अमृतसरः जिले के स्थानीय कस्बे में स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान बाबा बूढ़ा साहिब जी कत्थूनंगल में आज दोपहर को सरोवर में स्नान करते समय निहंग सिंह की डूबने से मौत की दुखद खबर प्राप्त हुई है। मौके से एकत्रित जानकारी के अनुसार निहंग सिंहों का तरना दल बाबा बकाला साहिब जा रहा था। गर्मी अधिक होने के कारण वह गुरुद्वारा जन्म स्थान बाबा बूढ़ा साहिब कत्थूनंगल में वाहीर के रूप में पहुंच कर रुक गया।
इनमें से दो युवक निहंग सिंह सरोवर में स्नान करने के लिए पहुंचे। जहां एक युवक ने सरोवर की दीवार को पार करके स्नान करना शुरू कर दिया, लेकिन मिली जानकारी के अनुसार उसे तैरना नहीं आता था और वह डूब गया। संगतों से बताने के अनुसार देखते ही देखते वह सरोवर में डूब गया।
संगत ने तुरंत मैनेजर को घटना की सूचना दी। मैनेजर ने संगतों के सहयोग से सरोवर का जल बाहर निकाला गया। संगत के सहयोग से 2 घंटे बाद डूबे निहंग सिंह की मृतक शरीर सरोवर से बाहर निकाली गई। घटना की सूचना मैनेजर द्वारा पुलिस को दी गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिरोजपुरः कैपिटल स्मॉल फाइनेंस बैंक में धोखाधड़ी के मामले ने तूल पकड़ ली है। वहीं बैंक में धोखाधड़ी को लेकर किसानों ने आज बैंक के बाहर धरना दिया। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों द्वारा किसानों के खातों से करोड़ों रुपये निकालकर धोखाधड़ी की गई है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी की है। बताया जा रहा हैकि पुलिस ने बैंक मैनेजर समेत 4 बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन किसानों ने इस मामले में पैसे वापिस लाने को लेकर बैंक के बाहर अनिश्चितकालीन धरना लगाने का ऐलान किया है।
किसानों ने कहा कि धोखाधड़ी की राशि करोड़ों में है। उन्होंने कहा कि उनके इस केस में धोखाधड़ी के और भी मामले सामने आ रहे हैं। वहीं इस धोखाधड़ो को लेकर एक किसान की शिकायत पर पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि उसके खाते से 27 लाख रुपये गायब थे। इसके बाद एक-एक कर कई किसान सामने आए और पता चला कि करीब 30 किसानों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बैंक मैनेजर और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिनमें से कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। जबकि मास्टरमाइंड अभी भी फरार है।
किसानों ने बैंक के बाहर धरना लगाकर चेतावनी दी है कि यदि उनके पैसे वापस नहीं किए गए तो वे संघर्ष को लंबा करेंगे और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उन्हें शिकायत मिली थी कि एक किसान के साथ धोखाधड़ी हुई है, जिसकी जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है और मामला आगे जारी है। जो भी और किसान धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं, उन्हें जांच में शामिल किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बठिंडाः पंजाब में पुलिस द्वारा नशे और क्राइम की वारदातों पर नकेल कसने के लिए लगातार सर्च अभियान चलाए जा रहे है। वहीं आज रेलवे स्टेशन पर पुलिस द्वारा कास्को ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स के साथ स्टेशन में संदिग्ध व्यक्तियों की तालाशी ली गई। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों की सामान की जांच के दौरान पंजाब पुलिस, जीआरपी पुलिस, रेलवे पुलिस, डॉग स्कॉट की टीम भी शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि आज पंजाब भर में कॉसो ऑपरेशन चलाया जा रह है।
यह कॉसो ऑपरेशन दोपहर 1 बजे से लेकर 3 बजे तक चलाया गया। इस ऑपरेशन में डीएसपी सिटी-1 संदीप सिंह के नेतृत्व में स्टेशन पर आने और जाने वाले यात्रियों के बैग खंगाले गए और उनसे गहनता से पूछताछ की गई। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ने बताया कि पंजाब सरकार और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की अगुवाई में आज यह सर्च अभियान चलाया गया। इस सर्च अभियान के तहत गहनता से ट्रेनों में आने-जाने वाले यात्रियों से पूछताछ की गई और उनके सामान को चैक किया गया।
हटा: मध्य प्रदेश के हटा जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र से बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां बहेरिया टोला में 35 वर्षीय व्यक्ति ने अपना प्राइवेट पार्ट तेजधार वस्तु से काट लिया। घायल व्यक्ति की पहचान राजन पारदी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजन ने अज्ञात कारणों के चलते स्वयं का प्राइवेट पार्ट ब्लेड से काट डाला। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियादो लेकर पहुंचे, जहां से उसे हालत नाजुक देख सिविल अस्पताल हटा और फिर जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब राजन पारदी घर में अकेला था। अचानक घर के कमरे से चीखने की आवाज सुनाई दी जिसके बाद पास-पड़ोस के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ था और उसने ब्लेड से अपना लिंग काट लिया था। परिजनों ने बताया कि राजन को शराब की लत है और इसी वजह से उसकी पत्नी गीता बाई कुछ दिन पहले नाराज होकर मायके चली गई थी।
आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने के बाद मड़ियादो पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया गया है।
ऊना/सुशील पंडित: केन्द्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मन्त्री नितिन गडकरी ने राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी को सदन में बताया की मंत्रालय द्वारा ऊना जिला की हरोली विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत स्वां नदी पर झलेड़ा –घालुवाल दो लेन पुल के निर्माण के लिए मार्च 2025 में 36.93 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गए हैं।
उन्होंने बताया की पंजाब सीमा से झलेड़ा के बीच चार लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग को निर्मित करने की योजना को बिस्तृत परियोजना रिपोर्ट में सम्मलित किया गया है तथा इसका निर्माण फिजिबिलिटी रिपोर्ट और पी एम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान से तालमेल और कनेक्टिविटी के आधार पर लिया जायेगा /
फरीदाबाद: पल्ला थाना क्षेत्र के रोशन नगर में पारिवारिक कलह से परेशान होकर व्यक्ति ने बच्चों के साथ मिलकर खौफनाक कदम उठाया। दरअसल, पिता ने कोल्ड ड्रिंक में जहरीली वस्तु मिलाकर दो मासूम बच्चों को दे दी और खुद भी पी ली। इस घटना में तीनों की मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी फैल गई। मृतक मोहम्मद निजाम रोशन नगर में अपने दो बच्चों दिलशाद और बेटी शायमा के साथ रहता था। निजाम ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और लंबे समय से शराब पीने की लत से परेशान था।
इसी कारण उसका पत्नी खुशी से अक्सर झगड़ा होता रहता था। करीब तीन महीने पहले पत्नी खुशी उसे छोड़कर लक्कड़पुर में अपनी बहन के पास रहने चली गई थी, जबकि दोनों बच्चे पिता के पास ही रह गए थे और पास के एक निजी स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ते थे। पत्नी से अलगाव के बाद से ही निजाम मानसिक रूप से काफी परेशान और तनाव में रहने लगा था।
मृतक के जीजा मोहम्मद अरफोज ने बताया कि निजाम ने पहले बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया, फिर खुद ने भी वही जहरीली कोल्ड ड्रिंक पी ली। यह सब उसने अपने कमरे में किया। बगल में रहने वाले किरायेदारों को कुछ अनहोनी का संदेह हुआ तो उन्होंने अरफोज को फोन पर सूचना दी। अरफोज ने तुरंत निजाम की पत्नी खुशी को भी मामले की जानकारी दी और सभी लोग मौके पर पहुंचे।
तीनों को तत्काल पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें सेक्टर-21ए के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि जहर पीने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निजाम पारिवारिक कलह और तनाव से जूझ रहा था।
ऊना/सुशील पंडित: हमीरपुर, बिलासपुर एवं ऊना जिलों में 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक आयोजित अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन, महिला सैन्य पुलिस एवं अन्य केंद्रीकृत श्रेणियों के लिए आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा का परिणाम 26 जुलाई 2025 को घोषित कर दिया गया है।
सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि सभी संबंधित अभ्यर्थी अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर देख सकते हैं।
अमृतसरः शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की आंतरिक समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज मुख्यालय तेजा सिंह समुंदरी हॉल में हुई। जहां बैठक खत्म होने के बाद एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई गंभीर मुद्दों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में बंदी सिंहों की रिहाई समेत 5 से 6 अहम मामलों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए हैं। एडवोकेट धामी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भाई राजोआणा समेत बंदी सिंहों की रिहाई या उनकी सजा को उम्रकैद में बदलने संबंधी घोषणा और नोटिफिकेशन तो जारी किए गए थे, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसजीपीसी ने पुनः मांग की है कि गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत पर्व के अवसर पर ये वादे पूरे कर बंदी सिंहों को रिहा किया जाए।
वहीं आंतरिक समिति ने राजस्थान में एक सिख विद्यार्थी को केवल कंकार पहनने के कारण न्यायिक परीक्षा से रोकने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए सख्त नोटिस लिया है। एसजीपीसी ने राजस्थान सरकार को इस मामले में ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजने की घोषणा की है। एसजीपीसी प्रमुख ने कहा कि यह संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है और सिख युवाओं के साथ हो रहे भेदभाव को एसजीपीसी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। अध्यक्ष धामी ने प्रदेश सरकार द्वारा श्रीनगर में मर्यादा उल्लंघन की भी निंदा करते हुए श्री अकाल तख्त साहिब से अपील की कि उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए जो मर्यादा का उल्लंघन कर रहे हैं। इसके साथ ही एसजीपीसी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि अब अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए श्री दरबार साहिब से रोजाना लंगर भेजा जाएगा। यह निर्णय सेवा के मूल उद्देश्य को प्रतिबिंबित करता है।
एसजीपीसी ने करतारपुर कॉरिडोर की प्रक्रिया को सरल बनाने, 20 डॉलर की फीस खत्म करने और पासपोर्ट की जगह आधार कार्ड को पहचान पत्र के रूप में मान्यता देने की मांग की है। यह मांग सिख यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है। फतेहगढ़ साहिब में एसजीपीसी द्वारा जत्थेदार ज्ञानी जगतार सिंह टोहड़ा के नाम पर एक अकादमी स्थापित की गई है, जहां सिख बच्चों को यूपीएससी और अन्य मुख्य परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इस साल 1200 बच्चों में से 600 को चुना गया है जो अकादमी में तैयारी कर रहे हैं। हजूर साहिब द्वारा मांग किए जाने पर एसजीपीसी ने वहां 200 सूरतें भेजने की भी पक्की बात कही है। साथ ही, देश की प्रमुख हस्तियों को शताब्दी समारोहों के लिए निमंत्रण भेजे जाएंगे।
एडवोकेट धामी ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा प्रोफेसर दविंदरपाल सिंह भुल्लर की रिहाई रोकने की भी निंदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी शताब्दी मनाने में शामिल हो रही है, वही रिहाई रोकने में बाधा बन रही है। इस अवसर पर एसजीपीसी ने एक और गंभीर मुद्दा भी उठाया कि एसजीपीसी अधिकारियों को धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं। धामी ने बताया कि अब तक 12 से अधिक ईमेल प्राप्त हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सुरक्षा से संबंधित जिम्मेदार एजेंसियों से तत्काल ध्यान देने की मांग की।
पंचकूला: लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। बडोना कलां से समलेहड़ी तक नई सड़क के निर्माण का काम सोमवार को कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा बीजेपी के सीनियर नेता वीरेंद्र भाऊ के द्वारा नारियल फोड़कर कर दिया गया है। अब इस सड़क को कल्लू बाबा सड़क मार्ग के नाम से जाना जाएगा। सड़क निर्माण कार्य की अनुमानित लागत करीबन 3 करोड़ 56 लाख रुपये आई है। इसे आने वाले छह महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
इस दौरान विधायक शक्ति रानी शर्मा ने बात करते हुए कहा कि यह सड़क न सिर्फ गांवों को जोड़ना का काम करेगी बल्कि क्षेत्र के विकास में भी जरुरी कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जनहित में निरंतर काम कर रही है। यह परियोजना उसी का उदाहरण है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की घोषणा पर खुशी जताई है और इसे क्षेत्र की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया है। इस कार्यक्रम में बीजेपी मंडल अध्यक्ष रोहित सैनी, ब्लॉक समिति चेयरमैन सतबीर राणा, कमल अग्रवाल, अशोक चौधरी समलेेहड़ी, अनिल शर्मा, सरपंच बलजीत सैनी, बांत समलेहड़ी, पिंकी शर्मा, मदन धीमान सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैंकाक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक फायरिंग की घटना सामने आई है। जहां जहां सोमवार यानी आज दोपहर 12.38 बजे एक शख्स ने सरेआम लोगों पर फायरिंग कर दी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। घटना राजधानी के टोर कोर बाजार की है। 61 साल के इस शूटर ने घटना को अंजाम देने के बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। न्यूज एजेंसी के अनुसार मरने वालों में से 4 पुलिसकर्मी थे जबकि एक आम महिला थी।
बैंकॉक के बैंग सू जिले में यह घटना हुई है। यहां के उप पुलिस प्रमुख वोरापत सुकथाई ने एएफपी को बताया, “पुलिस हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है। अब तक यह एक सामूहिक गोलीबारी (मास शूटिंग) है।” उन्होंने कहा कि गोलीबारी के बाद हमलावर ने अपनी जान ले ली और पुलिस उसकी पहचान करने के लिए काम कर रही है, साथ ही थाईलैंड और कंबोडिया के बीच मौजूदा सीमा संघर्ष से “किसी भी संभावित लिंक” की जांच कर रही है।
यह हमला चातुचक बाजार से थोड़ी दूरी पर ओर टोर कोर मार्केट में हुआ, जो बैंकॉक का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और हर विकेंड टूरिस्ट्स से भरा रहता है। ओर टोर कोर मार्केट में किसानों से जुड़े प्रोडक्ट के साथ लोकल खाने मिलते हैं। थाईलैंड में मास शूटिंग की घटनाएं असामान्य नहीं हैं। वजह है कि यहां बंदूक आसानी से खरीदा जा सकता है क्यों गन कंट्रोल से जुड़े कानूनों में ढिलाई है।
वहीं दूसरी ओर थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सोमवार 28 जुलाई 2025 की सुबह तक संघर्ष जारी रहा। अब दोनों पड़ेसी देशों के नेता पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में हुए सबसे घातक संघर्ष को खत्म करने के लिए बाचतीच की तैयारी कर रहे हैं। शांति वार्ता को लेकर थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई और कंबोडिया के पीएम हुन मानेट मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में लोकल समयानुसार दोपहर 3 बजे अहम बैठक करने वाले हैं।