Blog

  • Punjab News: पत्थर से हमला कर किया नौजवान का कत्ल, 2 पर केस दर्ज

    Punjab News: पत्थर से हमला कर किया नौजवान का कत्ल, 2 पर केस दर्ज

    लुधियानाः जिले में शेरपुर चौक के पास एक व्यक्ति का कत्ल कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार नौजवान के चेहरे पर पत्थर से हमला किया गया है। मृतक का चेहरा बुरी तरह से खराब हो चुका है। घटना की सूचना मिलने पर थाना 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक पुलिस को 26 मई को सूचना मिली थी कि NPC ट्रांसपोर्ट के पास खाली प्लॉट में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

    पड़ताल के दौरान सामने आया कि मृतक शराब के नशे में था और शेरपुर चौक के पास देसी और अंग्रेजी शराब के ठेके के नजदीक बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी संदीप श्रीवास्तव और इशाक अली, जो खुद भी शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं, ठेके से शराब लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवक अज्ञात व्यक्ति को सहारा देकर पास के खाली प्लॉट में ले गए।

    वहां दोनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसके चेहरे व सिर पर बार-बार पत्थरों से वार किए। गंभीर हालत में युवक को प्लॉट में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में संदीप श्रीवास्तव निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश और इशाक अली निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • शेयर बाजार में आई गिरावट, मिडिल ईस्ट पर निवेशकों की नजर

    शेयर बाजार में आई गिरावट, मिडिल ईस्ट पर निवेशकों की नजर

    नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिल रही है। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी लाल निशान पर खुले। निफ्टी 50 37 अंक या 0.15% गिरकर 23,877 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 109 अंक या 0.14% गिरकर 75,900 पर खुला। हालांकि, निवेशकों का रुख सतर्क रहने की संभावना है, क्योंकि अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत से मिल रहे मिले-जुले संकेत, और साथ ही ईरान पर अमेरिका के हालिया हमलों के कारण, वैश्विक वित्तीय बाजारों में भू-राजनीतिक जोखिम ऊंचा बना हुआ है।

    बता दें एशियाई बाजारों में तेजी रही, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार रातोंरात मिश्रित रूप से बंद हुए, एसएंडपी 500 और नैस्डैक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर के मुताबिक सेंसेक्स को 76,600–76,700 के स्तर के आसपास रेजिस्टेंस महसूस हुई और ऊपर से मुनाफावसूली हुई। इससे मंगलवार को यह दिन के निचले स्तर के पास बंद हुआ।

    अब तुरंत सपोर्ट 75,400–75,700 पर है, जबकि ऊपरी रुकावट 76,700–77,000 पर है। जब तक यह 75,400–75,700 के सपोर्ट के ऊपर बना रहता है, बाजार की चाल स्थिर और सावधानी के साथ सकारात्मक बनी रह सकती है। निफ्टी 50 ने डेली चार्ट पर मंदी का संकेत बनाया है और 24,000 के ऊपर निकलने के बाद भी खरीदारी जारी नहीं रही, जो सतर्क रुख दर्शाता है। इसके लिए 23,850–23,875 (20-दिन का औसत) पर मजबूत सपोर्ट है और ऊपर 24,100 पर तुरंत अड़चन है। इसके पार जाने पर यह 24,200–24,250 तक जा सकता है, जबकि 23,850 से नीचे फिसलने पर 23,700–23,600 की ओर गिरावट संभव है।

  • Jalandhar News: Flyover पर ट्रक और कार में हुई भीषण टक्कर, गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Flyover पर ट्रक और कार में हुई भीषण टक्कर, गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: लम्मा पिंड फ्लाईओवर पर मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कार आगे चल रहे ट्रक के नीचे जा घुसी। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार में सवार लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायल लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार कार सवार लोग रामा मंडी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं ट्रक हिमाचल प्रदेश से लुधियाना की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा लम्मा पिंड फ्लाईओवर उतरते ही हुआ।

    कार चालक का कहना है कि ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके कारण कार सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी। वहीं ट्रक चालक का कहना है कि उनका ट्रक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में बंद हो गया था। मजबूरी में उन्हें ट्रक सड़क किनारे रोकना पड़ा। वहीं मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान कार चालक संतुलन खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर ज्यादातर हादसे लापरवाही के कारण होते हैं, ऐसे में चालकों को नियमों का पालन करना चाहिए।

  • Jalandhar News : कार सवार युवक पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार, हालत नाज़ुक, देखें वीडियो 

    Jalandhar News : कार सवार युवक पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार, हालत नाज़ुक, देखें वीडियो 

    घटनास्थल से 2 खोल और मोबाइल बरामद

    जालंधर, ENS: शहर के सुची पिंड इलाके में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने कार चालक पर चार रौंद गोलियाँ चला दी। गोली कार चालक की गर्दन को छू कर निकली और कार चालक लद्देवाली का रहने वाला अनमोल गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे ईलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए अमृतसर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। गोली चलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को दो खोल और एक मोबाइल बरामद हुआ। घायल अनमोल की मां बलजीत कौर ने बताया कि बेटे की इलाके में कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश थी और वह कुछ दिनों से बेटे की रेकी कर रहे थे। जिसके चलते बेटे ने जिम का समय शाम 6 बजे की जगह 9 बजे का कर लिया था और वह रात दस बजे करीब कार में सवार होकर जिम से घर लौट रहा था, जब वह सुची पिंड के पास पहुंचा तो दो बाइक सवार युवकों ने उस पर पिस्तौल से गोलियाँ चला दी। गोलियाँ चलने से इलाके में हड़कंप मच गया और वह आरोपी मौके से भाग गए। परिवार ने कहा कि सूची पिंड में कुछ समय पहले मनदीप का मर्डर हुआ था और उस केस में बल्ली ने उसके बेटे पर झूठा केस दर्ज करवाया था। उसने आरोप लगाते कि बेटे घर लौट रहा था तो बल्ली, बब्बू, मुकेश और गोली सहित अन्य अज्ञात नौजवानों ने बेटे की गाड़ी का पीछा किया और उसे घेरकर उस पर फायरिंग कर दी। घटना में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं गोली चलने की सूचना मिलते ही ज्वाइंट कमिश्नर संदीप शर्मा और डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। ज्वाइंट कमिश्नर संदीप शर्मा द्वारा पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उनका कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं घटनास्थल पर पहुंची एसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि उनकी टीम को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गोली चली है, जिसके बाद वह टीम सहित मौके पर पहुँची हैं और प्राथमिक जाँच में पता चला कि पुरानी रंजिश के तहत गोली चली गई है। वह परिवार के बयानों पर बनती कार्रवाई करेंगे।
  • आज का राशिफल, 27 मई 2026

    आज का राशिफल, 27 मई 2026

    आज ब्रह्मांड में ग्रहों की अनूठी और शक्तिशाली स्थिति बन रही है। दिन की शुरुआत में चंद्रदेव का गोचर कन्या राशि में होगा उपरांत चंद्रमा तुला राशि में प्रवेश करेंगे। जबकि आज राहु का गोचर कुंभ राशि में और शनि का गोचर मीन राशि में होगा। साथ ही आज सूर्य और बुध की युति भी बन रही है जिससे बुधादित्य योग का संयोग बनेगा। इन स्थितियों में आज का दिन मेष से लेकर मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा।

    मेष राशि: शुक्रदेव आपके नेटवर्क को मजबूत करेंगे। चंद्रदेव आज कन्या राशि में आपके छठे भाव से यात्रा शुरू करेंगे, जिससे सुबह के समय आपको अपने काम पर पूरी तरह फोकस करने और अनुशासित रहने की जरूरत होगी। जैसे ही शाम ढलेगी, वे तुला राशि में आपके सातवें भाव में प्रवेश कर जाएंगे, जिससे रिश्तों के क्षेत्र में शांति और स्पष्टता आएगी। लग्न भाव के मंगलदेव आपके भीतर गजब का साहस और डटे रहने की क्षमता जगाए रखेंगे। सूर्यदेव और बुधदेव की वृषभ राशि में मौजूदगी आपकी आर्थिक योजनाओं और बातचीत की कला को पूरा सपोर्ट कर रही है। तीसरे भाव के बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपके नेटवर्क को मजबूत करेंगे। ध्यान रहे कि बारहवें भाव के शनिदेव आज बिना सोचे-समझे पैसे खर्च करवा सकते हैं, इसलिए बजट का ध्यान रखें। पार्टनर के साथ चल रही हर तरह की अनबन शाम के बाद पल भर में दूर हो जाएगी। ऑफिस में काम का प्रेशर सुबह ज्यादा रहने वाला है, इसलिए सीनियर्स से पूरा सपोर्ट लें। शारीरिक रूप से आपकी आंतरिक इम्युनिटी बहुत शानदार रहेगी, बस दोपहर में हल्का भोजन करें।

    वृषभ राशि: अचानक खर्च का योग बनेगा। दिन का पहला हिस्सा नए विचारों और क्रिएटिविटी के लिए बेहद शानदार रहेगा। शाम को जब चंद्रदेव छठे भाव में प्रवेश करेंगे, तो आपके सामने अचानक काम का ज्यादा बोझ या पुराने अटके हुए टास्क आ सकते हैं। आपके पहले भाव यानी लग्न में सूर्यदेव और बुधदेव की युति बनी हुई है, जिससे आपका कॉन्फिडेंस और बुद्धिमानी काफी शानदार रहेगी। हालांकि, मंगलदेव का बारहवें भाव में होना शारीरिक थकान या अचानक खर्चों की वजह बन सकता है, इसलिए क्षमता से ज्यादा काम न करें। दूसरे भाव में गोचर कर रहे बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपकी आर्थिक उन्नति और पारिवारिक मधुरता में मददगार साबित होंगे। रोमांटिक मामलों के लिए दिन का समय बहुत ही अनुकूल है, बच्चों के साथ हंसने-मुस्कुराने के मौके मिलेंगे। ऑफिस में सहकर्मियों के साथ छोटी-मोटी समस्याओं को लेकर ज्यादा गहराई में जाने से बचें। तनाव को कम करने के लिए सही समय पर नींद लें और आराम को प्राथमिकता दें।

    मिथुन राशि: आज बेहतरीन लाभ मिलने के योग हैं। दिन की शुरुआत में आपका पूरा ध्यान पारिवारिक सुख-सुविधाओं और निजी जीवन पर रहेगा। शाम के समय जब चंद्रदेव पांचवें भाव में आएंगे, तो आपके भीतर एक नई ऊर्जा और क्रिएटिविटी का संचार होगा। आपकी ही राशि में बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव का गोचर चल रहा है, जो आपके आकर्षण, ज्ञान और आत्मविश्वास को निखार देगा। ध्यान रहे कि सूर्यदेव और बुधदेव आज बारहवें भाव में हैं, जिसके कारण सुबह मन में कुछ अज्ञात चिंताएं या उदासी रह सकती है। ग्यारहवें भाव के मंगलदेव की कृपा से अतीत में किए गए किसी अच्छे काम से आज बेहतरीन लाभ मिलने के योग हैं। दसवें भाव में शनिदेव की उपस्थिति कार्यस्थल पर आपके कंधों पर जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ाएगी, इसलिए काम की लिस्ट बनाकर चलें। पार्टनर्स के बीच आपसी समझ और तालमेल शाम को बहुत रोमांटिक रहेगा। खाने-पीने के समय में लापरवाही बरतने से पूरी तरह बचें। ऑफिस की मीटिंग्स में स्ट्रेटेजी बनाने वालों को महत्व मिलेगा।

    कर्क राशि: करियर में मान सम्मान पाएंगे। आज चंद्रदेव कन्या राशि में आपके तीसरे भाव से गोचर कर रहे हैं, जिससे सुबह के समय आपका साहस, कम्युनिकेशन और व्यस्तता चरम पर होगी। शाम होते ही चंद्रदेव का गोचर तुला राशि में आपके चौथे भाव में हो जाएगा, जिससे आपको आंतरिक शांति और मानसिक सुकून की प्राप्ति होगी। सूर्यदेव और बुधदेव ग्यारहवें भाव में मौजूद हैं, जिससे भाग्य और धन का पूरा साथ मिलेगा। दसवें भाव के मंगलदेव आपके करियर में मान-सम्मान और महत्वाकांक्षा दोनों बढ़ाएंगे। बारहवें भाव में बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव की स्थिति फिजूल की चीजों पर ज्यादा पैसा खर्च करवा सकती है। आठवें भाव में बैठे राहु आपकी योजनाओं में अचानक भटकाव या अनिश्चितता ला सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। लव लाइफ में पार्टनर्स को सुबह की व्यस्तता के बाद शाम को घर पर एक शांत डिनर प्लान करना चाहिए। आर्थिक मामलों में संतुलन बना रहेगा और मित्रों के माध्यम से लाभ होगा। मानसिक तनाव आपकी दिमागी शांति को डिस्टर्ब न करे, इसलिए शाम को खुद को पूरी तरह रिलैक्स करें।

    सिंह राशि: सामाजिक संपर्क से लाभ पाएंगे। चंद्रदेव आज कन्या राशि में आपके दूसरे भाव में गोचर कर रहे हैं, जिससे सुबह के समय आपका पूरा फोकस धन और परिवार से जुड़े मामलों पर रहेगा। शाम के समय जब चंद्रदेव तीसरे भाव में आएंगे, तो आपके साहस और आत्मविश्वास में गजब का इजाफा देखने को मिलेगा। सूर्यदेव और बुधदेव आपके दसवें भाव में बैठे हैं, जो करियर में आपके प्रभाव और मान-सम्मान को काफी बढ़ाएंगे। नवम भाव के मंगलदेव आपको कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्यारहवें भाव के बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव सामाजिक संपर्कों और मित्रों से शानदार लाभ दिलाएंगे। आठवें भाव के शनिदेव भविष्य की चिंताओं को लेकर मन में थोड़ा दबाव बना सकते हैं। आज किसी भी बात पर अड़ियल या आलोचनात्मक रुख अपनाने से पूरी तरह बचें। सातवें भाव में बैठे राहु लाइफ पार्टनर के साथ किसी भी फालतू की बात पर बहस करवा सकते हैं, इसलिए दूसरों के बहकावे में न आएं। रूटीन को बिगड़ने न दें और शाम को अपनी किसी हॉबी पर काम करें।

    कन्या राशि: कमाई के कुछ बेहतरीन मौके मिल सकते हैं। चंद्रदेव आज आपकी ही राशि यानी पहले भाव में गोचर कर रहे हैं, जो सुबह के समय आपकी भावनात्मक समझ और व्यक्तिगत फोकस को काफी बढ़ाएगा। शाम को जब चंद्रदेव धन के दूसरे भाव में जाएंगे, तो आप अधिक प्रैक्टिकल और सुरक्षित महसूस करेंगे। सूर्यदेव और बुधदेव नौवें भाव में हैं, जो आपकी बुद्धि को बहुत प्रखर, सटीक और पॉजिटिव बनाएंगे। आठवें भाव के मंगलदेव के कारण स्वभाव में थोड़ा गुस्सा या बहस करने की प्रवृत्ति आ सकती है, इसलिए कड़वे शब्दों से बचें। दसवें भाव के बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपकी बातचीत की क्षमता और करियर ग्रोथ को शानदार बनाएंगे। हालांकि, सातवें भाव के शनिदेव रिश्तों के मामले में आपके धैर्य की परीक्षा ले सकते हैं। जीवनसाथी के साथ शाम का समय बहुत ही मधुर रहने वाला है, साथ बैठकर सुख-दुख शेयर करें। नेटवर्किंग के जरिए आपको कमाई के कुछ बेहतरीन मौके मिल सकते हैं। मानसिक तनाव से बचने के लिए डिनर करते समय मोबाइल या टीवी से दूरी बना लें।

    तुला राशि: अचानक कुछ खर्च का योग बनेगा। चंद्रदेव आज कन्या राशि में आपके बारहवें भाव में गोचर की शुरुआत करेंगे, जिससे सुबह के समय आप थोड़े बेचैन, चिंतित या एकांत पसंद हो सकते हैं। शाम होते ही चंद्रदेव आपकी ही तुला राशि में यानी पहले भाव में प्रवेश कर जाएंगे, जिससे आपके भीतर एक नई ऊर्जा, गजब का आकर्षण और आत्मविश्वास देखने को मिलेगा। सूर्यदेव और बुधदेव की युति आपके आठवें भाव में बनी हुई है, जो अचानक कुछ बड़े खर्चे करवा सकती है। अच्छी बात यह है कि मंगलदेव आपके सातवें भाव में विराजमान हैं, जो पार्टनर्स के बीच कुछ तनाव दे सकते हैं, इसलिए रिएक्शन देने में सावधानी बरतें। इसके अलावा, नौवें भाव में बैठे बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपके भाग्य और ज्ञान को पूरा सपोर्ट करेंगे। छठे भाव के शनिदेव आपके दैनिक जीवन में काम की जिम्मेदारियों को बढ़ा सकते हैं, सुबह शांति से पेंडिंग टास्क पूरा करें। शाम को प्रथम भाव के चंद्रदेव आपको तंदुरुस्त महसूस कराएंगे। पार्टनर से दोबारा खुलकर बात करने और रोमांटिक शाम बिताने के लिए समय उत्तम है।

    वृश्चिक राशि: आर्थिक स्थिति काफी मजबूत बनी रहेगी। चंद्रदेव आज कन्या राशि में आपके ग्यारहवें भाव में गोचर कर रहे हैं, जो सुबह के समय नए लोगों से मिलने, सीनियर्स से सहयोग पाने और लाभ के अवसरों को बढ़ाएगा। शाम को जब चंद्रदेव तुला राशि के बारहवें भाव में जाएंगे, तो आपको थोड़ी थकान, बेचैनी या अकेले रहकर आत्म-चिंतन करने की इच्छा हो सकती है। सूर्यदेव और बुधदेव आज आपके सातवें भाव में बैठे हैं, जिससे पार्टनर्स और क्लाइंट्स के साथ आपकी बातचीत बहुत स्पष्ट रहेगी। छठे भाव के मंगलदेव आपको हर तरह की चुनौतियों और विरोधियों पर विजय पाने की अद्भुत शक्ति देंगे। आठवें भाव में बैठे बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव के होने से खानपान में अधिकता से बचें। प्यार और रिश्तों के मामले में आज का दिन पार्टनर के साथ यादगार वक्त बिताने के लिए बेहतरीन है, बस शाम को उनके प्रति उदासीन न रहें। आर्थिक स्थिति काफी मजबूत बनी रहेगी, लेकिन रात को क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल संभलकर करें। शारीरिक सेहत शानदार रहेगी, मानसिक शांति के लिए रात को अच्छी नींद लें।

    धनु राशि: धन लाभ और दोस्तों से सहयोग मिलेगा। आज चंद्रदेव कन्या राशि में आपके दसवें भाव में गोचर कर रहे हैं, जिससे सुबह के समय आपका पूरा ध्यान आपके करियर और प्रोफेशनल इमेज पर रहेगा। शाम को जब चंद्रदेव ग्यारहवें भाव में प्रवेश करेंगे, तो आपको अचानक कहीं से एक्स्ट्रा धन लाभ या दोस्तों का सहयोग मिल सकता है। सूर्यदेव और बुधदेव छठे भाव में मौजूद हैं, जो सुबह काम का दबाव या कागजी कार्रवाई से थोड़ा तनाव दे सकते हैं, इसलिए नौकरी को लेकर पैनिक न हों। पांचवें भाव के मंगलदेव आपके आत्मविश्वास और इनोवेटिव आइडियाज को सातवें आसमान पर ले जाने का काम करेंगे। सातवें भाव में बैठे बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपके वैवाहिक जीवन को बहुत खूबसूरत और आनंदमय बनाएंगे। आज किसी भी बात पर खुद की आलोचना करने से पूरी तरह बचें। आर्थिक दृष्टिकोण से देखें तो शाम का समय बड़ी राहत लेकर आएगा। मानसिक तनाव के कारण सुबह पेट से जुड़ी कोई हल्की समस्या हो सकती है, लेकिन शाम होते-होते आप काफी फ्रेश महसूस करेंगे।

    मकर राशि: लोग आपकी काबिलियत की तारीफ करेंगे। चंद्रदेव आज कन्या राशि में आपके नौवें भाव से गोचर कर रहे हैं, जो सुबह के समय आपके ज्ञान और दार्शनिक झुकाव को बढ़ाएगा। शाम को जब चंद्रदेव आपके कर्म के दसवें भाव में प्रवेश करेंगे, तो आप अपने काम में बहुत मजबूत स्थिति में आ जाएंगे और लोग आपकी काबिलियत की तारीफ करेंगे। पांचवें भाव में बैठे सूर्यदेव और बुधदेव आपकी क्रिएटिव अभिव्यक्ति को बहुत सटीक बनाएंगे। हालांकि, चौथे भाव के मंगलदेव घरेलू सुख-सुविधाओं में थोड़ी बेचैनी पैदा कर सकते हैं, ऑफिस का गुस्सा घर पर निकालने से बचें। छठे भाव के बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपके काम की एफिशिएंसी को पूरा सपोर्ट करेंगे। दूसरे भाव के राहु आर्थिक मामलों में गलत फैसले लेने के लिए आपको भ्रमित कर सकते हैं, इसलिए मनी प्लानिंग में शाम तक का इंतजार करें। रात के समय आपको अपने प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ के बीच एक सही बैलेंस बनाना होगा। सेहत के लिहाज से फिजिकल एनर्जी बहुत बढ़िया रहेगी, बस ब्लड शुगर के लेवल को मेंटेन रखें।

    कुंभ राशि: आर्थिक उन्नति और धन लाभ का संयोग। आज चंद्रदेव कन्या राशि में आपके आठवें भाव से गोचर कर रहे हैं, जिससे सुबह के समय आपकी मानसिक और भावनात्मक संवेदनशीलता थोड़ी बढ़ सकती है। शाम ढलते ही चंद्रदेव तुला राशि में आपके नौवें भाव में चले जाएंगे, जिससे मन को असीम शांति, प्रसन्नता और जीवन की स्पष्ट तस्वीर दिखाई देगी। सूर्यदेव और बुधदेव चौथे भाव में बैठे हैं, जो पारिवारिक सुख और मानसिक स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करेंगे। तीसरे भाव के मंगलदेव आपकी कम्युनिकेशन स्किल्स और साहस को बहुत मजबूत बनाने वाले हैं। पांचवें भाव के बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव आपकी क्रिएटिविटी और अपनों के साथ आपके रिश्तों को पूरा सपोर्ट दे रहे हैं। लग्न यानी पहले भाव में राहु के होने से स्वभाव में जरूरत से ज्यादा आक्रामक होने से बचें। दूसरे भाव के शनिदेव आर्थिक उन्नति और धन लाभ के लिए बहुत ही शानदार संकेत दे रहे हैं, बस सुबह बड़े इन्वेस्टमेंट से बचें। शाम का समय पार्टनर के साथ किसी गंभीर और गहरी बातचीत में जुड़ने के लिए बहुत ही श्रेष्ठ रहेगा।

    मीन राशि: पैसों के लेन-देन में बहुत ज्यादा सावधानी बरतनी होगी। चंद्रदेव आज कन्या राशि में आपके सातवें भाव में गोचर कर रहे हैं, जिससे सुबह का पूरा फोकस पार्टनरशिप और बिजनेस डील्स पर रहेगा। शाम को जब चंद्रदेव आठवें भाव में जाएंगे, तो मन में अचानक कोई अज्ञात भय या एकांत की इच्छा हो सकती है। तीसरे भाव में बैठे सूर्यदेव और बुधदेव आपके कम्यूनिकेशन और प्लानिंग की क्षमता को बहुत शानदार बनाएंगे। हालांकि, दूसरे भाव के मंगलदेव धन और वाणी के मामले में थोड़ी उग्रता ला सकते हैं, इसलिए वाद-विवाद से पूरी तरह बचें। चौथे भाव के बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव की कृपा से घर का माहौल बहुत खुशहाल और आरामदायक रहेगा। लग्न के शनिदेव आपकी आंतरिक शक्ति और फोकस को और ज्यादा मजबूत करेंगे, जिससे आप व्यावहारिक निर्णय ले पाएंगे। शाम होते ही आपको अपने पैसों के लेन-देन में बहुत ज्यादा सावधानी बरतनी होगी। सेहत को लेकर लापरवाही न बरतें, रात को सोने से ठीक पहले हैवी खाना खाने से बचें और खुद को रिलैक्स रखें।

  • देव भूमि हिमाचल में धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की आवश्यकता

    देव भूमि हिमाचल में धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की आवश्यकता

    शिमला : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज ‘देव भूमि’ हिमाचल प्रदेश में एक समर्पित धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस सर्किट के माध्यम से प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों, शक्तिपीठों, मठों और धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़क, आधुनिक सुविधाओं और मजबूत संपर्क व्यवस्था से जोड़ा जाना चाहिए। इससे न केवल प्रदेश की धार्मिक पहचान मजबूत होगी, बल्कि रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का संरक्षण भी होगा।

    राज्यपाल ने यह बात आज कांगड़ा जिले स्थित मां ज्वाला देवी जी मंदिर में शीश नवाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कही। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने मां ज्वाला देवी जी से प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मां ज्वाला देवी जी, मां ब्रिजेश्वरी देवी जी, मां चिंतपूर्णी जी, मां नैना देवी जी, मां चामुंडा देवी जी सहित अनेक प्राचीन मंदिर और मठ स्थित हैं, जो विश्वभर में श्रद्धा के केंद्र हैं। इन सभी धार्मिक स्थलों को एक व्यापक धार्मिक पर्यटन सर्किट से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

    उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन हिमाचल की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत आधार बन सकता है। राज्यपाल ने प्रदेश सरकार, पर्यटन और अन्य संबंधित विभागों से मिलकर श्रद्धालुओं के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने का आह्वान किया, साथ ही धार्मिक स्थलों की पवित्रता और आध्यात्मिक वातावरण को बनाए रखने पर भी बल दिया। राज्यपाल ने मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना भी की।

  • भाजपा नगर निकायों में अपनी करारी शिकस्त की बौखलाहट के कारण बेतुकी बयानबाजी कर रहीः नरेश चौहान

    भाजपा नगर निकायों में अपनी करारी शिकस्त की बौखलाहट के कारण बेतुकी बयानबाजी कर रहीः नरेश चौहान

    मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने आज यहां पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर आचार संहिता के उल्लंघन का निराधार आरोप लगाने वाली भाजपा नगर निकायों में अपनी करारी शिकस्त की बौखलाहट के कारण बेतुकी बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोक भवन और मीडिया के समक्ष आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के सदंर्भ में झूठे आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांककर देखने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जय राम ठाकुर के कार्यकाल में पंचायत चुनावों के समय 21 दिसम्बर, 2020 से 22 जनवरी, 2021 तक प्रदेश में आचार संहिता लागू थी और इस दौरान 23 दिसम्बर, 2020 और 5 जनवरी, 2021 को दो बार मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित की गईं। इससे पूर्व प्रो.प्रेम कुमार धूमल के कार्यकाल में 7 दिसम्बर, 2010 को पंचायत चुनावों को लेकर आचार संहिता के मध्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी। इसी प्रकार वीरभ्रद सिंह के कार्यकाल के दौरान भी आचार संहिता के मध्य 5 दिसम्बर, 2005 और 19 दिसम्बर, 2005 को मंत्रिमण्डल की बैठकें आयोजित की गई थी।

    नरेश चौहान ने कहा कि हाल ही में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कोई भी नई घोषणा या योजना के क्रियान्वयन का निर्णय नहीं लिया गया। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पहले से ही विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। इस योजना का लाभ लाहौल-स्पीति, कुपवी, किलाड़ और पांगी आदि क्षेत्रों में महिलाओं को सम्मान निधि के रूप में प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मंत्रिमंडल में जो मानदेय बढोतरी से संबंधित निर्णय लिया गया है उसका भी बजट में पहले से ही प्रावधान किया गया था।

    नरेश चौहान ने कहा कि नगर निकायों के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहे हैं जिसकी भाजपा ने कभी उम्मीद नहीं की थी। भाजपा के पांचों गुट जीत की आस लगाए बैठे थे और उनके बीच नेतृत्व की लड़ाई जारी थी, लेकिन चुनाव के परिणामों ने इन नेताओं को गहरा झटका दिया है। प्रदेश भाजपा और केन्द्रीय भाजपा नेतृत्व के समक्ष अपना-अपना कद दिखाने के लिए यह नेता मीडिया के समक्ष आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं और कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं। नगर निकाय चुनावों की हार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि पंचायतीराज चुनावों में भी कांग्रेस ही विजयी बनेगी और भाजपा के नेता इस बात से भी उदासीन हैं।

    नरेश चौहान ने कहा कि पंचायतीराज संस्थानों के चुनाव बैलट पेपर पर हुए हैं और इनके परिणामों से यह स्पष्ट है कि भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि लोकसभा के चुनाव भी ईवीएम के स्थान पर बैलट पेपर पर करवाए जाएं तो कांग्रेस ही विजयी बनेगी।

    प्रदेश की जनता ने चुनावों में भाजपा को आइना दिखाया है और यह स्पष्ट किया है कि अपना अस्तित्व बचाए रखने के लिए विपक्ष को सकारात्मक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह नतीजे दर्शाते हैं कि प्रदेश को जब केन्द्र सरकार से वित्तीय सहायता की सबसे अधिक जरूरत थी तो ऐसे में भाजपा द्वारा प्रदेश हित के मुद्दों की वकालत न करना और केन्द्रीय सहायता को रोकने के प्रयास करने से प्रदेश के लोगों में उनके प्रति नाराजगी है। उन्होंने कहा कि अभी भी समय है और भाजपा को निराधार आलोचनाओं से ऊपर उठकर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश भाजपा के नेताओं से सवाल किया कि वह बताएं कि आपदा, जीएसटी, राजस्व घाटा अनुदान आदि मुद्दों पर उन्होंने हिमाचल के हक में कितनी बार केन्द्र सरकार के समक्ष बात रखी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिला कांगड़ा के धर्मशाला आकर हिमाचल को आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 1500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन हिमाचल को यह राशि अभी तक नहीं मिल पाई है। इसी प्रकार हिमाचल को अब तक वर्ष, 2023 में आई आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी केन्द्र से वित्तीय सहायता नहीं मिली।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। सीबीएसई स्कूल खोलने, अंग्रेजी माध्यम आरम्भ करने, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने और बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती कर शिक्षा के क्षेत्र को आधुनिक समय की मांग के अनुसार समसामयिक बनाया जा रहा है। भाजपा के समय में हिमाचल शिक्षा के स्तर में पिछड़ चुका था, जिसमें वर्तमान सरकार ने सुधार किया है। उन्होंने सरकार की नीतियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि निकट भविष्य में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में अव्वल बनेगा। इसी प्रकार प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र का भी कायाकल्प किया है और प्रदेश में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की शुरूआत की गई। लगभग 3000 करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक उपकरणों की खरीद की जा रही है और 18 से 20 वर्ष पुराने उपकरणों को बदला जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नेश के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई आरम्भ की है। एक समय था जब हर परिवार को अपने बच्चों के लिए यह चिन्ता रहती थी कि वह कहीं नशे की लत में अपना भविष्य अंधकार में न झोंक दे, लेकिन आज एंटी चिट्टा वॉकथान से सामूहिक चेतना का विकास हुआ हैै और प्रदेश पुलिस तथा सरकार के साथ-साथ नशे के विरुद्ध लड़ाई में आमजन विशेषकर युवा भी बड़ी संख्या में जुड़ा है।

    नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में दिन-रात का अंतर है। एक ओर जहां बंगाल आदि राज्यों के चुनाव से पहले वह लोक लुभावन वायदे करती है वहीं परिणामों के बाद इन वायदों से मुकर जाती है। चुनावों के परिणाम के तुरन्त बाद से सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में भारी वृद्धि कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जब कच्चे तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी लेकिन देश में पेट्रोल 60 से 65 रुपये प्रति लीटर मिलता था। आज जब कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर से भी कम है तब भी पेट्रोल की कीमत 100 रुपये को पार कर गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने का सीधा असर मंहगाई पर पड़ता है और केन्द्र द्वारा बढ़ाई गई कीमतों के दूरगामी प्रभाव होंगे।

     

  • बिजली कर्मचारियों की जान बचाना मेरी पहली प्राथमिकता

    बिजली कर्मचारियों की जान बचाना मेरी पहली प्राथमिकता

    चण्डीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऊर्जा विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी कर्मचारी का जीवन किसी भी मुआवजे से कहीं अधिक मूल्यवान है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “मुझे कर्मचारियों की जिंदगी बचानी है, मैं मुआवजा देना नहीं चाहता, क्योंकि कर्मचारियों का सुरक्षित रहना ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के दौरान जब भी कोई दुर्घटना होती है, तो उसका दर्द केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे विभाग और सरकार को भी होता है। इसी भावना के साथ ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने आज ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन, हिसार के पदाधिकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।

    सेफ्टी किट उपयोग के लिए दिया जाएगा सर्कलवार प्रशिक्षण- विज

    बैठक में श्री विज ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोखिमपूर्ण कार्यों में लगे प्रत्येक कर्मचारी को आधुनिक सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी किट) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं तथा इनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने बैठक में अवगत कराया कि ऐसे सभी कर्मचारियों को सेफ्टी किट उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। इस पर ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों को सर्कल स्तर पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाए ताकि वे सुरक्षा उपकरणों का सही एवं प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात कार्य करते हैं और सरकार उनकी सुरक्षा, सुविधा तथा सम्मान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। दो फीडरों से बिजली आपूर्ति लेने वाले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर होगी कार्यवाही- विज

    बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने दो फीडरों से बिजली आपूर्ति लेने वाले डिफॉल्टर एवं घरेलू उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की मांग रखी, जिस पर श्री विज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन और आपूर्ति व्यवस्था पूरी पारदर्शिता एवं नियमों के अनुसार संचालित होनी चाहिए।

    बिजली चोरी रोकने पर चलेगा अभियान- विज

    ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी की समस्या पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन पदाधिकारियों की मांग पर ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों और क्षेत्रों की जानकारी यूनियन द्वारा दी गई है, वहां विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाती है बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं के अधिकारों का भी हनन करती है।

    रिस्क अलाउंस हेतू अन्य विभागों व अन्य राज्यों में किया जाएगा अध्ययन- विज

    बैठक में कर्मचारियों को रिस्क भत्ता देने की मांग भी उठाई गई, जिस पर ऊर्जा मंत्री ने ऊर्जा विभाग के प्रबंध निदेशक को निर्देश दिए कि अन्य विभागों व अन्य राज्यों  में दिए जा रहे रिस्क अलाउंस का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की जाए ताकि इस विषय पर उपयुक्त निर्णय लिया जा सके। बैठक में ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक श्री बिक्रम सिंह सहित ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशंस वर्कर्स यूनियन, हिसार के चेयरमैन देवेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रधान सुरेश राठी, कार्यवाहक महासचिव राजेन्द्र राणा, ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  • हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (हलसा) ने पीजीआईएमईआर

    हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (हलसा) ने पीजीआईएमईआर

    चंडीगढ़ : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (हलसा) ने एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें कुल 314 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा हालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति दीपक सिबल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में पंजाब राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की सदस्य श्रीमती किरण सिबल ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।

    श्रीमती किरण सिबल ने स्वैच्छिक रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए रक्तदान के महत्व को एक महान मानवीय कार्य बताया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि रक्तदान केवल एक चिकित्सीय आवश्यकता नहीं है, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है और लोगों, विशेष रूप से युवाओं को आगे आकर इस तरह की जीवनरक्षक पहलों में नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिविर के आयोजन और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने में हालसा और पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के प्रयासों की सराहना भी की। पंचकुला की पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता और अतिरिक्त उपायुक्त निशा ने भी इस अवसर पर उपस्थित होकर प्रतिभागियों को रक्तदान के लाभों के बारे में आम जनता में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस शिविर को चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. सुचेत सचदेव के नेतृत्व में 15-20 सदस्यों की एक समर्पित चिकित्सा टीम का सहयोग प्राप्त था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों, आईटीबीपी जवानों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों, आम जनता, सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली, जो सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सेवा की प्रबल भावना को दर्शाती है।

  • मुख्यमंत्री ने राज्य में निर्माणाधीन बड़ी विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

    मुख्यमंत्री ने राज्य में निर्माणाधीन बड़ी विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में एक उच्च स्तरीय ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें राज्यभर में चल रही 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने प्रत्येक परियोजना का कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र की तीन बड़ी परियोजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। फरीदाबाद सिविल अस्पताल में बनने वाले ‘मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल’ एवं सर्विस ब्लॉक के संबंध में अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इसका कार्य 28 प्रतिशत पूरा हो चुका है तथा यह परियोजना 18 जनवरी 2028 तक पूर्ण हो जाएगी। इसके साथ ही, सोनीपत सिविल अस्पताल परिसर में 138.12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बिस्तरों वाले मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इसका 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा यह परियोजना 19 अक्टूबर 2027 तक पूर्ण कर ली जाएगी। वहीं, असंध, करनाल में 76.19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण कार्य के संबंध में अधिकारियों ने जानकारी दी कि इसका 25 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। पानीपत शुगर मिल में इथेनॉल प्लांट स्थापना को मंजूरी

    अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि सहकारिता विभाग के तहत पानीपत शुगर मिल्स में 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 90 KLPD क्षमता का नया मल्टी-फीड इथेनॉल प्लांट स्थापित करने को मंजूरी मिल गई है। इसकी निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए मामला हाई-पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) के समक्ष भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना वर्ष 2027-28 के दौरान पूर्ण हो जाएगी।

    अग्निशमन सेवा के आधुनिकीकरण और आपदा प्रबंधन को मिलेगा बल

    मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया गया कि अग्निशमन सेवा को आधुनिक बनाने के लिए जींद के खेड़ी मसानिया में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फायर ट्रेनिंग सेंटर के लिए भूमि की रजिस्ट्री कराई जा चुकी है तथा ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि PWD (B&R) को हस्तांतरित कर दी गई है।इसके साथ ही, आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 120 करोड़ रुपये की लागत से 104 मीटर ऊंचे एरियल लैडर प्लेटफॉर्म की खरीद के लिए मंजूरी उपरांत संशोधित RFP सरकार को भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाओं में निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा का पालन अनिवार्य है तथा किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।