Blog

  • Jalandhar-Chandigarh Road पर मरीज को ले जा रही एंबुलेंस हुई हादसे का शिकार, उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    Jalandhar-Chandigarh Road पर मरीज को ले जा रही एंबुलेंस हुई हादसे का शिकार, उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब में लगातार कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। आज भी घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। वहीं पिछले 3 दिनों से पंजाब में पड़ रहे कोहरे के कारण सड़क हादसे की घटनाएं भी सामने आने लगी है। बीते दिन भी जालंधर में कोहरे के कारण 5 वाहनों की टक्कर हो गई थी। वहीं आज ताजा मामला जालंधर-चंडीगढ़ रोड़ पर देखने को मिला है। जहां घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर खड़ी ट्राली से एंबुलेंस की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एंबुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मिली जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक मरीज को लेकर जा रहा था, इस दौरान यह हादसा हो गया। जिसके बाद घटना स्थल पर दूसरी एंबुलेंस को बुलाकर मरीज को उसमें शिफ्ट किया गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई, जहां राहगीरों की मदद से एंबुलेंस को सड़क से किनारे करवाया गया। पुलिस ने बताया कि घने कोहरे के कारण विजिबिलटी काफी कम हो गई है, जिसके कारण यह हादसा हुआ है।
  • प्लेन क्रैश से एक झटके में खत्म हुआ कार रेसर का परिवार, देखें वीडियो

    प्लेन क्रैश से एक झटके में खत्म हुआ कार रेसर का परिवार, देखें वीडियो

    नॉर्थ कैरोलिनाः अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में क्षेत्रीय हवाई अड्डे पर बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे मे कार रेसर का पूरा परिवार एक झटके में खत्म हो गया। दरअसल, यह हवाई अड्डा नासकार टीमों और फॉर्च्यून 500 कंपनियों की ओर से इस्तेमाल किया जाता है। इस हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई। सेसना सी-550 विमान में कुल 6 लोग सवार थे। यह विमान चार्लोट से 45 मील उत्तर में स्थित स्टेट्सविल रीजनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया।

    फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी 6 लोग हादसे का शिकार हुए। फ्लाइट रिकॉर्ड से पता चल है कि यह प्लेन रिटायर्ड नासकार ड्राइवर ग्रेग बिफल की कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड था। वहीं पुलिस ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों में एनएएससीएआर (नेशनल एसोसिएशन फॉर स्टॉक कार ऑटो रेसिंग) के पूर्व चालक ग्रेग बिफल, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चे भी शामिल हैं।

    फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के मुताबिक, सेसना सी 550 विमान वीरवार सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई। इसकी वीडियो भी सामने आई है, जिसमें विमान में लगी आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही है। दूसरी ओर हवाई अड्डे के पास स्थित लेकवुड गोल्फ क्लब में खेल रहे गोल्फर्स ने विमान को बेहद नीचे उड़ते देखा।

    हादसे के वक्त कई खिलाड़ी डर के मारे जमीन पर लेट गए। गोल्फ कोर्स के नौवें होल पर विमान का मलबा फैल गया। विमान ने सुबह 10 बजे के कुछ देर बाद उड़ान भरी, लेकिन जल्द ही वापस लौट आया और स्टेट्सविल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी हादसा हो गया। वहीं इरेडेल काउंटी शेरिफ डैरेन कैंपबेल ने कहा-मैं पुष्टि कर सकता हूं कि इसमें लोगों की मौत हुई है। एयरपोर्ट के पास गोल्फ खेल रहे गोल्फर्स इस हादसे को देखकर हैरान रह गए। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड और एफएए मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक क्रैश के समय हल्की बारिश और बादल थे।

  • बजरी से भरा डंपर कार पर पलटा, नीचे दबने से 4 लोगों की मौत

    बजरी से भरा डंपर कार पर पलटा, नीचे दबने से 4 लोगों की मौत

    बूंदीः शहर में एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। जहां एक बजरी से भरा डंपर कार पर पलट गया। डंपर और बजरी के नीचे दबने से 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 3 भाई और एक भतीजा शामिल है। वहीं, 1 भाई को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है। सभी लोग कोटा में रहने वाली मौसी के पोते के बर्थडे में शामिल होने जा रहे थे।

    जानकारी देते थानाधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि टोंक में राज टॉकीज रोड स्थित विवेकानंद स्कूल के पीछे रहने वाले 5 लोग बीती शाम करीब 5:30 बजे क्रेटा गाड़ी में कोटा जा रहे थे। इस दौरान जयपुर-कोटा हाईवे स्थित सिलोर पुलिया पर बजरी से भरे डंपर का टायर फटने से कार पर पलट गया, जिसके चलते कार के अंदर बैठे लोग दब गए।

    हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए और बजरी हटाने में जुट गए। क्रेन की मदद से डंपर को हटाया गया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी में बैठे 3 भाइयों और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 1 घायल भाई को बूंदी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से कोटा रेफर कर दिया गया।

    थानाधिकारी ने बताया कि तेज रफ्तार डंपर का आगे का टायर अचानक फट गया। इसके चलते डंपर असंतुलित होकर कार पर पलट गया, जिससे सभी लोग डंपर और बजरी के नीचे दब गए। सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। मरने वालों की पहचान फरीउद्दीन (45) पुत्र समीउद्दीन, अजीरूद्दीन (40) पुत्र समीउद्दीन, मोइन्दुद्दीन (62) पुत्र समीउद्दीन और सेफुद्दीन (28) पुत्र बसीउद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Punjab News: बिक्रम मजीठिया ने सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा, आज हो सकती है सुनवाई

    Punjab News: बिक्रम मजीठिया ने सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा, आज हो सकती है सुनवाई

    अमृतसरः आय से अधिक संपत्ति के आरोप में जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने हाईकोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। जहां सुप्रीम कोर्ट में इस केस को लेकर मजीठिया ने याचिका दायर की है। बताया जा रहा है कि मजीठिया के केस को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो सकती है। बता दें कि बिक्रम मजीठिया को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से राहत ना मिलने के बाद अब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रूख किया है।

    हाईकोर्ट द्वारा नियमित जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद मजीठिया ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। मजीठिया के वकील अर्शदीप सिंह कलेर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट से उन्हें न्याय मिलेगा। इससे पहले हाईकोर्ट के करीब 20 पन्नों के आदेश में जस्टिस त्रिभुवन दहिया ने कहा था कि आर्थिक अपराध सामान्य अपराधों से अलग श्रेणी में आते हैं।

    ऐसे मामलों में गहरी साजिश और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की आशंका होती है, इसलिए जमानत पर विचार करते समय अदालतों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। गौर हो कि मजीठिया केस में हाईकोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि मजीठिया की राजनीतिक हैसियत और प्रभाव को देखते हुए इस आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता कि वे गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं या जांच को बाधित कर सकते हैं।

    इसी आधार पर अदालत ने नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया। वहीं मजीठिया की ओर से यह दलील दी गई थी कि यह मामला केवल एनडीपीएस केस के पुराने आरोपों को दोहराने जैसा है और यह सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। अदालत ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि एनडीपीएस मामले की जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों और बड़ी साजिश के संकेतों के आधार पर दूसरी एफआईआर दर्ज करना कानूनन सही है।

     

  • Punjab News: किराना व्यापारी के कत्ल की सुलझी गुत्थी, नौकरानी सहित 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: किराना व्यापारी के कत्ल की सुलझी गुत्थी, नौकरानी सहित 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    रोपड़ः नवांशहर के किराना व्यापारी व एसोसिएशन के प्रधान रवि सोबती के कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। किराना व्यापारी का कत्ल किसी और ने नहीं बल्कि नौकरानी ने जीजा के साथ मिलकर किया है। दरअसल, 12 दिसंबर को रवि सोबती की लाश कार से बरामद हुई थी। घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जलाने की कोशिश की गई थी। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी तुषार गुप्ता ने अहम खुलासे किए। एसएसपी ने बताया कि घटना के दौरान व्यापारी का मोबाइल कार से मिला। इसी से पता चला कि व्यापारी की नौकरानी सोनम के साथ ही कई बार बात हुई थी। लाश को जलाने के बाद सोनम और अन्य आरोपी मौके से भाग गए।

    जिसके बाद पुलिस ने फोन डिटेल से नौकरानी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि नौकरानी ने अपने फोन से कई चीजें डिलीट कर थीं, इनको साइबर सैल के जरिए रिकवर किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि व्यापारी को मारने से पहले 1 घंटे के अंदर दोनों के बीच वॉट्सऐप चैट के अलावा लगभग 7 से 8 कॉल हुई थीं। जांच में सामने आया है कि नौकरानी ने अपने जीजा के साथ मिलकर सोची समझी चाल के तहत व्यापारी को फोन कर बहाना बनाया कि उसको अकेली आने में दिक्कत है।

    इसलिए उसे महालों के पास से कार में पिक कर लें। उसे महालों के अंडरब्रिज के पास सुनसान जगह बुलाया। यहां जीजा उसके 4 दोस्तों ने दातर से व्यापारी पर वार किए। व्यापारी के शरीर पर घुटनों से लेकर सिर पर कट के निशान थे। आरोपियों ने गाड़ी को खंभे से टकराकर एक्सीडेंट दिखाने की भी कोशिश की। लाश को जलाने के लिए पहले ही पेट्रोल का इंतजाम कर रखा था। पुलिस ने नौकरानी सोनम, सुरजीत सिंह, मनी, चरनजीत और एक माइनर को इस केस में अरेस्ट कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल दातर, बाइक भी बरामद कर लिए हैं।

    पुलिस जांच में पता चला है कि नौकरानी सोनम ने रवि सोबती को पहले घर आने के लिए कहा। इसके बाद फोन किया कि अकेले मिलते हैं। मैं घर से निकल गई हूं। इसके बाद रवि ने फोन किया तो नौकरानी सोनम ने लोकेशन बदल दी और कहा कि महालों के पास अंडरब्रिज के पास मिले। इस पर व्यापारी ने यहां आने से मना भी किया, लेकिन सोनम ने मिलने के लिए सबसे सेफ जगह बताकर व्यापारी को यहां बुला लिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसने संबंध बनाने का लालच देकर ही सुनसान जगह पर बुलाया था।

    जहां उसने व्यापारी का कत्ल कर दिया और नौकरानी सोनम ने सारी कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट डिलीट कर दी। वहीं नौकरानी ने पुलिस हिरासत में कबूल किया है कि व्यापारी के संबंध बनाने का दबाव बनाने की बात उसने अपने जीजा को बताई। इसके बाद जीजा ने अपने दोस्तों के साथ व्यापारी को सुनसान जगह पर बुलाने के लिए कहा। इसके चलते व्यापारी को फोन पर महालों अंडरब्रिज के नीचे आने के लिए बुलाया। यहां पर पहले से सोनम, सुरजीत सिंह, मनी, चरनजीत और एक माइनर मौजूद थे। जैसे ही व्यापारी सोनम से मिला तो सभी ने दातर से उस पर वार कर दिया। व्यापारी को दातर से बहुत बुरी तरह से काट दिया गया।

    उसके सिर पर भी दातर से वार किए गए। नवांशहर के महालों में कत्ल करने के बाद नौकरानी सोनम और उसके जीजा ने लाश को गाड़ी में रखा। यहां एक्सीडेंट दिखाने के लिए गाड़ी को बिजली के खंभे के साथ टकराया ताकि गाड़ी टूटी नजर आए। इसके बाद गाड़ी को पहाड़ से गिराने की प्लानिंग बनी, लेकिन गाड़ी बलाचौर के पास खराब हो गई। इससे वहीं लाश को आग लगा दी। नवांशहर SSP तुषार गुप्ता ने बताया कि आरोपी क्राइम सीन बदलने के लिए गाड़ी को नवांशहर से बलाचौर ले गए। 3 आरोपी गाड़ी में बैठे थे और 2 पीछे बाइक पर आए।

    बाइक पर आ रहे आरोपियों ने लाश को जलाने के लिए पेट्रोल का इंतजाम किया और बलाचौर पहुंचकर लाश पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। एसएसपी तुषार गुप्ता ने बताया कि सोनम बिहार की रहने वाली है, लेकिन पली-बढ़ी पंजाब में ही है। वह नवांशहर के मजारा में रहती है। उसका जीजा सुरजीत सिंह भी बिहार का रहने वाला है। आरोपी मनी, चरनजीत और एक माइनर मजारा के रहने वाले हैं। सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

  • Punjab News: कोहरे का कहर, विजिबिलटी कम होने पर सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन, देखें वीडियो

    Punjab News: कोहरे का कहर, विजिबिलटी कम होने पर सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन, देखें वीडियो

    धुंध में श्री दरबार साहिब का दिखा अद्भुत नजारा

    मोहाली/अमृतसरः पंजाब में लगातार 3 दिनों से घने कोहरे की चादर छाई हुई है। हिमाचल में हो रही बर्फबारी के कारण सर्दी का कहर पंजाब में दिखने लगा है। वहीं ठंड का कहर बढ़ने और कोहरे के कारण विजिबिलटी भी काफी कम हो गई है। यही कारण है कि सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दे रहे है। आज सुबह चून्नी से श्री फतेहगढ़ साहिब को जाने वाली सड़क की तस्वीरें सामने आई है। जहां कोहरे का कहर देखने मिला है। कोहरे के कारण सड़क पर विजिबिलटी 20 मीटर से भी दिखाई नहीं दे रही थी। कोहरे के कहर के कारण सड़क हादसों के मामले बढ़ने लगे है। इस दौरान धुंध में श्री दरबार साहिब का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इतनी ठंड के बावजूद श्रद्धालु गोल्ड टेंपल में नतमस्तक होने के लिए आ रहे हैं और गुरु साहिबान का आशीर्वाद ले रहे हैं।

    इस दौरान प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की कि वे कोहरे के दौरान अपने वाहनों की गति 20 से 30 के बीच रखें और फॉग लाइट चालू रखें ताकि सामने से आने वाला दूसरा वाहन आपके वाहन को देख सके। मौसम विभाग ने आज और कल बेहद घने कोहरे की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक शनिवार से हल्की बरसात हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में पारा गिरेगा और ठंड का कहर बढ़ेगा। हालांकि पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 3.5 डिग्री ऊपर बना हुआ है। सबसे कम 6.9 डिग्री का न्यूनतम पारा एसबीएस नगर का दर्ज किया गया।

    अमृतसर का न्यूनतम पारा 9.1 डिग्री, लुधियाना का 9.8 डिग्री, पटियाला का 10.4 डिग्री, पठानकोट का 10.0 डिग्री, बठिंडा का 8.6 डिग्री व फरीदकोट का 7.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री, लुधियाना का 16.8 डिग्री (सामान्य से 4.2 डिग्री नीचे ), पटियाला का 19.2 डिग्री (सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे), पठानकोट का 20.8 डिग्री, बठिंडा का 24.0 डिग्री, गुरदासपुर का 21.0 डिग्री, एसबीएस नगर का 20.2 डिग्री दर्ज किया गया।

    बता दें कि कोहरे के कारण अमृतसर के श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई उड़ान 5 घंटे की देरी से उतरी जिसमें यह उड़ान सुबह 1:00 बजे की बजाय 5:55 पर आई। इसी तरह से स्पाइसजेट की सुबह 7:50 वाली दुबई उड़ान 11.34 पर आई। वहीं 9.45 बजे आने वाली शिमला उड़ान, इंडिगो की दोपहर 12.25 बजे वाली कोलकाता उड़ान रद्द रही। इसकी वजह से जाने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुईं।

  • Stock Market में बंपर शुरुआत, Sensex ने भरी 500 अंक की उड़ान

    Stock Market में बंपर शुरुआत, Sensex ने भरी 500 अंक की उड़ान

    बिजनेसः शेयर बाजार ने हफ्ते के आखिरी ट्रेडिंग सत्र में जोरदार शुरुआत की है। सेंसेक्स 500 अंक की छलांग लगाकर 84,900 के स्तर पर खुला, वहीं निफ्टी 130 अंक ऊपर 25,945.15 पर ट्रेड कर रहा है। इस तेजी के साथ बाजार में उत्साह नजर आ रहा है। मार्केट में आज कुल 1,347 शेयर बढ़त में हैं, 761 शेयर गिरावट में और 180 शेयर स्थिर हैं। निफ्टी में मैक्स हेल्थकेयर, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ट्रेंट और एलएंडटी जैसे बड़े शेयर तेजी में नजर आए। वहीं, श्रीयम फाइनेंस, टाइटन कंपनी, डीआर रेड्डीज़ लैब्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और आईसीआईसीआई बैंक नुकसान में रहे।

    विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में आज की तेजी निवेशकों के भरोसे और सकारात्मक कारोबारी संकेतों से आई है। हफ्ते के आखिरी दिन यह तेजी एक मजबूत माहौल का संकेत देती है और आने वाले कारोबारी सत्रों के लिए निवेशकों के लिए उत्साह बढ़ा सकती है।

    कल बाजार में गिरावट रही थी
    शेयर बाजार में 18 दिसंबर को फ्लैट कारोबार देखने को मिला। सेंसेक्स 78 अंक गिरकर 84,482 पर बंद हुआ। निफ्टी में 3 अंक की गिरावट रही, ये 25,816 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में गिरावट और 14 शेयरों में बढ़त रही । आज ऑटो, फार्मा और एनर्जी शेयर्स में गिरावट रही। वहीं IT और मेटल सेक्टर के शेयर्स में बढ़त रही।

  • Punjab News: विजिलेंस का एक्शन, रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

    Punjab News: विजिलेंस का एक्शन, रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

    होशियारपुरः भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पटवारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए पटवारी की पहचान राम सिंह के रूप में हुई है। पटवारी को विजिलेंस की टीम ने बडाला के तहसील दसूहा जिला होशियारपुर में 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। विजिलेंस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता की पैतृक जमीन का वरासत करने के बदले यह गैर-कानूनी रकम मांगी थी।

    होशियारपुर निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद उन्होंने बडाला गांव में स्थित अपनी पैतृक संपत्ति का वरासत कराने के लिए दसूहा अर्जी सेवा केंद्र में आवेदन जमा किया। विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, पटवारी ने सरकारी फीस 1200 रुपए होने के बावजूद 8 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने पूरी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया, जिससे आरोप स्पष्ट हो गया।

    सूचना मिलने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर यूनिट में शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया और आरोपों की पुष्टि के बाद कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे कल अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है। यह गिरफ्तारी भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की मजबूत कार्रवाई का उदाहरण है और सरकारी अधिकारियों को चेतावनी देती है कि रिश्वत और गैर-कानूनी मांगों के मामलों में कोई बख्शा नहीं जाएगा।

  • Jalandhar News: कोहरे का कहर, गड्ढे से टकराकर पलटी कार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: कोहरे का कहर, गड्ढे से टकराकर पलटी कार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब में कोहरे के कारण सड़क हादसों में बढ़ौतरी शुरू हो गई है। वहीं आदमपुर के नजदीकी गांव खुर्दपुर में होशियारपुर–जालंधर रोड पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जहां घनी धुंध के कारण होशियारपुर से जालंधर की ओर आ रही एक कार अधूरे पुल के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

    मिली जानकारी के अनुसार गांव खुर्दपुर में पुल निर्माण का कार्य कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। पुल के लिए सड़क के बीच पिलरों के निर्माण हेतु गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, जिनमें लोहे के सरिए और बीम लगे हुए हैं। देर रात धुंध अधिक होने के कारण कार चालक को यह गड्ढा नजर नहीं आया और वाहन सीधे उसमें जा गिरा। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पुल का काम जल्द पूरा कराया जाए।

    जब तक कार्य पूरा नहीं होता, तब तक मौके पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त लाइटों की व्यवस्था की जाए, ताकि रात और धुंध के समय वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखाई दे सके। साथ ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने होशियारपुर जालंधर मार्ग पर आने-जाने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि गांव खुर्दपुर के पास पहुंचते समय गति धीमी रखें और पूरी सावधानी बरतें, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

  • Jalandhar News: पुलिस ने रेड करके भारी मात्रा में चाइना डोर के गट्टू किए बरामद, मामला दर्ज, देखें वीडियो

    Jalandhar News: पुलिस ने रेड करके भारी मात्रा में चाइना डोर के गट्टू किए बरामद, मामला दर्ज, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: बसंत पंचमी का सीजन करीब आते ही चाइना डोर की बिक्री शुरू हो गई है। वहीं थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने मेजर कॉलोनी में घर में रेड करके चाइना डोर के भारी मात्रा में गट्टू बरामद किए है। दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मेजर कॉलोनी की एक कोठी में एक व्यक्ति अवैध रूप से चाइना डोर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर रेड की। रेड के दौरान पुलिस ने मौके से चाइना डोर का एक बोरा बरामद किया, जिसमें कुल 25 गट्टू पाए गए।

    पुलिस ने सभी गट्टू अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि दो दिन पहले एक मोटरसाइकिल सवार युवक चाइना डोर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। युवक ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर चाइना डोर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसी के बाद जालंधर पुलिस की ओर से यह पहली बड़ी रेड की गई, जिसमें 25 गट्टू चाइना डोर पकड़े गए हैं।

    शहरवासियों का कहना है कि पुलिस को सिर्फ खुदरा विक्रेताओं तक सीमित न रहकर चाइना डोर के होलसेलरों पर भी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इसकी सप्लाई जड़ से रोकी जा सके। बताया जा रहा है कि पिछले साल भी जालंधर में चाइना डोर के कारण बड़े हादसे सामने आए थे, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे और जान-माल का नुकसान हुआ था। इसके बावजूद चाइना डोर की अवैध बिक्री पूरी तरह बंद नहीं हो पाई है।