डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर (Jalandhar) के ट्रिनिटी कॉलेज में रविवार को एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब कई उम्मीदवारों को कथित तौर पर देर से पहुंचने का हवाला देकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया और व्यवस्था पर सवाल उठाए।
कपूरथला से परीक्षा देने पहुंचे जसदीप सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 9:30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। उनके अनुसार, वहां मौजूद गार्ड्स ने उन्हें बताया कि अंतिम प्रवेश का समय परीक्षा शुरू होने से पांच मिनट पहले तक है। जसदीप का कहना है कि उन्हें लगा था कि परीक्षा 11:30 बजे शुरू होनी है, इसलिए वे निर्धारित समय से पहले दोबारा केंद्र पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।

गेट समय से पहले बंद किया गया
उन्होंने आरोप लगाया कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले उम्मीदवारों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई, जिससे कई अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि समय से पहले गेट बंद करना उचित नहीं था। एक अन्य उम्मीदवार परम ने भी कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का समय 11:30 बजे था, लेकिन गेट उससे पहले ही बंद कर दिया गया।
उनके मुताबिक करीब 36 उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के बाहर ही रह गए। उम्मीदवारों ने स्कूल स्टाफ से अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी शिकायत नहीं सुनी गई। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस घटना से उनका एक साल बर्बाद हो सकता है। मामले को लेकर उम्मीदवारों में भारी रोष देखने को मिला।
