पालीः शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक लेपर्ड रिहायशी इलाके में घुस गया और उसने एक घर के अंदर घुसकर कुत्ते का शिकार कर लिया। महज 8 सेकेंड में लेपर्ड कुत्ते को मुंह में दबाकर खेतों की तरफ भाग गया। इस दौरान सारी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
जानकारी मुताबिक, पाली के देसूरी क्षेत्र में सेली माता कॉलोनी के नीचे स्थित रेबारियों की ढाणी में मंगलवार रात 11 बजकर 38 मिनट पर एक लेपर्ड घर में घुसा। कुछ ही मिनट बाद लेपर्ड मुंह में कुत्ता लिए घर से बाहर निकला और खेतों की ओर भाग गया। शिकार करने से पहले लेपर्ड घर के बाहर घात लगाकर बैठा था। मौका मिलते ही लेपर्ड घर की तरफ भागा, 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर कुत्ते को मुंह में दबाया और खेत की तरफ भाग खड़ा हुआ। कुत्ते की चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए। तब तक लेपर्ड खेतों की तरफ भाग चुका था जिस घर में लेपर्ड ने शिकार किया वह पूर्व सरपंच प्रवीण सोलंकी का घर है।
घर के सामने की तरफ उनका खेत है और बीच में कॉलोनी की सड़क है। वहीं घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने वन विभाग के कर्मचारियों को सर्तक रहने की मांग की है।
लुधियानाः जिले के ढंडारी इलाके में लोहे के पुल के पास ईंटों से भरे ट्रक टाटा-407 की बस से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही टाटा-407 का आगे का टायर फट गया। इस घटना में 2 लोग घायल हो गए। वहीं हादसे बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू ढंग से चलाने का काम शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार साहनेवाल की ओर से एक भट्ठे से ईंटें लोड करके टाटा-407 ट्रक ढंडारी की तरफ आ रहा था।
इसी दौरान एक बस ने ट्रक को साइड से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद टाटा-407 का ड्राइवर ट्रक से नीचे उतरकर बस का पीछा करने लगा और करीब 500 मीटर तक उसके पीछे भागता रहा। इसी बीच दिल्ली की तरफ से आ रहे एक अन्य ट्रक ने टाटा-407 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा-407 में बैठा क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। टक्कर मारने वाले ट्रक का ड्राइवर भी हादसे में घायल हो गया और वह अपने केबिन में फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि यह ट्रक ड्राइवर जालंधर जा रहा था। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवरियाः अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 12वां दिन है। इस युद्ध में अब तक 140 अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं, जबकि 7 सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है। उधर ईरान का कहना है कि उसके देश में हुए हमलों में करीब 8000 घरों को नुकसान पहुंचा है और 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इस युद्ध का असर भारत में दिख रहा है। दरअसल, देश भर में एपीजी गैस को लेकर सकंट बढ़ गया है। जिसके कारण लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में खड़े हो रहे है। गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी लाइनों ने नोटबंदी की याद दिला दी है। दरअसल, नोटबंदी के दौरान लोग कामकाज छोड़कर बैंकों के बाहर लंबी लाइनें लगाकर खड़े हो रहे थे, वहीं अब लोग कामकाज छोड़कर गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें लगाकर खड़े हो रहे है।
नोएडा में आज सुबह गैस गोदाम पर सिलेंडर पाने के लिए भारी भीड़ दिखाई दी। वहीं बिहार में भी यही हालत है। बताया जा रहा है किलोग रात से ही लाइन लगा कर बैठे हुए हैं। अधिकांश गैस गोदामों पर भोर से ही लंबी कतार लग गई। गैस की गाड़ी पहुंचने से पहले गोदामों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग गयी। लेकिन लाइन में लगने के बाद भी अधिकांश लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिला और उन्हे निराश होकर लौटना पड़ा। बुकिंग के 3-4 दिन बाद भी गैस नहीं मिल रहा है। वहीं कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से होटल, रेस्टोरेंट, कैटर्स, मैरेज हाल व ठेलों पर घरेलू सिलेंडर का प्रयोग बढ़ गया है।पिछले एक सप्ताह से गैस सिलेंडर की मांग बढ़ गयी है। जिन लोगों के पास खाली सिलेंडर है वह उसे भराने में जुट गये हैं। रमजान के महीने में रोजेदार सहरी बनाने के लिए सबसे अधिक संख्या में गैस सिलेंडर लेने आ रहे हैं।
मनकापुर, इटियाथोक, धानेपुर और नवाबगंज सहित जिले के कई स्थानों पर सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ लगी हुई है। कुछ एजेंसियों पर तत्काल गैस दी जा रही है, जबकि कुछ पर अगले दिन की पर्ची बांटी जा रही है। लोग परेशान होकर टीन शेड और अन्य स्थानों पर बैठ रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) का दावा है कि गोंडा में गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि, इसके बावजूद लोग सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं। इंडियन गैस एजेंसी द्वारा जारी टोल-फ्री बुकिंग नंबर पर भी लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें और अधिक कठिनाई हो रही है।
इस पूरे मामले पर गोंडा के अपर जिलाधिकारी (ADM) आलोक कुमार ने लोगों से ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी को ओटीपी न दें और एजेंसी द्वारा गैस उसी दाम पर घर तक पहुंचाई जाएगी। वहीं, कालाबाजारी और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले की चारों तहसीलों में पूर्ति निरीक्षकों की टीम बनाकर छापेमारी करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही साथ जिलाधिकारी द्वारा चारों तहसीलों की एसडीएम को भी निर्देश दिया गया है कि वह स्टॉक का भी निरीक्षण करें।
चूरूः जिले के ढाणी कुम्हारान के पास बारात की कार पलटने का मामला सामने आया है जिससे 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे का बड़ा भाई और फोटोग्राफर शामिल हैं। हादसे के वक्त कार में कुल 3 लोग सवार थे। वहीं 1 व्यक्ति घायल है।
जानकारी देते मंगलचंद जाखड़ ने पुलिस को बताया कि देवली तलाई से राजलदेसर बारात जा रही थी। कार को दूल्हे का बड़ा भाई सुरेश कुमार जाट चला रहा था। कार के सामने अचानक गोवंश आ गया था, जिसको बचाने के प्रयास में कार पलटी खा गई।
हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त, एयरबैग भी खुले।
बीदासर थानाधिकारी दिलीप सिंह शेखावत ने बताया कि ढाणी कुम्हारान के जाखड़ परिवार में शादी थी। मंगलवार शाम ढाणी कुम्हारान से राजलदेसर बारात जा रही थी। इसी दौरान बीदासर और ढाणी कुम्हारान के बीच दूल्हे के बड़े भाई सुरेश कुमार की कार पलट गई। हादसे में घायल सुरेश कुमार को बीदासर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल फोटोग्राफर नरेश को प्राथमिक उपचार के बाद सुजानगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां उनकी भी मौत हो गई। कार में सवार अन्य 1 घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद दूल्हा पक्ष के घर में कोहराम मच गया। जहां मंगलवार देर शाम तक मंगल गीत गाये जा रहे थे। वहीं रात को रोने व चिखने की आवाज गूंजने लगी। बारात की सभी गाड़ियां एक साथ चल रही थी। सुरेश की कार पलटते ही बारात के लोगों को पता चल गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरन्त कार में सवार चारों घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया था।
टांडा उड़मुड़ः लुटेरों के हौंसले इस कदर बढ़ गए है कि रास्ते में जा रहे राहगीरों पर हमला कर रहे है। वहीं टांडा-श्री हरगोबिंदपुर रोड पर मोटरसाइकिल सवार 2 लुटेरों ने गुरुद्वारा पुलपुख्ता साहिब में माथा टेकने जा रहे परिवार पर हमला कर दिया। दरअसल, माथा रास्ते में महिला से चेन छीनने की लुटेरे ने कोशिश की। इस दौरान दंपति का मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। जिसके कारण 4 वर्षीय बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। घायल नौजवान की पहचान 4 वर्षीय अगमदीप सिंह के रूप में हुई है। वहीं लुटेरे मोटरसाइकिल लेकर मौके फरार हो गए।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों की मदद से अगमदीप सिंह के पिता प्रिंसपाल सिंह ने लुटेरों का पीछा करते हुए लगभग 800 मीटर पर जाकर लुटेरों को मोटरसाइकिल समेत काबू करने की कोशिश की। इस दौरान एक लुटेरा पैदल खेतों की और भाग गया। वहीं दूसरे लुटेरे को लोगों द्वारा काबू कर लिया गया। जिसके बाद लोगों ने जमकर छित्तर परेड की। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंची टांडा पुलिस के हवाले लुटेरे को कर दिया गया।
वहीं मामले जानकारी देते हुए पीड़ित महिला शालू निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश) और उसके पति प्रिंसपाल सिंह ने बताया कि वह बच्चे के साथ गुरु घर माथा टेकने के लिए जा रहे थे। प्रिंसपाल ने कहा कि वह रेलवे में लोको पायलट हैं। उन्होंने बताया कि वह मायके उड़मुड़ आए हुए थे। वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर 4 वर्षीय बेटे अगमदीप सिंह के साथ गुरुद्वारा पुलपुख्ता में माथा टेकने जा रहे थे।
जब गांव गिल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उनके गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। इस दौरान वह सड़क पर गिर गए, जिससे उनका 4 वर्षीय बेटा घायल हो गया और उन्हें भी चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की और लुटेरों में से एक को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। घायल बच्चे को टांडा के अस्पताल में डॉक्टर अनुज गोयल द्वारा प्राथमिक चिकित्सा दी गई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके अन्य साथियों को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
होशियारपुरः जालंधर-पठानकोट रोड़ मुकेरियां में दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां तेल के टैंकर से एक्टिवा की टक्कर में एक्टिवा सवार 2 युवतियों की मौत हो गई। मृतको की पहचा रागिनी और अंचल निवासी कलगीधार मुकेरियां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एक्टिवा सवार दोनों युवतियां निजी पार्टी में भाग लेने के लिए जा रही थीं। इस दौरान जब वह आर्मी ग्राउंड के सामने पहुंचीं तो जालंधर से पठानकोट की ओर जा रहे तेल के टैंकर एक्टिवा की टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि हादसे में दोनों युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर छा गई। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया।
वहीं पुलिस ने दोनों युवतियों के शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिए है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं युवतियों के परिजनों को हादसे के बारे में बता दिया गया है। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
चित्तौड़गढ़ः जिले के काछियाखेड़ी गांव में दर्दनाक मामला सामने आया है जहां, एक महिला ने पहले 2 बच्चों को कुएं में फेंक दिया और बाद में खुद भी ट्रेन के आगे कूद गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। वहीं गांव के कुएं से देर रात दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कपासन थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया कि 7 बजे सूचना मिली थी कि काछियाखेड़ी रेलवे पुलिया के पास एक महिला उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। सिर धड़ से अलग हो चुका था, जिससे महिला की पहचान नहीं हो पा रही थी। शव को कपासन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
इस दौरान जानकारी मिली कि काछियाखेड़ी गांव से एक महिला अणछी (25) पत्नी पारस कच्छवा अपने 2 बच्चों सोनू (5) और मोनू (4 महीने) के साथ लापता हो गई। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 8ः30 बजे सूचना मिली कि गांव में एक कुएं में दो बच्चों के शव देखे गए हैं। कपासन थाने के एएसआई उदयलाल सुखवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। रात करीब 10 बजे दोनों शवों को कपासन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हरजी लाल यादव और थानाधिकारी सुनील शर्मा भी उप जिला अस्पताल पहुंचे। ग्रामीण और परिजनों ने महिला और दोनों बच्चों की पहचान की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका अणछी के पीहर और ससुराल पक्ष को बुलाकर रिपोर्ट ली जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई शंकरलाल के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि महिला ने ही अपने दोनों बच्चों को कुएं में फेंका और उसके बाद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। हालांकि, अभी मौत के कारण स्पष्ट नहीं है। परिवारों के बयान लेने के बाद ही कुछ साफ हो सकेगा।
फिरोजपुरः पंजाब के जिला फिरोजपुर के कैंट लाइट्स चौक पर प्रवासी मजदूर होली पर्व के दिन युवक लापता हो गया। परिवार और उसके साथी लापता युवक को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार ने कार्रवाई करने के लिए पुलिस को शिकायत दी है। इस मौके पर पीड़ित मोहम्मद निहाल ने पत्रकारों को बताया कि वह बिहार का रहने वाला है और नूरपुर राइस मिल में मजदूरी करता है।
लापता युवक मोगा से बस से फिरोजपुर आ रहा था। इस दौरान आते समय उससे फोन पर संपर्क हुआ था। लेकिन जब वह फिरोजपुर पहुंचा तो उसका फोन और संपर्क भी टूट गया। जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया, उसके साथियों ने उसे ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला। इसकी शिकायत संबंधित थाने में दे दी गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि उसे ढूंढने में उनकी मदद की जाए और ढूंढने वाले को सम्मानित किया जाएगा।
लुधियानाः जिले के शिंगला शिवाले रोड मंदिर के पास भाजपा नेता का बुलेट चोरी करके चोर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा युवा मोर्चा के सोशल मीडिया इंचार्ज करण कनोजिया के घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल चोर लेकर फरार हो गए। पीड़ित करण कनोजिया ने बताया कि वह लंबे समय से अपनी बुलेट घर के बाहर ही खड़ी करते आ रहे थे। रोज की तरह जब वह सुबह काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकले तो वहां से बाइक गायब थी। शुरुआत में करण को लगा कि शायद उनका भाई बाइक लेकर कहीं गया होगा।
लेकिन जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो बाइक की चाबी वहीं पड़ी थी और भाई भी घर के अंदर ही सो रहा था। इसके बाद उन्हें चोरी का अहसास हुआ। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी कैमरे में 2 संदिग्ध नजर आए। फुटेज में साफ दिख रहा है कि 2 चोर सफेद रंग की अपाचे (Apache) मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। एक चोर अपाचे से उतरा और उसने बड़ी ही चालाकी से बुलेट का लॉक तोड़ा।
इसके बाद वह बुलेट को पैदल ही घसीटते हुए गली से बाहर ले गया जबकि उसका दूसरा साथी अपाचे पर उसके पीछे-पीछे चलता रहा। पीड़ित ने बताया कि जब से बाइक ली है वह घर के बाहर ही खड़ी करते थे। कभी सोचा नहीं था कि घर के सामने से ही कोई इस तरह बाइक ले जाएगा। सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। घटना के बाद पीड़ित द्वारा पुलिस को इस चोरी की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों के रूट को ट्रैक करने और उनकी पहचान करने में जुट गई है।
जालंधर, ENS: महानगर में चोरों के हौंसले लगातार बुलंद हो रहे है। यही कारण है कि अब वह सरेआम अपाहिज लोगों को निशाना बनाने लग गए है। ताजा मामला थाना 8 के अधीन आते दओबा चौक के पास से सामने आया है। जहां बाइक सवार 2 लुटेरों ने अपाहिज व्यक्ति से मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना वहां पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक लुटेरे का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे ने मुंह ढका हुआ है।
पीड़ित मुख्त्यार चंद के अनुसार उसकी दोआबा चौक के पास बुक की दुकान है। वह दुकान से घर के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 युवक उनके पास आए और उनकी जेब से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मुख्त्यार चंद ने बताया कि उन्होंने लूट के दौरान शोर मचाया, लेकिन बाइक की रफ्तार ज्यादा होने के कारण आरोपी भाग निकले।
घटना की शिकायत थाना 8 की पुलिस को दे दी है। घटना की सूचना मिलने ही मौके पर पहुंची थाना 8 के एएसआई ने पीड़ित के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई ने कहा कि पीड़ित के बेटे ने बयान दर्ज करवाए है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा दिखाई दे रहा है। फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी को जल्द पकड़ने के कोशिश की जाएगी।