Blog
-

नवाचार और उद्यमिता पर फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम हेतु ट्रिपल आईटी ऊना चयनित
ऊना/सुशील पंडित : शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल (एमआईसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने नवाचार और उद्यमिता पर फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित करने के लिए देश के 50 संस्थानों का चयन किया है। इनमें भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना को शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस पहल का प्रस्ताव डिव्यांश ठाकुर, एसोसिएट फैकल्टी सदस्य और डॉ. शिवदत्त शर्मा, सहायक प्रोफेसर द्वारा प्रस्तुत किया गया था, जिन्होंने शिक्षा जगत में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के अपने विजन को प्रदर्शित किया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप, आईआईआईटी ऊना को एफडीपी आयोजित करने के लिए मंत्रालय द्वारा धनराशि प्रदान की गई है।यह कार्यक्रम फैकल्टी सदस्यों को युवा नवप्रवर्तकों और उद्यमियों को मार्गदर्शन देने के लिए आवश्यक कौशल से लैस करने का लक्ष्य रखता है। ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक, मनीष गौर ने बताया कि यह उपलब्धि आईआईआईटी ऊना के क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एफडीपी फैकल्टी सदस्यों को छात्रों के विचारों को प्रभावशाली उद्यमों में बदलने के लिए मार्गदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी जिससे भारत के बढ़ते उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र में योगदान मिलेगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के एकमात्र संस्थान के रूप में इस प्रतिष्ठित फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम को आयोजित करने के लिए चुने जाने पर गर्व है।एफडीपी न केवल हमारे फैकल्टी सदस्यों के कौशल को बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें अगली पीढ़ी के नवप्रवर्तकों और उद्यमियों को प्रशिक्षित करने के लिए सशक्त भी करेगा। हम शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल और एआईसीटीई के प्रति आभारी हैं और इस पहल को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि एफडीपी सत्रों की तैयारी चल रही है और आईआईआईटी ऊना प्रतिभागियों के लिए एक परिवर्तनकारी शिक्षण अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार है। ट्रिपल आईटी संस्थान ऊना नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के राष्ट्रीय एजेंडे में महत्वपूर्ण योगदान देने और शैक्षणिक उत्कृष्टता और तकनीकी प्रगति का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। -

Punjab News: Action मोड में आई Mann सरकार, 52 पुलिसकर्मियों को किया बर्खास्त
चंडीगढ़ः पंजाब सरकार एक्शन मोड में आ गई है। इसी के चलते आज पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। मिली जानकारी के अनुसार करप्शन पर बड़ा वार करते हुए 52 पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। पुलिस विभाग की टीम पर यह बड़ी कार्रवाई है। इस घटना के दो दिन पहले मुक़सर के DC को निलंबित किया गया था। पंजाब सरकार लगातार करप्शन पर एक्शन कर रही है।
इसमें कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर रैंक के कर्मचारी शामिल हैं। यह दावा पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। पुलिस में काली भेड़ों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, दिल्ली पुलिस की तर्ज पर एक महीने में ई-एफआरईआर दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इसके साथ ही पंजाब पुलिस पुलिस सिटीजन फ्रेंडली सिसटम लागू रही है। पुलिस की तरफ से पहले 43 सेवाएं ऑनलाइन मुहैया करवाई जाती थी। वहीं, इसका दायरा अब बढ़ाया जाएगा। इसमें 60 के करीब सेवाओं को शामिल किया जाएगा। लोग सांझ केंद्र या घर पर बैठकर इन सेवाओं का लाभ उठा पाएंगे। इसके अलावा दिल्ली पुलिस की तरह पुलिस अब ई एफआईआर सिस्टम शुरू करने जा रही है।
इसमें मोटर व्हीकल की शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। इसके लिए एक राज्य स्तरीय ई पुलिस थाना नोटिफाई किया जाएगा। जहां से लोगों की शिकायतों को संबंधित थाने में चली जाएगी। अगर 21 दिनों में शिकायत का निपटारा नहीं होता है तो अनट्रेस रिपोर्ट फाइल हो जाएगी। इसके लिए हमें हाईकोर्ट की मंजूरी जरूरत है। इसके लिए हमने लिए आवेदन किया है। वहीं, अगर जांच में कुछ समाने आता है, तो उसमें जानकारी जोड़ दी जाएगी।
-

Punjab News: नशे और Crime को लेकर DGP Law and Order Arpit Shukla ने जारी किए निर्देश, देखें वीडियो
मोगाः पंजाब में क्राइम नशे और गैंगस्टरों को लेकर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। इसी के चलते पंजाब के डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला अलग-अलग जिलो में जाकर अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे है और सख्त निर्देश जारी कर रहे है। वहीं आज अर्पित शुक्ला ने विभिन्न जिलों के एसएसपी के साथ बैठक की और नई हिदायतें जारी की। यह बैठक एसएसपी कार्यालय में की गई। इस बैठक में डीआईजी फरीदकोट रेंज, एसएसपी मोगा, एसएसपी मुक्तसर, एसएसपी फिरोजपुर, एसएसपी तरनतारन और एसएसपी फाजिल्का शामिल हुए। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। इसी के साथ 7 जिलों की सीमाओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस मौके पर जानकारी देते हुए डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर पंजाब, अर्पित शुक्ला ने कहा कि पंजाब पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आज फिरोजपुर रेंज के सभी एसएसपी के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आने वाले समय में और कड़ी सख्ती बरती जाएगी।
डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि बड़े नशा तस्करों की संपत्तियां जब्त की गई हैं और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा जा रहा है। 7 जिलों की सीमाओं पर 30 करोड़ की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस में पिछले छे महीनों में अब तक 2500 नए कर्मियों की भर्ती की गई है और आने वाले समय में और भी भर्तियां की जाएंगी।
-

Punjab News: केंद्रीय जेल पहुंचे Ravneet Bittu का आया बयान, देखें वीडियो
लुधियाना: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज पहले चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान से डिबेट करने के लिए उनके आवास पहुंचे थे। बिट्टू का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया और गेट पर ही रोक लिया। जिसके बाद अब रवनीत सिंह बिट्टू ताजपुर रोड की सेंट्रल जेल में पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए बिट्टू ने सरकार पर निशाने साधे। वहीं राजीव राजा, राजेश अत्री की गिरफ्तारी को लेकर बिट्टू ने कहा कि राजीव राजा किसी के संस्कार से आ रहे थे और पुलिस ने उसे 10 फरवरी को उठा लिया, जिसके बाद पटियाला से राजेश अत्री को गिरफ्तार कर लिया।
बिट्टू ने कहा कि पुलिस से बात की गई तो वह कुछ बताने को लेकर तैयार नहीं है। जिसके बाद उन्होंने कहा कि काफी जांच के दौरान पता चला कि हाईकमान से यह ऑर्डर जारी हुए है। बिट्टू ने आरोप लगाए है कि राजा पर फर्जी केस बनाकर उसे जेल में डाला गया है। एक दिन में इतनी एफआईआर कैसे कर दी गई। बिट्टू ने कहाकि धर्म में बांटने को लेकर पर्चा दर्ज किया गया है, जिसमें एक पंडित पर एससी का पर्चा दर्ज किया गया।
बिट्टू ने आरोप लगाए कि अभी तक एससी मामले में क्या कहा गया कोई बताने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह सीएम हाउस में बात करने के लिए गए थे, लेकिन वहां पर सीएम ने उनके साथ मुलकात नहीं की। इसी को लेकर वह जेल में राजीव राजा से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वह जेल में भी स्वस्थ है। बिट्टू ने कहा कि वह अपने परिवार, दोस्तों और वर्करों के साथ धक्का नहीं होने देंगे। अगर सीएम मान सरकार ने पर्चा दर्ज करना है तो वह उन पर कर सकते है।
-

Punjab News: दपंति के आत्महत्या करने के मामले में 3 पर मामला दर्ज
लुधियानाः खन्ना के हेडों बेट में दंपती द्वारा नहर में कूदकर आत्महत्या की गई। इस मामले में परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गांव हेडों बेट के अमरीक सिंह और उसके दो भतीजे गुरप्रीत सिंह व नरिंदर सिंह को आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि अभी तीनों आरोपी फरार चल रहे है। जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतका नेहा रानी की गुरप्रीत सिंह के साथ दोस्ती थी। वहीं गुरप्रीत ने नेहा की आपत्तिजनक वीडियो बना ली थी। उसने यह वीडियो नेहा के पति जसवंत सिंह को दिखा दी। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। आरोपी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर दंपति को परेशान करते थे।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले गुरप्रीत सिंह और उसके साथी इंद्रजीत कुमार ने नेहा के घर में घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ की थी। इस मामले में समराला थाने में एफआईआर दर्ज है और केस लुधियाना कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपी इस केस को वापस लेने का दबाव बना रहे थे। परेशान होकर दंपती ने अपने 3 बच्चों को घर छोड़ा और नहर में छलांग लगा दी। नेहा का शव पुलिस ने नहर से बरामद कर लिया है। वहीं एसएचओ हरविंदर सिंह के अनुसार, जसवंत सिंह का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं।
-

मध्यप्रदेश के युवा हिमाचल की संस्कृति से होंगे रू-ब-रू
ऊना में पांच दिवसीय अंतर्राज्यीय युवा आदान प्रदान कार्यक्रम शुरूऊना/ सुशील पंडित : नेहरू युवा केंद्र ऊना, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 20 फरबरी से 24 फरवरी 2025 तक पांच दिवसीय अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। नेहरू युवा केन्द्र ऊना के जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मोरेना, विदिशा, रीवा एवम खरगोन जिलों से आए 25 युवा प्रतिभागी एवं 2 एस्कॉर्ट भाग लेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को समीप से जानने का अवसर प्रदान किया जायेगा।कार्यक्रम में युवाओं को व्यक्तित्व विकास सत्र, श्रमदान, स्वच्छता अभियान में प्रतिभागिता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, योग एवं स्वास्थ्य सत्रों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिये जागरूक किया जायेगा। साथ ही साथ उन्हें जिले के महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण एवं माता श्री माता चिंतपूर्णी के दर्शन भी करवाये जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 20 फरवरी 2025 को ज़िलाधीश ऊना जतिन लाल द्वारा किया जायेगा जिसमें नेहरू युवा केन्द्र संगठन हिमाचल प्रदेश की राज्य निदेशक इरा प्रभात विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के समापन समारोह में 24 फरवरी 2025 को ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती युवाओं को सम्बोधित करेंगे। -

केंद्रीय मंत्री बिट्टू और CM Mann की सिक्योरिटी में तीखी नोकझोक, भारी हंगामा
चंडीगढ़ः केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को और पुलिस में हंगामा होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार आज रवनीत बिट्टू मुख्यमंत्री भगवंत मान से डिबेट करने के लिए उनके आवास पहुंचे थे। बिट्टू का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया और गेट पर ही रोक लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान बिट्टू की सिक्योरिटी और चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों के बीच हाथापाई और धक्का-मुक्की तक हो गई। दूसरी ओर इस मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों का कहना था कि उनके पास परमिशन नहीं थी इसलिए बिट्टू का काफिला रोक दिया। अधिकारियों ने पायलट गाड़ी के ड्राइवर को जबरन उतारने की कोशिश की।
बिट्टू गाड़ी से उतरकर आए तो भी पुलिस अधिकारी सिक्योरिटी अफसर से बहस करते रहे। बिट्टू ने कहा,’ मैं अकेला यहां आया था। इन्होंने गालियां दीं। अगर मुझे डिटेन करना है तो कर लो। मैं गृह विभाग को शिकायत दूंगा।’ घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें अधिकारी कह रहे हैं कि आपने रास्ता ब्लॉक कर रखा है। इसके बाद अधिकारियों और ड्राइवर के बीच हाथापाई हुई। पायलट गाड़ी का ड्राइवर पुलिस अधिकारियों से कहता है कि गृह मंत्रालय ने उन्हें (बिट्टू) सिक्योरिटी दे रखी है। हमें कैसे उन्हें अकेला छोड़ सकते हैं? उन्हें कुछ हो गया तो कौन जिम्मेदार होगा? हमें गृह मंत्रालय ने भेजा हुआ है।
हम ड्यूटी कर रहे हैं। हमारी ऑल इंडिया ड्यूटी है। इस पर अधिकारी कहते हैं कि आप अपनी डयूटी करो और हमें अपनी ड्यूटी करने दो। आप इस तरह रास्ता ब्लॉक नहीं कर सकते। चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी उदयपाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रवनीत बिटटू पंजाब सीएम के आवास पर जा रहे थे, जब उससे मिलने की परमिशन को लेकर पूछा गया, तो पता चला कि उनके पास परमिशन नहीं थी। जिसके बाद उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया।
-

Jalandhar News: पत्नी का आरोप, प्रशासन ने तेजपाल सिंह को बताया मृत, रशिया सरकार ने दिखाया Missing, देखें वीडियो
रूस यूक्रेन युद्ध में फंसे भारतीय जल्द होंगे रशिया रवाना
जालंधर, ENS: यूक्रेन और रूस की लड़ाई में अभी भी कई भारतीय रशिया में फंसे हुए है। जिनको वहां से लाने के लिए परिवार द्वारा काफी समय से मदद के लिए प्रशासन से अपील की जा रही है। हाल ही में रशिया सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार जगदीप सहित कई परिवारों का दिल्ली के अस्पताल में डीएनए टेस्ट हुआ है, जिसकी रिपोर्ट भारत सरकार द्वारा रशिया सरकार को भेजी जाएगी। जिसके बाद जल्द ही जगदीप भी भाई को ढूंढने के लिए रूस के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उनके साथ अमृतसर से रशिया में फंसे तेजपाल की पत्नी भी साथ होगी। बता दें कि कुछ महीने पहले ही रशिया सरकार ने आर्मी में शामिल तेजपाल के मिसिंग होने की पुष्टि की थी और उसके बाद परिमंदर कौर रशिया गई थी, जहां रूस की सरकार ने परमिंदर कौर की पेंशन लगाई थी और बच्चों का सारा खर्च उठाने का आश्वासन दिया था। वहीं रशिया सरकार ने परमिंदर कौर को परिवार सहित रूस में रहने के लिए न्यौता भी दिया था। हैरानी की बात यह है कि रूस सरकार ने जिस तेजपाल को मिसिंग दिखाया था उसी को लेकर परमिंदर कौर का आरोप है कि भारत एबेंसी ने तेजपाल को मृत बताया था। मामले की जानकारी देती हुई तेजपाल सिंह की पत्नी परमिंदर कौर ने बताया कि उनके पति 12 जनवरी 2024 को वह रशिया गए थे। जिसके बाद पति 16 जनवरी को रशियन आर्मी ज्वाइन की। परमिंदर कौर ने बताया कि उनकी आखिरी बार तेजपाल से 3 मार्च को बात हुई थी, जिसके बाद से तेजपाल के साथ कोई संपर्क नहीं हुआ। महिला का कहना है कि अब रशिया सरकार ने तेजपाल को लापता में रखा हुआ है। इस दौरान कई अन्य भारतीयों को भी लापता में रखा हुआ है। इस मामले को लेकर जब इंडियन एबेंसी से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि तेजपाल की मौत हो गई। महिला का कहना है कि सरकार द्वारा कोई मदद नहीं की गई। हालांकि कांग्रेस सासंद गुरजीत औजला ने कुछ मदद की थी। वहीं रशिया सरकार द्वारा जारी लेटर में मिसिंग दिखाया गया है। वहीं तेजपाल के रूस जाने को लेकर परमिंदर ने कहा कि उनके दोस्तों ने रशियन आर्मी ज्वाइन की थी। जिसके बाद वह दोस्तों के संपर्क में आए और उन्होंने आर्मी ज्वाइन की। रूस में तेजपाल के फंसने को लेकर परमिंदर कौर ने कहा कि दोस्तों ने यह बताया कि वार में रेड जॉन में उन्हें नहीं ले जाया जाता। परमिंदर कौर के अनुसार किसी को नहीं पता था कि उन सभी को बाद में वार के लिए रेड जॉन मेें ले जाया जाएगा। हाल ही में परमिंदर कौर रशिया गई थी। इस दौरान तेजपाल द्वारा रशियन आर्मी मॉस्कों में गई थी, जहां आर्मी ने उन्हें दस्तावेज मुहैय्या करवाए और आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। इन दस्तावेजों में ऑटो रिन्यूअल का जिक्र किया हुआ है। महिला ने कहा कि काफी महीने इंतजार करने के बाद वह अपनी मदद से ही रशिया गई थी। रशिया सरकार द्वारा अभी तक मिसिंग की दिखाया जा रहा है। रशिया सरकार द्वारा पेशन सहित बच्चों के खर्चा उठाया जा रहा है। परमिंदर ने कहा कि उसकी पक्के तौर पर रशिया में रहने को लेकर दस्तावेज तैयार हो गए है और वह परिवार के साथ रशिया में जून में शिफ्ट हो रही है। रशिया सरकार द्वारा उसकी काफी मदद की गई है और वहां जाकर भी सरकार ने मदद करने का आश्वासन दिया गया। वहीं भारत सरकार द्वारा डीएनए टेस्ट सहित अन्य मदद को लेकर परमिंदर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि जगदीप सहित अन्य परिवारों को भी कोई मदद मिलेगा। दूसरी ओर जगदीप ने आज परमिंदर कौर से मुलाकात की और रशिया जाने को लेकर दोनों में बातचीत हुई। दरअसल, जगदीप ने कहा कि परमिंदर कौर पहले रशिया जा चुकी है और उन्हें वहां के हालातों के बारे में सारी जानकारी है। जगदीप ने वह भी जल्द रशिया जा रहे है। उन्होंने कहा कि वह इसलिए परमिंदर से मिले क्योंकि परमिंदर से मुलाकात के दौरान उसकी शायद भाई को ढूंढने में रशिया में कोई मदद हो जाए। वहीं इंसानियत तौर पर परमिंदर उनके साथ रशिया जाने के लिए तैयार हो गई है और वहां पर भाई को ढूंढने में परमिंदर के साथ जाकर वहां पर मदद मिलेगी। जगदीप ने कहा कि रशिया की लैंगवेज को लेकर काफी परेशानी हो रही है। वहीं डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट को लेकर जगदीप ने कहा कि यह रिपोर्ट एमइए को भेज दी जाएगी और वहीं से उनको रिपोर्ट को लेकर मैसेज आएगा। जगदीप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट से कुछ होगा। वह पिछले एक साल से भाई को रशिया से लाने के लिए प्रशासन के पास चक्कर काट रहे है। जगदीप ने कहा कि भारत सरकार से रशिया में रहने, फाइनेंशियल परेशानी और ट्रांसलेटर को लेकर गुहार लगाई थी, लेकिन सरकार द्वारा रशिया में उनके साथ ट्रांसलेटर भेजने का आश्वासन दिया है। वहीं परमिंदर के साथ रशिया जाने को लेकर जगदीप ने कहा कि उनका पति तेजपाल भी अभी मिसिंग है, ऐसे में उन्हें भी साथ जाकर पति को ढूंढने में मदद मिल जाएगी और वह भी अपने भाई को वहां पर परमिंदर की मदद से ढूंढ सकेंगे। -

बंगाणा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और चिट्ठा माफिया पर रखें कड़ी नजर: अजय ठाकुर
अगर कोई संदिग्ध मिले तो तुरंत पुलिस को करें सूचित, तभी समाज बनेगा नशा मुक्तऊना/ सुशील पंडित : राज्य और क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए डीएसपी अजय ठाकुर ने थाना बंगाणा में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यदि किसी को भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या चिट्ठा माफिया से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि समाज के सौंदर्य और सुरक्षा नशा मुक्त समाज के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। डीएसपी अजय ठाकुर ने कहा कि हम जनता से अनुरोध करते हैं कि यदि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को नोटिस करें, तो तुरंत पुलिस स्टेशन बंगाणा में जानकारी दें। अजय ठाकुर ने कहा कि पुलिस अकेले इस लड़ाई को नहीं जीत सकती। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास के माहौल पर ध्यान दें और यदि कोई अनजान व्यक्ति संदिग्ध तरीके से घूमता दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।उन्होंने कहा, “समाज को नशे और अपराध से बचाने के लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा। बंगाणा क्षेत्र के लोग जागरूक रहें और अपने बच्चों को भी गलत संगति से बचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में विशेष पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और ड्रग्स माफिया पर नकेल कसने के लिए गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी अजय ठाकुर ने इस बात पर भी जोर दिया कि नशा तस्कर मुख्य रूप से युवाओं को निशाना बना रहे हैं। स्कूलों और कॉलेजों के आसपास पुलिस की सतर्कता बढ़ाई गई है, ताकि छात्रों को इस जाल में फंसने से रोका जा सके। उन्होंने अभिभावकों से भी अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और यदि उन्हें कोई असामान्य व्यवहार दिखे तो तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा नशा केवल व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की समस्या है। यदि इसे समय रहते नहीं रोका गया, तो यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को अंधकारमय बना सकता है।डीएसपी अजय ठाकुर ने लोगों को यह भरोसा भी दिलाया कि यदि वे किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देते हैं, तो उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी डर या संकोच के बिना पुलिस को सूचित करें ताकि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नशा माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी अजय ठाकुर ने जनता से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। समाज को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है। पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही नशे के दुष्प्रभाव से बचा जा सकता है और समाज को एक स्वस्थ दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।इस मौके पर थाना प्रभारी रोहित ठाकुर, एएसआई सतपाल मौजूद रहे। -

उपायुक्त ने ईसपुर में प्रस्तावित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण
ऊना/सुशील पंडित : उपायुक्त जतिन लाल ने बुधवार को ईसपुर का दौरा कर वहां प्रस्तावित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र के भवन का निरीक्षण किया। यह केंद्र 50 बिस्तरों की सुविधा के साथ स्थापित किया जाएगा और इसका संचालन गुजन संस्था द्वारा किया जाएगा। केंद्र को वहां उपलब्ध सरकारी भवन में खोला जाएगा, जो पूर्व में वन विभाग के उपयोग में था। उपायुक्त ने एसडीएम को भवन में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस केंद्र में योग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ-साथ गार्डनिंग और खेती जैसी रचनात्मक गतिविधियों की सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया, ताकि यहां उपचाराधीन लोग सक्रिय और सकारात्मक वातावरण में रहें तथा उनकी पुनर्वास प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सके।उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि यह केंद्र नशे के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुनर्वास के साथ-साथ हमारा उद्देश्य प्रभावित लोगों को एक सकारात्मक वातावरण देना है, जिससे वे अपने जीवन को फिर से पटरी पर ला सकें। इसके लिए केंद्र में योग, खेल और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके उपरांत, उपायुक्त ने ईसपुर में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर पानी निकासी की समस्या और बिजली के खंभों से लटकते तारों का निरीक्षण किया तथा एसडीएम को शीघ्र सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी अनीता शर्मा, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं सीपीओ संजय सांख्यान, गुजन संस्था के प्रतिनिधि डॉ. बलदेव डोगरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे