मध्य प्रदेशः सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की गर्दन धड़ से अलग तक हो गई। हादसा धार जिले के बदनावर में हुआ। जहां स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान दशरथ (30) के रूप में हुई। वह झगतीपाड़ा पुलिस चौकी सारंगी का रहने वाला था। वहीं जिस युवक की गर्दन कटी है, उसकी अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही एएसआई दिनेश सिसोदिया और आरक्षक विक्की कुशवाह मौके पर पहुंचे। फोरलेन कंपनी की एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस को भी बुलाया गया। दोनों शवों को बदनावर सिविल अस्पताल भेजा गया है।
मृतक युवक दशरथ बड़नगर में अन्य परिजन के साथ मजदूरी करता था। वह अपने परिवार से मिलने जप्तीपाड़ा गांव के लिए निकला था। दशरथ के जीजा दितत्या ने बताया कि साले के पास बाइक नहीं थी। जिस युवक की मौत हुई वह उनकी पहचान का नहीं है। आशंका है कि दशरथ ने बड़नगर संगम चौराहे से किसी से लिफ्ट ली होगी। एएसआई दिनेश सिंसोदिया ने बताया कि बाइक पर पीछे बैठे युवक की पहचान दशरथ के रूप में हो चुकी है। लेकिन जिस युवक की गर्दन कटी उसकी पहचान करने का प्रयास कर रहे है। आसपास के थानों पर भी फोटो भेजी गई है।
सरगुजाः नेशनल हाइवे 43 पर लमगांव पुल के पास भीषण हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 10 बजे डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर पलटते ही उसमें आग लग गई। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थी। लोगों के अनुसार, डीजल टैंकर अंबिकापुर से पत्थलगांव की ओर की जा रहा था। इस दौरान अचान टैंकर में आग लग गई। घटना को लेकर लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी।
हादसे की वजह से सड़क पर जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं कुछ राहगीर खतरे के बीच टैंकर के बगल से होते हुए आना-जाना कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को घटना स्थल से दूर किया। वहीं दमकल विभाग द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में टैंकर जलकर बुरी तरह से राख हो गया।
बटालाः जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने शादी वाले घर को निशाना बनाया है। एक घर मेें इकलौते बेटे की शादी रखी हुई थी। शादी की तारीख तय कराने के लिए घरवाले रिश्तेदारों के पास गए थे, तभी पीछे से चोरों ने दोपहर के समय घर में घुस और 35,000 रुपए की नकदी, 5 लाख के गहने व मोबाइल लेकर फरार हो गया।
जानकारी देते हुए पीड़ित महिला पूजा ने बताया कि वह अपने बेटे के सोहरे घर कैंप गए थे। जब वह करीब साढ़े 3 बजे वापस घर आए तो देखा कि अलमारी खुली हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने अलमारी चैक की तो देखा कि अलमारी से 35,000 रुपए नकद गायब थे और अलमारी में रखे गहने भी चोर चोरी करके फरार हो गए। वहीं कुछ समय पहले चोरी हुआ मोबाइल पुलिस द्वारा दिया गया था, चोर उस फोन को भी चोरी करके ले गए।
उन्होंने कहा कि इन पैसों से शादी के लिए हमने सारी तैयारी करनी थी, लेकिन अब पैसे चोरी होने के चलते सब काम खराब हो गया है। उन्होंने कहा कि घर के हालात भी इतने ठीक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से चोरी के पैसे और चोरों को पकड़ने की मांग की है।
जयपुरः सेप्टिक टैंक में सोना-चांदी तलाशने के लिए उतारे 4 सफाई कर्मचारियों की मौत होने का मामला सामने आया है। इनके 2 अन्य साथियों को गंभीर हालत में महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि 2 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि जहरीली गैस के कारण पहले सफाईकर्मी अचेत हुए, फिर दम तोड़ दिया। घटना सांगानेर सदर थाना इलाके में सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया के जी-ब्लॉक स्थित ज्वैलरी जोन में सोमवार रात 8.30 बजे हुई। यहां अचल ज्वैल्स प्राइवेट लिमिटेड के 10 फीट गहरे सेप्टिक टैंक की सफाई की जा रही थी।
इस सेप्टिक टैंक में घुसे थे मृतक।
आरोप है कि पहले सफाई कर्मचारियों ने तेज धूप का हवाला देते हुए टैंक में उतरने से इनकार कर दिया था। बाद में कंपनी ने इन कर्मचारियों को अतिरिक्त पैसे देने का लालच दिया था। इसके बाद एक-एक कर 8 कर्मचारी सफाई करने टैंक में उतरे थे। मरने वाले सभी युवक UP के सुलतानपुर और अंबेडकर नगर के रहने वाले थे।
सीआई सांगानेर सदर अनिल जैमन ने बताया कि पुलिस कंट्रोल से घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अचेत लोगों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर गए, जहां 4 को मृत घोषित कर दिया गया था। दो अचेत थे, जिनका इलाज चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद दो अन्य सफाई कर्मचारियों को छुट्टी दे दी गई थी।
अचल ज्वैल्स को बापू नगर (जयपुर) के रहने वाले अरुण कुमार कोठारी संचालित करते हैं। CEO विकास मेहता कंपनी ज्वैलरी एक्सपोर्ट का काम करते हैं। घटना की सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चारों शवों को महात्मा गांधी अस्पताल में रखवाया गया। अचेत अवस्था में अजय चौहान व राजपाल को RUHS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। अचल ज्वैल्स में रिफाइन का काम करने वाले चार मजदूरों की मौत का असल कारण अचल ज्वैल्स मैनेजमेंट का लालच है।
सोमवार दोपहर मजदूरों ने तेज गर्मी के चलते टैंक में उतरने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि केमिकल युक्त पानी के कारण टैंक में जहरीली गैस होगी, लेकिन उन पर दबाव बनाया गया तो कुछ लोग मान गए और सफाई का काम शुरू कर दिया। रात करीब 8 बजे अमित व रोहित सबसे पहले टैंक में उतरे। कुछ देर बाद दोनों को बेहोशी छाने लगी तो वे चिल्लाए। उन्हें बचाने के लिए संजीव व मुकेश सहित 6 और सफाईकर्मी उतरे। वे सभी बेहोश हो गए, जिन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया।
यहां डॉक्टरों ने यूपी के अंबेडकर नगर निवासी संजीव पाल, हिमांशु सिंह, रोहित पाल व सुलतानपुर निवासी अर्पित यादव को मृत घोषित कर दिया। अजय चौहान व राजपाल को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया। अमित पाल व सूरजपाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी मजदूर सीतापुरा स्थित गोवर्धन नगर में रहते हैं। ये मजदूर ठेकेदार मुकेशपाल के मार्फत 2023 से अचल ज्वैलर्स में काम करते थे। मृतकों में मुकेश का भाई भी शामिल है। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहालीः प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के घर के बाहर फायरिंग मामले की बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, कुछ दिन पहले यूपी मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों ने प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के घर के बाहर फायरिंग कर दी थी। इस मामले पुलिस ने एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि एसएसपी दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बड़े खुलासे करेंगे। सूत्रों के अनुसार फिरौती के चलते आरोपियों द्वारा फायरिंग की गई थी। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने हरियाणा से शूटर को गिरफ्तार किया है।
अमृतसरः जिले के मजीठा रोड बाईपास पर आज सुबह बम धमाका हुआ। हादसे में व्यक्ति की ईलाज के दौरान मौत हो गई। डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीआईजी बॉर्डर रेंज) सतिंदर सिंह ने मजीठा धमाके के बारे में कहा कि घायल व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। वह एक आतंकवादी संगठन का सदस्य था। वह विस्फोटक सामग्री प्राप्त करने आया था। उन्होंने कहा कि हमें कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि बब्बर खालसा और आईएसआई पंजाब में सक्रिय हैं और संभावित रूप से वह बब्बर खालसा का सदस्य था।
डीआईजी ने कहा कि जितने भी ब्लास्ट हुए उनकी जांच में यही पाया जाता था कि आरोपी ब्लास्ट करने के लिए एक-दूसरे को तस्वीर भेज देते थे और वस्तु को किसी जगह पर रख देते थे। जहां से दूसरे व्यक्ति रिसीव कर लेते थे। इस घटना में खंभे के पास बमनुमा चीज रखी गई। इस दौरान हाथ में पकड़ने के दौरान ब्लास्ट हो गया। घटना में व्यक्ति के हाथ और पैर चिथड़े की तरह उड़ गए। उसका पूरा शरीर छलनी है। डीआईजी ने कहा कि विस्फोटक चीज की जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस मुलाजिम के घर पर हमला करने आया था।
लेकिन पुलिस अभी पुष्टि नहीं कर रही। डीआईजी ने कहा कि मृतक आंतकी संगठन के साथ शामिल था और उसकी जेब से काफी सामान बरामद हुआ है, जो कि इन्वेस्टिगेंशन पार्ट है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पहले भी पुलिस ने सभी मामलों को ट्रेस किया जा चुका है और इस मामले को भी जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाका किस चीज से हुआ है, इसकी अभी जांच की जा रही है। जबकि, बाद में SSP ने माना कि यह बम धमाका ही था। उन्होंने आतंकी हमले की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान माहौल खराब करने की साजिश कर रहा है। जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह हथियारों की खेप उठाने आया था। इसी दौरान धमाका हो गया और उसके खुद के ही चिथड़े उड़ गए।
अलवरः एक व्यक्ति का गला सड़ा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव 4 दिन पुराना है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मार्चरी में रखवा दिया है। शव NEB के ट्रांसपोर्ट नगर टेंपो स्टैंड के पास बने क्वार्टर्स से मिला है। मृतक की पहचान बलदेव सिंह निवासी सिरसा हरियाणा है। जो अपनी बेटी के साथ अलवर में रह रहा था।
मृतक की बेटी प्रीति ने बताया कि उसके पिता बलदेव पिछले करीब 13 साल से अलवर में उनके साथ रह रहे थे। लेकिन पिछले 6 महीने से हमसे भी दूर रहने लग गए थ। बलदेव रिक्शा चलाते थे। मृतक के दो बेट हैं। जो हरियाणा में रहते हैं। थाना प्रभारी दिनेश चंद मीणा ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
बीकानेरः जिले में एक भयानक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है जिसमें ट्रेलर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार का शरीर दो टुकड़ों में बंट गया। सड़क खून से लाल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस भी सकते में आ गई। शव को समेटकर बोरियों में भरकर ले जाया गया। घटना बीकानेर के कोलायत में सोमवार रात 11 बजे कोलायत से 2 किलोमीटर दूर कोलायत-झझू ग्रामीण सड़क पर हुई। पुलिस ने शव को कोलायत के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।
जानकारी मुताबिक, चक विजयसिंहपुरा गांव (बीकानेर) निवासी संपत नायक (30) पुत्र भंवरलाल सोमवार रात झझू गांव से बाइक से कोलायत जा रहा था। संपत मजदूरी और ड्राइवरी का काम करता था। इस दौरान रात 11 बजे सामने से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। संपत को इतनी तेज टक्कर लगी कि उसके दो टुकड़े हो गए। ऊपर का हिस्सा 10 फीट दूर जाकर गिरा। ट्रेलर का ड्राइवर गाड़ी भगा ले गया। कुछ दूर जाकर वह ट्रेलर छोड़ भाग गया। संपत की मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने एक्सीडेंट देख कोलायत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठवाकर कोलायत अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। ट्रेलर को पुलिस ने जब्त कर लिया। संपत के परिजन को पुलिस ने सूचना दी। मौके पर पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल लखपत ने बताया कि शव की हालत बहुत बुरी थी। सड़क पर खून फैला था। दोनों हिस्से अलग होकर दूर गिरे। शव ले जाने के लिए बोरी मंगवाई गई। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरीदकोटः शहर में चोरों को पुलिस का डर जैसे खत्म ही हो गया है, आए दिन चोर खुलेआम चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पुलिस स्टेशन से महज 100 मीटर दूर स्थित नेहरू शॉपिंग सेंटर से सामने आया है, जहां से चोरों ने इलेक्ट्रिकल और बैटरी का सामान बेचने वाली 2 दुकानों के शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया। ये महज आज की बात नहीं है। चोरों ने बीती रात भी इसी शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाया था और एक ही रात में 4 दुकानों के शटर तोड़कर लाखों रुपए की नकदी व पैसे चोरी कर लिए, जिसकी सीसीटीवी भी सामने आई हैं, जिसमें चोर कार में सवार होकर आए और बेखौफ होकर चोरी करके फरार हो गए। इन चोरियों को लेकर दुकानदारों में डर का माहौल है, उन्होंने कहा कि, वे अपने घरों में चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं और पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है, परन्तु चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है।
जानकारी देते हुए पीसीआर कर्मचारी हवलदार गुरदास सिंह ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे जब वह हूटिंग करते हुए गुजर रहे थे तो नेहरू शॉपिंग सेंटर की दुकानों के बाहर एक कार खड़ी दिखाई दी, जिसकी लाइटें जल रही थीं। शक के आधार पर जब वह उस ओर जाने लगा तो कुछ लोग कार में सवार होकर फरार होने लगे। इस दौरान पीसीआर टीम ने कार का पीछा किया और जब उससे रुकने की कोशिश की तो कार सवार लुटेरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। इसके चलते उन्होंने लगातार कार का पीछा किया, जिसका नंबर तो नहीं दिख रहा था, लेकिन वह पीसीआर टीम को चकमा देकर सादिक की तरफ भाग निकली।
इलेक्ट्रिकल की दुकान के मालिक नरेश ग्रोवर ने बताया कि वह रात को अच्छे से दुकान बंद करके घर गए थे कि रात करीब साढ़े 3 बजे उन्हें पीसीआर टीम का फोन आया कि आपकी दुकान का शटर टूटा पड़ा है जिसके बाद तुरंत दुकान पर जाकर देखा तो दुकान से कुछ बैटरियां गायब थी। उन्होंने कहा कि उन्हें करीब लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से चोरों पर लगाम कसने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आए दिन हो रही चोरियों के चलते हमारा रात को सोना भी मुश्किल हुआ पड़ा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए और इन चोरों को पकड़ना चाहिए।
अबोहरः पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री रवजोत सिंह मंगलवार सुबह अचानक अबोहर पहुंचे और अनेक मोहल्लों व गलियों में जाकर वाटर सप्लाई की स्थिति का जायजा लिया। कुम्हारा वाला मोहल्ला, अजीमगढ़ सहित अनेक इलाकों के लोगों ने मंत्री को बताया कि पिछले कई महीनों से नलों से दूषित पानी आ रहा है जिसे पीकर लोग बीमार हो रहे हैं। एक घर में तो मौके पर ही नल से पानी लेकर जांचा गया।
इस मौके पर उनके साथ जिला फाजिल्का की डिप्टी कमिश्नर, एसडीएम अबोहर, नगर निगम अबोहर के अधिकारी और हल्का इंचार्ज अरुण नारंग भी मौजूद थे। दूषित पानी की सप्लाई पर नाराजगी जताते हुए स्थानीय निकाय मंत्री ने निगम अधिकारी एससी गुप्ता को तुरंत शोकाज नोटिस जारी करने के आदेश दिए और मौके पर लोगों को भरोसा दिया कि आगे से ऐसा नहीं होगा। हर हाल में लोगों को पीने का स्वच्छ पानी मुहैया करवाया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि कमरों और दफ्तरों से बाहर निकल कर लोगों की समस्याओं का हल करें। वहीं अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ ने इस बात पर रोष जताया कि स्थानीय निकाय मंत्री रवजोत सिंह के अबोहर दौरे को लेकर उन्हें सूचित नहीं किया गया। नगर निगम अबोहर के मेयर तक को भी सूचित नहीं किया गया। जाखड़ ने कहा कि लगता है आप लीडरशिप हमसे घबराती है।