Blog

  • Punjab News: तेज रफ्तार Audi ने विदेशी युवती को मारी टक्कर, कई फीट उछलकर नीचे गिरी, देखें वीडियो

    Punjab News: तेज रफ्तार Audi ने विदेशी युवती को मारी टक्कर, कई फीट उछलकर नीचे गिरी, देखें वीडियो

    मोहालीः जीरकपुर शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात वीआईपी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में विदेशी युवती की मौत हो गई। दरअसल पैदल जा रही युवती को तेज रफ्तार काले रंग की ऑडी कार ने जोरदार टक्कर मारी जिससे युवती कई फीट उछलकर नीचे गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

    जानकारी अनुसार यह हादसा देर रात करीब 12 बजे वीआईपी रोड स्थित एमकेयर अस्पताल के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विदेशी युवती मावलूदा एमकेयर अस्पताल से किसी मरीज को देखकर अपने दोस्त के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पार कर रही युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती करीब 14 फुट ऊपर उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और अधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ:

    ਜ਼ੀਰਕਪੁਰ ਵਿੱਚ ਤੇਜ਼ ਰਫ਼ਤਾਰ ਕਾਰ ਦਾ ਕਹਿਰ: ਵਿਦੇਸ਼ੀ ਮਹਿਲਾ ਨੂੰ ਟੱਕਰ ਮਾਰ ਕੇ ਉਛਾਲਿਆ, ਮੌਕੇ ’ਤੇ ਮੌਤ

    घटना के समय युवती के साथ मौजूद अभिषेक उर्फ अभी ने बताया कि मृतका उनकी दोस्त थी और वह एमकेयर अस्पताल में उसकी गर्भवती पत्नी का हालचाल पूछने के लिए आई थी। जब वह दोनों एक साथ अस्पताल के बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो ऑडी कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से उसे भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया।

    पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। जांच अधिकारी राज कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान विदेशी नागरिक मावलूदा के रूप में हुई है। उसकी बहन तुर्की से भारत आ रही है। उसके आने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

     

  • Jalandhar News: सरपंच कत्ल मामले में थाने का हेड मुंशी सस्पेंड

    Jalandhar News: सरपंच कत्ल मामले में थाने का हेड मुंशी सस्पेंड

    जालंधर, ENS: मेहतपुर के गांव बूटे दिया छत्रा के सरपंच के कत्ल मामले में थाने के मुंशी पर गाज गिरी है। दरअसल, 62 वर्षीय सरपंच महिंदर सिंह ने नशे से रोकने के लिए लोगों का विरोध किया था। जिसके बाद नशेड़ियों ने सरपंच पर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान सरपंच की मौत हो गई थी। वहीं सरपंच को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठे समर्थकों ने देर रात धरना लगाया था। हालांकि पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

    दरअसल, धरना दे रहे लोगों ने आरोप लगाया था कि थाने में आने वाली ड्रग तस्करी से जुड़ी सूचनाएं हेड मुंशी सुखबीर सिंह कथित तौर पर आरोपियों तक पहुंचाता था। मामला डीएसपी सुखपाल सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने इसे एसएसपी के सामने रखा। इसके बाद हेड मुंशी को सस्पेंड कर दिया गया और पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए। उधर थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सरपंच के शव का पोस्टमार्टम बुधवार यानी आज करवाया जाएगा। पुलिस टीमें मुख्य आरोपी राजा समेत अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

    जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को सौदागर राजा ने अपने साथियों के साथ सरपंच पर हमला करवाया था। सरपंच की 7 दिन बाद मौत हो गई। गुस्साए समर्थकों ने शनिवार को थाने के बाहर धरना लगा दिया था। पुलिस ने मामले में 8 आरोपी नामजद किए हैं। इनमें से 2 आरोपी सुखजीत सिंह और अरमान को पकड़ा जा चुका है। वहीं, 3 अन्य आरोपी गोपी वालिया (पत्ती भाई की, बिलगा), शमशेर सिंह (नाई वाला मोहल्ला, बिलगा) और गांव आलोवाल के बाबा ठंडी की तलाश जारी है। इन्हीं पांच आरोपियों ने हमला करने का आरोप है।

  • Punjab News: एक ही गांव के लड़के-लड़की की शादी पर लगी रोक, प्रस्ताव पास, देखें वीडियो

    Punjab News: एक ही गांव के लड़के-लड़की की शादी पर लगी रोक, प्रस्ताव पास, देखें वीडियो

    मोहालीः जिले के कस्बा नवां गराओं के नज़दीक, पंजाब-हरियाणा की सीमा के पास बसे गांव टांडा की पंचायत और गांववासियों ने मिलकर एक सर्वसम्मति के साथ प्रस्ताव डाला है। जिसमें शर्तें रखी गईं कि जो भी गांव का लड़का गांव की ही किसी लड़की से या फिर पुरुष और महिला आपस में शादी करते हैं, उन्हें गांव में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी के साथ उनके आधार कार्ड, वोटर कार्ड तथा गांव के कार्ड भी नहीं बनाए जाएंगे।

     

     

    वहीं अगर कोई व्यक्ति उनकी मदद करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करवाई जाएगी। इस तरह की शर्तें गांव वासियों ने लिखकर प्रस्ताव पास किया है। गांव वासियों ने बताया कि पिछले दिनों उनके गांव में कुछ इस तरह के रिश्ते तोड़े गए, जिनके कारण यह प्रस्ताव लेने के लिए उन्हें मजबूर होना पड़ा। बताया गया कि गांव में आपसी मेल-जोल और गांव की शान-स्वाभिमान को बचाने के लिए यह उपाय करना पड़ा। गांव वासियों ने कहा कि अगर प्रस्ताव पास नहीं करेंगे तो गांव के अन्य बच्चे, लड़कियों और महिलाओं पर भी बुरा असर पड़ेगा।

     

     

     

  • Haryana News: पूर्व DGP का WhatsApp Hack, हेड कांस्टेबल से 40 हजार रुपए ठगे

    Haryana News: पूर्व DGP का WhatsApp Hack, हेड कांस्टेबल से 40 हजार रुपए ठगे

    पंचकूलाः हरियाणा के पूर्व डीजीपी निर्मल सिंह का व्हाट्सएप नंबर हैक करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने व्हाट्सएप हैक कर उनके परिचितों को पैसे मांगने के मैसेज भेज दिए। अधिकांश लोगों ने मैसेज की भाषा और अंदाज देखकर इसे फर्जी समझ लिया, लेकिन अंबाला का एक हेड कांस्टेबल ठगी का शिकार हो गया। उन्होंने ठगों के बताए खाते में 40 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। पूर्व डीजीपी निर्मल सिंह ने इस मामले में पंचकूला के साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते पूर्व डीजीपी निर्मल सिंह ने बताया कि 9 मार्च की शाम करीब 4 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनके नाम से एक पार्सल आया है और उसे रिसीव करने के लिए फोन से कॉल कर जानकारी लेनी होगी। इसके बाद ठग ने चालाकी से उनके व्हाट्सएप का ओटीपी हासिल कर लिया और अपने फोन में उनका व्हाट्सएप अकाउंट लॉगिन कर लिया। व्हाट्सएप हैक करने के बाद साइबर ठगों ने उनके सभी परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी। कई लोगों ने मैसेज की भाषा और अंदाज देखकर शक जताया और पैसे नहीं भेजे। हालांकि, अंबाला के एक हेड कांस्टेबल ने मैसेज को सही समझकर 40 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। पूर्व डीजीपी की शिकायत के बाद पंचकूला साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    बता दें, आईपीएस अधिकारी निर्मल सिंह जुलाई 2005 में हरियाणा के डीजीपी बने थे और 31 अक्टूबर 2006 को सेवानिवृत्त हुए। अपने कार्यकाल के दौरान वे एक बार राजस्थानी वेशभूषा में अंबाला में रेड करने पहुंचे थे और एक एसएचओ को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था।

  • Jalandhar News: नहीं रूक रहा देह व्यापार का धंधा, प्रशासन बे-खबर, मौके से भागी महिला, देखें वीडियो

    Jalandhar News: नहीं रूक रहा देह व्यापार का धंधा, प्रशासन बे-खबर, मौके से भागी महिला, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: बस स्टैंड के पास देह व्यापार का धंधा सरेआम चल रहा है। यह पहली बार की घटना नहीं है, इससे पहले भी देह व्यापार का मामला प्रकाशित किया जा चुका है, हैरानी की बात यह है कि बस स्टैंड पुलिस प्रशासन बेखबर है और लोग खुद ही जागरूक हो रहे है। यही कारण है कि अब लोग खुद मौके से देह व्यापार करने वाली महिलाओं को पकड़कर पूछताछ कर रहे है। हालांकि यह काम पुलिस प्रशासन का है, लेकिन पुलिस प्रशासन क्यों कार्रवाई नहीं कर रही, ये चिंता का विषय है। दरअसल, नरिंदर सिनेमा वाली गली में देर रात करीब 12 बजे एक ऑटो ड्राइवर और तरना दल से जुड़े बाबा बख्शीश सिंह बाजड़ा ने कथित तौर पर देह व्यापार कर रही लड़कियों को पकड़ा।

    इस दौरान महिला ने खुद को नई शादीशुदा बताते हुए अपनी बहन के साथ होने की बात कही। निहंग सिंह ने जब उसे बहन को बुलाने को कहा गया तो दोनों मौके से भाग निकलीं। इस दौरान निहंग सिंह ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों वहां से फरार हो गईं। बाबा बख्शीश सिंह बाजड़ा ने बताया कि वह रात में ऑटो चलाते हैं और शहर की अलग-अलग गलियों से गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि नरिंदर सिनेमा वाली गली में अक्सर लड़के-लड़कियां खड़े मिलते हैं और कई बार आपत्तिजनक हालत में होते हैं।

    निहंग सिंह ने लाल सूट और चूड़ा पहने एक लड़की को पकड़ा तो वो कहने लगी की उसकी अभी-अभी शादी हुई है और अपनी बहन के साथ बस स्टैंड की साइड आई थी। जब उसे कहा गया कि बहन को बुलाओ कहां है, तो उसने दूसरी तरफ गली में इशारा करते हुए बताया कि वहां है। जब निहंग उसे ढूंढने गया तो दोनों भाग निकलीं। निहंग सिंह का कहना है यहां जिस्मफिरोशी का काम चलता है। पुलिस की गाड़ियां इलाके में आती हैं, लेकिन हूटर की आवाज सुनते ही ये लोग छिप जाते हैं। जैसे ही पुलिस वहां से चली जाती है, ये फिर से सड़क पर आ जाते हैं। नरिंदर सिनेमा वाली गली में बने एक कमरे में निहंग सिंह ने दबिश दी तो वहां सोने के लिए बिस्तर रखे हुए थे। जिस्म फिरोशी करने वाले इन बिस्तर का रात को यूज करते हैं और फिर इन्हें फोल्ड कर अंदर ही रख जाते हैं।

     

  • Punjab News: बाप-बेटे पर हमला करके एक्टिवा और नकदी लूटकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: बाप-बेटे पर हमला करके एक्टिवा और नकदी लूटकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    लुधियानाः महानगर में लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। वहीं ताजा मामला गिल गांव के पास स्थित गांव टोबा से सामने आया है, जहां एक्टिवा पर जा रहे बाप-बेटे पर लुटेरों ने तेजधर हाथियार से हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार 2 बाइकों पर सवार होकर आए 5 लुटेरों ने एक डिपार्टमेंटल स्टोर मालिक और उनके बेटे को घेरकर उन पर जानलेवा हमला किया। जिसके बाद लुटेरे पीड़ित बाप-बेटे की एक्टिवा व नकदी लूटकर फरार हो गए। इस हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसके सिर और शरीर पर करीब 17 टांके आए हैं। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है।

    जानकारी के अनुसार अशोक कुमार और उनका बेटा पुनीत कुमार रात करीब 10 बजे जब दोनों अपनी ब्लैक कलर की एक्टिवा पर सवार होकर दुकान बंद कर घर की ओर जा रहे थे तभी टोबा गांव के बाहर लुटेरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में लुटेरों साफ दिखाई दे रहे है जैसे ही पिता-पुत्र अपनी एक्टिवा से घर को जा रहे पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार 5 बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका संतुलन बिगड़ने से एक बाइक सवार नीचे गिरा जिसके बाद बाइक से उतरे दो लुटेरों ने पुनीत कुमार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। दूसरी बाइक से उतरे तीन अन्य बदमाशों ने अशोक कुमार को जबरन एक्टिवा से नीचे उतारा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। फुटेज में दिख रहा है कि लुटेरे पुनीत को पीटते हुए पीछे की ओर ले गए जबकि उनके साथी मौके से एक्टिवा और नकदी लेकर फरार हो गए।

    घायल पुनीत कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि हमले में पुनीत को काफी गहरी चोटें आई हैं जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और करीब 17 टांके लगे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद मराडो पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है और अभी तक एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई है। अशोक ने कहा हम अपनी मेहनत की कमाई कर घर लौट रहे थे। बदमाशों ने हमें जान से मारने की कोशिश की। सीसीटीवी में सब साफ है फिर भी पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही क्या पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है।

  • कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    गोरखपुर: शहर के राजघाट थाना क्षेत्र के रायगंज स्थित घंटाघर मार्केट में मंगलवार की रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें दुकान के ऊपर बने मकान तक पहुंच गईं, जिससे घर में मौजूद परिवार के लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार रायगंज इलाके में ‘निष्ठा ट्रेडर्स’ नाम से कपड़ों की दुकान है, जहां चुनरी, गमछा और हैंडलूम के कपड़े थोक दरों पर बेचे जाते हैं। दुकान मालिक ने ग्राउंड फ्लोर पर दुकान और गोदाम बना रखा है, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। अचानक दुकान के अंदर आग लग गई।

    देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपर बने मकान तक पहुंच गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की। फायर स्टेशन गोलघर से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।

    दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी। घटना के दौरान आसपास के मकानों और दुकानों में रहने वाले लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे इलाके में धुआं फैलने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोग भी फायर ब्रिगेड की टीम की मदद करते हुए दिखाई दिए और आसपास की दुकानों को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया।

    प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। आग से दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

  • Stock Market में सपाट शुरुआत, 50 साल में पहली बार नया बनेगा Oil Refinery Plant

    Stock Market में सपाट शुरुआत, 50 साल में पहली बार नया बनेगा Oil Refinery Plant

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को सपाट शुरुआत हुई। मंगलवार को बाजार में आई शानदार तेजी के बाद आज सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत सुस्त रही। ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंका ने निवेशकों को थोड़ा सतर्क कर दिया है, जिसकी वजह से ग्लोबल मार्केट से मिल रहे संकेतों ने भारतीय बाजार की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया। कारोबार खुलने के समय सेंसेक्स 78200 आसपास और निफ्टी 24280 के आसपास कारोबार करते दिखे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ऐलान के बाद रिलायंस के शेयर में आज तेजी दिखी। बता दें कि अमेरिका 50 साल में पहली बार एक नया ऑयल रिफाइनरी प्लांट बनाने जा रहा है और इस प्रोजेक्ट में मुकेश अंबानी निवेश करेगी। इस समय सबसे बड़ी भूमिका कच्चे तेल की है। कीमतों में $117 प्रति बैरल से लेकर $85 प्रति बैरल से भी नीचे तक भारी उतार-चढ़ाव देखा गया है। हालांकि कच्चा तेल अब हरे रंग में है और अभी $90 प्रति बैरल से नीचे है।

    बुधवार सुबह कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त देखी गई और यह निचले स्तर से उबरती हुई दिखाई दी क्योंकि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को लेकर अपने रुख में बदलाव किया। WTI कच्चे तेल की कीमत $83.43 पर ट्रेड कर रही थी जो 0.03% की गिरावट दिखाती है जबकि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत $87.88 पर 0.05% की बढ़त के साथ कारोबार कर रही थी। वहीं COMEX पर कच्चे तेल की कीमत 1.12% उछलकर $84.420 प्रति बैरल हो गई।

    एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने कच्चे तेल की कीमतों को कम करने के लिए अपने इतिहास में सबसे बड़े तेल भंडार जारी करने का प्रस्ताव दिया है। यह कदम ईरान के साथ युद्ध के दौरान तेल की कीमतों में तेज़ उछाल के बाद उठाया जा सकता है। यह प्रस्तावित रिलीज़ 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के बाद IEA सदस्य देशों द्वारा बाज़ार में जारी किए गए 182 मिलियन बैरल तेल से भी अधिक होगी। वहीं बुधवार सुबह एशियाई सूचकांक बढ़त के साथ खुले, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतें अपने ऊंचे स्तर से नीचे आईं।

  • Jalandhar News: मेन चौक पर बिजली का पोल टूटने से लटकी तारें, लगा जाम, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मेन चौक पर बिजली का पोल टूटने से लटकी तारें, लगा जाम, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: बीएसएफ चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में बिजली की तारें आ गई और तारों के झटके से बिजली का पोल टूट गया। जिसके कारण सड़क पर तारें बिखर गई। तारों के गिरने से यहां अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर का यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। दरअसल, देर रात 11 बजे एक भारी भरकम ट्रक के ऊपर तक सामान लदा होने से उसकी ऊंचाई ज्यादा हो गई और ट्रक बिजली की तारों में उलझ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली के खंभे भी टूट गए और तारें सड़क पर आ गिरीं। तारों में करंट होने की वजह से बड़ा हादसा होने का डर था।

    सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मचारी राजिंदर सिंह ने बताया कि करंट के खतरे को देखते हुए तुरंत दोनों तरफ से ट्रैफिक रुकवा दिया गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब पौने घंटे तक जनता को परेशानी झेलनी पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। विभाग के कर्मचारी हरकीरत सिंह ने बताया कि बड़े ट्रक की चपेट में आने से बिजली का खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

    कर्मचारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत बिजली काटी और हथौड़े की मदद से टूटे हुए हिस्सों को अलग कर तारों को एक तरफ किया, ताकि रास्ता साफ हो सके। बिजली विभाग के अनुसार, इस हादसे में सरकारी संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, जिस ट्रक से यह हादसा हुआ, वह मौके से निकल गया था। हरकीरत सिंह ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता बिजली आपूर्ति बहाल करने और रास्ते को सुचारू बनाने की है, लेकिन किस गाड़ी से यह नुकसान हुआ है, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात को सामान्य रूप से चलाया गया।

  • आज का राशिफल, 11 मार्च 2026

    आज का राशिफल, 11 मार्च 2026

    आज ग्रहों की स्थिति कई राशियों के लिए नए अवसर और चुनौतियाँ लेकर आ रही है। सूर्य, मंगल, बुध और राहु कुंभ राशि में स्थित हैं, जबकि चंद्रमा वृश्चिक राशि में गोचर कर रहे हैं। वहीं बृहस्पति मिथुन राशि में, शनि और शुक्र मीन राशि में तथा केतु सिंह राशि में मौजूद हैं। इन ग्रहों की चाल का असर सभी 12 राशियों के जीवन, करियर, आर्थिक स्थिति और रिश्तों पर पड़ सकता है।

    मेष राशि: एकाग्रता का स्त्तर बढाने के लिए किए जा रहे प्रयास सफल रहेगें। प्रतिस्पर्धा में बीच में हार न मानी तो अविस्मरणीय दिन रह सकता है। मेहनत करने पर भाग्य का समर्थन मिलेगा। भाई बहनों से सुखद मुलाकात होगी।

    वृषभ राशि: किसी खास करीबी व्यक्ति को लेकर चिंतित रह सकते हैं। भावनात्मक तौर पर कमजोरी महसूस करेंगे। कानूनी तौर पर उलझने से बचना होगा। समझोते द्वारा पुराना रुका हुआ धन मिलने की संभावना बन रही है। प्रयास करने होंगे।

    मिथुन राशि: संतुलित गति से आगे बढ़ने का दिन है। अपने कार्यों को पूरा करते हुए दूसरों को भी मदद करनी पड़ सकती है। विवादित प्रकरणों से दूरी बनाए रखें। अति उत्साह में आने से बचना होगा। प्रेम संबंधों में साथी का व्यवहार सकारात्मक रहेगा।

    कर्क राशि: बनावटी और दिखावटी बातों के पीछे सत्य कुछ और हो सकता है। सावधान रहना होगा। सतर्क रहे तो विजय आपकी होगी। नए भावनात्मक रिश्ते जीवन में उत्साह बढ़ाएंगेऔर तनाव को कम करने में सहायक रहेंगे। यात्रा टाले।

    सिंह राशि: उच्च शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को परिवार का समर्थन मिल सकता है। प्रतिस्पर्धा में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करेंगे। खेल या अन्य प्रकार के आयोजनों में उच्च कोटि की प्रस्तुति रहेगी। यात्रा टालना ठीक रहेगा।

    कन्या राशि: व्यापार में किए जाने वाले अनुबंधों के प्रति बेहद सावधानी रखनी होगी। संभव हो तो कुछ दिनों के लिए लंबी अवधि के समझौते को साइन करने से टाल दें। व्यावसायिक यात्रा सुखद रहेगी।

    तुला राशि: कार्यस्थल पर अच्छी परफॉर्मेंस का दबाव रहेगा। उच्च अधिकारी तनाव देने का प्रयास करेंगे। मार्केटिंग से जुड़े लोगों थोड़ी कठिनाई रह सकती है। परिवार में सभी की आशाओं को पूरा करना आसान नहीं रहेगा। सद्भाव के लिए प्रयास करने होंगे।

    वृश्चिक राशि: योजनाओं को गुप्त रखने का प्रयास करें। मौका मिलने पर विरोधी नीचा दिखाने का प्रयास करेंगे। मित्रों के सहयोग से परिस्थितियों में सुधार होगा। मानसिक शांति के लिए धार्मिक आयोजनों का हिस्सा हो सकते हैं।

    धनु राशि: व्यावसायिक कार्यों के लिए अतिरिक्त धन की आवश्यकता रहेगी। लंबी अवधि के उधार लेने से बचना होगा। भाग्य के समर्थन से अचानक धन लाभ की संभावना बन रही है। जीवनसाथी की अपेक्षाओं पर अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ सकता है।

    मकर राशि :सार्वजनिक कार्यक्रमों का हिस्सा हो सकते हैं। दूसरों की मदद करके प्रसन्नता अनुभव करेंगे। पेरेंट्स के व्यवहार से तनाव में रहेंगे। परिवार के मांगलिक कार्यों के लिए अतिरिक्त धन की व्यवस्था करनी होगी।

    कुंभ राशि: बहु प्रतीक्षित व्यापारिक सौदो पर बातचीत पुन: आरंभ हो सकती है। भावनात्मक संबंधों में एक दूसरे पर विश्वास की कमी महसूस करेंगे। संतान की उपलब्धियां पर खुशी महसूस करेंगे।

    मीन राशि: उच्च अधिकारियों से रिश्तों में नाराजगी दूर होने की संभावना है। प्रयास करने होंगे। भावनात्मक संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। विलासिता की वस्तुओं पर धन खर्च होने से बाद में तनाव महसूस करेंगे। मितव्ययिता से काम लेना होगा।