Blog

  • Himachal News: वाहन पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट की तिथियों में बदलाव

    Himachal News: वाहन पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट की तिथियों में बदलाव

    ऊना/सुशील पंडित:क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना अशोक कुमार ने जानकारी दी कि ऊना में 10 दिसंबर को निर्धारित वाहनों की पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट प्रक्रिया में प्रशासनिक कारणों के चलते बदलाव किया गया है। अब यह प्रक्रिया 11 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।

    इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आरएलए अंब के तहत 11 दिसम्बर को होने वाली वाहनों की पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट प्रक्रिया अब 10 दिसंबर को संपन्न होगी।

    उन्होंने सभी वाहन मालिकों से से अनुरोध किया है कि वे पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट की संशोधित तिथियों के अनुसार अपने दस्तावेज व वाहन टेस्ट के लिए समय पर उपस्थित हों, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।

     

     

  • अंतर-महाविद्यालय हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में रोमांच, ऊना ने सुन्नी को 23–0 से रौंदा

    अंतर-महाविद्यालय हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में रोमांच, ऊना ने सुन्नी को 23–0 से रौंदा

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना की मेज़बानी में इंदिरा स्टेडियम, ऊना में चल रही तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 के दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि युवा समन्वयक दीपक जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही उप-प्राचार्य प्रो. पुनीत तथा महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मौजूद रहे।

    पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय सुन्नी को 23–0 के भारी अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। ऊना की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार गोल दागते हुए विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे पुरुष सेमीफाइनल मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय चंबा और राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के बीच मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में घुमारवीं की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर को 19–0 से पराजित किया।

    वहीं एक अन्य मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय ऊना की महिला टीम ने राजकीय महाविद्यालय सोलन को 3–0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि प्रिंस पठानिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करती हैं। युवा समन्वयक दीपक जायसवाल ने भी खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

    यह प्रतियोगिता 7 दिसंबर से 9 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। फाइनल मुकाबले 9 दिसंबर को खेले जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय प्रशासन, खेल विभाग, निर्णायक मंडल का विशेष योगदान रहा।

  • Punjab News: ड्राइवर ने तेज रफ्तार से दौड़ाई बस, स्कूल के बच्चे सहमे, टीचर से हुई बहस, देखें वीडियो

    Punjab News: ड्राइवर ने तेज रफ्तार से दौड़ाई बस, स्कूल के बच्चे सहमे, टीचर से हुई बहस, देखें वीडियो

    होशियारपुरः महिलपुर के सरदूलपुर में प्राइवेट स्कूल ड्राइवर द्वारा बच्चों से भरी बस ओवर स्पीड दौड़ाई गई। बताया जा रहा है कि सरदूलपुर के ही एक प्राइवेट स्कूल की ये बस थी। इसमें करीब 30 बच्चे सवार थे। इस मामले की बस सवार महिला टीचर द्वारा वीडियो बनाई गई और जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। तेज रफ्तार से बस चलाने को लेकर कर ड्राइवर द्वारा बच्चों और टीचर्स की जान को जोखिम में डाला गया। वीडियो में ड्राइवर और महिला स्टाफ के बीच तीखी बहस होती नजर आई।

    ड्राइवर के बस दौड़ाए जाने पर जब बच्चे चीखने लगे तो महिला टीचर ने इसका विरोध किया। मामला थाना महिलपुर पहुंच गया है। महिलपुर थाने के एसएसओ मदन सिंह ने कहा कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेजी से बस दौड़ाने के इस वीडियो में ड्राइवर और एक महिला स्टाफ के बीच तीखी बहस होती नजर आती है। महिला ड्राइवर से कह रही है कि तुम ये कैसे बस चला रहे हो। इसे धीरे करो, बच्चे चिल्ला रहे हैं, डर रहे हैं और हमें भी डर लग रहा है। वीडियो में बस में सवार बच्चे भी सहने दिखाई देते हैं।

    सरदूलपुर स्कूल के प्राइवेट स्कूल की बस के सामने आए वीडियो पर डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर के विधायक जय किशन रोड़ी ने कहा कि बच्चे बहुत सहमे हुए हैं। मैंने वीडियो देखा है। ड्राइवर बदतमीजी भी कर रहा है। इसने बच्चों की जान जोखिम में डाली है। मैं स्कूल की बसें चलाने वाले बाकी ड्राइवरों से भी अपील करना चाहता हूं कि बसों को धीरे चलाएं। स्पीड लिमिट में ही वाहन चलाना चाहिए। मैं इस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करवाऊंगा और प्रशासन से भी बात करूंगा।

    दूसरी ओर मामले की जानकारी देते हुए थाना माहिलपुर के एसएचओ मदन सिंह ने कहा कि उन्होंने भी इस वीडियो को देखा है। उनका कहना है कि स्कूल स्टाफ की तरफ से इस मामले को लेकर शिकायत की गई है। इस मामले में ड्राइवर के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर थाना प्रभारी द्वारा स्कूल मैनेजमेंट के लोगों को भी थाने बुलाया गया है और उन्हें भी ड्राइवर के खिलाफ एक्शन लेने के लिए कहा जाएगा। पुलिस ड्राइवर के खिलाफ रेस ड्राइविंग का केस दर्ज करेगी।

     

  • महाविद्यालय बंगाणा में साइबर जागरूकता क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन

    महाविद्यालय बंगाणा में साइबर जागरूकता क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन

    ऊना/ सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में बीसीए विभाग के सौजन्य से साइबर जागरूकता विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सचेत करना व सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के आवश्यक उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में प्रो. आरती देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

    उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा के महत्व, व्यक्तिगत डेटा संरक्षण, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा साइबर अपराध होने पर उठाए जाने वाले त्वरित कदमों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रो. रेनूका और प्रो. रंजना भी उपस्थित रहीं और उन्होंने छात्रों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता सत्र के उपरांत क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार आशीष, कौशल और संदीप की टीम ने हासिल किया।

    दूसरा पुरस्कार शीता, दीपिका और दिया की टीम को मिला, जबकि तीसरा पुरस्कार राज कुमार, निशांत और अंकित की टीम को प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान प्रो. सिकंदर नेगी, प्रो. मुकेश, प्रो. आरती, प्रो. रेनूका सहित बीसीए विभाग के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

    यह कार्यक्रम अत्यंत जानकारीपूर्ण, प्रेरक और उपयोगी सिद्ध हुआ। छात्रों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं और बीसीए विभाग के इस सराहनीय प्रयास की सर्वत्र प्रशंसा हुई।c

  • कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने 1.80 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

    कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने 1.80 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

    समूर कलां में जिला स्तरीय वाटरशेड महोत्सव सम्पन्न

    ऊना/सुशील पंडित: जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में ग्राम पंचायत समूर कलां में आज(सोमवार) को जिला स्तरीय वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    विधायक ने इस अवसर पर 1.80 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें प्राकृतिक जल स्त्रोतों का संरक्षण, कुओं, तालाबों और चेक डैमों का निर्माण एवं पुनर्निर्माण शामिल है। ये सभी कार्य प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत किए जा रहे हैं।

    जल और मिट्टी की सुरक्षा हमारा सामूहिक दायित्व – विवेक शर्मा

    इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि वाटरशेड महोत्सव मनाने का उद्देश्य जल, जीवन और मिट्टी की सुरक्षा को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जलग्रहण प्रणालियों को सुरक्षित रखना, जल का संचयन करना, मिट्टी की नमी संरक्षित रखना और जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन करना इस अभियान की मुख्य प्राथमिकताएँ हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक स्रोतों का पुनरुद्धार, नालों एवं चेक डैमों की नियमित सफाई, मरम्मत एवं बहते पानी का प्रभावी संग्रहण जल संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

    विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से एक नई पेयजल और 45 करोड़ रूपये की सिंचाई परियोजना की जल्द ही मुख्यामंत्री द्वारा आधारशिला रखी जाएगी। इससे स्थानीय क्षेत्रों के लोगों को पेयजल और सिंचाई संबंधी पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर बनाने में सहायता देने के लिए निर्माण राशि को 1.50 लाख से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया है, जिससे लोगों को अपनी छत उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिल रही है।

    7 पंचायतों के 1600 लाभार्थियों को बांटी 1 करोड़ की टूल किटें
    कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की 7 पंचायतों समूर कलां, लमलैहड़ी, मदनपुर, डंगोली, झम्बर, टब्बा और बसोली के 1600 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत 1 करोड़ रुपये की टूल किटें वितरित की गईं। इन किटों में सिलाई मशीन, स्प्रे पंप, कृषि उपकरण किट, उद्यानिकी उपकरण किट तथा पेपर प्लेट बनाने की मशीनें शामिल हैं। इन उपकरणों से लाभार्थियों के दैनिक कार्य अधिक सुगमता से होंगे और समय की बचत भी होगी।

    पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
    श्री शर्मा ने अशोक का पौधा रोपित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण में अपना सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ और शुद्ध पर्यावरण मिल सके।

    बीडीओ ऊना रमनबीर चौहान ने बताया कि वाटरशेड महोत्सव जल संकट से निपटने के लिए केवल तकनीक नहीं, बल्कि समुदाय की सहभागिता सबसे बड़ा समाधान है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित जल भविष्य प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

    कार्यक्रम में उपस्थित रहे

    कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिक्का और सुरेश दत्त शर्मा, समूर कलां पंचायत प्रधान ज्ञानचंद, कृषि उपनिदेशक ऊना कुलभूषण धीमान, उद्यान विभाग ऊना के उपनिदेशक के.के. भारद्वाज, तथा विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

  • Himachal News: जिला ऊना के स्कूलों और आयुष केंद्रों में खिले हर्बल गार्डन

    Himachal News: जिला ऊना के स्कूलों और आयुष केंद्रों में खिले हर्बल गार्डन

    आयुष पद्धति को बढ़ावा देने के लिए रोपे गए हैं शतावर, अश्वगंधा, आंवला, स्टीविया सहित विविध औषधीय पौधे

    ऊना/सुशील पंडित:हिमाचल सरकार, प्रदेश में जहां आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में जुटी है, वहीं पारंपरिक आयुर्वेद और आयुष चिकित्सा पद्धति को भी नई ऊर्जा प्रदान की जा रही है। इसी उद्देश्य से ऊना जिले में स्कूलों और आयुष संस्थानों के परिसर अब औषधीय पौधों की सौंधी महक से भर गए हैं। लगभग 9.42 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए ये हर्बल गार्डन स्वास्थ्य जागरूकता और प्राकृतिक चिकित्सा की ओर एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

    स्कूलों में औषधीय पौधों की खुशबू

    जिला आयुष अधिकारी ऊना किरण शर्मा ने बताया कि जिले के 5 स्कूलों में  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेहड़ जसवां, रावमापा कुठारकला, रावमापा भदसाली, रावमापा पिरथीपुर और रावमापा थानाकलां में हर्बल गार्डन विकसित किए जा चुके हैं। इस कार्य पर  1.25 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। विद्यालयों में शतावर, अश्वगंधा, स्टीविया, एलोवेरा, आंवला, हरड़, बेहड़ सहित अनेक औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इन उद्यानों का उद्देश्य बच्चों में प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति रुचि जगाना और आयुष पद्धति की वैज्ञानिक उपयोगिता को समझाना है।

    आयुष केंद्रों में भी औषधीय उद्यानों की हरियाली
    किरण शर्मा  बताती हैं कि जिले के सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में 2.25 लाख रुपये की लागत से पॉटेड हर्बल गार्डन विकसित किए गए हैं। वहीं 13 आयुष आरोग्य मंदिरों में 5.92 लाख रुपये खर्च कर 3232 औषधीय पौधे रोपित किए गए हैं, जो स्थानीय स्तर पर औषधीय संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धति से जोड़ने में सहायक कदम
    यह पहल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के उस विचार को मूर्त रूप देती है जिसमें बच्चों और आम लोगों को प्राकृतिक उपचार पद्धतियों से जोड़ने, आयुष-आयुर्वेद के महत्व को समझाने और स्वास्थ्य को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर बल दिया गया है।

    प्रदेश में विभिन्न विभागों के सहयोग से औषधीय उद्यान विकसित किए जा रहे हैं, जो न केवल गुणवत्तापूर्ण औषधीय पौधों के उत्पादन में सहायक होंगे, बल्कि भविष्य में पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे। हिमाचल की अनुकूल जलवायु इस क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की भी क्षमता रखती है। इसके साथ ही राज्य सरकार आयुष वेलनेस सेंटरों की स्थापना पर भी फोकस कर रही है, जहां विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए विशेष प्राकृतिक और पारंपरिक चिकित्सा पैकेज उपलब्ध होंगे।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    जिला आयुष अधिकारी किरण शर्मा ने बताया कि विद्यालयों, आयुष स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष आरोग्य मंदिरों में हर्बल गार्डन स्थापित करने का उद्देश्य आयुष एवं आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना और लोगों में औषधीय पौधों के महत्व के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है। इससे पारंपरिक ज्ञान का संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसका संवर्धन सुनिश्चित होगा।

    वहीं, जिलाधीश ऊना जतिन लाल का कहना है कि आयुर्वेद स्वास्थ्य देखभाल का एक मजबूत और किफायती माध्यम है। औषधीय उद्यानों के माध्यम से लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा से जोड़ने के प्रयास निश्चित ही बेहतर जीवनशैली और स्वस्थ समाज निर्माण में सहायक होंगे। जिला प्रशासन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की इस सोच को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • Punjab News: 2027 में जलालाबाद से नहीं इस हलके से लड़ेंगे सुखबीर बादल चुनाव, किया ऐलान

    Punjab News: 2027 में जलालाबाद से नहीं इस हलके से लड़ेंगे सुखबीर बादल चुनाव, किया ऐलान

    गिद्दाੜबाहा: पंजाब में 2027 में होने वाली विधानसभा चुनावों को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर ली है। वहीं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आगामी 2027 विधान सभा चुनावों के लिए एक बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि लोगों की तीव्र मांग के बाद वे आगामी 2027 के चुनावों में गिद्दाड़बाहा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

    बता दें कि इससे पहले सुखबीर सिंह बादल लंबे समय से जलालाबाद निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ते आ रहे हैं। गिद्दाड़बाहा क्षेत्र से बादल परिवार का पुराना नाता है, क्योंकि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सुखबीर सिंह बादल के पिता प्रकाश सिंह बादल भी इसी क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। इस फैसले को 2027 के चुनावों से पहले शिरोमणि अकाली दल की रणनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

     

  • Himachal News: भाजयुमो बसदेहड़ा मंडल की कार्यकारिणी घोषित

    Himachal News: भाजयुमो बसदेहड़ा मंडल की कार्यकारिणी घोषित

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल बसदेहड़ा के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह ने मंडल की कार्यकारिणी का विस्तार कर नई टीम की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि यह नियुक्तियां ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती से चर्चा और मार्गदर्शन के बाद की गई हैं। जिसमें नंगड़ा निवासी लवीश गर्ग, बसदेहड़ा से आकाश राणा, पुना से हरजिंद्र सिंह, बनगढ़ से दीपक रायजादा, रायपुर से हिमांशु अग्रिहोत्री व उदयपुर मराला से दलजीत सिंह को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

    संतोषगढ़ के दिनेश सैनी व चड़तगढ़ से बलराम दत्त को महामंत्री, बनगढ़ से नमन राणा, छतरपुर टाडा से डिंपल चौधरी, झुडोवाल से जसवीर जस्सी, भटोली से कुनाल सहोड़, अजोली से अंशुल कपिला को सचिव, सनोली से ऋषि शर्मा को कोषाध्यक्ष, सनोली के नितिश कुमार को प्रवक्ता, खानपुर से साहिल चौधरी को सह प्रवक्ता, चड़तगढ़ से कार्तिक भारद्वाज को सोशल मीडया संयोजक, रायपुर से मुकुल देव को सोशल मीडिया सह संयोजक, बनगढ़ से गौरव राणा को मीडिया संयोजक, लमलेहड़ा से कार्तिक शर्मा को सह मीडिया संयोजक, बनगढ़ से भुवनेश शर्मा को आईटी संयोजक, मोरबाड़ी से गौरव चौधरी को आईटी सह संयोजक, भटोली से गिरीश शर्मा को कार्यालय सचिव, सोसन से बलविंद्र कुमार को कार्यालय सह सचिव बनाया गया हैं।

    कार्यकारिणी सदस्यों में कर्ण चौधरी, अमन चौधरी, मिलनजीत सिंह, अरमान, हरमन सिंह, हरजीत सिंह, दिनेश कुमार, प्रिंस चौधरी, विवेक राणा, बाल कृष्ण, बलजिंद्र सिंह, राजिंद्र सिंह, अनीश कालिया, जतिंद्र कुमार हर्ष कुमार, राजा राम, लखबीर सिंह, अमन चौधरी, गुरविंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, अभिषेक चौधरी, अमनजीत रिहाल शामिल हैं।

  • नगर निगम ऊना में वाहनों की गतिसीमा तय, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

    नगर निगम ऊना में वाहनों की गतिसीमा तय, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ऊना क्षेत्र के भीतर सभी श्रेणी के वाहनों के लिए अधिकतम गतिसीमा निर्धारित की है। जिलादंडाधिकारी जतिन लाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 112 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस संदर्भ में आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में नगर निकाय क्षेत्रों के लिए अधिसूचित गतिसीमाओं के अनुरूप है।

    जारी आदेश के अनुसार नगर निगम ऊना की सीमा के भीतर आठ सीटों तक के यात्री वाहनों के लिए अधिकतम 30 किमी प्रति घंटा और नौ या उससे अधिक सीटों वाले यात्री वाहनों के लिए अधिकतम 40 किमी प्रतिघंटा की गतिसीमा तय की गई है।

    मालवाहक वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 25 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। मोटरसाइकिलों के लिए अधिकतम गति 30 किमी प्रति घंटा रहेगी, जबकि क्वाड्रिसाइकिल और तीन पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति 20 किमी प्रति घंटा तय की गई है।

    आदेश में कहा गया है कि नगर निगम ऊना क्षेत्र में आने वाले सभी वाहन चालकों के लिए इन गति सीमाओं का पालन अनिवार्य होगा। उल्लंघन की स्थिति में मोटर वाहन अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • Jalandhar News: पत्नी के कत्ल मामले में 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: पत्नी के कत्ल मामले में 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: थाना शाहकोट की पुलिस पार्टी ने महिला के कत्ल मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी का कत्ल करने के बाद कोटली गजरा गांव से फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय मुन्ना कांति पुत्र शंभू कांति निवासी किशनपुरा, सुरमा, राज्य बिहार के रूप में हुई है।

    मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुखपाल सिंह ने बताया कि दिनांक 6 दिसंबर को जरनैल सिंह पुत्र बलदेव सिंहने सूचना दी कि दिनांक 4 दिसंबर को शाम 6 बजे को वह खेतों पर जाने के लिए गया था, जहां पर एक मजदूर अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ पक्की सड़क पर बैठा हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है। ठंड के मौसम के कारण जरनैल सिंह ने जमीन में बने एक कमरे में रहने के लिए कहा। दिनांक 6 दिसंबर को करीब 8 बजे सुबह वह अपने कुएं पर जाने के लिए गए और कमरे में एक महिला को देखा जिसका मृत्यु हो गई थी। उसका शव कमरे के अंदर फर्श पर पड़ा था। वह व्यक्ति बच्चों के साथ उस समय मौजूद नहीं था।

    पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। जिस पर जरनैल सिंह के बयान पर मुकदमा संख्या 302 दिनांक 06 दिसंबर 2025 धारा 103 भद. थाना शाहकोट जिला जालंधर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना कांति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी मुन्ना कांति ने बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले रानी कुमारी से हुई थी और उसके 2 बच्चे हैं, जिसमें 5 वर्षीय एक लड़की और एक वर्षीय लड़का शामिल है।

    वह कुछ दिन पहले अपने परिवार के साथ काम की तलाश में दिल्ली से पंजाब आया था और काम की तलाश में गांव कोटली गाजर के पास खड़ा था, तभी एक व्यक्ति ने उसे अपनी मोटर पर रहने के लिए कमरा दिया। रात को कमरे में उसका अपनी पत्नी रानी कुमारी से झगड़ा हुआ और आरोपी मुन्ना कांति ने अपनी पत्नी रानी कुमारी की मारपीट कर हत्या कर दी और फिर अपने बच्चों को लेकर फरार हो गया। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।