डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में सुबह सुबह एक गोदाम में भयानक आग लग गई। दरअसल, लुधियाना के व्यस्त और पॉश इलाके फिरोजपुर रोड स्थित पाम कोर्ट के नजदीक मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गणपति टिंबर ट्रेडर्स के विशाल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में भारी मात्रा में लकड़ी, प्लाईवुड, विनियर और अन्य इमारती सामान रखा होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयानक थी कि इसकी ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। वहीं आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे शहर के कई हिस्सों से देखा गया।

इलाके में अफरा-तफरी का माहौल
धुएं और आग की भयावह तस्वीरों ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल पैदा कर दिया। कई लोगों ने तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फायर ऑफिसर राजिंदर ने बताया कि सुबह करीब 7:10 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसके बाद बिना देरी किए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल दमकल विभाग की पांच गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं। गोदाम में लकड़ी और प्लाईवुड जैसे अत्यधिक ज्वलनशील सामान होने के कारण आग लगातार फैलती रही, जिससे दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची
प्रशासन और पुलिस (Police) की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं तथा आसपास की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ राहत कार्य में सहयोग कर रही हैं।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।
