Blog

  • कार्यों को निपटाने में समयसीमा का ध्यान रखें राजस्व अधिकारी: उपायुक्त

    कार्यों को निपटाने में समयसीमा का ध्यान रखें राजस्व अधिकारी: उपायुक्त

    उपायुक्त राघव शर्मा ने राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की 

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में सभी राजस्व अधिकारी अपने दायित्व से संबंधित लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन के समय व धन की बचत हो सके। साथ ही सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों का लाभ जिला के लोगों को अविलंब पूर्ण प्राप्त हो सके। यह निर्देश उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने राजस्व विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए। 

    राघव शर्मा ने विभाग के अधिकारियों के साथ निशानदेही, इंतकाल, तकसीम, दुरुस्ती तथा ऑडिट पैरा, इंतकाल सत्यापन के अलावा अन्य राजस्व से संबंधित मामलों पर भी सिलसिलेवार चर्चा की गई तथा इस विषय में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार कार्यालयों में राजस्व से संबंधित लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने बारे भी दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ऊना ने जिला में निर्माणाधीन पटवारी तथा कानूनगो कार्यालय भवनों के निर्माण कार्यों में तीव्रता लाने के भी निर्देश दिए।

    बैठक में उपायुक्त ऊना ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 7654 मामलों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। योजना के तहत 13 जून 2022 तक आयकर दाताओं से 65.76 लाख रुपए की राशि रिकवर की गई है। इसके अलावा योजना के अपात्र किसानों से 9.46 लाख वापस प्राप्त कर लिए गए हैं। उन्होंने योजना के तहत लंबित रिकवरी मामलों को 3 माह के अंदर निपटाने के निर्देश दिए।

    बैठक में एसडीएम ऊना निधि पटेल, एसडीएम बंगाना योग राज धीमान, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, एसडीएम हरोली विकास शर्मा, ई-जिला प्रबंधक साहिल शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी जोगिंदर पटियाल सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।

  • पारंपरिक जल स्रोतों व पानी की टंकियों का सफाई अभियान हुआ आरंभः डीसी

    पारंपरिक जल स्रोतों व पानी की टंकियों का सफाई अभियान हुआ आरंभः डीसी

    ऊना/सुशील पंडित: जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए जिला ऊना के सभी पारंपरिक जल निकायों जैसे बावड़ियां, कुएं, गैर आईपीएच पानी की टंकियों व स्कूल में बने पानी के टैंकों की साफ-सफाई का तीन दिवसीय विशेष अभियान आज से आरंभ हो गया। 

    इस बारे जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि पहले दिन जिला ऊना की लगभग 150 ग्राम पंचायतों में पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कि बावड़ियां व कुएं आदि की सफाई पंचायतों के माध्यम से की गई है। वहीं स्कूलों में लगाई गई पानी की टंकियों को साफ करने के निर्देश भी शिक्षा विभाग को दिए गए हैं और शिक्षण संस्थानों में टंकियां साफ की गई हैं। इसके अलावा जल शक्ति विभाग भी पानी के स्टोरेज टैंकों की सफाई का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में अकसर जल जनित रोग से ग्रसित लोगों की संख्या में इजाफा देखने को मिलता है, इसलिए आवश्यक है कि हम सभी साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। 

    राघव शर्मा ने कहा कि प्रदूषित जल पीने या भोजन पकाने में उसका प्रयोग करने से व्यक्ति जलजनित रोग व संक्रमण जैसे पेट के कीड़े, पीलिया, हेपेटाईटिस-ए, टायफायड, हैजा, दस्त इत्यादि से ग्रस्त हो सकता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलजनित रोगों का खतरा अधिक होता है। स्वच्छ पानी के लिए पानी शुद्ध करने वाल उपकरणों का प्रयोग करें और नियमित रुप से उनकी सर्विस व रखरखाव सुनिश्चित करें।

  • ऊना सदर विस क्षेत्र में सरकार ने 2859 परिवारों को दिए फ्री गैस कनेक्शन

    ऊना सदर विस क्षेत्र में सरकार ने 2859 परिवारों को दिए फ्री गैस कनेक्शन

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना विस क्षेत्र के तहत फ्री गैस कनेक्शन प्रदान करने वाली सरकार की दो योजनाओं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत लगभग 2859 परिवारों को फ्री गैस कनेक्शन की सुविधा मिली है। 

    इस बारे जानकारी देते हुए छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों की अवधि में ऊना विस क्षेत्र के तहत उज्ज्वला योजना के 427 तथा गृहिणी सुविधा योजना के तहत 2432 परिवारों को फ्री में गैस कनेकशन दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आम परिवारों से निकले हुए नेता हैं, जिन्हें गरीब व गरीबी की तमाम मजबूरियों का अहसास है। इसलिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर ऐसे प्रयास कर रही है कि आम आदमी को राहत मिल सके। जो परिवार उज्ज्वला योजना के दायरे से बाहर रह रहे थे, उन्हें निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गृहिणी सुविधा योजना आरंभ की, जो राज्य सरकार की सफलतम योजनाओं में से एक है। 
    प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मई 2016 को थी, जिसके तहत सरकार गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लाभार्थियों को एलपीजी का कनेक्शन फ्री प्रदान करती है। इस योजना का लाभ केवल महिलाएं उठा सकती हैं। आवेदक महिला की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। साथ ही एक ही घर में इस योजना के तहत कोई अन्य एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए। अब केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सिलेंडर पर 200 रुपए की सब्सिडी देने की घोषणा भी कर दी है। 

    वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत ऐसे परिवारों को एलपीजी गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जिनके पास पहले से कोई गैस का कनेक्शन नहीं है। साथ ही लाभार्थी का हिमाचली होना आवश्यक है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक राजीव शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गृहिणी सुविधा योजना के तहत फ्री रसोई गैस कनेक्शन के साथ-साथ तीन निशुल्क सिलेंडर भी फ्री प्रदान करती है। एक सिलेंडर कनेक्शन स्वीकृत होने के साथ दिया जाता है और दो अन्य सिलेंडर बाद में निशुल्क लिए जा सकते हैं।

  • बददी अस्पताल में सिप्ला ने लगाया फ्री स्पायरोमेट्री कैम्प

    बददी अस्पताल में सिप्ला ने लगाया फ्री स्पायरोमेट्री कैम्प

    अस्पताल में आए मरीजों की जाँच

    बददी/सचिन बैंसल: बद्दी के सरकारी अस्पताल में सिप्ला कंपनी के सहयोग से फ्री स्पायरोमेट्री टेस्ट कैंप का आयोजन किया गया। जिसमे अस्पताल में आए गए मरीजो की जाँच की गई। अस्पताल में तैनात डॉ अभिनभ पूरी ने कहा कि बददी में खासी दमा के मरीजो की संख्या काफी है। उन्हीं की जांच करने के लिए आज स्पायरोमेट्री कैंप आयोजन किया गया जिसमें मरीजों के फेफड़ों की क्षमता की जांच की गई। उस जांच के आधार पर मरीजों को दवाइयां दी गई। इस मौके पर सिपला टीम के पुनीत खन्ना, रजत, दीप, मोहित चड्ढा, कमलप्रीत सिंह नागरा व मोहिल गोयल मौजूद रहे।

  • जालंधरः दिन-दिहाड़े गाजीगुल्ला रोड पर लाखों की लूट

    जालंधरः दिन-दिहाड़े गाजीगुल्ला रोड पर लाखों की लूट

    जालंधर (हर्ष)। गाजीगुल्ला रोड पर प्रकाश आईसक्रिम के बाहर दिन- दिहाड़े स्विफ्ट कार से 5 लाख रुपये लूट कर 2 युवक मौके से फरार हो गए।

    जानकारी देते हुए कार के मालिक अनमोल सिंह पुत्र हसबंस सिंह वासी लंबा पिंड ने बताया कि वह बैंक से पैसे लेकर फैक्ट्री में किसी को देने जा रहा था। वह गाड़ी खड़ी करके प्रकाश आईसक्रिम के अन्दर गया। जब उसने बाहर आकर देखा गाड़ी का शीशा तोड़ कर 2 युवक गाड़ी से पैसे लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    LIVE

  • आम आदमी को एक और बड़ा झटका, गैस कनेक्शन लेना हुआ महंगा…

    आम आदमी को एक और बड़ा झटका, गैस कनेक्शन लेना हुआ महंगा…

    नई दिल्‍ली: देश में बढ़ती महंगाई के बीच आम आदमी पर एक और बड़ा झटका लगा। दरअसल, अब घरेलू रसोई गैस का नया कनेक्‍शन लेना और भी महंगा हो जाएगा। पेट्रोलियम कंपनियां कल यानी 16 जून से बढ़े हुए दाम लागू कर रही है इसके साथ ही 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के सिक्‍योरिटी अमाउंट में कंपनियों ने 750 रुपये का इजाफा कर दिया है। 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर के लिए भी अब 350 रुपए ज्‍यादा देने होंगे।  सिलेंडर के साथ दिए जाने वाले गैस रेगूलेटर की कीमत भी 100 रुपये तक बढ़ा  दिया है।  वहीं उज्‍ज्‍वला योजना के लाभार्थी को भी राहत नहीं अगर वह भी दूसरा सिलेंडर लेंगे तो उन्‍हें बढ़ा हुआ पैसा देना होगा। 

    सोई कनेक्‍शन लेने के लिए अब उपभोक्‍ता को 2,200 रुपये देने होंगे इसके पहले यह राशि 1450 रुपये थी। इसके अलावा रेग्युलेटर के लिए 250, पासबुक के लिए 25 और पाइप के लिए 150  रुपये अलग से देने होंगे।  इस हिसाब से पहली बार गैस सिलेंडर कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्‍ता को कुल 3,690 रुपये भुगतान करने होंगे।  अगर कोई दो सिलेंडर लेता है तो उसे सिक्‍योरिटी के रूप में 4400 रुपये देने होंगे।

    बता दें कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुताबिक 5 किलोग्राम के सिलेंडर की सिक्योरिटी के रूप में अब 800 रुपये की जगह 1150 रुपये कर दिए है।  
     

  • पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, ये नेता साथियों सहित ‘आप’ में शामिल

    पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, ये नेता साथियों सहित ‘आप’ में शामिल

    दोराहा: दोराहा शहर में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता और मौजूदा नगर कोंसिल अध्यक्ष सुदर्शन शर्मा ”पप्पू” अपने पांच साथी पार्षदों और शहर कांग्रेस अध्यक्ष के साथ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं। इन नेताओं का पी.डब्ल्यू.डी. रेस्ट हाउस, दोराहा में आयोजित एक साधारण समारोह के दौरान लुधियाना के हलका सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर (पप्पी), पायल से विधायक इंजीनियर मनविंदर सिंह ग्यासपुरा, और जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) हरभूपिंदर सिंह धरोड़ द्वारा औपचारिक तौर पर स्वागत किया गया। 

  • केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसरः कंवर

    केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसरः कंवर

    अग्निवीरों को चार साल के लिए सेना में भर्ती करने जा रही सरकार, 25 प्रतिशत सैनिक होंगे रिटेन

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने केंद्र सरकार की अग्निपथ भर्ती योजना का स्वागत करते हुए है कि इससे युवाओं को सेना में भर्ती होकर देश सेवा का मौका मिलेगा। आज जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत चार वर्षों के लिए भर्ती किए गए युवाओं में से 25 प्रतिशत को पारदर्शी तरीके से सेना में आगे भी कार्य करने का अवसर मिलेगा। चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के उपरांत जब वह नौकरी छोड़ेंगे, तो उन्हें सरकारी विभागों व कॉरपोरेशन में नौकरी के लिए अधिमान दिया जाएगा। साथ ही उन्हें सेवा निधि पैकेज भी प्रदान किया जाएगा। इस योजना के लिए वीरेंद्र कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी धन्यवाद किया। 

    उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है तथा राज्य के बहुत से युवा फौज में जाकर देश सेवा का सपना देखते हैं। अग्निपथ योजना से आरंभ होने से विशेष रूप से वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के युवाओं को लाभ मिलेगा और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। नौकरी के दौरान उन्हें आकर्षक वेतन के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी मिलेगी। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले सैनिकों को अग्निवीर कहा जाएगा। अगर कोई अग्निवीर देश सेवा के दौरान शहीद हो जाता है, तो उसके परिजनों को सेवा निधि समेत 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ब्याज समेत दी जाएगी। इसके अलावा बाकी बची नौकरी का भी वेतन दिया जाएगा। वहीं, अगर कोई अग्निवीर दिव्यांग हो जाता है, तो उसे बाकी बची नौकरी के वेतन के साथ-साथ 44 लाख रुपए तक की राशि दी जाएगी। वीरेंद्र कंवर ने इस योजना से हिमाचल प्रदेश के युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा।

  • ED दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी, सड़क पर महिला कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा; कई नेता पुलिस हिरासत में…

    ED दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी, सड़क पर महिला कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा; कई नेता पुलिस हिरासत में…

    नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लगातार तीसरे दिन पेश होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय पहुंच गए हैं। इस दौरान कांग्रेस की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। इससे पहले नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से लगातार दो दिनों तक ईडी दफ्तर में पूछताछ हुई थी। दूसरे दिन ईडी ने राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में करीब 11 घंटे तक पूछताछ की थी। वहीं, सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी।

    राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं को AICC कार्यालय के बाहर पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा क्या हम आतंकवादी हैं, तुम हमसे क्यों डरते हो। वे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल कर रहे हैं।

  • भारत में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, एक दिन में मिले इतने केस

    भारत में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, एक दिन में मिले इतने केस

    नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों में फिर बढ़ोतरी देखने को मिली है। एक दिन बाद ही कोरोना के नए मामले 8 हजार से ज्यादा आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 8,822 नए मामले सामने आए हैं। कल यानी मंगलवार के मुकाबले आज कोरोना के मामलों में 33 फीसद से ज्यादा का इजाफा हुआ है। मंगलवार को देशभर में कोरोना के 6,594 मामले सामने आए थे।

    मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना से 15 लोगों की मौत भी हुई है। वहीं, एक्टिव केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना से 5,718 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 53,637 हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 4 करोड़ 32 लाख 45 हजार 517 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक 4 करोड़ 26 लाख 67 हजार 88 लोग महामारी से रिकवर हो चुके हैं। कुल 5 लाख 24 हजार 792 लोगों की मौत भी हो चुकी है।