Blog

  • Himachal News: नुक्कड़ नाटक द्वारा बताई गई किसानों को योजनाएं

    Himachal News: नुक्कड़ नाटक द्वारा बताई गई किसानों को योजनाएं

    ऊना /सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना जायका चरण – II के अंतर्गत खंड परियोजना प्रबंधक इकाई ऊना द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन उप परियोजना नकरोह में किया गया। इस शिविर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किसानों को जायका परियोजना के लाभों से अवगत कराया गया। कलाकारों ने नाटक और संगीत के जरिए विभाग द्वारा भविष्य में प्रदान किए जाने वाले लाभों की जानकारी भी किसानों को दी।

    कार्यक्रम के दौरान खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. गुलशन मनकोटिया और कृषि विशेषज्ञ मनीषा शर्मा, के.वी.ए. प्रधान श्री दीप कुमार जी व कृषक विकास संघ के सदस्य भी मौजूद रहे । किसानों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जानकारी देने पर जायका का आभार व्यक्त किया और परियोजना की सफलता में योगदान देने का आश्वासन  दिया।

  • Himachal News: थानाकलां स्कूल की छात्रा समीक्षा टॉपर

    Himachal News: थानाकलां स्कूल की छात्रा समीक्षा टॉपर

    500 में से 480 अंक लेकर चमकाया नाम 

    ऊना/ सुशील पंडित: बंगाणा क्षेत्र के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानाकलां की 12वीं कक्षा की छात्रा समीक्षा ने साईंस संकाय में 500 में से 480 अंक प्राप्त कर संस्थान व क्षेत्र का नाम चमकाया है। इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई है। समीक्षा मेधावी छात्रा है और कक्षा दसवीं में भी प्रदेश की टॉप-10 की श्रेणी में स्थान प्राप्त कर चुकी है। समीक्षा के सिर से पिता विपन कुमार साया उठ चुका है और माता सोना देवी थानाकलां अस्पताल में कार्यरत है। समीक्षा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी माता व गुरुजनों को दिया है।

    वहीं समीक्षा ने बताया कि भविष्य में कड़ी मेहनत कर  एमबीबीएस की डिग्री कर डॉक्टर बनना सपना है। जिसे वह पूरा करके रहेगी। समीक्षा के शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने पर विधायक विवेक कुमार शर्मा ने भी बधाई दी है और जिला परिषद पूर्व उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा ने भी समीक्षा के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

  • Punjab News: PUNBUS सुपरिंटेंडेंट 20,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार

    Punjab News: PUNBUS सुपरिंटेंडेंट 20,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार

    चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सेक्टर 17 चंडीगढ़ में डायरेक्टर स्टेट ट्रांसपोर्ट-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर पनबस के कार्यालय के सुपरिंटेंडेंट जगजीवन सिंह को 20,000 रुपये रिश्वत मांगने और लेते हुए गिरफ्तार किया है।

    मामले मे जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी सुपरिंटेंडेंट को एक निजी ट्रांसपोर्टर एवं अमृतसर जिले के गांव धारड़ के निवासी द्वारा दर्ज शिकायत के बाद गिरफ्तार किया है।

    शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त आरोपी ने विभाग के पास उसकी 2 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि जारी करने के बदले उससे प्रति बस 5,000 रुपये (कुल 20,000 रुपये) की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने के ठोस सबूत के रूप में आरोपी के साथ हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

    शिकायत के अनुसार यह रिफंड शिकायतकर्ता की चार बसों से संबंधित है, जो 2014 से 2020 के दौरान किलोमीटर स्कीम के तहत पनबस को किराए पर दी गई थीं। मई 2023 में आवश्यक दस्तावेज जमा कराने और डिपो मैनेजर, अमृतसर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के बावजूद उसकी फाइल को जानबूझकर तीन वर्षों तक बेवजह ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

    शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की फ्लाइंग टीम ने जाल बिछा आरोपी सुपरिंटेंडेंट को उसके कार्यालय के बाहर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ब्यूरो के थाना फ्लाइंग स्क्वाड-1, पंजाब में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    विजिलेंस इस मामले में उच्च अधिकारियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई है और नागरिकों से हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से भ्रष्टाचार की सूचना देने की अपील की है।

  • व्यापार मंडल का प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के लिए चलाई गई मुहिम का समर्थन: प्रिंस राजपूत

    व्यापार मंडल का प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के लिए चलाई गई मुहिम का समर्थन: प्रिंस राजपूत

    ऊना/सुशील पंडित: व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रिंस राजपूत की अध्यक्षता में ऊना नगर व्यापार मंडल की एक बैठक का आयोजन किया गया ।  इस बैठक में सर्वसम्मति से एक मत होकर निर्णय लिया गया के उना प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के लिए चलाई गई मुहिम का सभी दुकानदार भाई और व्यापार मंडल स्वागत करेंगे ।

    इस बैठक में शहर के प्रमुख दुकानदार भाइयों ने उपस्थित होकर व्यापार मंडल के इस निर्णय का स्वागत किया । व्यापार मंडल की समस्त टीम द्वारा शहर के प्रत्येक छोटे एवं बड़े दुकानदार भाई के लिए ऐसा आग्रह है के कोई भी दुकानदार बंधु अपना सामान सुनिश्चित हद तक लगाएं  ताकि सड़क पर चलने वालों को कोई परेशानी ना हो  ।

    बैठक में उपस्थित प्रधान प्रिंस राजपूत महासचिव रघु पुरी और उप प्रधान सोमनाथ कौशल, उप प्रधान नवीन पुरी, उप प्रधान नंदलाल पुरी, शिव आंगरा, प्रेस सचिव संजय शर्मा , दीप कपिल, हरि ओम पुरी, दीप आंगरा, अनुराग सांभर सहित अन्य दुकानदार मौजूद रहे

  • Punjab News: 2 ड्रग तस्करों के अवैध मकानों पर चला Bulldozer, देखें वीडियो

    Punjab News: 2 ड्रग तस्करों के अवैध मकानों पर चला Bulldozer, देखें वीडियो

    अमृतसरः नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जंडियाला थाने के अंतर्गत धार गांव में 2 नशा तस्करों द्वारा बनाए गए अवैध मकानों को गिराया गया। जानकारी देते हुए एसएसपी ग्रामीण मनिंदर सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के कई मामलों में संलिप्त जगप्रीत सिंह उर्फ ​​जग्गा और सतनाम सिंह उर्फ ​​सत्ता ने सरकारी तालाब पर अवैध कब्जा कर वहां मकान बना लिया था, जिसको गिरा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जग्गा के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के कई मामले दर्ज हैं, जबकि सत्ता के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज हैं। दोनों फिलहाल जेल में हैं।

    पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ सजा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे से अर्जित की गई किसी भी संपत्ति की भी जांच कर उसे कब्जे में लिया जाएगा। एसएसपी ने यह भी बताया कि यह 5वीं ऐसी कार्रवाई है जिसके तहत पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध संपत्ति को गिराया है।

    उन्होंने यह भी कहा कि युवा वर्ग अब नशे के खिलाफ जागरूक हो रहा है तथा नशा छोड़ने के लिए स्वयं ही नशा मुक्ति केन्द्रों में दाखिल हो रहे हैं, एक सामान्य बदलाव है। एसएसपी मनिंदर सिंह ने यह भी कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा अब तक आबकारी अधिनियम के तहत 50 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जो नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस की गंभीरता को दर्शाता है।

  • Punjab News: चंद मिनटों मेें चोर घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: चंद मिनटों मेें चोर घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार, देखें वीडियो

    मोगाः जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोर बेखोफ होकर दिन दहाड़े चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं जैसे उन्हें पुलिस का कोई डर ही न हो। ताजा मामला मोगा के जीटी रोड के पास पुरानी सीआई स्टाफ की गली से सामने आया है, जहां चोर घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल 10 मिनट में चुराकर ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते हुए गुरजंट सिंह ने बताया कि वह मोगा जीटी रोड के पास पुरानी सीआई स्टाफ की गली में रहता है और वह अपने पिता की दवाई लेकर घर आया था और उसने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की ओर जब वह 10-15 मिनट बाद वापिस काम पर जाने के लिए घर के बाहर आया तो उसका किसी ने मोटरसाइकिल उठा लिया। वही जब आस पास के सीसीटीवी कैमरे देखे तो एक युवक गली में चक्कर लगाता रहा और फिर मोटरसाइकिल चोरी करके ले गया। पीड़ित ने पुलिस को इसकी शिकायत दे दी है।

  • Punjab News: पुलिस पार्टी और शराब के ठेकेदारों की घर पर रेड, पेटियां बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस पार्टी और शराब के ठेकेदारों की घर पर रेड, पेटियां बरामद, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः बटाला के नजदीक कुतबी नंगल इलाके में कुछ दिन पहले सतिंदर सिंह के घर पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान 340 पेटियां अवैध शराब बरामद की गई थीं। इसके बाद बीती रात फिर उसी घर में पुलिस पार्टी और शराब के ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा रेड की गई, जिसमें 10 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि शराब ठेकेदार के कर्मचारी और पुलिस पार्टी गैरकानूनी तौर पर उन्हें परेशान कर रहे हैं।

    गांव में ही दूध की डेयरी के साथ-साथ किराना की दुकान भी है, जो भी ग्राहक सामान लेकर जाते हैं, उन्हें रास्ते में रोक-रोक कर तलाशी लेते हैं और उन्हें फोन करके धमकियां भी देते हैं। पहले भी उसकी तरफ से इन्हीं से शराब खरीदी जाती थी, जो अवैध शराब बीते दिनों पकड़ी गई थी। वह भी 31 मार्च से पहले इन्हीं से सस्ती कीमत पर ली गई थी। इन्हीं लोगों ने खुद रेड करवा कर उन्हें फंसाया और अब पैसे के लिए गैरकानूनी तरीके से हमें परेशान कर रहे हैं। कर्मचारियों ने गैरकानूनी ढंग से घर के अंदर घुसकर हमें एक अलग कमरे में बंद कर दिया, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी ले गए।

    जब शराब ठेकेदार के जनरल मैनेजर सुखराज सिंह गिल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सतिंदर सिंह कुटंबि नंगल की ओर से लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। कुछ दिन पहले भी उनके घर से 340 पेटियां अवैध शराब बरामद हुई थीं। जिसका मामला सिविल लाइन बटाला में दर्ज है। और बीती रात फिर सतिंदर सिंह के घर रेड की गई, जिसमें 10 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। इसकी जांच पुलिस के अधीन है। जहां तक गैरकानूनी तरीके से रेड करने का सवाल है तो पुलिस हमारे साथ मौजूद थी, हमने किसी भी तरह से घर में गैरकानूनी रेड नहीं की।

  • Punjab News: तस्कर की गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने दी धमकी, लोगों में रोष, देखें वीडियो

    Punjab News: तस्कर की गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने दी धमकी, लोगों में रोष, देखें वीडियो

    होशियारपुरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत अब लोग भी जागरूक होने लगे है। जिसके चलते अब लोग पुलिस को इलाके में नशे की सूचना देकर आरोपियों को गिरफ्तार करवा रहे है। वहीं तस्कर की गिरफ्तारी के दौरान आरोपी द्वारा धमकियां देने का मामला सामने आया है। नशे के मामले में धमकियां देने के आरोप में आज सरपंच सेवा सिंह की अगुवाई में एसपी डी डॉ. मुकेश कुमार से मुलाकात की गई। दरअसल, बीते दिन थाना बुलोवाल पुलिस ने गांव सीकरी के रहने वाले बचित्तर सिंह को 270 ग्राम नशीले पाउडर सहित गिरफ्तार किया गया था।

    ऐसे में अब कहा जा रहा है कि आरोपी द्वारा व्यक्ति को धमकियां दी जा रही है। जिसको लेकर सरपंच की अगुवाई में लोगों ने एसपी से मुलाकात की। मीडिया से बातचीत के दौरान गांव के सरपंच सेवा सिंह, अमरीक सिंह और अन्य गांववालों ने बताया कि गांव का ही एक युवक गांव में नशा बेचने का काम करता है। जब गांववाले उसे रोकने की कोशिश करते हैं तो वह युवक गांववालों को मारने की धमकियां देता है। उन्होंने बताया कि गांववालों ने उक्त युवक की बीते दिन पुलिस को शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे नशे सहित गिरफ्तार भी कर लिया था।

    इस मौके पर अमरीक सिंह ने बताया कि उक्त युवक बचित्तर सिंह गांव में अपनी फौकी दबंगई दिखा रहा है। आरोप है कि जब भी कोई उसका विरोध करता था तो वह विरोध करने वाले को गोली मारने की धमकी देता था। अमरीक सिंह ने बताया कि जब उसने भी बचित्तर सिंह का विरोध किया तो बचित्तर ने फोन पर उसके भाई को जान से मारने की धमकियां दीं। इस मौके पर गांववालों ने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि उक्त युवक के खिलाफ और भी मामले दर्ज कर के सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

  • Salman Khan की बिल्डिंग में जबरन घुसने की कोशिश, 2 गिरफ्तार

    Salman Khan की बिल्डिंग में जबरन घुसने की कोशिश, 2 गिरफ्तार

    मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर में जबरन घुसने की कोशिश करने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां सोमवार और मंगलवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में की गईं। हालांकि मंगलवार की सुबह हुई पहली घटना में, एक अज्ञात व्यक्ति को बांद्रा के गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास घूमते देखा गया, जहां सलमान और उनके माता-पिता रहते हैं। सुरक्षा गार्ड ने उस व्यक्ति से कहा कि वह परिसर से बाहर चला जाए।

    उसे अंदर न जाने देने से नाराज़ होकर उस व्यक्ति ने अपना मोबाइल फ़ोन ज़मीन पर फेंक दिया और उसे तोड़ दिया।बाद में उसी दिन शाम 7:15 बजे वही व्यक्ति गैलेक्सी अपार्टमेंट के मुख्य द्वार पर वापस आया और किसी तरह एक निवासी की चार पहिया गाड़ी के पीछे छिपकर गेट से अंदर घुस गया। पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा गार्ड कमलेश मिश्रा ने तुरंत उसे पकड़ लिया और बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया।

    सोमवार को एक अन्य घटना में एक महिला को अभिनेता के घर में जबरन घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। बांद्रा पुलिस के अनुसार, महिला बैंडस्टैंड स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के गेट पर आई थी और अभिनेता से मिलना चाहती थी। जब उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, तो उसने जबरन घुसने की कोशिश की, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

    बांद्रा पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “पुलिस ने दोनों आरोपियों को जबरन घुसने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और उनके कृत्य के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।” पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने खुद को छत्तीसगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार हरदयाल सिंह (23) बताया। वह व्यक्ति सलमान से मिलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अभिनेता के घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद वह चुपके से अंदर घुसने की कोशिश करने लगा।

     

  • Vaishnavi Hagawane Suicide Case मामला, नेता के परिवार के 3 सदस्य गिरफ्तार

    Vaishnavi Hagawane Suicide Case मामला, नेता के परिवार के 3 सदस्य गिरफ्तार

    पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने अपने एक स्थानीय नेता और उनके बेटे का नाम दहेज उत्पीड़न एवं आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में सामने आने के बाद उन्हें पार्टी से निकाल दिया है। वीरवार को पार्टी ने यह जानकारी दी। राकांपा के पुणे जिला प्रमुख शिवाजी गर्जे ने एक बयान में कहा कि राजेंद्र हगवणे और उनका बेटा सुशील दोनों फरार हैं। उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि उन्होंने पुलिस से कहा है कि अगर आवश्यक हो तो पिता-पुत्र की जोड़ी को पकड़ने के लिए अतिरिक्त टीम तैनात की जाएं।

    वहीं दूसरी ओर नेता राजेंद्र हगवणे की बहू वैष्णवी के आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने एनसीपी नेता के बेटे, पत्नी और बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना 16 मई को भुक्रम क्षेत्र स्थित ससुराल में हुई थी, जहां वैष्णवी फांसी पर लटकी मिली थी। बवधन पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में वैष्णवी के पिता अनिल साहेबराव कासपाटे (51) ने आरोप लगाया है कि शादी के समय उन्होंने अपनी बेटी को 510 ग्राम सोना, चांदी और एक फॉर्च्यूनर एसयूवी दहेज में दी थी। बावजूद इसके, वैष्णवी के ससुरालवाले उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहे थे कि वह 2 करोड़ रुपये और लाकर दे, जिससे वे संपत्ति खरीद सकें।

    एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि वैष्णवी के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या मान रहे हैं। उनका आरोप है कि यह घटना एक सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई है। पुलिस ने वैष्णवी के पति शशांक हगवणे, सास लता हगवणे और ननद करिश्मा हगवणे को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एनसीपी नेता और ससुर राजेंद्र हगवणे तथा देवर सुशील हगवणे फरार हैं। बवधन पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

    पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, मौत का कारण फांसी है। लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए हम सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामला केवल आत्महत्या का नहीं हो सकता, इसलिए हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। यह मामला सामने आने के बाद न केवल पिंपरी-चिंचवड़ बल्कि पूरे महाराष्ट्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एक राष्ट्रीय पार्टी से जुड़े नेता के परिवार का नाम सामने आना, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।