा हो गई है। पत्र में आगे रोहित शेट्टी के लिए कहा गया कि रोहित शेट्टी ने न केवल भारतीय सिनेमा में अमूल्य योगदान दिया है, बल्कि जरूरत पड़ने पर उन्होंने हमेशा देश का साथ दिया है। उन्होंने समाज के हित में सामाजिक कार्यों और राष्ट्रीय पहलों में अपना समर्थन दिया है। इसलिए, उनके आवास पर ऐसी घटना का होना बेहद चिंताजनक है।

  • आर्केस्ट्रा Dancer से Gang-Rape, 3 लोगों ने जबरन शराब पिला बनाए संबंध, की मारपीट

    आर्केस्ट्रा Dancer से Gang-Rape, 3 लोगों ने जबरन शराब पिला बनाए संबंध, की मारपीट

    भोजपुरः शहर में यूपी की आर्केस्ट्रा डांसर 19 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। संचालक ने डांसर को जबरन शराब पिलाई। उसके बाद 2 दोस्तों के साथ उसे सुनसान इलाके में ले गया और तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई। डांसर ने किसी तरह अपने साथी डांसर और पति को घटना की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस से इस मामले की शिकायत की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों आर्केस्ट्रा संचालक लक्ष्मण यादव (40), मैजिक ड्राइवर अशोक कुमार यादव (41) और DJ ऑपरेटर जितेंद्र कुमार यादव (21) को गिरफ्तार कर लिया है।

    जानकारी देते महिला डांसर के पति ने बताया कि वो लोग यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले हैं। उसकी पत्नी 1 फरवरी को आर्केस्ट्रा संचालक लक्ष्मण यादव के पास काम के सिलसिले में आई थी। उसकी पत्नी स्टेज शो करती है। शादी, तिलक ऐसा कार्यक्रम में वो परफॉर्म करती है। काम अच्छा चल रहा था। लिहाजा, उसकी पत्नी ने गांव में ही किराए पर मकान ले लिया। शनिवार को एक कार्यक्रम में उसे डांस करने जाना था। वो संचालक और अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंची। कार्यक्रम खत्म होते-होते रात ज्यादा हो चुकी थी।

    उसकी पत्नी ने संचालक से कहा कि, मुझे घर छोड़वा दीजिए, लेकिन संचालक ने बहुत ज्यादा शराब पी रखी थी। उसने अपने दो दोस्तों को बुला लिया और फिर उसकी पत्नी को जबरन शराब पिलाई। बाद में संचालक लक्ष्मण यादव उसे अपने घर ले गया। वहां उसने पहले उसके साथ रेप किया। फिर अपने दोनों दोस्तों से कहा कि, तुम भी कर लो। उसके बाद एक बाइक पर डीजे ऑपरेटर और मैजिक ड्राइवर उसकी पत्नी को कहीं लेकर गए। पीछे से दूसरी बाइक से संचालक भी गया। तीनों ने गांव से दूर सुनसान इलाके में झाड़ी में ले जाकर बारी-बारी से गैंगरेप किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की गई।

    पति ने बताया कि, वह खुद डीजे ऑपरेट का काम करता है। शादी से पहले भी पत्नी पार्टियों में डांस करने का काम करती थी। उनकी 2 साल की मासूम बेटी है। घटना के बाद पत्नी ने उसे फोन कर घटना की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया। अब कोर्ट में बयान दर्ज किया जाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है।

     

     

  • एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन से बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण, CM Sukhu ने किया ऐलान

    एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन से बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण, CM Sukhu ने किया ऐलान

    शिमला: कांगड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कांगड़ा जिले की सुंदर धौलाधार घाटी के नड्डी में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है। 4.3 किलोमीटर लंबी नड्डी जिपलाइन परियोजना की अनुमानित लागत 7.41 करोड़ रुपये है और इसे ऐतिहासिक साहसिक पर्यटन पहल के रूप में विकसित किया जाएगा।

    इस परियोजना में चार स्टेशन होंगेकृ गल्लू (प्रारंभिक बिंदु), बल गांव, नड्डी और मैगी प्वाइंट खड्ड (समापन बिंदु)। यह परियोजना पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ धौलाधार पर्वत माला की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अवसर देगी। इस परियोजना को 36 माह की अवधि में पूरा करने का प्रस्ताव है।

    यह जिपलाइन धर्मशाला के नड्डी व्यू प्वाइंट पर विकसित की जाएगी, जो अपने विहंगम दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने, साहसिक पर्यटन के शौकीन पर्यटकों को आकर्षित करने, रोजगार के अवसर सृजित करने तथा क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा जिले को ‘पर्यटन राजधानी’ का दर्जा प्रदान किया है और जिले में पर्यटन अवसंरचना को सशक्त बनाने तथा सतत पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पहलें लागू की जा रही हैं।

     

  • इस मामले में कोर्ट में पेश होंगे Sukhbir Badal

    इस मामले में कोर्ट में पेश होंगे Sukhbir Badal

    चंडीगढ़ः शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल आज कोर्ट में पेश होंगे। दरअसल, 8 साल पुराने मानहानि मामले में चंडीगढ़ जिला कोर्ट में वह पेश होंगे। यह मामला अखंड कीर्तनी जत्था के प्रवक्ता राजिंदर पाल सिंह द्वारा दर्ज कराया गया था। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 के तहत शिकायत दर्ज की गई थी।

    शिकायतकर्ता का दावा है कि इस बयान से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है। सुखबीर सिंह बादल द्धारा 2 फरवरी 2026 को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए अर्जी दाखिल की गई थी। आवेदन में अमृतसर में आयोजित पार्टी की अहम बैठक का हवाला देते हुए आज की सुनवाई में पेश होने से छूट मांगी गई है। यह आवेदन राजिंदर सिंह बनाम सुखबीर सिंह बादल व अन्य से जुड़े करीब 8 साल पुराने मानहानि मामले में कोर्ट में लगाया गया है।

    बता दें कि सुखबीर सिंह बादल 17 दिसंबर, 2025 को अदालत में पेश नहीं हुए थे। जिसके बाद अदालत ने उनकी जमानत रद्द कर दी और गैर-जमानती वारंट जारी किया था। हालांकि, बाद में वह अदालत में पेश हुए और उन्हें फिर से कोर्ट से जमानत मिल गई। मामले को रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में दायर याचिका भी खारिज कर दी गई है। मामला फिलहाल चंडीगढ़ जिला न्यायालय में लंबित है। ऐसे में सुखबीर सिंह बादल के आज की सुनवाई के दौरान अदालत में पेश होने की संभावना है।

  • बाप के सामने बेटे की हत्या, लुटेरों ने घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

    बाप के सामने बेटे की हत्या, लुटेरों ने घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

    श्रावस्तीः बेटे के सामने बदमाशों द्वारा घर में घुसकर किसान की हत्या करने का मामला सामने आया है। इसके बाद सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। परिवार के मुताबिक, रविवार रात करीब 3 बजे 4 नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। आहट सुनकर किसान की आंख खुल गई। उन्होंने शोर मचाया और बदमाशों से भिड़ गए। आवाज सुनकर बहू और बेटा भी जाग गए। बेटा दौड़कर कमरे में पहुंचा तो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। उसके सामने ही पिता पर चाकू से कई बार वार किए गए। यह देखकर बहू बेड के नीचे छिप गई। बाद में पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। घटना हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र की है।

    जानकारी मुताबिक, जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर भजोरे पुरवा गांव है। यहां किसान नेमराज पाठक (49) अपने बेटे सुनील और बहू लक्ष्मी के साथ रहते थे। उनकी पत्नी का 5 साल पहले निधन हो चुका है। नेमराज भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके दूसरे भाई गांव में ही रहते हैं। उन्होंने गांव से बाहर घर बनवा रखा था। बेटे की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। बहू ने बताया कि रात करीब 3 बजे डकैत घर में घुसे थे। वह और उसकी पति दूसरे कमरे में थे। ससुर की चीखने की आवाज आई तो उसके पति सुनील देखने गए। बदमाशों ने उन्हें भी दबोच लिया। यह देखकर वह डर गई और बेड के नीचे छिप गई।

    उसके पति की आंखों के सामने ही डकैतों ने ससुर की हत्या कर दी। मैंने बेड के नीचे से चार लोगों के पैर देखे थे। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर में लूटपाट की और सारे गहने उठा ले गए। उनके जाने के बाद उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी।

    इधर, हत्या और लूट की सूचना पर एसपी राहुल भाटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। एसपी ने बताया कि बेटे की तहरीर पर चार बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।