Home Blog Page 8402

पंजाबः सरकार के दावों की खुली पोल, जेल में नशा लेते कैदियो की वीडियो हुई वायरल 

अमृतसरः पंजाब की जेलों में कैदियों के नशा लेने के मामले सामने आ रहे है। वही अमृतसर की जेल में नशा लेने की एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इस वायरल वीडियो से सरकार दावों की पोल खुलती दिखाई दे रही है। यह वीडियो केंद्रीय सुधार गृह (जेल) का है। जहां झुंड में बैठ कैदी नशा लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जेल के किसी भी अधिकारी ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया है। जेल के अंदर से नशे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार यह वीडियो किसी और ने नहीं, कुछ दिन पहले जेल में ही समय बिता कर आए एक हवालाती का है।

वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग झुंड बनाकर आराम से पन्नी का प्रयोग कर नशा ले रहे हैं। बीते कुछ समय में जेल के अंदर काफी अधिक सख्ती की गई, लेकिन इसके बावजूद जेल में नशे व मोबाइल की तस्करी का नेटवर्क तोड़ने में सरकार नाकामयाब साबित हो रही है। हैरानी की बात है कि सख्ती के बावजूद जेल में नशा बिकता है और कैदी नशा लेते भी हैं। कुछ लोग नहीं, काफी बड़ी गिनती में कैदी व हवालातियों तक नशा पहुंचता है। बीते समय में नशे व मोबाइल की तस्करी को रोकने के लिए सीआरपीएफ व अर्ध सैनिक बल भी जेलों में तैनात किए गए थे। लेकिन अभी तक इन दोनों पर शिकंजा कसने में पंजाब सरकार नाकामयाब रही है।

पंजाबः नशे की ओवरडोज से दो भाईयों की मौत

अमृतसरः पंजाब में नशे की ओवरडोज से कई नौजवानों की मौत के मामले सामने आ चुके है। आए दिन नशे के कारण युवक की मौत हो रही है। वहीं आज जिले में नशे ने दो भाइयों की जान ले ली। जिसमें एक नशे के साथ पकड़ा गया था और जेल में बंद था। वहीं दूसरे भाई ने गम में नशे की ओवरडोज ले ली। दोनों भाइयों की मौत एक ही दिन में तकरीबन 5 घंटे के अंतराल में हुई।

यह घटना हल्के पूर्वी के अंतर्गत आते कटड़ा बघियां की है। दोनों भाई नशे के आदी थे। बड़ा भाई हरगुन नशा बेचता भी था। जिसके चलते पुलिस ने कुछ दिन पहले ही उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस मामले में जेल भेज दिया था। जेल में उसकी हालत खराब हो गई। जेल से उसे गुरु नानक देव अस्पताल दाखिल करवाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने इसकी जानकारी परिवार को दे दी। बड़े बेटे के जाने का गम अभी परिवार झेल रहा था। तभी छोटे बेटे कालू की भी मौत की खबर घर पहुंच गई।

भाई की मौत की खबर सुन कालू बेचैन हो गया और चाली खूह की तरफ नशे का इंजेक्शन लगाने चला गया। वहीं उसने ओवरडोज ले ली और बेसुध हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पड़ोसी मनीष महाजन ने बताया कि पीड़ित परिवार काफी अच्छा था। दोनों बेटों को बड़े होते उन्होंने देखा, लेकिन दोनों को नशे की आदत लग गई। यही उनके परिवार के दुखों का कारण बन गया। एक की मौत एनडीपीएस एक्ट में पकड़े जाने के बाद जेल में हो गई और दूसरे की नशे की ओवरडोज के कारण हो गई। एक ही दिन में दो मौतों के बाद परिवार संभल नहीं पा रहा।

पंजाबः नशे की ओवरडोज ने इकलौते 26 साल के युवक की मौत

तरनतारन: पंजाब में नशे की ओवरडोज से आए दिन जवान युवकों की मौत के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज फिर एक नौजवान युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई है। यह मामला तरनतारन के मरहाना गांव से सामने आया है। जहां नशे की ओवरडोज के कारण 26 साल के सिकंदरजीत की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक वह माता-पिता का इकलौता बेटा था।

उसके पिता निर्मल सिंह का कुछ साल पहले निधन हो गया था। वहीं सिकंदरजीत के परिवार के सदस्यों ने कहा कि रविवार रात को ड्रग ओवरडोज के कारण उसे दिल का दौरा पड़ा जिसके कारण उसका निधन हुआ। वहीं अपने इकलौते बेटे की मौत पर बेसुद्ध हुई मां ने कहा कि बुरी संगत ने ही उसके बेटे को सत्म किया है। गौर हो कि सरकार एक तरफ नशे के खिलाफ कार्रवाई के दावा कर रही है लेकिन दूसरी ओर राज्य में रोजाना नशे के कारण युवा अपनी जान गवां रहे हैं। 

पंजाबः राज्यपाल की बड़ी कार्रवाई, Agricultural University के वाइस चांसलर को हटाया, देखें पत्र

चंडीगढ़: पंजाब सरकार के खिलाफ राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर को पद से हटाया दिया है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति असंवैधानिक तरीके से की गई थी, जिस वजह से यह कार्रवाई की गई है। राज्यपाल पुरोहित ने इस सबंधी एक पत्र भी जारी किया है।

बता दें कि बनवारीलाल पुरोहित ने सीएम भगवंत मान से लुधियाना पीएयू के वीसी सतबीर गोसल को हटाने के लिए कहा था, क्योंकि उन्हें उनकी मंजूरी के बिना नियुक्त किया गया था और यूजीसी के मानदंडों का पालन करते हुए, नियुक्ति को “अवैध और स्वीकार नहीं किया जा सकता”।  सरकार से नए वीसी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने को भी कह दिया है।

दिवाली से पहले किसानों को सरकार का बड़ा तोहफा, गेंहू और सरसों पर बढ़ाई एमएसपी 

नई दिल्लीः सरकार ने मंगलवार को मौजूदा फसल विपणन वर्ष के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को 110 रुपये बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला किया। इसके साथ ही सरसों का एमएसपी 400 रुपये बढ़ाकर 5,450 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। एक बयान में कहा गया कि किसानों के उत्पादन और आय को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल की समिति (सीसीईए) की बैठक में एमएसपी बढ़ाने का फैसला किया गया।

एमएसपी वह दर है, जिस पर सरकार किसानों से कृषि उपज खरीदती है। इस समय सरकार खरीफ और रबी, दोनों सत्रों में उगाई जाने वाली 23 फसलों के लिए एमएसपी तय करती है। रबी (सर्दियों) फसलों की बुवाई, खरीफ (गर्मी) फसलों की कटाई के बाद अक्तूबर में शुरू होती है। गेहूं और सरसों रबी की प्रमुख फसलें हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सीसीईए ने फसल वर्ष 2022-23 (जुलाई-जून) और विपणन सत्र 2023-24 में छह रबी फसलों के लिए एमएसपी में वृद्धि को मंजूरी दी है। फसल वर्ष 2022-23 के लिए गेहूं का एमएसपी 110 रुपये बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जो फसल वर्ष 2021-22 में 2,015 रुपये प्रति क्विंटल था। बयान में कहा गया है कि गेहूं की उत्पादन लागत 1,065 रुपये प्रति क्विंटल रहने का अनुमान है।

पंजाबः एडवोकेट के घर NIA की रेड, भड़के वकीलों ने बंद किया काम, लिखी चिट्ठी

0

चंडीगढ़ः गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गैंग द्वारा चलाई जा रही कबड्डी अकादमी के साथ जुड़े बठिंडा के 3 खिलाड़ियों के घरों में एनआईए की टीम ने आज सुबह रेड की। एनआईए की रेड के बारे में एसएसपी जे एलेंचेलियन ने पुष्टि कर दी है। वहीं गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, मोहाली आरपीजी हमले के आरोपियों की एडवोकेट शैली शर्मा के चंडीगढ़ निवास पर भी एनआईए टीम ने सुबह दबिश दी। टीम ने उनका घर तीन घंटे खंगाला। जाते समय टीम उनके दो मोबाइल भी ले गई। इसके बाद सूचना जिला बार एसोसिएशन को दी गई। एडवोकेट पर छापे के बाद जिला बार एसोसिएशन ने काम बंद कर दिया है। इसके अलावा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी काम रोक दिया है। 

आज एनआईए की ओर से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित 40 जगहों पर यह रेड की जा रही है। वहीं एनआईए की टीम द्वारा चंडीगढ़ में वकील के आवास पर भी रेड को लेकर बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने सख्त निंदा की है। इस संबंध में उन्होंने एनआईए डायरेक्टर को पत्र भी लिखा है। बार काउंसिल ने पत्र में कहा कि जांच एजेंसियों से निष्पक्ष और संवैधानिक मानदंडों के अनुरूप काम करने की उम्मीद की जाती है, लेकिन एक प्रमुख एजेंसी द्वारा आधारहीन आधार पर की जा रही ऐसी छापेमारी इस तरह की ‘पुलिस ज्यादतियों’ को दर्शाती है। जिस आधार और तरीके से ये छापे मारे गए, वह विशेष रूप से पूरे वकीलों के समुदाय और सामान्य रूप से वादियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पत्र में लिखा है कि एनआईए इस तरीके से किसी वकील के आवास एवं कानूनी कार्यालय पर छापेमारी नहीं कर सकती है। परिषद आपसे अनुरोध करती है कि इस तरह के कार्यों की तुरंत निगरानी करें।

जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम मंगलवार सुबह भागू रोड की दस नंबर गली में बने एक मकान में रेड करने पहुंची लेकिन टीम को वहां से कुछ नहीं मिला। इसके बाद टीम ने गांव कराड़वाला में छापामारी की। वहां पर भी एनआईए के हाथ कोई सुराग नहीं मिला। लेकिन दोनों जगहों के युवक कबड्डी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। इसके बाद एनआईए की टीम ने गांव जांडियां में कबड्डी कोच जग्गा जांडियां के घर दबिश दी। सूत्रों ने बताया कि जग्गा टीम के हाथ नहीं लगा। जग्गा गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की कबड्डी अकादमी से जुड़ा है। कुछ माह पहले कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की हत्या कर दी गई थी। सूत्रों के अनुसार, उस समय आरोपी जग्गा को मारने आए थे लेकिन जग्गा नहीं मिला तो उन्होंने संदीप की हत्या कर दी। आरोपी जग्गू भगवानपुरिया गुट के विरोधी बताए जा रहे हैं।

BCCI के 36वें अध्यक्ष बने रोजर बिन्नी, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की ली जगह

मुंबईः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी को मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का 36वां अध्यक्ष बनाया गया। मुंबई में बीसीसीआई एजीएम में उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई। बिन्नी ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जगह ली है। 67 वर्षीय बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। पदाधिकारियों के अगले समूह का चुनाव केवल एक औपचारिकता थी, क्योंकि सभी का निर्विरोध चुना जाना तय था। बिन्नी अपने हालिया कार्यकाल में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष थे और अब राज्य निकाय में अपना पद छोड़ देंगे।

मध्यम तेज गेंदबाज 1983 में भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत के हीरो हैं। मध्यम गति के गेंदबाज रहे बिन्नी ने 1983 के विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने तब आठ मैचों में 18 विकेट लिए थे जो उस टूर्नामेंट का रिकॉर्ड था। बेंगलुरु के रहने वाले 67 वर्षीय बिन्नी पद के लिए नामांकन भरने वाले अब तक एकमात्र उम्मीदवार थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए बीसीसीआई सचिव बने।शाह के इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बोर्ड में भी गांगुली की जगह भारतीय प्रतिनिधि बनने की उम्मीद है।

बिन्नी अतीत में संदीप पाटिल की अध्यक्षता वाली सीनियर चयन समिति के सदस्य रह चुके हैं। जब भी भारतीय टीम में चयन के लिए उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी के नाम पर चर्चा होती थी तो वह खुद को इससे अलग कर लेते थे। बीसीसीआई के कहा,‘‘ रोजर एक अच्छे इंसान हैं जिन्होंने भारत की तरफ से खेलते हुए देश का मान बढ़ाया। वह विश्व कप के नायक हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी है। लोढा समिति ने जब हितों के टकराव की बात कही थी तो उन्होंने चयन समिति से इस्तीफा दे दिया था।’’ 

पंजाबः ट्रक और स्कूटरी की टक्कर, हादसे में स्कूल जा रहे 4 साल के मासूम की मौत

0

श्री मुक्तसर साहिब: श्री मुक्तसर साहिब रोड स्थित रेलवे फाटक पर दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। फाटक बंद करने पर ट्रैफिक और आसपास के ट्रक के कारण पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी हैं। वहीं आज इसी फाटक पर हुए हादसे में माता-पिता के इकलौते 4 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार श्री मुक्तसर साहिब के लिटल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल के नर्सरी कक्षा के छात्र अवलदीप सिंह को उनके दादा शीतल सिंह उसे अपनी स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे।

फाटक खुलने उपरांत बाद जब उन्होंने फाटक पार किया तो सामने से आ रहे ट्रक नंबर पीबी 04ए डी 0112 की चपेट में आ गए। इस दौरान अवलदीप स्कूटी से नीचे गिर गया और उसका सिर ट्रक के टायर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर के इकलौते बेटे की मौत की खबर सुन मां का रो-रो कर बुरा हाल है और मां का विलाप सुना नहीं जा रहा है, वहीं पोते के पार्थिव शरीर को गोद में लिए दादी भी भगवान को कोस रही थी। 

जालंधरः अब सड़क पर थूकने पर भी लगेगा जुर्माना, निगम कमिश्नर ने जारी किए आदेश

जालंधर/वरुण : महानगर में नगर निगम कमिश्नर ने शहर में कूड़े फेंकने से सड़क पर थूकने तक के आदेश जारी कर दिए है। पंजाब सरकार के आदेश पर लुधियाना निगम में कूड़े के चालान को लेकर जारी आदेश को अब जालंधर निगम दायरे में भी लागू करने का आदेश जारी कर दिया है। निगम के हैल्थ ब्रांच की रिव्यू मीटिंग में कमिश्नर ने कहा कि कूड़ा फेंकने वाले और प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों का चालान किया जाए।

निगम स्टोर के सुपरिटेंडेंट को आदेश दिया गया कि वो इसके लिए स्पैशल चालान बुक जारी करें। इतना ही नहीं हैल्थ ब्रांच से कहा गया कि वो शहर के बल्क वेस्ट जनरेटर की कमिश्नर से मीटिंग करायें। इसके साथ ही कमिश्नर ने जोन दफ्तर में सफ़ाई सेवक के लिए अच्छी व्यवस्था और एमआरएफ सेंटर पर सभी सुविधा मुहैया कराने का आदेश दिया।

किस गलती पर कितना लगेगा जुर्माना

-घरों में गीले-सूखे कूड़े अलग-अलग न करना पर 250 रुपए।
-विवाह समारोह, त्यौहार, पार्टी, मेला, धरनों में कूड़े को अलग न करने पर 5 हजार रुपए।
-क्लब, सिनेमा हॉल, कम्युनिटी हॉल, मल्टीप्लैक्स में कूड़ा अलग-अलग न करने पर 5 हजार रुपए।
-अन्य सभी रिहायशी संस्थानों में गीला और सूखा कूड़ा-अलग न करने पर 1 हजार रुपए।
-सड़क, गलियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने पर 1हजार रुपए। 
-किसी भी खुले स्थान पर कूड़ा इकट्ठा करना या खाली प्लाटों में फेंकने पर 1 हजार रुपए।
-होटल, रैस्टोरैंट, ढाबा मालिकों को सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने पर 2 हजार रुपए।
-औद्योगिक संस्थानों का खतरनाक कूड़ा खुले में फेंकने पर 5 हजार रुपए।
-शिक्षण संस्थाओं का खुले में कूड़ा फेंकने पर 2 हजार रुपए।
-स्वास्थ्य संस्थाओं का खुले में कूड़ा गिराने पर 5 हजार रुपए।
-स्वीट शॉप्स का कूड़ा खुले में गिराने पर 2 हजार रुपए।
-चाट, फास्ट फूड, आइसक्रीम, गन्ने का रस, जूस, सब्जी-फल विक्रेताओं का खुले में कूड़ा फेंकने पर 1 हजार रुपए।
-गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन न रखने पर 500 रुपए।
-वाहनों में से सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा फेंकना या थूकने पर 250 रुपए।
-सार्वजनिक स्थल पर गोबर इकट्ठा करने पर 5 हजार रुपए।
-सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे, गलियों में मलबा इकट्ठा करके रखने पर 2 हजार रुपए।
-कूड़े को नहर, नालों, दरिया और पानी जमा करने की जगह पर फैंकने पर 5 हजार रुपए।
-मृत पशुओं, पंछियों के खून, हड्डियां, पंख, चमड़ी, अंडे के छिलके सार्वजनिक स्थल पर फेंकने पर 2 हजार रुपए। 
-पालतू पशु जैसे गाय, भैंस, कुत्ता, सूअर का मल सार्वजनिक स्थान कर फेंकना : 1 हजार रुपए।
-रेहड़ी फड़ी और फेरी लगाने वाले के पास डस्टबिन न होने पर 750 रुपए
-फल-सब्जियों को सार्वजनिक स्थानों पर फैंकने पर 1500 रुपए।
-सैलून, पार्लर का कूड़ा खुले में फेंकने पर 1 हजार रुपए।
-अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, मैडिकल स्टोर, लैबोरेट्री का कूड़ा खुले में फैंकना 2 हजार रुपए।
– खुले में शौच करने पर 500 रुपए।

पॉलिथीन और प्लास्टिक वेस्ट बरामदगी पर

-100 ग्राम तक 2 हजार रुपए।
-101 ग्राम से 500 ग्राम 3 हजार रुपए।
-101 ग्राम से 500 ग्राम 3 हजार रुपए।
-501 ग्राम से 1 किलोग्राम 5 हजार रुपए।
– 561 ग्राम से 1 किलोग्राम 5 हजार रुपए।
-1 किलोग्राम से 5 किलोग्राम 10 हजार रुपए।
-5 किलोग्राम से अधिक 20 हजार रुपए।
-कूड़े को आग लगाना 5 हजार रुपए।

केदारनाथ में हेलिकॉप्टर क्रैश होने से पायलट समेत 6 की मौत

केदारनाथः उत्तराखंड में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। केदारनाथ में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। ये हादसा केदारनाथ से 2 किमी दूर गरुड़चट्टी में हुआ। खराब मौसम को हेलिकॉप्टर क्रैश की एक वजह माना जा रहा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। ये हेलिकॉप्टर आर्यन कंपनी का था। हेलिकॉप्टर ने गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। केदारघाटी की तरफ जब ये हेलिकॉप्टर आगे बढ़ा, तब गरुड़चट्टी में ये क्रैश हो गया है। जमीन पर गिरने के साथ ही हेलिकॉप्टर आग की चपेट में आ गया। हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई।

खराब मौसम हो सकता है हादसे की वजह

केदारनाथ से एक चश्मदीद ने बताया कि यहां बारिश बहुत तेज हो रही थी। मौसम सिर्फ 15 मिनट में अचानक से खराब हो गया। इसके बाद हमारी उड़ान भी रोक दी गई। हमसे कहा गया है कि एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। अभी उड़ान रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि इस हेलिकॉप्टर में भी यात्री ही सवार थे। ये हादसा ऐसे वक्त पर हुआ, जब 21-22 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ और बद्रीनाथ का दौरा करेंगे। पीएम मोदी 21 अक्टूबर को केदारनाथ का दौरा करेंगे। वे केदारनाथ पहुंचकर वहां चल रही विकास परियोजनाओं का जायजा लेंगे। बाबा केदार के दर्शन करने के बाद पीएम मोदी बद्रीनाथ का भी दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 21 अक्टूबर को केदारनाथ दर्शन करने के बाद रात वहीं रुकेंगे। इसके बाद अगले दिन यानी 22 अक्टूबर को वो बद्रीनाथ के दर्शन करेंगे।