डेली संवाद, हमीरपुर। UP News: बेतवा नदी (Betwa River) पर लालपुर एरिया (Lalpur Area) के मोराकांदर परसनी से कुरारा के नैठी और कंडौर गांव के बीच बन रहे करीब एक किलोमीटर लंबे पुल का एक हिस्सा गुरुवार देर रात लगभग तीन बजे अचानक ढह गया। हादसे में मलबे में दबकर छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर पिलर के पास फंस गए हैं और गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के समय सभी मजदूर पुल के उसी हिस्से में सो रहे थे। तेज आंधी और बारिश के दौरान स्लैब गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। State Disaster Response Force (एसडीआरएफ) की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है, जबकि दूसरी टीम भी राहत कार्य में जुटने के लिए रवाना हो गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इस पुल का निर्माण राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद (Baburam Nishad) के प्रयासों से स्वीकृत परियोजना के तहत कराया जा रहा था। मृतकों में बांदा और हमीरपुर जनपद के मजदूर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
पुलिस ने मृतकों की पहचान लोकेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद, सावंत यादव, सभाजीत, पुष्पेंद्र सिंह चौहान और राजेश पाल के रूप में की है। वहीं अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हैं और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
