

जालंधर: शहर के जीटी रोड स्थित Hotel Mariton में पारिवारिक समारोह के दौरान होटल के सह-मालिकों के बीच विवाद का थमने का नाम नहीं ले रहा। दरअसल, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
शिकायतकर्ता यशपाल दुआ निवासी अर्बन एस्टेट ने थाना रामामंडी में दी शिकायत में बताया कि 12 फरवरी 2026 को वह अपने परिवार के साथ होटल मैरिटन में अपनी पोती का जन्मदिन समारोह मना रहे थे। इसी दौरान होटल के सह-मालिक परमजीत सिंह मारवाहा अपने बेटे सिमरनजीत सिंह और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचे।
दुआ के अनुसार उक्त व्यक्तियों ने उनके साथ बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार की महिला सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा उन्हें और उनके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जोहल अस्पताल ले जाया गया। दुआ ने परमजीत सिंह मारवाहा और उनके समर्थकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर यह भी जानकारी सामने आई है कि झगड़े के दौरान परमजीत सिंह मारवाहा की पगड़ी गिर गई। उनका दावा है कि यशपाल दुआ और उनके परिवार के सदस्यों ने उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट की। थाना रामामंडी की पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए चयनित शिक्षकों का उनके मूल कैडर में अधिकार (लियन) सुरक्षित रखा जाए, ताकि उनके पदोन्नति के अवसर प्रभावित न हों।
मुख्यमंत्री ने आज यहां उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से 140 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया जाएगा। पहले चरण में 99 स्कूलों को संबद्धता मिल चुकी है, जबकि शेष स्कूलों के लिए प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने इन सीबीएसई स्कूलों में प्रधानाचार्यों की नियुक्ति के लिए मौजूदा सेवा शर्तों में भी राहत प्रदान करने और शेष सेवा अवधि की अनिवार्यता को तीन वर्ष से घटाकर दो वर्ष करने के निर्देश दिए। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों का एक अलग लोगो और वर्दी (यूनिफॉर्म कलर स्कीम) होगी। राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं इन संस्थानों में शैक्षणिक स्तर की प्रगति की निगरानी करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्कूलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्कूलों में ‘नो मोबाइल फोन नीति’ के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की, जो इस वर्ष एक मार्च से लागू होने जा रही है।विभाग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान राजेश शर्मा तथा शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में कैबिनेट की सब-समिटी ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को मनाने के लिए साल भर के विस्तृत रोडमैप को अंतिम रूप दिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समागमों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाया जाएगा और गुरु साहिब के समानता, मानवता और भक्ति के संदेश को राज्य के हर कोने और बाहर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सब-समिटी ने यह सुनिश्चित किया कि कार्यक्रमों में आध्यात्मिक श्रद्धा, शैक्षिक प्रसार और समाज भलाई की पहल का संतुलित संयोजन हो।
बैठक में यह भी तय किया गया कि वाराणसी, फरीदकोट, जम्मू और बठिंडा से चार बड़ी शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री खुरालगढ़ साहिब में नतमस्तक होंगी। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से तीर्थ यात्राओं की सुविधा भी प्रदान की जाएगी ताकि श्रद्धालु वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी के जन्म स्थान के दर्शन कर सकें। इसके अलावा स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों में सैमीनार आयोजित कर युवा वर्ग तक ‘बेगमपुरा’ के संदेश को पहुंचाया जाएगा।
साल भर चलने वाले कार्यक्रमों के तहत हर जिले में 6.5 लाख पौधे लगाने, खूनदान कैंप, मैराथन, साइकिल रैलियां और विशाल कीर्तन समागम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ड्रोण शो और गांवों में डाक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग के माध्यम से नई पीढ़ी में जागरूकता और आध्यात्मिक संदेश फैलाने का भी लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर पर्यटन विभाग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।

लुधियानाः जिले के ताजपुर रोड थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र शंकर पंडित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना विश्वकर्मा कॉलोनी गली नंबर-1 की है, जहां युवक ने अपने निवास स्थान पर फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक यहां काम के सिलसिले में रह रहा था। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों को सूचित करने और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच उभरता आर्थिक और रणनीतिक सहयोग केवल एक व्यापारिक समझौता नहीं है। यह हमारी सभ्यताओं, सशक्त लोकतांत्रिक परंपराओं और दूरदर्शी विकास यात्राओं के बीच विश्वास, साझेदारी और साझा भविष्य का सेतु है। यह समझौता हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला एक ऐतिहासिक अध्याय है। यूरोपीय संघ के 27 देशों का यह विशाल और समृद्ध बाजार विश्व के सर्वोच्च गुणवत्ता मानकों और क्रय-शक्ति के लिए जाना जाता है। इस ऐतिहासिक समझौते के माध्यम से अब हरियाणा और भारत के उत्पादों के लिए यूरोप के द्वार पूरी तरह खुल चुके हैं। हमारे उद्यमों, हमारे किसानों और हमारे युवाओं के लिए यह एक नया बाजार ही नहीं, बल्कि नए अवसरों का महासागर है। इसमें संभावनाओं की अनंत लहरें समाहित हैं। हमें इसका लाभ उठाना चाहिए।

किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए लिए गए बड़े फैसले प्रधानमंत्री ने अपने नए कार्यालय में पहले ही दिन किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम जनता के हित में चार बड़े फैसले लिए।देशवासियों की सेवा के अटूट संकल्प और ‘नागरिक देवो भव’ की पावन भावना को साथ लेकर, आज ‘सेवा तीर्थ’ को राष्ट्र को समर्पित करने का सौभाग्य मिला।
‘सेवा तीर्थ’ कर्तव्य, करुणा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के लिए हमारी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। मेरी कामना है कि यह आने वाली पीढ़ियों को… pic.twitter.com/YWYUuSHtsD — Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2026

उन्होंने बैठक को बीच में छोड़कर जाने के लिए भाजपा की आलोचना की और इस कदम को बेहद निंदनीय बताया। भाजपा इस मुद्देे को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है और राज्य के लोगों के हितों की रक्षा करने के बजाय सिर्फ राजनीति कर रही है।
भाजपा नेताओं को एहसास है कि केन्द्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान वापस लेना सही कदम नहीं है, लेकिन उनमें रुख स्पष्ट करने की हिम्मत नहीं है। रोप लगाया कि भाजपा कभी भी राज्य के लोगों के साथ खड़ी नहीं रही। 2023 की आपदा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की मांग का प्रस्ताव पारित किया गया लेकिन भाजपा सदस्यों ने सबसे पहले सदन से वॉकआउट कर लिया। प्रदेश की जनता भाजपा के हिमाचल विरोधी रवैये को देख रही है और उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। सरकारें आती-जाती रहेंगी, लेकिन लोगों के अधिकारों की रक्षा सबसे जरूरी है।

अमृतसरः जिले के गुरुनानक पुरा इलाके से जुड़ा एक मामला इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। आरोप है कि एक बाबा द्वारा फर्जी शादियां करवाई जा रही थीं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों की बेअदबी की गई। जानकारी के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही निहंग सिंह मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों को आदर-सत्कार सहित अपने साथ ले गए, ताकि किसी भी प्रकार की बेअदबी न हो सके।
मौके पर एक जोड़ा भी मौजूद था, जो विवाह के लिए पहुंचा था। निहंग सिंहों ने दोनों से पूछताछ की और वीडियो भी बनाई। युवक-युवती ने कहा कि वे अपनी मर्जी से शादी कर रहे हैं। युवती ने खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताया, जबकि युवक ने कहा कि वह पंजाब से है।
फिलहाल मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। अभी तक एसजीपीसी और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सभी की नजरें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
